वाराणसी: किराए की दुकान पर तीसरी पार्टी ने बना लिया था गेस्ट हाउस, दो होटल भी सील; अतिक्रमण को हटवाया
वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र स्थित विजयानगरम मार्केट में नगर निगम ने अवैध रूप से संचालित दो होटल और गेस्ट हाउस सील कर दिए। किराए पर आवंटित दुकानों को तीसरी पार्टी को देकर उनके ऊपरी हिस्से में बिना स्वीकृति गेस्ट हाउस बना दिए गए थे। कार्रवाई के दौरान सड़क से अवैध ठेले-खोमचे और अतिक्रमण भी हटवाया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नगर निगम ने बृहस्पतिवार को सिगरा थाना क्षेत्र के विजयानगरम मार्केट में अवैध रूप से संचालित दो होटल और गेस्ट हाउस के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त अमित कुमार के नेतृत्व में निगम की टीम ने पुलिस बल के साथ कार्रवाई की। इस दौरान सड़क पर किए गए अतिक्रमण को भी हटवाया गया।
नगर निगम ने करीब 40 वर्ष पहले कैंट रेलवे स्टेशन के सामने स्थित विजयानगरम मार्केट में 90 दुकानें आवंटित की थीं। आरोप है कि कई दुकानदारों ने निगम की अनुमति के बिना दुकानों के द्वितीय तल पर भी निर्माण करा लिया। इनमें से कुछ दुकानदारों ने दुकान का मूल स्वरूप बदलकर होटल और लॉज का संचालन शुरू कर दिया था।
नगर निगम के अनुसार दुकान संख्या 50 और 68 किराए पर आवंटित थीं। नियमों की अनदेखी करते हुए दोनों दुकानों को तीसरी पार्टी (शिकमी) को बेच दिया गया। इसके बाद दुकानों के ऊपरी हिस्से में बिना स्वीकृति के गेस्ट हाउस का निर्माण कर व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर दी गईं। मामला संज्ञान में आने के बाद नगर निगम ने संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे।
इसके बाद आरोपी पक्ष हाईकोर्ट पहुंच गया। हाईकोर्ट ने निगम को निर्देश दिया था कि जब तक संबंधित पक्ष के प्रत्यावेदन का निस्तारण नहीं हो जाता, तब तक कोई दंडात्मक कार्रवाई न की जाए। हाल ही में नगर आयुक्त स्तर से नियमों के तहत उक्त प्रत्यावेदन को खारिज कर दिया गया। इसके बाद कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया।
विधिक बाधा दूर होने के बाद नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ विजयानगरम मार्केट पहुंची। टीम ने दुकान संख्या 50 और 68 में संचालित अवैध गेस्ट हाउस को सील कर दिया। इसके साथ ही मार्केट के आसपास सड़क पर लगाए गए अवैध ठेले-खोमचे और अन्य अतिक्रमण भी हटवाए गए।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में अवैध निर्माण और नियमों के विपरीत संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।