फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Top News Today Two empty cartridges found in passenger bag during airport checking

वाराणसी में प्रमुख खबरें: एयरपोर्ट पर चेकिंग में यात्री के बैग से मिले दो खाली कारतूस, तीन घरों में चोरी

Wed, 03 Dec 2025 03:41 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: प्रगति चंद Updated Wed, 03 Dec 2025 03:41 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में पिछले 24 घंटे में चोरों ने खूब आतंक मचाया। चोरों ने तीन घरों का ताला चटकाया और नकदी समेत सामान चोरी की। वहीं एक घर के सामने से ट्रैक्टर चोरी की। इतना ही नहीं चोरों ने बिजली मीटर व केबिल चोरी भी कर ली। संक्षिप्त में पढ़ें प्रमुख खबरें... 

विज्ञापन
Varanasi Top News Today Two empty cartridges found in passenger bag during airport checking
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के घरेलू टर्मिनल पर जांच में एक यात्री के बैग से दो खाली कारतूस मिला। अभिनव दिनेश दुबे (25) अकासा एयरलाइंस से 10.35 बजे मुंबई जाने के लिए आया था। यात्रा से पहले हैंड बैगेज स्क्रीनिंग में एक्स-रे मशीन में दो संदिग्ध वस्तु दिखी। जांच में दो खाली कारतूस दिखे। सुरक्षा अधिकारियों ने पूछताछ की तो उसके पास वैध लाइसेंस या संबंधित दस्तावेज नहीं था। नियमों के तहत खाली कारतूस को जब्त कर यात्री कानूनी प्रक्रिया के लिए संबंधित अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया गया।  

विज्ञापन


चोरों ने तीन घरों का ताला चटकाया, नकदी समेत सामान चोरी
सारनाथ थाना क्षेत्र के अरिहंत नगर कॉलोनी में चोरों ने सोमवार को तीन मकानों को खंगाल कर नकदी समेत कीमती सामानों पर हाथ साफ किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसी कैमरों की मदद से जांच शुरू की है। भुक्तभोगियों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। हृदयपुर निवासी संजय कुमार सेठ, सिंहपुर के अरिहंत नगर कॉलोनी फेज 1 में परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार शाम भतीजे की शादी में नवलपुर गए थे। मंगलवार को लौटे तो चोरी का पता चला। तीन कमरों के ताले तोड़कर चोर 30 हजार रुपये और कुछ सामन ले गए। घटना सीसी कैमरे में कैद है। कॉलोनी निवासी रिटायर्ड शिक्षक रामजी यादव के घर 40 हजार नकदी समेत अन्य सामान चोर उठा ले गए। रामजी सपरिवार चंदौली गए थे। सोमवार को लौटने पर चोरी की जानकारी हुई। चंद दूरी पर रिटायर्ड दरोगा के घर को भी चोरों ने खंगाला। थाना प्रभारी शिवानंद सिसौदिया ने बताया कि सीसी कैमरे की फुटेज की मदद से चोरों की शिनाख्त की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा। 
विज्ञापन


लिंक पर क्लिक करते ही खाते से कट गए 70 हजार रुपये
जैतपुरा थाना क्षेत्र के ढेलवरिया निवासी उपेंद्र शंकर दीक्षित साइबर ठगी का शिकार हो गए। अनजान लिंक पर क्लिक करते ही उनके खाते से 70 हजार रुपये कट गए। पीड़ित ने जैतपुरा थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि 18 अक्तूबर 2025 की सुबह मोबाइल पर लिंक आया। लिंक ओपन करने के बाद सात बार में 70 हजार कट गए। सभी ट्रांजेक्शन स्वीगी मनील और स्वीगी लिमिटेड के नाम से दिख रहे हैं। बैंक खाता बंद कराने के बाद पीड़ित ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी जैतपुरा बृजेश मिश्रा ने बताया कि आईपी एड्रेस और ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

 
घर के सामने से ट्रैक्टर चोरी
चोलापुर क्षेत्र के चंदापुर गांव में घर के सामने खड़ा मिनी ट्रैक्टर सोमवार को चोरी हो गया। तहरीर में चंदापुर गांव निवासी कमल कुमार ने बताया कि सोमवार को जोताई के बाद ट्रैक्टर घर के ठीक सामने खेत में छोड़ दिया था। मंगलवार सुबह देख तो ट्रैक्टर नहीं ता। थाना प्रभारी योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर खोजबीन की जा रही है।  

बिजली मीटर व केबिल चोरी
चौबेपुर थाना क्षेत्र के नरायनपुर निवासी अजय गुप्ता ने बिजली मीटर और केबिल चोरी होने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई। बताया कि 27 नवंबर को चोरी हुई थी। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है।  

बेटी से मिलने गए पिता के घर चोरी, थाना प्रभारी को पता नहीं
गिलट बजार गंगोत्री बिहार कॉलोनी निवासी जितेंद्र प्रताप सिंह के घर को मंगलवार को चोरों ने खंगाला। 52 हजार की नकदी और सात लाख के आभूषण पर चोरों ने हाथ साफ किया। जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 25 नवंबर को बेटी के घर टकटकपुर गए थे। 27 को लौटने पर देखा कि दो कमरों का ताला टूटा है। सूचना पर पहुंची डायल 112 ने जांच की और लौट गई। आरोप है कि चोरी की तहरीर शिवपुर पुलिस को दी गई, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि चोरी के बारे में जानकारी नहीं है, पता करता हूं।  

हनुमान मंदिर में चोरी, फुटेज खंगाल रही पुलिस
हरहुआ चौकी के सिंहापुर के पास सोमवार रात हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट, आंख और नकदी चोरी गई। पास में ही दुर्गा मंदिर में भी चोरी का प्रयास हुआ। प्रधान की तहरीर पर बड़ागांव पुलिस जांच में जुट गई है। मंगलवार सुबह पुजारी जब मंदिर पहुंचे तो देखा कि ताला टूटा है। सामान बिखरे पड़े हैं। चांदी का मुकुट और आंख भी नहीं है। थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है। आसपास के सीसी कैमरों को खंगाला जा रहा है।

अनियंत्रित कार बाइक से टकराई, दो घायल
बड़ागांव थाना क्षेत्र के बौलिया गांव के पास मंगलवार दोपहर 2.30 बजे टायर फटने से अनियंत्रित स्कॉर्पियो बाइक से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो लोग चोटिल हुए। थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि बौलिया निवासी शीतला प्रसाद यादव और अंश यादव बाइक से बड़ागांव की ओर आ रहे थे। दोनों का इलाज चल रहा है।  

चौरा माता मंदिर से मूर्ति चोरी
कोटवा टडिया गांव में चौरा माता मंदिर से सोमवार रात मूर्ति चोरी हो गई। मंगलवार सुबह पुजारी के पहुंचने पर जानकारी मिली। चोरी की वारदात से लोग आक्रोशित दिखे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। मंदिर के आसपास लगे सीसी कैमरों की जांच की गई। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिलाकर मामले को शांत कराया।  
 
आभूषण की दुकान में चोरी का प्रयास
राजातालाब बाजार में चोरों ने सोमवार रात आभूषण की दुकान में चोरी का प्रयास किया। चोरों ने बाहर के ताले को तोड़ दिया, लेकिन अंदर प्रवेश नहीं कर सके। पूरी घटना सीसी कैमरे में कैद हो गई है। मंगलवार को दुकानदार गोविंद ने राजातालाब थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी दयाराम ने बताया कि सूचना के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही चोर की पहचान कर ली जाएगी।  

पुलिस आयुक्त ने नवनिर्मित लालपुर-पांडेयपुर थाना भवन किया उद्घाटन
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को लालपुर-पांडेयपुर थाने के नवनिर्मित भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने थाने के भवन निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का विस्तृत निरीक्षण भी किया। अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य पूरा कराया जाए। समारोह में अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन नीतू, अपर पुलिस उपायुक्त लाइन वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन डॉ. ईशान सोनी रहे।  
 
रक्षा मंत्रालय में जमा होगा दालमंडी की 5 शत्रु संपत्तियों का मुआवजा
दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण योजना के लिए 5 संपत्तियां शत्रु संपत्ति के दायरे में हैं। इनका मुआवजा रक्षा मंत्रालय में जमा होगा। इसकी कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। ताकि योजना में किसी प्रकार की रुकावट न हो। पिछले दिनों जांच कराई गई थी। राज्य और केंद्र के प्रतिनिधियों के बीच तय हुआ था कि योजना में किसी प्रकार की अड़चन नहीं आएगी। जितनी जरूरत होगी वह जमीन ले लेंगे। उसका भुगतान डीएम सर्किल रेट पर रक्षा मंत्रालय में किया जाएगा। शत्रु संपत्तियां रक्षा मंत्रालय के अधीन होती हैं। सर्वे भी हुआ था। 121 संपत्तियां मिली थीं।

मंगलवार को सत्तार कटरे के बाकी बचे निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई की गई। मजदूरों को लगाकर हथौड़े से तोड़फोड़ की गई। मलबे को हटवाने की भी कार्रवाई कराई जा रही है। मंगलवार को भी चौक थाने में खुले पीडब्ल्यूडी के कैंप कार्यालय में लोग पूछताछ करने पहुंचे। पीडब्ल्यूडी के एक अधिकारी ने बताया कि नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। योजना में 17.4 मीटर में सड़क, फुटपाथ और नाली होगी। सड़क के मध्य से 8.5 मीटर दोनों ओर सड़क होगी। दोनों ओर फुटपाथ हरियाली के साथ 3.2 मीटर का होगा। बिजली, सीवर, पानी, जल निकासी, टेलीफोन, इंटरनेट के तार, सीएनजी और पीएनजी भूमिगत होंगे। 

इसे भी पढ़ें; UP: कफ सिरप के सरगना शुभम जायसवाल के मकान पर ईडी की नोटिस चस्पा, टीम खंगाल रही अन्य संपत्तियों का ब्योरा

चौकाघाट-राजघाट लहरतारा और मैदागिन में रहा जाम

शहर में मंगलवार को एक बार फिर ट्रैफिक व्यवस्था लड़खड़ा गई। चौकाघाट पुल पर वाहनों की लंबी कतारे लगी रही, जबकि राजघाट की तरफ जाने वाले वाहनों को डायवर्ट करने की वजह से संपर्क मार्ग जाम की चपेट रहा। सिटी स्टेशन से मैदागिन की तरफ जाने वाले रास्ते पर वाहन रेंगते रहे। चौकाघाट पुल पर ऐसा आलम रहा कि बाइक सवार और राहगीरों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। चौकाघाट पुल पर अचानक से वाहनों का दबाव बढ़ा और देखते ही देखते कतारें लग गईं। इसका असर लहरतारा मार्ग और आरओबी पर पड़ा। यहां भी जाम की स्थिति पूरे दिन रही। ट्रैफिक पुलिस यातायात व्यवस्था बनाने में जुटी रही, लेकिन जाम छुड़ाने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी। जाम का नया पॉइंट इन दिनों लहरातारा आरओबी से नीचे उतरते ही बस निजी बस स्टैंड है। बसों के निकलने के दौरान लंबा जाम लग जा रहा है।  

16 दिसंबर तक देख सकते हैं स्नातक-शिक्षक एमएलसी की मतदाता सूची
कमिश्नर एस. राजलिंगम ने बताया कि वाराणसी खंड स्नातक एवं वाराणसी खंड शिक्षक, निर्वाचक नामावली तैयार हो गई है। इसकी प्रति निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/जिला निर्वाचन कार्यालय एवं निर्धारित स्थलों से 16 दिसंबर तक उपलब्ध रहेगी। इसे देखा जा सकता है। निर्वाचक नामावली की अर्हता तारीख एक नवंबर 2025 है। यदि किसी नाम को सम्मिलित करने के लिए दावा/आपत्तियां हों तो 16 दिसंबर तक फॉर्म 18, 19, 7 एवं 8 भरकर जमा करा दें ताकि आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके।  

सप्ताह भर बाद 8 डिग्री तक आ सकता है तापमान
सप्ताह भर में जिले का न्यूनतम तापमान आठ डिग्री के आसपास तक पहुंच सकता है। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान सामान्य से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 11.30 बजे हवा भी 11 किमी प्रति घंटे की गति से चली। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह के बाद तक तापमान नीचे आ सकता है। कोहरा और धुंध दिसंबर के दूसरे सप्ताह से बढ़ सकता है।  

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed