फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Three people died Ganga water level increased again

News: वाराणसी में तीन लोगों की मौत, गंगा के जलस्तर में फिर से बढ़ाव, जलस्तर 62.78 मीटर; पढ़ें खास खबरें

Mon, 07 Jul 2025 06:11 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Mon, 07 Jul 2025 06:11 AM IST
सार

Varanasi News Today: वाराणसी में विभिन्न हादसो में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, गंगा का जलस्तर एक बार फिर से बढ़ने लगा है। इसे लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Three people died Ganga water level increased again
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: बड़ागांव के फत्तेपुर में रविवार की रात ट्रैक्टर की टक्कर से मोपेड सवार मजदूर की मौत हो गई। वहीं, साथी घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। परिजनों ने बताया कि थाना क्षेत्र के बलुआ बलपुरा निवासी रामदेव गौतम (42) और शेरवानीपुर निवासी काशीनाथ (55) दोनों शहर में मजदूरी करके मोपेड से घर लौट रहे थे।

विज्ञापन


रात सवा आठ बजे फत्तेपुर में सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में पीछे से आकर टकरा गए। घायलों को स्थानीय लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बसनी पहुंचाया,जहां चिकित्सकों ने रामदेव गौतम को मृत घोषित कर दिया। काशीनाथ का उपचार चल रहा है।
विज्ञापन


बीमारी से परेशान युवक ने फंदा लगाकर जान दी
चोलापुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में रविवार को युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने बताया कि युवक बीमारी से परेशान था। चोलापुर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पहाड़पुर निवासी सुजीत राजभर (28) को जब परिजनों ने देखा तो वह कमरे में पंखे की कुंडी से साड़ी के फंदे से लटका हुआ था। थाना प्रभारी राकेश कुमार गौतम ने बताया कि पूछताछ में परिजनों ने बताया है सुजीत मानसिक रूप से बीमार था, उसका इलाज चल रहा था।

विज्ञापन
विज्ञापन

गंगा में डूबने से युवक की मौत
शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर माधोपुर में रविवार की सुबह दोस्तों के साथ गंगा में नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आदर्श नगर कालोनी निवासी उदय पटेल (19) अपने तीन दोस्तों के साथ शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर माधोपुर में दर्शन के लिए गया। दर्शन से पहले उदय समेत सभी दोस्त गंगा में नहाने लगे। इस बीच गहरे पानी में उदय डूबने लगा।

दोस्तों ने शोर मचाया। आसपास के लोग गंगा में छलांग लगाते तब तक उदय डूब गया। पुलिस ने स्थानीय मोहित सहित दो लोगों के साथ गंगा में खोजबीन की। कुछ देर बाद उदय के शव को बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंचे मां लक्ष्मी देवी और पिता दीपक रो-रोकर बेसुध हो गए। दो भाईयों में उदय छोटा था। इस साल 12वीं की परीक्षा पास की थी। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है।

आयुष्मान कार्ड बनवाने के नाम पर ठगी, पांच पर केस
बादशाहबाग स्थित हॉस्पिटल के रीजनल मैनेजर सहित पांच कर्मचारियों के खिलाफ आयुष्मान कार्ड बनवाने के नाम पर ठगी के मामले में कोर्ट के आदेश पर सिगरा थाने में केस दर्ज किया गया। अस्पताल के जनरल मैनेजर रत्नेश कुमार राय ने अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट में अर्जी दी थी। 

आरोप है कि रीजनल मैनेजर रत्नाकर सिंह, लक्ष्मीकांत यादव, मंगल प्रसाद, राहुल कुमार गुप्ता और शाहनवाज खान ने आयुष्मान कार्ड बनवाने के नाम पर मरीजों से पैसे लिए। भुगतान प्रक्रिया के दौरान मामला सामने आया। मरीजों की शिकायत पर हॉस्पिटल प्रबंधन ने इसकी जांच कराई, जिसमें आरोपियों की भूमिका की पुष्टि हुई। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि विवेचना कराई जा रही है।

Varanasi News Today Three people died Ganga water level increased again
गोदाैलिया में लगा बारिश का पानी। - फोटो : अमर उजाला

गंगा के जलस्तर में फिर से बढ़ाव, जलस्तर 62.78 मीटर
पांच दिनों के घटाव के बाद गंगा के जलस्तर में फिर से बढ़ाव शुरू हो गया है। गंगा के जलस्तर में बढ़ाव से तटवर्ती इलाकों में रहने वालों की धुकधुकी बढ़ गई है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार रविवार को गंगा का जलस्तर 62.78 मीटर दर्ज किया गया। 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में 20 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

केंद्रीय जल आयोग की बाढ़ बुलेटिन के अनुसार शनिवार को सुबह गंगा का जलस्तर 62.58 मीटर पर स्थिर था लेकिन देर शाम गंगा के जलस्तर में बढ़ाव शुरू हो गया। रविवार की सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 62.78 मीटर दर्ज किया। अस्सी से राजघाट के बीच छोटे-छोटे दो सौ से अधिक मंदिरों में गंगा प्रवेश कर चुकी हैं। वहीं पंडे, पुरोहितों के साथ ही नाविकों ने भी नीचे से अपना सामान समेटकर ऊपर पहुंचाना शुरू कर दिया है। सात से अधिक घाटों का संपर्क अब समाप्त हो चुका है।

अंडे की आड़ में बेचता था अवैध असलहा, गिरफ्तार
सिगरा पुलिस ने रविवार को अमूल डेयरी रेलवे कालोनी से एक आरोपी को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1 पिस्टल और 1 देशी रिवाल्वर बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी नदेसर का निवासी खुर्शीद आलम उर्फ गामा है। चेतगंज एसीपी डॉ. इशान सोनी ने बताया कि आरोपी नदेसर में अंडा व ब्रेड बिक्री की आड़ में अवैध असलहे की तस्करी करता था। बिहार के मुंगेर जिले से असलहा लाकर वाराणसी में बेचता था। उसके खिलाफ तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। 1994 में भी जेल जा चुका है।

पशु सचल दस्ते पर पथराव में दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सोनिया क्षेत्र में पशु सचल दस्ते पर पथराव के आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पशु चिकित्सा अधिकारी संतोष पाल ने पुलिस को बताया कि सावन माह के मद्देनजर छुट्टा पशुओं पर कार्रवाई के लिए नगर निगम का दस्ता चार जुलाई की रात 11.30 बजे सोनिया पोखरी के पास पहुंचा, जहां पवन और गोरख सहित एक अज्ञात ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए पथराव कर दिया। कर्मचारियों से गाली गलौज की। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।

लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस की एसी फेल
लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस का एसी रविवार को फेल हो गया। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्री ने रेल मदद एप इसकी शिकायत की। रेल यात्री प्रिंस मिश्रा ने रेल मदद एप पर शिकायत किया कि बी-2 कोच का एसी काम नहीं कर रहा है, जिसके कारण यात्री असहज महसूस कर रहे हैं।

कक्षा आठ के छात्र पर धारदार हथियार से हमला
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के भुल्लनपुर में रविवार को कोचिंग के बाहर कक्षा आठ के छात्र पर धारदार हथियार से हमला किया गया। पिता दुर्गेश कुमार गिरी ने पुलिस को बताया कि बेटा हर्ष गिरी को कोचिंग पढ़ कर निकल रहा था, तभी दिव्यांशु ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

चलती ई-बस में ट्रेलर ने मारी टक्कर, दो घायल
मिर्जामुराद। क्षेत्र के भीखीपुर गांव के समीप शनिवार की देर रात इलेक्ट्रिक बस में पीछे से ट्रेलर ने टक्कर मार दी। इसमें ट्रेलर चालक जगदीश प्रसाद (42) व खलासी श्रवण कुमार (35) घायल हो गए। वहीं बस में सवार यात्री बाल-बाल बच गए। ट्रक चालक चावल लाद कर कोलकाता से राजस्थान जा रहा था। मिर्जामुराद पुलिस ने क्षतिग्रस्त गाड़ियों को हाईवे के किनारे लगवा कर घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। 

शादी के लिए प्रेमी के घर पहुंची प्रेमिका
चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को शादी के लिए प्रेमिका अपने प्रेमी के घर पहुंच गई। किसी तरह लोगों ने प्रेमिका को समझा बुझाकर उसे भेजा। ग्रामीणों के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का चंदवक थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती से पिछले चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

अलग-अलग बिरादरी के होने के चलते परिजनों ने असमर्थता जताई। इससे नाराज प्रेमी ने खाना छोड़ दिया। तबीयत खराब होने की सूचना पर प्रेमिका अपने प्रेमी के घर पहुंची और शादी का दबाव बनाने लगी। शादी की जिद पर अड़ी प्रेमिका ने काफी हंगामा किया। किसी तरह उसे समझा बुझाकर घर भेजा गया।

विद्यालय को निकली छात्रा लापता
चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। छात्रा 3 जुलाई की सुबह स्कूल को निकली थी। थाना प्रभारी ने बताया कि 15 वर्षीय छात्रा की खोजबीन की जा रही है। 

बेटे की पिटाई में पांच के खिलाफ केस दर्ज
सदर बाजार में चाय पीने गए युवक की पिटाई की गई। इस मामले में पांच के खिलाफ रविवार को कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। अंबेडकर नगर काॅलोनी, सदर बाजार निवासी बाबा ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा अभिषेक कुमार घर के सामने चाय की दुकान पर चाय पी रहा था। उसी समय बरसातु, प्रदीप, कन्हैया, किशन व रिंकू ने पिटाई की। जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज करते हुए आसपास सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। 

सिगरेट नहीं देने पर मारपीट, मुकदमा दर्ज
गिलट बाजार पुलिस चौकी के पास शनिवार की रात ई-रिक्शा चालक की मनबढ़ ने सिगरेट नहीं देने पर पिटाई कर दी। लक्ष्मणपुर निवासी प्रवेश कुमार ने पुलिस को बताया कि रात एक बजे ई-रिक्शा से गिलट बाजार पुलिस चौकी के पास पहुंचा था। इस बीच गिलट बाजार निवासी शेरू सोनकर ने रोक लिया और मुझसे सिगरेट की मांग करने लगा। असमर्थता जाहिर करने पर मारा पीटा। थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि शेरू कुमार के खिलाफ मारपीट, धमकी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। 

महिला आरक्षी ने पति समेत ससुराल वालों के खिलाफ दर्ज कराया केस
ज्ञानवापी सुरक्षा ड्यूटी में तैनात महिला सिपाही ने पति व ससुराल के सदस्यों के खिलाफ कैंट थाने में दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया है। गोरखपुर की रहने वाली पीड़िता कल्पना सिंह ने कैंट पुलिस को बताया कि वह कमिश्नरेट वाराणसी में महिला आरक्षी के पद पर कार्यरत है। पति रवि सिंह और ससुराल के अन्य सदस्य दहेज के लिए प्रताड़ित करते हैं।

आरोप है कि पति का गांव की एक महिला से अवैध संबंध भी है। विरोध करने पर पति रवि मारपीट करता है। उसके वेतन, डेबिट कार्ड और मोबाइल के पासवर्ड तक जबरन लेता रहा है। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

जमीन के विवाद में मारपीट और चेन छीनने का आरोप, केस दर्ज
सीरगोवर्धनपुर में जमीन के विवाद में प्रदीप यादव की पड़ोसियों ने पिटाई कर दी। आरोप है कि बहन के गले से सोने की चेन भी छीन ली। रविवार को लंका पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। लंका थाना क्षेत्र के सीरगोवर्धनपुर के रहने वाले प्रदीप यादव ने पुलिस को बताया कि वह अपनी जमीन पर साफ-सफाई कर रहे थे।

इस दौरान पड़ोसी राममूरत भोलानाथ यादव ऊर्फ बुचाऊ, संतोष यादव ऊर्फ सुचाऊ, विनोद यादव ने गाली गलौज करते हुए लाठी डंडे से पिटाई की। बीच बचाव में आई मां और बहन की पिटाई के बाद गले से चेन छीन ली। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

मुफ्त में भोजन नहीं देने पर रेस्टोरेंट संचालक को दी धमकी
सुसुवाही स्थित रेस्टोरेंट में मुफ्त का खाना नहीं मिलने पर संचालक को धमकी के मामले में आरोपी के खिलाफ रविवार को चितईपुर थाने में केस दर्ज किया गया। जगतगंज के रहने वाले सुंदरम सोनकर ने पुलिस को बताया कि वह सुसुवाही जंगमपुर में रेस्टोरेंट का संचालन करते हैं। दो जुलाई को बबलू सिंह नामक युवक पहुंचा और मुफ्त में खाने की मांग की। कर्मचारियों ने असमर्थता जताई तो रेस्टोरेंट बंद कराने की धमकी दी। चितईपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

सीए की छात्रा लापता, केस दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के उपेंद्र नगर स्थित कोचिंग में सीए की तैयारी करने वाली छात्रा लापता हो गई है। रेणु सागर निवासी पिता ने छात्रा की गुमशुदगी दर्ज कराई है। थाना प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि छात्रा की खोजबीन की जा रही है। 

हाईवे पर अतिक्रमण करने के आरोप में आढ़ती के खिलाफ मुकदमा
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चित्रसेनपुर गांव स्थित किसान सब्जी मंडी के सामने नेशनल हाईवे पर अतिक्रमण करने के मामले में आढ़ती राजकुमार सोनकर के खिलाफ रविवार को मुकदमा दर्ज किया गया। पूरे गांव से गुजरने वाले ताजिया जुलूस के रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि आढ़ती ने हाईवे किनारे सर्विस मार्ग पर सब्जी की बोरियां रखकर अतिक्रमण किया था। चेतावनी के बाद भी नहीं आया इसलिए आढ़ती के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

गंगा से 200 मीटर दायरे के निर्माण कार्य पर वीडीए की नजर
गंगा नदी के तट से 200 मीटर के दायरे के भवनों की मरम्मत पर वीडीए की नजर है। इसके लिए आवेदन वीडीए के हेल्प डेस्क के अलावा जोनल कार्यालयों में सीधे जमा कराया जा सकेगा। इन आवेदनों को तत्काल अगले कार्य दिवस को अनिवार्यतः जोनल कार्यालय को प्राप्त कराया जाएगा। आवेदनों के प्राप्त होने से अंतिम निस्तारण तक पत्रावलियों पर समस्त कार्रवाई संबंधित जोनल कार्यालय की ओर से की जाएगी।

वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि दीवारों का पुनर्निर्माण, सम्पूर्ण भूखंड पर निर्मित भवन को गिराकर पुनर्निर्माण, छत, बालकनी, बरामदे में पैरापेट का निर्माण, भवन में सीमित तल क्षेत्रफल में बेहतर उपयोग अथवा वास्तु दोष के निराकरण के लिए आंतरिक परिवर्तन के लिए अनुमति लेनी होगी। दीवारों पर प्लास्टर करना, आंशिक मरम्मत, पुनः फर्श के निर्माण, रंगाई-पुताई, हैंडपंप लगाने, सोलर पैनल लगाने के अनुमति जरूरी नहीं है।

सावन में निगम के एक अधिकारी प्रमुख शिवालय के आसपास की देंखगे व्यवस्था
सावन माह की शुरुआत 11 जुलाई से हो रही है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने 10 जुलाई से 19 अगस्त तक के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। 40 दिन के लिए 76 अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी शिफ्ट और दिवसवार लगाई गई है। सावन के सोमवार को एक अधिकारी को एक शिवालय की व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। इन सभी अधिकारियों को मंदिर व आसपास के इलाकों में साफ सफाई, लाइट दुरुस्त कराने के लिए कहा गया है।

इसके अलावा सड़कों को गड्ढामुक्त कराने और जलभराव न होने पाए इसकी जिम्मेदारी दी गई है। सीवर की समस्या का समाधान कराएं और दूषित पेयजल की आपूर्ति न होने पाए। कांवड़ियां शिविरों के आसपास पास वाटर टैंकर की व्यवस्था कराने की जिम्मेदारी जलकल को दी गई है। इसके अलावा उद्यान अधीक्षक को शहर के प्रमुख पार्कों की निगरानी कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

बीएचयू में आज से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र
बीएचयू में शैक्षणिक सत्र 2025-26 का आगाज सोमवार से होगा। हर साल की तरह इस साल भी नए सत्र की शुरुआत बीएचयू विश्वनाथ मंदिर में दर्शन, पूजन के साथ होगी। उधर विश्वविद्यालय के संकायों, विभागों में भी पाठ्यक्रमवार दाखिला और कक्षाएं चलाए जाने की दिशा में कार्यवाही शुरू हो जाएगी। विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र के शुरूआत होने के बाद से प्रथम सेमेस्टर को छोड़कर बाकी सभी सेमेस्टर के विद्यार्थियों की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। 

उधर, अधिष्ठाता छात्र कल्याण कार्यालय की ओर से परिचय पत्र सहित छात्रों से जुड़ी अन्य सुविधाओं से जुड़े काम करवाए जाएंगे। विश्वविद्यालय में कुछ कोर्सों में सीट भी बढ़ी है। इसके आधार पर एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करवाई जाएगी। सोमवार से शैक्षणिक सत्र भले ही शुरू हो जाएगा लेकिन नवागत विद्यार्थियों के लिए कक्षाएं अगले महीने से ही शुरू हो पाएगी। 

आईआरईएफ ने अधिवेशन को फर्जी बताया
इंडियन रेलवे एम्पलाइज फेडरेशन (एआरईएफ) के शीर्ष नेतृत्व ने कटनी में रविवार को आयोजित अधिवेशन को फर्जी करार दिया है। आईआरईएफ के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष अखिलेश पांडेय और महासचिव सर्वजीत सिंह ने कहा कि संगठन के संविधान के विरुद्ध कोई भी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आरोप लगाया कि कुछ पूर्व पदाधिकारियों ने संविधान का उल्लंघन करते हुए फर्जी तरीके से पदों में बदलाव का प्रयास किया है। केंद्रीय कार्यकारिणी ने तीन जुलाई को संगठन से इन पदाधिकारियों को निष्कासित भी कर दिया है। इस फर्जी अधिवेशन के आयोजकों पर केंद्रीय कार्यकारिणी के निर्णय व संवैधानिक प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

काशी के टॉप सीडेड अभ्यांश बने प्रादेशिक बैडमिंटन के विजेता
काशी के टॉप सीडेड बैडमिंटन खिलाड़ी अभ्यांश सिंह प्रादेशिक प्रतियोगिता के नए चैंपियन बने हैं। उन्होंने गोरखपुर में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में आजमगढ़ के राजन यादव को सीधे सेट में हराकर एकल मुकाबले का ट्रॉफी अपने नाम किया।

जिला बैडमिंटन संघ के सचिव नागेंद्र सिंह ने बताया कि 4 से 6 जुलाई तक गोरखपुर में पहला यूपी स्टेट सीनियर बैडमिंटन टूर्नामेंट खेला गया। इसके एकल मुकाबले में यूपी के टॉप रैंकिंग खिलाड़ी वाराणसी के अभ्यांश सिंह ने सेमीफाइनल में सिद्धांत सालार को 21-16, 21-15 से और फाइनल में आजमगढ़ के राजन यादव को 21-18, 21-18 से हरा दिया। अंडर-23 में अभ्यास की राष्ट्रीय रैंकिंग 31, विश्व रैंकिंग 193 है। अभ्यांश के पिता अरुण सिंह बिजली विभाग में कार्यरत हैं।

एकलव्य जोशी और नंदनी ने जीते मुकाबले
बैडमिंटन सनसनी पीवी सिंधू के जन्मदिन की उपलक्ष्य में बनारस रेल इंजन कारखाना बरेका के इंडोर हॉल में प्रतियोगिता हुई। एकल मुकाबले में एकलव्य जोशी और बालिका वर्ग में नंदनी विजेता बनी। बैडमिंटन कोच दिग्विजय ने बताया कि एकदिवसीय प्रतियोगिता में 45 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

एकलव्य जोशी ने अश्वित कुमार को सीधे सेट में 15-13, 15-12 से मुकाबला जीत लिया। बालिका वर्ग में के एकल मुकाबले में नंदनी यादव ने अराध्या को 15-13, 15-10 से हराकर विजेता बनीं। बालिका वर्ग के युगल मुकाबले में शना कपूर और अराध्या की जोड़ी ने नंदनी और तनिष्ठा सेठ की जोड़ी को हरा दिया। 

व्यावसायिक कोर्स प्रवेश परीक्षा की आंसर की पर आज तक आपत्ति का मौका
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 29-30 जून को हुई प्रवेश परीक्षा की जारी उत्तर-कुंजी (आंसर की) पर आपत्ति का सोमवार को अंतिम मौका है। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उत्तर कुंजी को अपलोड कर दिया गया है। 

कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों को कोई आपत्ति हो वे अपनी आपत्तियां साक्ष्य सहित सात जुलाई की मध्यरात्रि 12 बजे तक ई-मेल के माध्यम से दे सकते हैं। यह भी जानना जरूरी होगा कि ई-मेल के अतिरिक्त किसी अन्य प्रकार से आवेदन स्वीकार नहीं किया जायेगा। साथ ही निर्धारित तिथि के बाद प्रेषित/अपलोड आपत्तियों पर किसी भी दशा में विचार नहीं किया जाएगा। 

Varanasi News Today Three people died Ganga water level increased again
नगर निगम वाराणसी। - फोटो : अमर उजाला

सीवर चैंबर व सफाई के लिए निगम ने रेलवे और पीडब्ल्यूडी को भेजा पत्र
नगर निगम की ओर से पीडब्ल्यूडी और रेलवे को पत्र भेजा गया है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा की ओर से पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर सड़क निर्माण के दौरान बंद चैंबरों को खोलने के लिए कहा गया है। इसके अलावा पूर्वाेत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक को पत्र भेजकर मंडुवाडीह स्टेशन के पास हनुमान मंदिर के सामने कूड़ा हटवाने को कहा गया है। पत्र के जरिए कूड़े से होने वाले संक्रामक रोगों की आशंका जताई गई है।

नटिनिया दाई मंदिर के पास धंसी सड़क
भोजूबीर सिंधोरा मुख्यमार्ग पर रविवार को नटिनियादाई मंदिर समीप सड़क धंस गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैरिकेडिंग करा दी है। पीडब्ल्यूडी से शिकायत की गई है। मरम्मत के लिए कहा गया है। बता दें कि हाल ही में इससे थोड़ी दूरी पर एयरपोर्ट जाने वाली एक सड़क धंस गई थी। यहां 15 फीट गहरा गड्ढा हो गया था। सड़क के धंसते ही यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ था।

सोशल इंजीनियरिंग के अग्रदूत थे बाबू जगजीवन राम
पूर्व उपप्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की 39वीं पुण्यतिथि रविवार को मनाई गई। संत रविदास मंदिर राजघाट में दी रविदास स्मारक समिति की ओर से श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्य वक्ता प्रो. विजय प्रताप सिंह ने कहा सामाजिक ताना-बाना को बनाए रखने में जगजीवन राम की महती भूमिका रही।

वह सोशल इंजीनियरिंग के अग्रदूत थे। विशिष्ट वक्ता पूर्व पार्षद शिव प्रकाश मौर्य ने कहा बाबूजी का पूरा जीवन संघर्ष का पुलिंदा था। अध्यक्षता करते हुए आचार्य महंत भारत भूषण ने कहा वह सामाजिक संत थे। संचालन डॉ. जयशंकर जय, धन्यवाद ज्ञापन प्रबंधक मदन लाल भगत और स्वागत वीरेंद्र बबलू ने किया। इस दौरान गोरखनाथ यादव, रामविलास दास, धर्मराज प्रसाद, धीरज, रमेश गुप्ता उपस्थित थे।

जनकल्याण की कामना से उतारी आदिकेशव की आरती
देवशयनी एकादशी पर रविवार को नमामि गंगे के सदस्यों ने काशी के प्राचीन विष्णु तीर्थ भगवान आदिकेशव की आरती उतारकर जन कल्याण की कामना की। श्री हरि को प्रिय तुलसी जी के पौधे का वितरण करके पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाई। काशी का द्वार कहे जाने वाले आदिकेशव घाट पर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान सारिका गुप्ता, महंत पं. ओंकार नाथ त्रिपाठी, पार्वती त्रिपाठी, गोविंदलाल पांडेय, नंदलाल, पंकज चौबे, राजनाथ मौजूद रहे।

नाइट मार्केट के लिए 3 सदस्यीय कमेटी गठित
नाइट मार्केट के वेंडर्स को वेंडिंग जोन में शिफ्ट करने के लिए तीन सदस्यीय कमेटी नगर निगम ने गठित की है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के अनुसार वरुणा के कमेटी में जोनल अधिकारी जितेंद्र आनंद, डूडा के परियोजना अधिकारी और स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता शामिल हैं। इन्हें निर्देशित किया गया है कि लहरतारा चौकाघाट फ्लाईओवर के नीचे नाइट बाजार के स्थलीय सत्यापन सूची से रेहड़ी, पटरी वालों को वेंडिंग जोन में स्थान दिया जाएगा।

ईएसआईसी में ईएनटी सर्जरी शुरू होगी
कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल में अब मल्टी स्पेशियलिटी की सुविधा मिलेगी। इस सप्ताह से अस्पताल में ईएनटी सर्जरी, कार्डियोलॉजी और नेफ्रोलॉजी समेत कई सुविधाएं शुरू होने वाली हैं। इसके लिए अस्पताल प्रशासन ने 23 डॉक्टर और 12 सीनियर रेजिडेंट की नियुक्ति की है। इससे पहले मेडिकल काउंसिल की टीम ने अस्पताल में सुविधाओं का वर्चुअली निरीक्षण किया था। अस्पताल के सहायक एमएस डॉ. प्रभास रॉय ने बताया कि अगले सप्ताह से सभी सुविधाएं शुरू हो जाएंगी। अस्पताल में इसी महीने से एमबीबीएस की कक्षाएं भी शुरू होने वाली हैं।

सिद्ध चक्र महाविधान से नष्ट हो जाता है सात जन्मों का पाप
भगवान पार्श्वनाथ की जन्मस्थली भेलूपुर में सिद्ध चक्र महाविधान का चौथा दिन संपन्न हुआ। आगरा से पधारे पंडित राकेश कुमार ब्रह्मचारी ने कहा कि सिद्ध चक्र महामंडल विधान में शामिल होना भी बहुत बड़े पुण्य का काम है। जो भी सिद्ध चक्र पाठ में शामिल होता है उसके सातों जन्म के पापों का नाश हो जाता है।

इस अवसर पर संगीतमय भजनों से प्रभु की आराधना की गई। 64 अर्घ्य प्रभु को समर्पित किया गया। पूजा का संचालन प्रो. पंडित कमलेश चंद जैन ने किया। समाज के अध्यक्ष ऋषभ चंद्र जैन, वरिष्ठ उपाध्याय राकेश जैन, समाज मंत्री विनोद जैन, भेलूपुर मंत्री राहुल जैन, आलोक जैन, अशोक कुमार जैन,पं. फूलचंद जैन, डॉ. पंखुड़ी जैन उपस्थित थे।

गुरु पूर्णिमा पर मनेगा बिरहा परंपरा के 170 वर्ष का उत्सव
गुरु पूर्णिमा पर बिरहा समाज की ओर से होने वाले आयोजन के लिए रविवार को छोटी गैबी में बिरहा अखाड़ा गुरु विष्णु यादव के आवास पर बैठक हुई। 10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा पर कलाकार बिरहा की परंपरा के 170 वर्ष का उत्सव मनाएंगे। इसमें पूर्वांचल सहित यूपी और बिहार के महिला, पुरुष और बाल कलाकार शामिल होंगे। बैठक में निर्णय लिया गया कि बिहारी गुरु द्वारा स्थापित बिहारी बिरहा गुरुकुल धर्मशाला पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।

इस धर्मशाला का बिरहा समाज की ओर से फिर से निर्माण कराया जाएगा। बिरहा गुरुकुल धर्मशाला में नए कलाकारों को बिरहा की कार्यशाला चलाकर प्रशिक्षित किया जाएगा। बैठक में जवाहरलाल यादव, मन्ना लाल यादव, भोला सोनकर, सहत्तू यादव, मुन्ना यादव, महेंद्र यादव, काशीनाथ यादव एवं संजय पाठक मौजूद थे। धन्यवाद ज्ञापन रामधनी यादव ने किया।

इनरव्हील क्लब सृष्टि ने अन्नदान के साथ नए सत्र का किया आगाज
इनरव्हील क्लब सृष्टि ने रविवार को अपने नए सत्र 2025-26 की शुरुआत सेवा कार्य के साथ की। क्लब की सदस्यों ने काशी के मुमुक्षु भवन में अन्नदान किया। क्लब की नवनियुक्त अध्यक्ष सोनिया शाह के नेतृत्व में सदस्यों ने गरीब, वृद्ध और असहाय लोगों के बीच भोजन और दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं दीं।

सोनिया शाह ने कहा कि सेवा भाव से की गई शुरुआत हमेशा फलदायी होती है। हमारे शास्त्रों में अन्नदान को सर्वश्रेष्ठ दान कहा गया है और इसी पुण्य कार्य के साथ हम अपने नए सत्र का शुभारंभ कर रहे हैं ताकि पूरे वर्ष हम इसी सेवा भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित हों। इस दौरान यामिनी अग्रवाल, स्नेहा गुप्ता, राशि खरे, सुनीता सिंह आदि उपस्थित रहीं।

गिरजाघर व्यापार मंडल के अध्यक्ष बने रविंदर
गिरजाघर व्यापार मंडल का शपथ ग्रहण और नारी शक्ति सम्मान समारोह आयोजन रविवार को किया गया। रविंदर सेठ को गिरजाघर व्यापार मंडल का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी के नेतृत्व में गिरजाघर व्यापार मंडल का शपथ ग्रहण एवं नारी शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि हंसराज विश्वकर्मा, विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य (भाजपा) मीना चौबे, और प्रदेश मंत्री (भाजपा) डॉ. शालिनी टंडन ने गिरजाघर व्यापार मंडल के सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में नारी शक्ति सम्मान का भी आयोजन किया गया, जिसमें जिले की 15 प्रतिष्ठित महिलाओं को प्रदेश मंत्री, वाराणसी महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष और महामंत्री ममता राय की ओर से सम्मानित किया गया।

रामलीला के लिए स्वरूपों का अंतिम चयन पूरा
आगामी छह सितम्बर से शुरू हो रही रामनगर की रामलीला के लिए रविवार को रामनगर किले में मुख्य स्वरुपों की भूमिका के लिए बालकों का अंतिम रूप से चयन किया गया। रामनगर किले में रविवार की शाम साढ़े पांच बजे कुंवर अनंत नारायण सिंह की उपस्थिति में मुख्य स्वरूपों के चयन के लिए स्वर परीक्षा का आयोजन किया गया।

किले के जवाहिरखाने के ऊपर खुले छत पर आयोजित इस स्वर परीक्षा में वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर आदि जिलों के 36 से ज्यादा बच्चों ने भाग लिया। इन बच्चों से श्लोक, मानस की चौपाइयां सुनकर इनकी आवाज और कंठ की मिठास और बाल सुलभ कमनीयता परखी गई। इसके बाद कुंवर अनंत नारायण की सहमति के बाद पांच बालकों के चयन पर अंतिम मुहर लगी। 

स्वर परीक्षा के दौरान रामलीला जयप्रकाश पाठक,व्यास कृष्ण दत्त, संपत राम भी मौजूद थे। चयनित बालकों का नाम फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया गया है। चयनित सभी बालक 15 वर्ष से कम आयु के हैं। आगामी 14 जुलाई को प्रथम गणेश पूजन रामलीला पक्की पर आयोजित की जाएगी। इसके बाद मुख्य स्वरूपों का विधिवत प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा।

गांव में बीएचयू के डॉक्टर ने दी उदर संबंधी रोगों से बचाव की जानकारी
नगर पंचायत गंगापुर में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में लोगों उदर संबंधी रोगों को लेकर जागरूक किया गया। इस दौरान आईएमएस बीएचयू के गैस्ट्रोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डा. देवेश यादव ने कहा कि उदर से संबंधित रोगों पर पूर्व में ही ध्यान दिया जाए तो समय रहते उसका निदान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि खानपान को ठीक रखकर भी उदर को स्वस्थ रखा जा सकता है। उन्होंने पीलिया लीवर व आँत से संबंधित रोगों के बारे में भी लोगों को जानकारी दी। इस दौरान

नगर पंचायत गंगापुर में जांच कैंप में 100 से अधिक लोगों को देखा, जिसमें कुछ लोगों को परीक्षण के लिए बीएचयू भी बुलाया गया है। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष स्वर्णालता सेठ, सभासद राजेश केसरी, रमेश शर्मा, रोशन और सुरेश मौर्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

बेहतर सेवा के लिए डॉक्टरों को मिला धनवंतरि चिकित्सा सम्मान
भारत विकास परिषद सत्यम की ओर से रविवार को बेहतर सेवा देने वाले डॉक्टरों को धनवंतरि चिकित्सा सम्मान से नवाजा गया। मुख्य अतिथि पद्मश्री प्रो. कमलाकर त्रिपाठी ने डॉक्टरों को निस्वार्थ सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया। भेलूपुर स्थित डायमंड होटल में आयोजित समारोह में परिषद के अध्यक्ष सचिन अग्रवाल ने कहा कि डॉक्टर मानवता की सेवा में साक्षात देवदूत की तरह कार्य करते हैं। 

इस दौरान डॉ. ओपी तिवारी, डॉ. अरुण तिवारी, डॉ. शिवशक्ति द्विवेदी, डॉ. अजीत सैगल, डॉ. कुमार अभिषेक सहित कई चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। सीए के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मृदुला मालू को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संतोष कुमार अग्रवाल, दीपक माली, उत्कर्ष शुक्ला, प्रदीप जयसवाल, शालिनी बरनवाल आदि लोग मौजूद रहे।

काशी विद्यापीठ में 17 से होगी एमलिब, बीलिब की परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग के तहत संचालित एमलिब आईएससी और बीलिब आईएससी द्वितीय सेमेस्टर 2024-25 की परीक्षा 17 जुलाई से शुरू होगी। 21 जुलाई तक सुबह 10 से 2 बजे तक मानविकी संकाय के थियेटर कक्ष में परीक्षा करवाई जाएगी। इसकी समय सारिणी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed