UP: जौनपुर में वाराणसी पुलिस और SOG की दबिश, बाप-बेटे को गोली मारने के मामले में धड़पकड़ जारी; जानें अपडेट
वाराणसी में रविवार को आभूषण व्यवसाई बाप-बेटों को दुकान में घूसकर गोली मार दी गई थी। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया। वहीं, परिजनों ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।
विस्तार
UP Crime: अहरक पश्चिमपुर बाजार में आभूषण व्यापारी और उनके पुत्र को गोली मार कर लूटपाट करने वाले बदमाशों की तलाश में बड़ागांव थाने की पुलिस की तीन टीमें और एसओजी ने जौनपुर में डेरा डाल रखा है। पुलिस की चारों टीमें बदमाशों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
इसके साथ ही लूट जैसी घटनाओं में जेल से जमानत पर छूटे बदमाशों से पूछताछ कर रही हैं। हालांकि वारदात के 24 घंटे बाद सोमवार की रात भी पुलिस के हाथ कोई उल्लेखनीय सफलता नहीं लगी।
बड़ागांव थाना क्षेत्र के परसादपुर गांव निवासी सियाराम सेठ की अहरक पश्चिमपुर बाजार में आभूषण की दुकान है। रविवार की अपराह्न लगभग तीन बजे सियाराम अपनी दुकान पर बेटे विकास सेठ के साथ थे। उसी दौरान अपाचे बाइक सवार तीन बदमाश उनकी दुकान पर पहुंचे। बदमाशों ने 22 हजार रुपये और चांदी के जेवर लूटने के बाद पिता-पुत्र के बाएं कंधे पर गोली मार दी। डॉक्टरों के अनुसार पिता-पुत्र खतरे से बाहर हैं।
वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश में पुलिस लगी तो पता लगा कि तीनों जौनपुर की ओर भागे हैं। इसी आधार पर पुलिस टीमें अलग-अलग रूट के सीसी कैमरों की फुटेज चेक करते हुए जौनपुर की ओर बढ़ीं। उधर, इस संबंध में डीसीपी गोमती जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस टीमें संदिग्ध गतिविधियों वालों से पूछताछ के साथ ही अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। पूरी उम्मीद है कि बदमाश जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
एसटीएफ की वाराणसी यूनिट भी लगाई गई
त्योहारी सीजन में आभूषण व्यापारी और उनके पुत्र को गोली मार कर लूटपाट की घटना को पुलिस के आला अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है। तीनों बदमाशों को चिह्नित कर उनकी धरपकड़ के लिए एसटीएफ की वाराणसी यूनिट को भी लगाया गया है। एसटीएफ अपने तौर-तरीके से बदमाशों की धरपकड़ के प्रयास में जुटी हुई है।