Varanasi Top News: बाबा कालभैरव को सिगरेट पिलाते फोटो वायरल समेत दिनभर की अपडेट, पढ़ें- बस एक क्लिक में
Varanasi News: वाराणसी में शनिवार को कई खबरें चर्चा में रहीं। इनमें बाबा कालभैरव के शृंगार के दौरान सिगरेट पिलाने की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने और पुलिसकर्मियों पर हमले के आरोपी को जेल भेजे जाने की खबर प्रमुख रूप से चर्चा में रहीं।
विस्तार
बाबा कालभैरव के शृंगार के दौरान बाबा को सिगरेट पिलाने की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। बाबा के चेहरे के पास सिगरेट लगा फोटो दिखाया जा रहा है। इस पर अलग अलग तरह के कमेंट आ रहे हैं। एक यूजर ने इसे भगवान के साथ खिलवाड़ बताया है। कालभैरव मंदिर के व्यवस्थापक नवीन गिरि ने बताया कि यह फोटो पुरानी है। किसी ने साजिश के तहत इसे वायरल किया है।
पुलिसकर्मियों पर हमले के आरोपी को भेजा जेल, दर्ज हैं 24 मुकदमे
कैंट जीआरपी ने सिपाहियों पर हमले के आरोपी को पीडीडीयूनगर के राम मंदिर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसे शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ 24 मुकदमे दर्ज हैं। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि महिला का पर्स लूटने के आरोपी राम मंदिर क्षेत्र निवासी अजय कुमार को पकड़ने के लिए शुक्रवार को हेड कांस्टेबल सत्येंद्र बहादुर शाह और हेड कांस्टेबल अखिलेश यादव गए थे। आरोपी ने सत्येंद्र बहादुर शाह पर चाकू से हमला किया था और अखिलेश यादव के पैर के अंगूठे में दांत से काट लिया था। इसके बाद भी सिपाहियों ने आरोपी को दबोच लिया। आरोपी ने बताया कि वह ट्रेनों में लूट की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने खंगाला होटल-बार
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और डीएम एस राजलिंगम की ओर से गठित पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने शनिवार को सिगरा और कैंट थाना क्षेत्र के होटल, रेस्टोरेंट और बार का औचक निरीक्षण किया। एसीपी चेतगंज गौरव कुमार ने बताया कि सिगरा क्षेत्र के दो होटलों में आग से सुरक्षा के मुकम्मल उपाय नहीं मिले। होटल संचालक को आग से सुरक्षा के मानक पर गंभीरता से ध्यान देने को कहा गया है। पुलिस के औचक निरीक्षण में किसी होटल, रेस्टोरेंट और बार में कोई गड़बड़ी नहीं मिली।
जान से मारने की धमकी देने पर 6 पर मुकदमा दर्ज
सहायक पुलिस आयुक्त के आदेश पर 6 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ है। फरीदपुर सारनाथ निवासी अमित पांडेय ने सहायक पुलिस आयुक्त को तहरीर में बताया था कि ऐढे निवासी शिवबली विश्वकर्मा और शंभू विश्वकर्मा ने फर्जी तरीके से जमीन पर कब्ज कर लिया है। साथ ही जान से मारने की धमकी दे रहा है। मामले में सहायक पुलिस आयुक्त के आदेश पर थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
बंगाल में तुरंत लगे राष्ट्रपति शासन- अर्जुन कुमार मौर्य
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों ने बंगाल में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर शनिवार सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रांत महामंत्री अर्जुन कुमार मौर्य ने कहा कि आज देश में हिंदू स्वयं को अत्यंत असुरक्षित महसूस कर रहा है। आज बंगाल में जहां हिंदू समाज अपने ही घरों से अपनी ही संपत्ति से निष्कासित होने पर मजबूर हो गया है। उनके घरों को जला दिया गया, बहन बेटियां व बच्चे सुरक्षित नहीं हैं। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल और राष्ट्रीय महिला परिषद यह मांग करता है कि बंगाल में तुरंत राष्ट्रपति शासन लगाया जाए। इस दौरान निशा सिंह, अशोक सिंह, विनोद यादव, श्रवण कुमार मौर्य उपस्थित रहे।
भाजपा नेता ने बेटे की हत्या की साजिश रचने का लगाया आरोप
पूरे गांव निवासी भाजपा नेता उमाशंकर पटेल ने पुत्र की हत्या की साजिश का आरोप लगाते हुए मिर्जामुराद थाने में चार लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कार्रवाई की बात कही है। भाजपा नेता ने शनिवार को बताया कि दो दिन पहले उनका दूसरे नंबर का पुत्र अश्वनी सिंह पटेल मिर्जामुराद में निजी स्कूल जा रहा था। उस दौरान बाइक सवार दो युवकों ने बेटे की बाइक में टक्कर मार दी। इससे अश्वनी घायल हो गया। कहा कि इससे पहले भी दो बार जमीन के विवाद को लेकर हमला किया जा चुका है। आरोप लगाया कि विपक्षी ने एक गुंडे को पुत्र की फोटो और बाइक का नंबर देकर उसकी हत्या की सुपारी दी है। घर के आसपास नकाबपोश बाइक सवार अक्सर चक्कर भी लगाते हैं। मिर्जामुराद थानाध्यक्ष ने कहा कि तहरीर में लगाए गए आरोप की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
20 टन प्लास्टिक की जब्त, सवा लाख जुर्माना वसूला
वाराणसी नगर निगम की टीम ने शनिवार को प्रवर्तन प्रभारी कर्नल संदीप शर्मा के नेतृत्व में रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया फेज वन में छापा मारा। यहां एक फैक्टरी के गोदाम में 20 टन प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद हुई। इसके बाद फैक्टरी को सील कराया गया। वहीं एक लाख 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
इंडियन बैंक प्रबंधन के खिलाफ कर्मचारियों का प्रदर्शन
बैंक कर्मचारियों की 54 सूत्रीय मांगों को लेकर इंडियन बैंक एम्प्लॉइज यूनियन (आईबीईयू) वाराणसी इकाई ने शनिवार को नदेसर स्थित इंडियन बैंक अंचल कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान इंडियन बैंक प्रबंधन पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की। दि फेडरेशन ऑफ इंडियन बैंक एम्प्लॉइज यूनियंस के सेक्रेटरी जनरल अरुणांचल के आह्वान पर आईबीईयू के अध्यक्ष आरबी चौबे के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। उन्होंने कहा कि इंडियन बैंक प्रबंधन का यह रवैया न केवल कर्मचारियों के अधिकारों का हनन है, बल्कि यह बैंकिंग क्षेत्र में लोकतांत्रिक मूल्यों और सहयोगात्मक वातावरण को भी क्षति पहुंचाता है। हमारी मांग है कि प्रबंधन कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक संवाद स्थापित करें और उनकी समस्याओं का उचित समाधान प्रस्तुत करें। स्पष्ट किया कि यदि प्रबंधन ने कर्मचारियों की मांगों को अनसुना किया तो आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। प्रदर्शन में यूपीबीइयू के मंत्री संजय शर्मा, एआईबीईए के अनंत मिश्र, प्रमोद द्विवेदी, शीतला दूबे, एसके सेठ, पीके घोष, सुधीर सिंह, नरेंद्र कुमार आदि रहे।
भाजयुमो ने राहुल गांधी, सोनिया गांधी का फूंका पुतला
नेशनल हेराल्ड मामले में चितईपुर में शनिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा के नेतृत्व में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी का पुतला फूंका। इस मौके पर प्रदीप प्रजापति, वीरेंद्र सिंह, गौरव पटेल, सनी पटेल, विजय बिंद, संत लाल तिवारी, गोविंद दास गुप्ता, अनिल पांडे समेत अन्य मौजूद रहे।
दहेज उत्पीड़न में पति समेत चार पर केस
दो लाख रुपये और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को ससुराल के लोगों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। विवाहिता की तहरीर पर सारनाथ थाने में पति समेत ससुराल के चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया है। परशुरामपुर निवासी जीतू श्रीवास्तव की शादी प्रियंका के साथ 30 नवंबर 2014 को हुई थी। प्रियंका ने पुलिस को बताया कि पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार पर्याप्त दहेज दिया था। शादी के कुछ दिन बाद तक सब कुछ अच्छा चला, उसके बाद कम दहेज को लेकर ससुराल वाले ताना मारने लगे। फिर मायके से दो लाख रुपये और बुलेट मोटरसाइकिल मंगवाने का दबाव बनाने लगे। मांग पूरी न होने पर पति जीतू, ससुर राधेश्याम, सास संतोषी और ननद ज्योति मारने-पीटने लगे। 20 अगस्त 2024 को उन्हें ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया। मायके के लोगों ने कई बार ससुराल जाकर मनाने की कोशिश की, लेकिन वह तैयार नहीं हुए। जब कोई रास्ता नहीं सूझा तो पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
दो आरोपियों के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा
लंका और भेलूपुर थाने में दर्ज दो अलग-अलग मुकदमों के आरोपियों के घर पर अदालत के आदेश से पुलिस ने कुर्की का नोटिस चस्पा किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के अपराध के संबंध में डुगडुगी बजवा कर स्थानीय लोगों को जानकारी दी। लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्र ने बताया कि सीर करहिया निवासी राजेश उर्फ जुगनू चोरी से संबंधित अपराध में वांछित है। एनबीडब्ल्यू जारी होने के बाद भी वह अदालत में हाजिर नहीं हुआ। वहीं, चितईपुर थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि भेलूपुर थाने में दर्ज गैंगस्टर के एक मुकदमे की विवेचना वह कर रही हैं। मुकदमे में वांछित चंदौली जिले के सेमरा मुगलसराय की सोनी गुप्ता वांछित है। एनबीडब्ल्यू जारी होने के बाद भी वह अदालत में हाजिर नहीं हुई।
108 एंबुलेंस के ईएमटी की तत्परता से बची घायल की जान
रोहनिया के पंडितपुर में बाइक की टक्कर से घायल व्यक्ति की जान 108 एंबुलेंस के ईएमटी यानी ईमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन की तत्परता से बच गई। टक्कर की सूचना मिलते ही मौके पर एंबुलेंस पहुंच गई। रोहनिया क्षेत्र में हुई इस घटना में मड़ाव निवासी जितेंद्र मौर्य (42) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मौके पर एंबुलेंस पायलट अवधेश और ईएमटी धीरज ने घायल को स्ट्रेचर की मदद से तुरंत एंबुलेंस में शिफ्ट किया। ईएमटी ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एंबुलेंस में ही मरीज का प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद सुरक्षित रूप से सीएचसी मिसिरपुर में भर्ती कराया गया। मरीज के परिजनों ने एंबुलेंस कर्मचारी के इस प्रयास की सराहना की।
काशी विद्यापीठ में 22 से होंगी प्रायोगिक परीक्षाएं
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के सांख्यिकी विभाग में बीए/बीएससी की प्रायोगिक परीक्षा 22 अप्रैल से होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार ने बताया कि तृतीय सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षा 22 अप्रैल को 12.30 से 3.30 बजे तक होगी। बताया कि पंचम सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षा 24 अप्रैल को सुबह 11 बजे से होगी। ज्यादा जानकारी विभाग से ली जा सकती है।
काशी विद्यापीठ में 24 को होगी शोध उपाधि समिति की बैठक
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के राजनीति विज्ञान विभाग में शोध उपाधि समिति की बैठक 24 अप्रैल को होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. मोहम्मद आरिफ ने बताया कि बैठक सुबह 11 बजे से (ऑनलाइन व ऑफलाइन) विभाग में होगी। सभी की उपस्थिति जरूरी है।
काशी विद्यापीठ में मेरिट से दाखिले पर छात्रनेताओं ने जताई आपत्ति
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में यूजी, पीजी में मेरिट के आधार पर दाखिले कराने के विश्वविद्यालय प्रशासन के फैसले पर छात्रनेताओं ने आपत्ति जताई है। कुलपति को ज्ञापन देकर छात्रनेताओं ने कहा कि इंटर परीक्षा परिणाम में सीबीएसई, यूपी बोर्ड, आईसीएसई के अंक में काफी असामनता होती है। इस वजह से मेरिट से प्रवेश लेने की वजह से छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। सीयूईटी यूजी, पीजी में प्रवेश परीक्षा कराई जा रही है, ऐसे में मेरिट से एडमिशन कराने फैसला उचित नहीं है। छात्रनेताओं ने इस फैसले को निरस्त करवाने की मांग की है। इस दौरान छात्र नेता आशीष गोस्वामी, रविंद्र सिंह पटेल, गौरव पटेल, करन प्रजापति, जतिन पटेल, विनोद मौजूद रहे।
6 महीने में यूपी कॉलेज बनेगा विश्वविद्यालय
एयरपोर्ट के आसपास एक घंटे गुल रहेगी बिजली
गजोखर स्थित 220 केवी उपकेंद्र पर 33 केवी मेन बस के अनुरक्षण कार्य की वजह से रविवार को बाबतपुर एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों में 1 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। अधिशासी अभियंता विद्युत प्रथम इंद्रभान सिंह ने बताया कि करखियाव, सिंधोरा, नेवादा, उत्तराफीड, बीडी वेंचर में सुबह 10 से 11 बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी। साथ ही 33 केवी उपकेंद्र पिंडरा, पिंडरा तहसील, इंडस्ट्रियल एरिया, बाबतपुर एयरपोर्ट, गजोखर, नियारडीह, पारले एग्रो व अनेई पोषण से जुड़े इलाकों में सुबह 11 से 12 बजे तक बिजली नहीं रहेगी।
विश्वनाथ धाम में शिवमणि की ताल से मगन हुए बाबा
प्रसिद्ध तालवादक शिवमणि ने शुक्रवार को हनुमत प्रभु को ताल कचहरी से रिझाने के बाद शनिवार को श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में हाजिरी लगाई। उनकी तालों की जादुई स्वर धाम में गूंजा तो बाबा भी मगन हो गए। दर्शन करने आए भक्त भी शिवमणि की ताल पर झूमे। उन्होंने 1:45 घंटे तक शिव साधना की। शिवमणि ने भगवान शिव को संगीतमय शृंगार किए। उन्होंने पहले बाबा का दर्शन पूजन किया। फिर धाम के सांस्कृतिक मंच पर घरेलू सामग्रियों कलछुल, थाल, कटोरी, घुंघरू और घंंटा-घड़ियाल पर उनके दोनों हाथों की स्टिक फर्राटा फैन की तरह चली तो ऐसा धुन गूंजा की कतार में लगे भक्त भी झूम उठे। वह अपने अंदाज में विभिन्न चीजों को बनाए वाद्ययंत्रों को इस कदर साधा की सभी उनके मुरीद हो गए।