फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Sports news of four district Players will participate in selection trial for hockey competition

Sports: हॉकी प्रतियोगिता के लिए चयन ट्रायल में शामिल होंगे चार जिलों के खिलाड़ी, पढ़ें- खेल की खबरें

Sat, 03 Jan 2026 04:24 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: प्रगति चंद Updated Sat, 03 Jan 2026 04:24 PM IST
सार

Varanasi News: प्रादेशिक हॉकी प्रतियोगिता के लिए चयन ट्रायल में चार जिलों के खिलाड़ी शामिल होंगे। उधर,  उत्तराखंड के टेराफ्लेक्स से सिगरा स्टेडियम के इंडोर में वॉलीबॉल का दूसरा कोर्ट बन रहा है। पढ़ें- वाराणसी में खेल की अन्य खबरें

विज्ञापन
Varanasi Sports news of four district Players will participate in selection trial for hockey competition
ट्रायल के लिए चयनित खिलाड़ी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

प्रादेशिक हॉकी प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल शुरू हो गया है। शुक्रवार को मंडलीय टीम के लिए जिलास्तरीय ट्रायल लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में आयोजित किया गया। इसमें 30 खिलाड़ी शामिल हुए। इसमें अंतिम रूप से 15 खिलाड़ियों का चयन मंडलीय ट्रायल के लिए हुआ। जिले की टीम में प्रांजल पाल, अंशिका पटेल, शिवानी, चांदनी, शिवानी सिंह, सिद्ध सरोज, शालू यादव, यशस्वी, सृष्टि सोनकर, स्मृति चौबे, अनुष्का गुप्ता, अन्नू पाल, सत्या यादव, अंजली प्रजापति, वंदना और कोमल मौर्या का चयन किया गया है। मंडलीय टीम का चयन तीन जनवरी को सुबह 11 बजे से लालपुर स्टेडियम में होगा।

विज्ञापन


उत्तराखंड के टेराफ्लेक्स से सिगरा स्टेडियम के इंडोर में बन रहा वॉलीबॉल का दूसरा कोर्ट
72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। राजस्थान के बाद उत्तराखंड से मंगाया गया टेराफ्लेक्स शुक्रवार दोपहर वाराणसी के सिगरा स्टेडियम पहुंच गया। यहां इंडोर हॉल में इसे बिछाने का काम शुरू हो गया है। यूपी वॉलीबॉल चयन समिति के चेयरमैन सर्वेश पांडेय ने बताया कि इंडोर में दूसरा कोर्ट देर रात बनकर तैयार हो गया।
विज्ञापन




उन्होंने बताया कि शनिवार को इंडोर के दोनों कोर्ट पर खिलाड़ी अभ्यास करेंगे। सिगरा स्टेडियम के फुटबॉल मैदान पर वॉलीबॉल के दो कोर्ट बनकर तैयार हो गए हैं। शनिवार को इन्हें पूरी तरह खेलने योग्य बना दिया जाएगा। महिला और पुरुष वर्ग की सीनियर नेशनल प्रतियोगिता 4 से 11 जनवरी तक खेली जाएगी। इसमें देशभर से 1022 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। सर्विसेज के बाद अन्य टीमों के खिलाड़ियों के पहुंचने का सिलसिला दो जनवरी से शुरू हो गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

वाराणसी पहुंचे 10 टीमों के खिलाड़ी

Varanasi Sports news of four district Players will participate in selection trial for hockey competition
वॉलीबॉल खेलते खिलाड़ी - फोटो : अमर उजाला

सीनियर नेशनल वॉलीबॉल प्रतियोगिता में खेलने शुक्रवार को दस टीमों के 180 खिलाड़ियों का दल वाराणसी पहुंचा। उन्हें जिले के अलग-अलग होटलों में ठहराया गया है। सर्वेश पांडेय ने बताया कि प्रतियोगिता में खेलने बंगाल, त्रिपुरा, पंजाब समेत दस राज्यों के खिलाड़ी वाराणसी पहुंचे हैं। शनिवार तक ज्यादातर टीमों के खिलाड़ी वाराणसी पहुंच जाएंगे। स्टेडियम में नवनिर्मित छात्रावास में 450 महिला खिलाड़ियों को ठहराया जाएगा।

प्रादेशिक कुश्ती : काशी के 23, गाजीपुर के पांच खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
प्रादेशिक कुश्ती में वाराणसी मंडल के 30 मेडलिस्ट आजमगढ़ और बलिया में दमखम दिखाएंगे। इस प्रतियोगिता के लिए घोषित वाराणसी मंडल की टीम में वाराणसी के 23, गाजीपुर के पांच, जबकि चंदौली और जौनपुर से एक-एक खिलाड़ी का चयन हुआ है। मंडलीय टीम में वाराणसी सिगरा स्टेडियम के 15, गया सेठ अखाड़े के 6 और अहरक एवं अजगरा अखाड़े के खिलाड़ी शामिल हैं।

कुश्ती कोच गोरख यादव ने बताया कि प्रादेशिक कुश्ती में सिगरा स्टेडियम की सात बालिकाएं, जबकि बालक ग्रीको रोमन में छह और फ्री स्टाइल में दो खिलाड़ी, गाजीपुर की एक बालिका और चार बालक, चंदौली और जौनपुर से एक-एक खिलाड़ी तथा निवेदिता साई सेंटर की दो बालिकाएं खेलेंगी।



खेल विभाग और उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के समन्वय से 9 से 11 जनवरी तक आजमगढ़ में बालिका वर्ग और जूनियर बालक के खिलाड़ी, जबकि 16 से 18 जनवरी तक बलिया में आयोजित प्रतियोगिता में खेलेंगे। आरएसओ विमला सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों का चयन ट्रायल सिगरा स्टेडियम में हुआ।

इसे भी पढ़ें; Magh Mela 2026: माघ मेले के पलट प्रवाह में काशी में होगी मिनी कुंभ जैसी व्यवस्था, सीएम ने दिए ये निर्देश

बालिका वर्ग
नेहा पाल (सिगरा), रेशमा यादव (गया सेठ), आंचल यादव (सिगरा), अंदरी पटेल (सिगरा), खुशबू (सिगरा), खुशी चौहान (निवेदिता साई), आराध्या यादव (सिगरा), रोली यादव (सिगरा), लक्ष्मी यादव (गाजीपुर), लक्ष्मी गुप्ता (निवेदिता साई) — ये खिलाड़ी प्रथम स्थान पर रहीं।

बालक वर्ग (फ्रीस्टाइल)
बलराम यादव (गया सेठ), आशुतोष पाल (सिगरा), अखिलेश यादव (गया सेठ), आकाश यादव (अहरक), मुलायम यादव (सिगरा), प्रिंस यादव (गाजीपुर), मैत्रेय यादव (अजगरा), हिमांशु यादव (गया सेठ), अंश यादव (गाजीपुर) — सबसे अधिक 125 किलो भारवर्ग में अंकित यादव (चंदौली) प्रादेशिक में खेलेंगे।

ग्रीको रोमन वर्ग
अवधेश यादव (सिगरा), यशपाल (सिगरा), गौरव यादव (जौनपुर), रितेश पटेल (सिगरा), अंशुमन यादव (सिगरा), विष्णु गुप्ता (सिगरा), अनुकल्प यादव (गया सेठ), तथागत यादव (सिगरा), अंकुर यादव (गाजीपुर), 130 किलो में आशुतोष यादव (गाजीपुर) प्रादेशिक में खेलेंगे।

यूपी टीम में वाराणसी के दो खिलाड़ी चयनित

Varanasi Sports news of four district Players will participate in selection trial for hockey competition
अग्रिमा त्रिपाठी और अभिषेक मिश्रा - फोटो : अमर उजाला
सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चयन समिति ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए यूपी टीम शुक्रवार को घोषित कर दी। यूपी की पुरुष और महिला टीम में वाराणसी के एक-एक खिलाड़ी को जगह मिली है। महिला वर्ग में अग्रिमा त्रिपाठी सेटर पोजिशन से खेलेंगी, जबकि पुरुष वर्ग में अभिषेक मिश्रा सेंटर ब्लॉकर पोजिशन से खेलेंगे। यूपी की महिला और पुरुष वर्ग की टीम में 14-14 खिलाड़ी शामिल हैं।
 
जिलास्तरीय बालिका हैंडबॉल : इंपीरियल क्लब को हराकर स्टार क्लब फाइनल में
सितारों से सजी स्टार क्लब और इंपीरियल क्लब के बीच शुक्रवार को जिला स्तरीय आमंत्रण बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मैच खेला गया। कांटे के मुकाबले में स्टार क्लब ने इंपीरियल क्लब को 16-14 गोल से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। प्रतियोगिता का फाइनल शनिवार को विकास इंटर कॉलेज और स्टार क्लब के बीच खेला जाएगा।

परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दोनों टीमों ने धीमी शुरुआत की। दोनों ही टीमों में राष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल थीं, जिसकी वजह से अटैक और काउंटर अटैक देखने को मिला। हाफ़टाइम तक स्कोर 6-6 रहा। दूसरे हाफ में स्टार क्लब की टीम ने अपनी रणनीति में बदलाव किया और बाएं छोर से आक्रमण की शुरुआत की। राष्ट्रीय खिलाड़ी पूजा और प्रिया ने लगातार हमला किया, वहीं इंपीरियल क्लब की राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रीति और काजल ने भी स्टार क्लब की डिफेंस लाइन को परेशान किया। खेल समाप्त होने से आठ मिनट पहले स्कोर 14-14 था। अंतिम दो मिनट में स्टार क्लब की कंचन ने दो गोल कर स्कोर 16-14 कर टीम को जीत दिला दी।

आईटा की इनामी टेनिस में खेलेंगे काशी के रविनेश

ऑल इंडिया टेनिस (आईटा) एसोसिएशन की ओर से एक लाख रुपये की इनामी टेनिस प्रतियोगिता तमिलनाडु के कोयंबटूर में खेली जाएगी। सात दिवसीय अखिल भारतीय प्रतियोगिता 3 से 9 जनवरी तक आयोजित होगी। इसमें वाराणसी के सुसुवाही निवासी रविनेश राय यूपी का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कोच ब्रजभूषण यादव ने बताया कि रविनेश ने पिछले तीन वर्षों में आठ से अधिक रैंकिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और काशी का नाम रोशन किया। वे बीएचयू के ब्रोचा मैदान पर बने टेनिस कोर्ट पर हर रोज तीन घंटे अभ्यास करते हैं। रविनेश सात वर्ष की उम्र से खेल रहे हैं। अब तक 10 से अधिक रेनाउंड टाइटल जीत चुके हैं। इनके पिता भारतीय वायु सेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि मां बरेका में कार्यरत हैं।

उन्होंने बरेका से सब-जूनियर आयुवर्ग से खेलना शुरू किया। इसके बाद उन्होंने पंजाब, लखनऊ, दिल्ली और रायपुर में प्रशिक्षण लिया और टाइटल भी जीते। फिलहाल वे ब्रोचा मैदान पर टेनिस कोच ब्रजभूषण यादव की देखरेख में अभ्यास कर रहे हैं। कोच ने बताया कि इनका मजबूत पक्ष बैकहैंड को फोरहैंड में कन्वर्ट कर स्ट्रेट खेलना है। रविनेश फोरहैंड इनसाइड-इन के शानदार खिलाड़ी हैं।

मनोज बने संयुक्त खेल निदेशक दिव्यांग
रामनगर निवासी मनोज सिंह को संयुक्त खेल निदेशक स्पेशल ओलंपिक (दिव्यांग) नियुक्त किया गया है। भारत सरकार के खेल मंत्रालय से संबद्ध स्पेशल ओलंपिक भारत के प्रेसिडेंट मुकेश शुक्ला के निर्देश पर स्पेशल ओलंपिक भारत उत्तर प्रदेश के खेल एवम प्रशिक्षण प्रोग्राम मैनेजर द्वारा जारी पत्र के अनुसार मनोज सिंह को एक साल के लिए मनोनीत किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया है मनोज की स्पोर्ट्स के प्रति विशेषज्ञता और खेलों के प्रति समर्पण उत्तर प्रदेश के इंटेलेक्चुअल डिसबिल्टी वाले एथलीटों के खेल गतिविधियों और अन्य गतिविधियों के उन्नयन में मदद करेगा। मनोज वाराणसी बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत है।  

तीन विकेट से जीत जयनारायण की टीम फाइनल में

स्मृति राज्य आमंत्रण क्रिकेट प्रतियोगिता खोचवा के सूर्या पार्क मैदान में खेली गई। दूसरे सेमीफाइनल में जयनारायण क्रिकेट एकेडमी की टीम ने वीएनएम एकेडमी की टीम को तीन विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वीएनएम क्रिकेट एकेडमी ने निर्धारित 20 ओवर में 192 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए जयनारायण क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 198 रन बनाकर मुकाबला तीन विकेट से जीत लिया। इस मौके पर विधान सिंह, माकीर अली, मनोज प्रताप सिंह, शुभम सिंह और संतोष पांडेय मौजूद रहे।  

दौड़ में 350 युवाओं ने दिखाया जोश
सेवाज्ञ संस्थानम् की ओर से महामना महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को बीएचयू परिसर स्थित एंफीथियेटर मैदान पर दौड़ प्रतियोगिता हुई। एथलेटिक्स की तीन स्पर्धा में 350 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इसमें 100 मीटर, 200 और 800 मीटर दौड़ हुई। जूनियर वर्ग में 9वीं और 10वीं जबकि सीनियर वर्ग में 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इससे पूर्व विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. एके नेमा ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर खेल शुरू कराया। स्वागत कार्यक्रम संयोजक डॉ. हरेंद्र कुमार राय, संचालन डॉ. श्यामजी सिंह, धन्यवाद ज्ञापन शिवम पांडेय ने किया।  
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed