Varanasi News: टावर पर चढ़कर युवक ने मांगे पैसे, एक घंटा चला हाई वोल्टेज ड्रामा; जानें मामला
Varanasi News: मामले की जानकारी मिलते ही माैके पर चौबेपुर थाने की पुलिस भी पहुंच गई। स्थानीय लोगों की सहायता से मशक्कत के बाद युवक को नीचे उतारा गया। बताया किया गया वह नशे का आदी है। पैसे की डिमांड को लेकर वह टावर पर चढ़ा था।
विस्तार
Varanasi News: चिरईगांव क्षेत्र के तोफापुर गांव में शनिवार सुबह एक युवक के मोबाइल टावर पर चढ़ने से हड़कंप मच गया। गांव निवासी 28 वर्षीय ऋषि चौहान करीब 10 बजे अचानक गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और नीचे उतरने के बदले पैसों की मांग करने लगा। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और अफरातफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा। उसने साफ कहा कि जब तक उसे पांच हजार रुपये नहीं दिए जाएंगे, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा। इस दौरान स्थिति को संभालने के लिए पुलिस के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी सक्रिय रहे।
Varanasi News: ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राहुल यादव, पुलिस टीम और ग्रामीणों ने मिलकर लगातार युवक को समझाया। करीब एक घंटे की मशक्कत और समझाइश के बाद युवक आखिरकार टावर से नीचे उतरने को तैयार हो गया। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली और एक बड़ी अनहोनी टल गई।
ग्रामीणों के मुताबिक ऋषि चौहान नशे का आदी है और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही है। गांव के लोगों का कहना है कि वह पहले भी कई बार इस तरह की हरकत कर चुका है, जिससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है।
चौकी प्रभारी महेश तिवारी ने बताया कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होता है और यह उसकी पांचवीं ऐसी घटना है। फिलहाल पुलिस ने उसे समझाकर घर भेज दिया है। साथ ही परिजनों को उसकी देखभाल करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।