UP : आंबेडकर पर टिप्पणी को लेकर वाराणसी में गरमाई सियासत, सपा ने खोला मोर्चा; एक महीने तक होगा प्रदर्शन
Varanasi News : वाराणसी में 26 दिसंबर से 25 जनवरी तक सपा के लोग विरोध-प्रदर्शन करेंगे। आंबेडकर पर की गई टिप्पणी को लेकर वे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
विस्तार
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव और महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह की ओर से आंबेडकर पर की गई टिप्पणी के खिलाफ 25 जनवरी तक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। पीडीए के लोगों को जागरूक करने के लिए पाल लगाकर भाजपा के खिलाफ लामबंद करने का काम करेंगे।
कैंटोमेंट क्षेत्र के एक होटल में प्रेसवार्ता में अध्यक्षों ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सेक्टरवार पीडीए के अधिकारों पर चर्चा की जाएगी। गृहमंत्री की अशोभनीय बातों के बारे में जनता को बताया जाएगा। 26 दिसंबर से 25 जनवरी तक पूरे एक महीने तक चलने वाले कार्यक्रम का उद्देश्य के बारे में बाबा साहब के विचारों को जन जन तक पहुंचाना है। इसमें मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा।
साथ ही सामाजिक न्याय, आरक्षण, बेरोजगारी, महंगाई, जातीय जनगणना तथा स्थानीय मुद्दों को रखा जाएगा। प्रदेश सचिव महेंद्र सिंह यादव, प्रदेश सचिव आनंद सिंह, प्रदेश सचिव मनीष सिंह, प्रदेश सचिव डॉ. रामबालक सिंह पटेल, जिला महासचिव आनंद मौर्य, योगेंद्र यादव मौजूद रहे।
गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग के लिए सपा का पीडीए चर्चा शुरू
सपा की ओर से 30 दिवसीय पीडीए चर्चा कार्यक्रम की शुरुआत हुई। भेलूपुर वार्ड में महानगर अध्यक्ष दिलीप डे की अध्यक्षता में हुई चर्चा में आंबेडकर पर की गई टिप्पणी के खिलाफ गृहमंत्री अमित शाह पर राष्ट्रपति से कार्रवाई करने की मांग की गई।
उधर, रोहनिया विधानसभा के बढ़ैनी और सेवापुरी विधानसभा के मिल्कीपुर में बैठक में पूर्व विधायक महेंद्र पटेल ने कहा कि पीडीए आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष पखंडी बिंद ने की। संचालन शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष केशनाथ यादव ने किया। पिंडरा के खालिसपुर में सपा की बैठक में गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की गई।