वाराणसी: 24 घंटे मतगणना स्थल की निगरानी, बारिश में भी डटे रहे सपा कार्यकर्ता; जीत का प्रमाण पत्र लेकर ही हिले
एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान सपा कार्यकर्ता 24 घंटे तक मतगणना स्थल पर निगरानी करते रहे। बारिश के बावजूद कार्यकर्ता डटे रहे और जीत का प्रमाण पत्र मिलने के बाद ही वहां से हटे। आठ जिलों से पहुंचे सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने उनका मनोबल बढ़ाया। मतगणना स्थल पर सपा कार्यकर्ताओं की सक्रियता चर्चा में रही।
विस्तार
खंड शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना 27 अक्तूबर को शुरू हुई। पिछले चुनावों के नतीजों और मतों के हेरफेर की आशंका को देखते हुए सपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 72 घंटे तक मतगणना स्थल नहीं छोड़ा। आठों जिलों के सांसद, विधायक, संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मतगणना स्थल के बाहर टेंट में ही डटे रहे। बृहस्पतिवार को भी बारिश के बावजूद इनकी संख्या कम नहीं हुई।
मतगणना के पहले ही दिन देर रात तक खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव के परिणाम घोषित हुए। इसमें लाल बिहारी यादव की जीत हुई। बुधवार की भोर में मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। वहीं, स्नातक एमएलसी के परिणाम बृहस्पतिवार को घोषित हुए। इसमें भी सपा के उम्मीदवार आशुतोष सिन्हा ने जीत हासिल की।
इन दोनों पदों के मतों की गणना में हेरफेर न हो इसे देखते हुए सपा के शीर्ष नेतृत्व से लेकर जमीनी कार्यकर्ता तक सभी इस चुनाव में सजग दिखे। मतगणना के पहले दिन से लेकर अंतिम दिन तक यानी 72 घंटों तक पहड़िया मंडी के बाहर पहले दिन से ही सड़क उस पार टेंट लगाकर मतगणना की लगातार निगरानी की। इस पर पार्टी के मुखिया ने भी उनका मनोबल बढ़ाया।
आठ जिलों के डटे रहे सांसद, विधायक
मतगणना स्थल पर समाजवादी पार्टी की ओर से बनाए गए पंडाल में वाराणसी सहित निर्वाचन क्षेत्र के सभी आठ जिलों से आए पार्टी के सांसद, विधायक, वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसमें सांसद विरेंद्र सिंह, सांसद छोटे लाल खरवार, विधायक प्रभुनारायण, रागिनी साेनकर समेत कई नेता समय-समय पर कार्यकर्ताओं के साथ रहे। भारी बारिश के बावजूद समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता डटे रहे। खराब मौसम भी कार्यकर्ताओं के उत्साह और जोश को कम नहीं कर सका।
फूल मालाओं से लादकर मनाया जीत का जश्न
जीत के बाद बृहस्पतिवार को पहड़िया मंडी में उपस्थित सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और जीत का जश्न मनाया। विजयी प्रत्याशी के पहुंचने पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर भव्य स्वागत किया। पूरे परिसर में उत्साह, उल्लास और समाजवादी पार्टी के समर्थन में नारेबाजी का माहौल देखने को मिला।