PM Modi Varanasi Visit: आज मॉरीशस के प्रधानमंत्री से मिलेंगे पीएम मोदी; विकास साझेदारी-क्षमता निर्माण पर चर्चा
मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम भारत की राजकीय यात्रा पर हैं और वे काशी में पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को वाराणसी में अपने मॉरीशस के समकक्ष नवीनचंद्र रामगुलाम की मेजबानी करेंगे। रामगुलाम भारत की राजकीय यात्रा पर हैं और पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इस ऐतिहासिक शहर में यह मुलाकात स्थायी सभ्यतागत जुड़ाव, आध्यात्मिक बंधन और लोगों के बीच गहरे संबंधों को रेखांकित करती है, जिसने भारत और मॉरीशस के बीच विशेष और अनूठे संबंधों को आकार दिया है।रामगुलाम 16 सितंबर तक भारत में रहेंगे।
बयान में कहा गया है कि अपनी द्विपक्षीय चर्चाओं के दौरान मोदी और रामगुलाम सहयोग के संपूर्ण आयाम की समीक्षा करेंगे, जिसमें विकास साझेदारी और क्षमता निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बयान में आगे कहा गया है कि वे स्वास्थ्य, शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, बुनियादी ढांचे के साथ-साथ नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और नीली अर्थव्यवस्था जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर भी चर्चा करेंगे।
यह यात्रा मार्च 2025 में मोदी की मॉरीशस की राजकीय यात्रा से उत्पन्न सकारात्मक गति को और आगे बढ़ाएगी, जिसके दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को 'उन्नत रणनीतिक साझेदारी' के स्तर तक पहुंचाया था। बयान में कहा गया है कि हिंद महासागर क्षेत्र में एक मूल्यवान साझेदार और घनिष्ठ समुद्री पड़ोसी के रूप में, मॉरीशस भारत के महासागर (क्षेत्र भर में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) विजन और 'पड़ोसी पहले' नीति के लिए महत्वपूर्ण है।
बयान में कहा गया है कि दोनों देशों के बीच गहराता सहयोग न केवल दोनों देशों के लोगों की समृद्धि के लिए, बल्कि वैश्विक दक्षिण की सामूहिक आकांक्षाओं के लिए भी महत्वपूर्ण है। बयान में कहा गया है कि वाराणसी शिखर सम्मेलन भारत और मॉरीशस की पारस्परिक समृद्धि, सतत विकास और सुरक्षित एवं समावेशी भविष्य की दिशा में साझा यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.