Varanasi Top News: गर्भवती बहू से मारपीट, प्लॉट पर गिराई एक ट्रैक्टर ईंटें चोरी; चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार
Varanasi News: वाराणसी में गर्भवती बहू से मारपीट करने और बचाने पहुंची सास पर कुल्हाड़ी से हमला करने के मामले में चार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्लॉट पर गिराई एक ट्रैक्टर ईंटें चोरी हो गईं।
विस्तार
गर्भवती बहू से मारपीट, बचाने पहुंची सास पर कुल्हाड़ी से हमला, चार पर प्राथमिकी
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चक्रपानपुर (बरमपुर) गांव में पांच महीने की गर्भवती महिला और उसकी सास पर हमला किया गया है। इस घटना में सास और बहू दोनों घायल हो गईं। पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता शशि देवी ने पुलिस को बताया कि बहू सोनी रविवार को गांव में दूध खरीदने जा रही थी। रास्ते में हरिशंकर, उसकी पुत्रियां चंचल, आंचल और हरिशंकर की पत्नी ने गालीगलौज कर मारपीट की। मारपीट के दौरान उसके पेट पर भी वार किया गया। वह अपनी बहू को बचाने पहुंचीं। इस दौरान हरिशंकर ने कुल्हाड़ी से सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं। चंचल, आंचल और हरिशंकर की पत्नी ने लोहे की रॉड से सोनी पर हमला किया। सोनी किसी तरह वहां से बचकर घर पहुंची। मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। घायल सास और बहू का मेडिकल परीक्षण भी कराया जाएगा।
प्लॉट पर गिराई एक ट्रैक्टर ईंटें चोरी
चोलापुर थाना क्षेत्र के भठौली मौजा में चहारदीवारी की मरम्मत के लिए प्लॉट में गिराई गई एक ट्रैक्टर ईंटें रातोंरात गायब हो गईं। अगले दिन राजमिस्त्री और मजदूरों के साथ निर्माण कार्य कराने पहुंचे प्लॉट मालिक ने ईंटें गायब देखीं तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शिकायत दर्ज की। शिवपुर थाना क्षेत्र के परमानंदपुर निवासी दिलीप कुमार मिश्रा की चोलापुर थाना क्षेत्र के भठौली मौजा, परगना कटेहरत में जमीन है। प्लॉट की चहारदीवारी क्षतिग्रस्त होने के कारण उसकी मरम्मत कराई जानी थी। पीड़ित के अनुसार, 16 अगस्त की सुबह सात बजे निर्माण के लिए एक ट्रैक्टर ईंटें प्लॉट के अंदर गिरवाई थीं। अगले दिन 17 अगस्त की सुबह वह राजमिस्त्री और मजदूरों के साथ निर्माण कराने पहुंचे तो प्लॉट में एक भी ईंट नहीं मिली। थाना प्रभारी सधुबन राम गौतम ने बताया कि मामले की सूचना मिली है। पुलिस टीम जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार, सामान बरामद
चोरी के मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को शीतलेश्वर महादेव मंदिर अखरी के पास हाईवे से गिरफ्तार किया। साथ ही दो बाल अपचारियों को भी हिरासत में लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया है। रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि आरोपियों में बच्छांव गांव के निवासी रवि, विनीत मौर्या और चंदन शामिल हैं। चोरों ने घर से दो कटर मशीन, एक ड्रिल मशीन, एक टुल्लू पंप, तार, एक टेबल फैन और 20000 रुपये चुरा लिए थे। आरोपियों के पास से सामान बरामद किया गया है।
नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोपी गिरफ्तार
नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोपी लक्की विश्वकर्मा को सिंधोरा पुलिस ने सोमवार रात गिरफ्तार किया। बालिका को पुलिस ने बरामद किया। थाना प्रभारी पंकज पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी चोलापुर थाना क्षेत्र के दुर्गानगर निवासी है। नाबालिग के बयान के आधार पर मामले में पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराएं बढ़ाई गई हैं। पीड़िता की दादी ने 17 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया कि उसकी पोती सिंधोरा के विद्यालय से घर नहीं लौटी। सर्विलांस के जरिये आरोपी को क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी और गहने चोरी
लंका थाना क्षेत्र के भगवानपुर की बंगाली कॉलोनी में तुहिना बैनर्जी के बंद मकान का ताला तोड़कर चोर नकदी और जेवरात समेत अन्य सामान उठा ले गए। घटना की जानकारी मकान मालकिन के 17 अगस्त की रात घर लौटने पर हुई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तुहिना के अनुसार, वह 15 दिन पहले अपने बेटे के पास मैसूर, कर्नाटक गई थीं। घर में ताला बंद था। इसी दौरान चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी व अटैची खंगाल डाली। चोर दो जोड़ी कान के झुमके, दो अंगूठियां, चांदी की कटोरी, सिंदूरदानी, चांदी का सिक्का और 20 हजार रुपये ले गए। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि जल्द ही चोर पकड़े जाएंगे।
मंदिर में दर्शन कर रही महिला पर्यटक की सोने की चेन चोरी
सारंगनाथ महादेव मंदिर में मंगलवार सुबह दर्शन करने पहुंची कुसुमलता के गले से बदमाश 25 ग्राम की सोने की चेन काट ले गए। दर्शन के बाद मंदिर से बाहर निकलने पर महिला को जानकारी हुई। पुलिस ने मंदिर में लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल कर बदमाश की तलाश शुरू कर दी है। हरियाणा के गुरुग्राम निवासी एयरफोर्स से सेवानिवृत्त राम प्रकाश अपनी पत्नी कुसुमलता के साथ सोमवार को वाराणसी पहुंचे थे। दोनों सिगरा के एक होटल में ठहरे हुए हैं। मंगलवार 10 बजे दंपती सारंगनाथ महादेव मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। बताया गया कि नंदी के पास पहुंचते ही भीड़ का फायदा उठाकर किसी बदमाश ने कुसुमलता के गले से सोने की चेन काट ली। थाने में शिकायत दी गई। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान और तलाश की जा रही है।
गर्म समोसे को लेकर विवाद, पांच महीने बाद कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी
जाल्हुपुर बाजार में गर्म समोसा न मिलने का विवाद पांच महीने बाद कोर्ट तक पहुंच गया। अधिवक्ता शिवशंकर सिंह फरवरी में जलपान करने एक दुकान पर गए थे। आरोप है कि ठंडा समोसा देने पर दुकानदार गुप्तेश्वर सिंह से कहासुनी हो गई। दुकानदार ने कथित तौर पर तंज कसते हुए कहा कि क्या वह कलेक्टर हैं, जिन्हें गर्म समोसा दिया जाए। विवाद बढ़ने पर मारपीट का आरोप है। अधिवक्ता ने पुलिस से लेकर कमिश्नर कार्यालय तक शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद कोर्ट की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर चौबेपुर पुलिस ने गुप्तेश्वर समेत पांच लोगों के खिलाफ पांच धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है।
चोरी का आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा, नौ प्राथमिकी है दर्ज
हीरामनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से सारनाथ पुलिस ने चोरी के मामले में आरोपी रितेश चौरसिया निवासी पंचक्रोशी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 2,310 रुपये बरामद हुए। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। पुलिस दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष अनुज कुमार शुक्ला ने बताया कि बैंक कॉलोनी, परशुरामपुर बेनीपुर निवासी शिवांश मिश्रा के घर चोरी में शामिल ये तीसरा आरोपी है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार रितेश चौरसिया के खिलाफ जैतपुरा, सिगरा, चितईपुर, लालपुर-पांडेयपुर और सारनाथ थानों में चोरी समेत विभिन्न धाराओं में नौ मामले दर्ज हैं।
बाहर गया परिवार, चोरों ने खंगाला घर
बच्छाव निवासी राहुल पटेल नौ अगस्त को काम के सिलसिले में परिवार के साथ घर से बाहर गए थे। 17 अगस्त को वापस लौटने पर देखा कि चोर 20 हजार रुपये समेत लाखों का सामान उठा ले गए। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
पिकअप की टक्कर से बाइक सवार तीन घायल, चालक भागा
मिर्जामुराद क्षेत्र के कोषड़ा में नेशनल हाईवे और सर्विस लेन के पश्चिमी कट पर मंगलवार शाम तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पिकअप चालक वाहन मौके पर छोड़कर भाग गया। भदोही के जगन्नाथपुर (गोपीगंज) निवासी सुशील अपने साथी दिलीप कुमार और अर्जुन के साथ बाइक से प्रयागराज की ओर से मिर्जामुराद आ रहे थे। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को कछवां रोड के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि पिकअप को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।
मकान में चोरी का आरोपी गिरफ्तार, दो दोस्तों के साथ की वारदात
मकान में चोरी के आरोपी रितेश चौरसिया को सारनाथ पुलिस ने सोमवार रात हीरामनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से 2310 रुपये मिले हैं। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पंचक्रोशी का निवासी है। 30 मई को परशुरामपुर बैंक कॉलोनी, बेनीपुर के एक घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी हुई थी। पूछताछ में रितेश ने बताया कि उसने अपने साथियों चित्रांश खरवार और विशाल के साथ चोरी की थी। चोरी के आभूषण और नकदी उसके साथियों ने रखे थे, जबकि उसे 15000 रुपये मिले थे। रितेश ने शिवपुर और लालपुर पांडेयपुर क्षेत्रों में भी चोरी की वारदात स्वीकार कीं। साथियों की गिरफ्तारी के बाद वह शहर से भाग गया था, लेकिन पैसे खत्म होने पर घर लौटते समय पकड़ा गया। रितेश चौरसिया का पहले से भी आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ थाना जैतपुरा और सिगरा में चोरी के तीन अलग-अलग मामले दर्ज हैं।
रोड रोलर से नष्ट किए गए 180 साइलेंसर, हॉर्न और हूटर
सड़क सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने मंगलवार को जब्त किए गए मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर-सायरन को रोड रोलर चलाकर नष्ट कराया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वाहनों में अवैध उपकरणों का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मंगलवार को 37 मॉडिफाइड साइलेंसर, 95 प्रेशर हॉर्न और 48 हूटर/सायरन, यानी कुल 180 उपकरण, रोड रोलर से नष्ट किए गए। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे इनका प्रयोग न करें। ध्वनि प्रदूषण बढ़ने के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी होती है। एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
सारनाथ में स्ट्रीट लाइट के पोल में उतरा करंट, लगा झटका
पुरातात्विक संग्रहालय प्रवेश गेट के पास लगे स्ट्रीट लाइट पोल में करंट उतरने से दुकानदारों के साथ ही पर्यटकों को भी झटका लगा। प्रो पुअर के तहत स्ट्रीट लाइट पोल लगाए गए। दुकानदार संगोष, महेंद्र, राजेश, रामाश्रय ने बताया कि पोल संख्या 2 और तीन में करंट का झटका लग रहा है। सोमवार को पोल के बीच में जो भी आता उसे बिजली का झटका लग रहा था। ठेला व्यवसायी राजेश कुमार ने करंट की जानकारी कार्यदायी संस्था के सुपरवाइजर प्यारेलाल को दी। सुपरवाइजर ने कनेक्शन कटवाए।
इसे भी पढ़ें; Cyber Crime: ट्रेडिंग के नाम पर 5.10 लाख की ठगी, 75 हजार होल्ड; पीड़ित ने दर्ज कराई प्राथमिकी
गंगा में बहाव तेज, नाविकों को जल पुलिस ने दी कड़ी हिदायत
गंगा का जलस्तर चार सेंटीमीटर की दर से बढ़ रहा है। घाटों का संपर्क मार्ग टूट चुका है। गंगा में बहाव तेज होन के कारण नाव संचालन पर प्रतिबंध है। जल पुलिस ने मंगलवार को नाविकों को निर्देशित किया कि किसी भी दशा में नाव का संचालन न हो। अपनी नाव को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएं। सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध अतुल अंजान ने बताया कि नाविकों को हिदायत दी गई है। घाट किनारे रहने वालों को भी सुरक्षा नियमों का पालन करने को कहा गया है।