Varanasi Police: वरुणा जोन के तीन थानों में आठ नए माफिया, DCP ने थाना प्रभारियों को दिए निर्देश; रखें नजर
वाराणसी के वरुणा जोन में अपराध के मामलों को लेकर डीसीपी ने मातहतों के साथ बैठक की। इसमें माफियाओं को चिह्नित किया गया। हत्या, लूट, गैंगस्टर, रंगदारी के आरोपियों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
विस्तार
Varanasi News: डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बुधवार रात जोन की समीक्षा बैठक की। पुलिस लाइन सभागार में अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए नए माफियाओं को चिह्नित करने और खिलाफ प्रभावी कार्रवाई पर जोर दिया गया।
डीसीपी प्रमोद कुमार ने कहा कि पुरस्कार घोषित और वांछितों की गिरफ्तारी हो। सक्रिय अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने व निरंतर निगरानी, पूर्व के हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के भौतिक सत्यापन कर उनकी वर्तमान गतिविधियों पर भी नजर रखें। सावन में कांवड़ यात्रा के तहत यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए निगरानी करें।
मादक पदार्थ और पशु तस्करी समेत हत्या, लूट और रंगदारी करने वाले आठ अपराधियों को डीसीपी वरुणा जोन ने माफिया घोषित किया है। चोलापुर और रोहनिया में दो-दो और चौबेपुर में चार नए माफिया हैं। अपराध से अर्जित इनकी संपत्ति भी पुलिस जब्त करेगी।
डीसीपी वरुणा जोन ने बताया कि रोहनिया थाने में मादक पदार्थों की तस्करी में चौक के नीलकंठ निवासी और हाल पता मंडुवाडीह थाने के पीछे रहने वाले महेंद्र मिश्रा उर्फ छोटू और देवेंद्र कुमार मिश्रा को चिह्नित किया गया है। रोहनिया थाना प्रभारी निरीक्षक को गतिविधियों पर नजर रखने और प्रभावी कार्रवाई को कहा है। दोनों पर छह-छह मुकदमे दर्ज हैं।
पशु तस्करी में राहुल और चंद्रजीत पर दर्ज हैं मुकदमे
चोलापुर थाने में चौबेपुर के ताला बेला निवासी राहुल यादव और चंद्रजीत यादव को पशु तस्करी माफिया की श्रेणी में रखा गया है। राहुल यादव के खिलाफ वाराणसी, जौनपुर, चंदौली के विभिन्न थानों में 8 मुकदमे और चंद्रजीत यादव पर लंका, चोलापुर थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं।
वाराणसी, चंदौली और जौनपुर में दे चुके हैं वारदात को अंजाम
चौबेपुर थाने की पुलिस ने चार को आपराधिक माफिया की श्रेणी में चिह्नित किया है। हत्या, लूट, गैंगस्टर, रंगदारी के आरोपी उगापुर निवासी संदीप उर्फ अभय यादव, मुलायम यादव, अनिल राजभर और अरविंद यादव है। गिरोह का नेतृत्व संदीप यादव करता है। इसका गिरोह वाराणसी कमिश्नरेट, जौनपुर, चंदौली और अन्य जिलों में वारदात को अंजाम दे चुका है। संदीप के खिलाफ चौबेपुर, चंदौली में सात मुकदमे, मुलायम और अरविंद यादव पर पांच-पांच मुकदमे, अनिल राजभर पर चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।