चंदौली: हाथ से उखाड़ कर ग्रामीणों ने दिखाई घटिया सड़क, डीएम ने गठित की जांच कमेटी
उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद स्थित चकिया क्षेत्र के मूसाखाड़ बांध से गरलां और पितरपुर गांव को जोड़ने वाले मार्ग पर करीब चार किमी बनाई गई सड़क में भारी धांधली का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने अपने हाथ से सड़क को खोदकर सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों की शिकायत के बाद डीएम संजीव सिंह ने जांच के लिए कमेटी गठित की है। डीएम ने कहा, जो दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई के साथ ही रिकवरी भी की जाएगी।
चकिया तहसील अंतर्गत पर्यटन क्षेत्र मुसाखाड़ बांध के किनारे से गरला गांव होते हुए पितपुर के लिए लगभग चार किलोमीटर सड़क का निर्माण पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि नक्सल इलाके में इस सड़क निर्माण में पीडब्ल्यूडी विभाग और ठेकेदार की मिलीभगत से जमकर धांधली की जा रही है। आरोप है कि मानकों को ताक पर रखकर घटिया सामग्री लगाकर सड़क का निर्माण हो रहा है। ग्रामीणों को जब इस बात की जानकारी हुई तो वह सड़क पर इकट्ठा हुए। ग्रामीण हाथ से ही सड़क को उखाड़ कर गुणवत्ता पर सवाल उठाए।
ग्रामीण इसका वीडियो बनाकर जिलाधिकारी से शिकायत किए। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच कमेटी गठित कर दी। तत्काल जांच कर रिपोर्ट देने का आदेश दिया। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया है की जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई होगी और उनसे रिकवरी भी की जाएगी।
वहीं इस मामले की जानकारी जब चकिया से भाजपा विधायक शारदा प्रसाद को हुई तो उन्होंने नाराजगी जाहिर की। विधायक ने कहा कि वह कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखेंगे और खुद मौके का मुआयना करेंगे।