वाराणसी की खबरें: दवा कारोबारी से मांगी रंगदारी, शाखा संचालक पर 9 लाख के गबन का आरोप, खेत में मिला किसान का शव
वाराणसी में दवा कारोबारी से रंगदारी मांगने और बेटे को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। वहीं शाखा संचालक पर 9 लाख के गबन का आरोप लगाकर हंगामा किया गया। पढ़ें- अन्य खबरें
विस्तार
वाराणसी कमिश्नरेट के मैदागिन क्षेत्र में दवा विक्रेता समिति के अध्यक्ष दिनेश कुमार और 'दिनेश एंड कंपनी' के मालिक से रंगदारी मांगी गई है। बेटे रजत शुभम को जान से मारने की धमकी भी मिली है। कोतवाली पुलिस ने सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दिनेश ने पुलिस को बताया कि वे 30 साल दवा व्यापार कर रहे हैं। कुछ दिनों से बेटे के मोबाइल पर अज्ञात नंबरों से फोन और संदेश से रंगदारी मांगी जा रही थी। न देने पर जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। पहले साइबर प्रकोष्ठ में भी शिकायत दर्ज कराई थी। 12 सितंबर को नकाबपोश एक अधेड़ उम्र की महिला उनकी दुकान पर पहुंची। दवा मांगी और दवा उपलब्ध न होने पर वह चली गई, लेकिन जब बेटा बाहर निकला तो उस महिला ने उसका पीछा करते हुए सीधे तौर पर पूछा, पैसा क्यों नहीं दे रहे हो? कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि दवा व्यापारी दिनेश कुमार की शिकायत पर रंगदारी समेत अन्य आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस कॉल विवरण और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
शाखा संचालक पर 9 लाख के गबन का आरोप, हंगामा
कपसेठी चौराहे पर स्टेट बैंक की एक टाइनी शाखा में 9 लाख के गबन का मामला सामने आया है। सोमवार दोपहर बाद पीड़ित परिवार ने शाखा पर हंगामा किया। संचालक ताला बंद कर भाग निकला। बैंक ने शाखा को पहले ही काली सूची में डाल दिया था, फिर भी संचालित हो रही थी।
रघुनाथपुर निवासी त्रिलोकी राम ने पुलिस को बताया कि पिता स्वर्गीय अमरनाथ का स्टेट बैंक की शाखा में खाता था। 10 लाख रुपये जमा थे, जिसे वे फिक्स करना चाहते थे। उनकी मुलाकात टाइनी शाखा के संचालक आशुतोष विश्वकर्मा से हुई। आशुतोष ने अधिक ब्याज का लालच देकर चार बार में 9 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।
पिता की मृत्यु के बाद जब परिवार को रुपयों की जरूरत पड़ी तो वे शाखा पहुंचे। संचालक कई महीनों तक बहाने बनाता रहा। बैंक ब्रांच में पता करने पर मालूम हुआ कि पिता के नाम से कोई फिक्स रुपया नहीं है। घटना की जानकारी होते ही संचालक भाग गया।
पीडि़त ने बताया कि आशुतोष ने मिर्जापुर थाना क्षेत्र के करधना गांव की कमल निशा से 2 लाख 70 हजार रुपये का फर्जीवाड़ा किया गया था। कमल शिकायत पर बैंक ने टाइनी शाखा को काली सूची में डाल दिया था। स्टेट बैंक शाखा कपसेठी के प्रबंधक सुमन सौरभ ने बताया कि मामला संज्ञान में है। प्रार्थना पत्र मिला है और जांच की जा रही है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि शाखा संचालक को बुलाया गया है। तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है।
शिक्षक दंपती पर एससी/एसटी में प्राथमिकी दर्ज करने का प्रार्थना पत्र खारिज
विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी न्यायालय ने शिक्षक दंपती राजीव दुबे और विभा दुबे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का प्रार्थना पत्र खारिज कर दिया है। सोनू लाल ने दंपती पर जातिसूचक गालियां देने और मारपीट करने का आरोप लगाया था। न्यायालय ने पाया कि यह मामला जातिगत उत्पीड़न का नहीं, बल्कि जमीन के सिविल विवाद से जुड़ा है। सोनू लाल ने कोर्ट में अधिवक्ता के माध्यम से प्रार्थना पत्र दिया था।
आरोप था कि 2 जून 2026 को शिक्षक दंपती सहित अन्य लोगों ने उसे जातिसूचक गालियां दीं और मारपीट की। प्रार्थी ने जान से मारने की धमकी का भी दावा किया था। न्यायालय ने पाया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन का एक सिविल विवाद चल रहा है। विभा दुबे बनाम सोनू लाल का एक वाद सिविल जज जूनियर डिवीजन में लंबित है। मेडिकल रिपोर्ट में केवल दर्द की शिकायत थी और कोई चोट नहीं पाई गई। घटना जमीन विवाद के कारण हुई थी।
सोनू लाल ने आरोप लगाया था कि 2 जून 2026 को वह अपने मित्रों के साथ अपनी जमीन पर गया था। वहां राजीव दुबे, विभा दुबे और उनके साथी थे। आरोप है कि उन्होंने जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया और जमीन कब्जा करने की धमकी दी। इसके बाद, सभी आरोपियों ने मिलकर उसे लात-घूंसों से पीटा और जान से मारने का प्रयास किया।
खेतलपुर खुटहना गांव में सोमवार को भरत सिंह उर्फ अदालत सिंह (70) का शव खेत में मिला। पुलिस ने शव संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भरत सुबह अपने घर से बाहर निकले थे, लेकिन वापस नहीं आए। परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। दोपहर बाद गांव की कुछ महिलाएं घास काट कर लौट रही थीं, तभी उन्होंने खेत में शव देखा। महिलाओं ने तुरंत गांव वालों और पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि भरत सिंह पिछले कुछ समय से बीमारी से जूझ रहे थे। छह महीने पहले बेटे की बीमारी से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से वह और अधिक अस्वस्थ रहने लगे थे। प्रारंभिक जांच में ब्रेन स्ट्रोक को मौत का कारण माना जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।
लिच्छवी में यात्री की तबीयत बिगड़ी, मऊ स्टेशन पर उपचार
सीतामढ़ी से आनंद बिहार तक जाने वाली ट्रेन नंबर 14005 लिच्छवी एक्सप्रेस में यात्री की तबीयत बिगड़ गई। यात्री ने इसकी सूचना ट्रेन में डयूटी पर तैनात कर्मचारियों को दी। इंजन से तीसरे जनरल कोच में बैठे यात्री को मऊ स्टेशन पर उतारकर इलाज करवाया गया। ट्रेन नंबर 14005 सीतामढ़ी–आनंद विहार लिच्छवी एक्सप्रेस में सहयात्री ने रेल मदद एप पर सूचना दी। इसके बाद रेलवे महकमा अलर्ट हो गया।
सहयात्री ने एप से सूचना दी कि ट्रेन में बैठे यात्री अचेत अवस्था में है। उनकी सांस चल रही है। सूचना मिलते ही मऊ स्टेशन पर उप मुख्य टिकट निरीक्षक रामप्रभाव यादव ने रेलवे चिकित्सक, मऊ डॉ. पुनीत राव को जानकारी दी। एंबुलेंस की व्यवस्था कराई गई। ट्रेन के मऊ स्टेशन पहुंचते ही अचेत यात्री को ट्रेन से उतारा गया। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल पहुंचने के बाद यात्री के परिजनों को इसकी जानकारी दी। तत्काल इलाज मिलने की वजह से यात्री की सेहत में सुधार हो गया।
स्टोर मैनेजर को हॉकी-रॉड से पीटा, 36 हजार रुपये लूटे
वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर शाहपुर गांव के पास सोमवार शाम एक सैनिक अर्धसैनिक कैंटीन के स्टोर मैनेजर को पांच अज्ञात हमलावरों ने हॉकी और रॉड से पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावर उसकी जेब से 36 हजार रुपये लूटकर भाग गए। कादीपुर कलां गांव के निवासी स्टोर मैनेजर प्रियांशु पांडेय ने बताया कि वह डुबकियां में कैंटीन बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। तभी दो बाइक पर सवार पांच मुंह बांधे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया।
हमलावरों ने बिना किसी वजह के उन पर हॉकी और डंडे से हमला किया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनकी जेब से 36 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद बाइक से चौबेपुर की तरफ भाग गए। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फिलहाल, यह मामला मारपीट का है। रुपये लेकर भाग जाने के आरोप की जांच की जा रही है।
रंजिश में मारपीट, तीन घायल, नर्स की चेन छीनी
लंका थाना क्षेत्र के सामने घाट में सोमवार रात रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें तीन युवक घायल हो गए, जिनका बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज कराया गया। सामनेघाट मारुति नगर के दो किशोरों पर 10 से 15 युवकों ने हमला किया। जब नर्स संचालक संतोष पटेल ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो हमलावरों ने उन्हें भी पीटा। हमलावरों ने संतोष पटेल के गले से चेन भी छीन ली। घायलों में किशोर, साथी और संतोष पटेल शामिल हैं। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि मारपीट करने वाले और घायल किशोर साथ में पढ़ाई करते हैं, इसी कारण उनके बीच रंजिश चली आ रही है। घटना की जांच कराई जा रही है।
जुए के फड़ पर पांच आरोपी गिरफ्तार
जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस बिंद बस्ती में सोमवार की शाम पुलिस ने जुए के फड़ पर छापा मारकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से 4400 रुपये और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों में लक्ष्मण राजभर, फूल कुमार , रमेश कुमार, विशाल बिंद और इंद्रप्रताप राजभर शामिल हैं। लक्ष्मण और रमेश कुमार मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के निवासी हैं। फूल कुमार, विशाल बिंद और इंद्रप्रतापहरसोस गांव के रहने वाले हैं।
ट्रेनों में चेन छीनने के आरोपी को पकड़ा
कैंट स्टेशन पर तैनात जीआरपी ने सोमवार को ट्रेनों में महिलाओं, छात्राओं की चेन छीनकर फरार होने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। इसके पास से 50100 रुपये और चेन बरामद किया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रतन डोम बताया। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर ने बताया कि वाराणसी जंक्शन पर सिग्नल ऑफिस के दक्षिण तरफ नीम के पेड़ के नीचे एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। संदेह होने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ और तलाशी ली गई। आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दी गई है।
गोदौलिया चौराहे पर सोमवार की शाम गोल्फ कार्ट (नंदी रथ) ने महिला समेत तीन श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी। मामूली रूप से तीनों घायल हुए। सभी का मारवाड़ी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। श्री काशी विश्वनाथ धाम दर्शनार्थियों के लिए मैदागिन से गोदौलिया के बीच नगर निगम ने गोल्फ कार्ट ( नंदी रथ) सेवा शुरू की है। शाम 6 बजे के बाद चौक से गोदौलिया की तरफ जाते समय गोल्फ कार्ट अनियंत्रित हो गया। बहराइच के प्रधान अजय सिंह, लक्सा निवासी महिला और आर्यन घायल हो गए। व्हीलचेयर पर सवार प्रधान अजय सिंह के पैर में चोट आई। इस बीच चालक ऋषि की लोगों ने पकड़कर पिटाई की। दशाश्वमेध थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सभी ने आपस में सुलह कर ली है। किसी तरह की कोई तहरीर नहीं दी गई है।
जनरल स्टोर से हजारों का सामान और नकदी चोरी
जंसा थाना क्षेत्र के हाथी बाजार में एक जनरल स्टोर में रविवार रात चोरी हो गई। चोर दुकान से हजारों रुपये का सामान और एक हजार रुपये लेकर भाग गए।दुकान मालिक दिनेश गुप्ता ने पुलिस को बताया कि दुकान हाथी राम बाबा मंदिर से कुछ ही दूरी पर है। सोमवार सुबह छह बजे दुकान पर पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा था। 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
लापता युवक को थार समेत ढूंढा
परिजनों से नाराज होकर घर छोड़कर थार लेकर भागे सौरव पाल (20) को पुलिस ने सोमवार को ढूंढ लिया। पुलिस ने उसे थार सहित बरामद कर पिता को सौंप दिया। थाना प्रभारी पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि सोमवार को रोहनिया निवासी सौरव पाल अपने घर से थार लेकर निकला था। परिजनों ने वाहन में लगे जीपीएस ट्रैकर से उसकी लोकेशन सिंधोरा थाना क्षेत्र में पाई। सौरव पाल को समझा-बुझाकर पिता को सौंप दिया गया।
अस्पताल से भागा चोर, युवकों ने पीछा कर दबोचा
कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल से चोरी का एक आरोपी जीआरपी को चकमा देकर भाग निकला। हालांकि, कुछ युवकों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। जीआरपी कैंट ने लंका थाना के छित्तूपुरा निवासी रतन को पकड़ा था। उस पर कैंट रेलवे स्टेशन पर चोरी का आरोप है। सोमवार को रेलवे पुलिस के जवान शिव मोहन पासवान और मोहम्मद मसूक उसे चिकित्सीय जांच के लिए ले आए। पौने चार बजे अस्पताल पहुंचने के बाद पर्चा कटवाते समय रतन इमरजेंसी वार्ड से भागने लगा। जीआरपी कर्मियों ने शोर मचाया और उसका पीछा किया। चोर अस्पताल के गेट से बाहर निकलकर सड़क पार कर एक गली की ओर भागा। पुलिस के शोर मचाने पर आसपास मौजूद कुछ युवकों ने तेजी से दौड़कर चोर का पीछा किया। उन्होंने गली में रतन को पकड़ लिया। कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि पुलिस के पास इस तरह की कोई सूचना नहीं आई थी।