फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Protest at BHU Director Office is Gheraoed Two People Lose Lives in accident

Varanasi News Today: बीएचयू में निदेशक ऑफिस घेरकर प्रदर्शन, दो लोगों ने दी जान; पढ़ें वाराणसी की खबरें

Fri, 22 May 2026 11:23 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Fri, 22 May 2026 11:23 AM IST
सार

Varanasi News: बीएचयू के तिलक हॉस्टल में दुर्व्यवहार का आरोप लगाकर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने कृषि विज्ञान संस्थान निदेशक का ऑफिस घेरकर प्रदर्शन किया। वहीं, विभिन्न हादसों में दो लोगों ने अपनी जान गंवा दी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Protest at BHU Director Office is Gheraoed Two People Lose Lives in accident
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: बीएचयू के बाल गंगाधर तिलक छात्रावास में छात्र के साथ कथित दुर्व्यवहार के आरोप में एबीवीपी ने कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। निदेशक को ज्ञापन सौंपते हुए छात्रों ने कहा कि छात्रावास में छात्र के साथ दुर्व्यवहार समेत कई समस्याएं हैं। मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई।

विज्ञापन


आरोप लगाया गया कि वार्डेन रात में मुंह ढककर छात्र के कमरे में पहुंचे और उसका कॉलर पकड़कर दुर्व्यवहार किया। यह भी आरोप लगाया गया कि कमरे में छात्र का बनाया गया भोजन डस्टबिन में फेंक दिया गया। उसके बर्तन जब्त कर कमरे में ताला लगा दिया गया। इस घटना के कारण छात्र को पूरी रात छात्रावास परिसर के ग्राउंड में सोने को मजबूर होना पड़ा।
विज्ञापन


इकाई अध्यक्ष पल्लव सुमन ने कहा कि छात्रावास छात्रों के सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन के लिए होते हैं, न कि मानसिक प्रताड़ना और भय का केंद्र बनाने के लिए। इकाई सहमंत्री ने बताया कि छात्रावास में लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की समस्या बनी हुई है। यदि समाधान नहीं किया गया तो परिषद व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

 

विवाहिता ने पारिवारिक कलह से परेशान होकर खाया जहर, माैत
शिवपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में पारिवारिक कलह से परेशान रीता देवी (37) ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, हरिहरपुर निवासी रीता देवी का बुधवार शाम घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद से आहत होकर उन्होंने घर में रखा विषाक्त पदार्थ खा लिया। 

कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रीता देवी का मायका गाजीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र स्थित अकौनी बाजार में है। उनका विवाह वर्ष 2012 में हरिहरपुर निवासी राम विकास उर्फ टाइगर के साथ हुआ था। मृतका के दो बच्चे हैं। बड़ा बेटा आदिश (12) और बेटी आकृति (10) मां की मौत के बाद बदहवास हैं। मायका पक्ष का आरोप है कि रीता ने अपनी मां मंजू देवी को फोन कर घर की स्थिति के बारे में जानकारी दी थी। 

मृतका के पिता मुन्नीलाल भारद्वाज ने आरोप लगाया कि रीता के जेठ संतोष अक्सर शराब के नशे में गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करते थे। लगातार हो रहे विवाद और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उनकी बेटी ने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

युवक ने फंदे से लटककर दी जान
लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में बृहस्पतिवार दोपहर पारिवारिक कलह से परेशान 25 वर्षीय अब्दुल तालिब ने घर के अंदर फंदे से लटककर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, ग्राम कोटवा मुहल्ला खरका निवासी अब्दुल तालिब, पुत्र अब्दुल कादिर की शादी तीन वर्ष पहले छितौनी निवासी आफरीन से हुई थी। शादी के बाद वह ससुराल में ही रह रहा था। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि युवक कोई काम नहीं करता था और पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। 

पुरानी रंजिश में मारपीट और पथराव
चोलापुर थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में पुरानी रंजिश को लेकर बुधवार देर शाम दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ। विवाद में दोनों पक्षों के दो दर्जन से अधिक लोग घायल बताए गए हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों पर प्राथमिकी दर्ज की है। पहले पक्ष के दिलीप सिंह ने आरोप लगाया कि उनके पट्टीदार लाठी, भाला, तलवार, टंगारी और असलहों के साथ उनके घर पर चढ़ आए। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि शांति भंग की आशंका को देखते हुए पाबंद करने की कार्रवाई की गई है। 

छात्र को पीटा, मां ने दर्ज कराई प्राथमिकी
लंका थाना क्षेत्र में कोचिंग से घर लौट रहे छात्र सक्षम जायसवाल के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने पीड़ित की मां की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की है। बालाजी नगर कॉलोनी निवासी सीमा जायसवाल का आरोप है कि 15 मई की शाम अज्ञात बुलेट सवार दो युवकों ने उनके बेटे सक्षम को रास्ते में रोककर बेरहमी से पीटा। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास के सीसी कैमरों की जांच कर आरोपियों की पहचान की जा रही है। 

किशोरी को साथ ले जाने वाला गिरफ्तार
रोहनिया थाना क्षेत्र से 17 मई को किशोरी को बहलाकर अपने साथ ले जाने वाले आरोपी गोविंद कुमार को पुलिस ने कछवा रोड के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने किशोरी को भी खोज लिया। इस मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पहले ही प्राथमिकी दर्ज की गई थी। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि जांच के दौरान जानकारी मिली थी कि आरोपी किशोरी के साथ कछवा रोड के पास मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। 

मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज
वाराणसी लंका थाना क्षेत्र के नुआंव तड़िया निवासी मुकेश कुमार पटेल की शिकायत पर पुलिस ने दीपक कुमार, उसके पिता महादेव प्रसाद, भाई विशाल कुमार और बहन पूजा पटेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि 15 मई को आरोपियों ने व्हाट्सएप कॉल कर मुकेश को घर बुलाया। अगले दिन मुकेश अपनी मां सुभावती देवी के साथ वहां पहुंचे तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने मां-बेटे की पिटाई कर दी। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

पुरानी रंजिश में दो पक्षों में मारपीट, कई घायल
चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में कई लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कैथी गांव निवासी प्रभु कुमार निषाद के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे उनका भाई रवि निषाद गंगा नदी किनारे जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही ललरू उर्फ सरजू, कल्लू, सुगन और अंकित ने उसके साथ मारपीट की। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। यदि दूसरा पक्ष तहरीर देता है तो उसके आधार पर भी कार्रवाई की जाएगी। 

गृहप्रवेश में मारपीट, प्राथमिकी दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के रमना निवासी सूरज विश्वकर्मा की तहरीर पर पुलिस ने गृहप्रवेश समारोह में घुसकर मारपीट करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने आशीष पटेल, आशुतोष पटेल, राज आर्यन समेत 5-6 अज्ञात लोगों को नामजद किया है। आरोप है कि बुधवार रात गृहप्रवेश कार्यक्रम के दौरान आरोपी लाठी लेकर घर में घुस आए और महिलाओं, बच्चों व पुरुषों की पिटाई कर दी। मारपीट में अंश विश्वकर्मा, सुनील विश्वकर्मा, राम मनोहर विश्वकर्मा और चिंता देवी घायल हो गए। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

आम तोड़ने के विवाद में किशोर को पीटा
भेलूपुर थाना क्षेत्र के अस्सी स्थित जगन्नाथ मंदिर के पास आम तोड़ने को लेकर विवाद में किशोर की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि 12 वर्षीय किशोर ने पड़ोसी सूरज मिश्रा के पेड़ से आम तोड़ लिया था। इससे नाराज होकर सूरज मिश्रा ने उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद पीड़ित की मां अनीता सरकार ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी सूरज मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

1.410 किलोग्राम गांजा बरामद, एक गिरफ्तार
फुलवरिया क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने 1.410 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने आरोपी रमेश चौहान (46), निवासी मलहथपुर, पंचक्रोशी रोड, थाना सारनाथ को मौके से गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के आधार पर कैंट थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रभारी निरीक्षक राजकिशोर पांडेय ने बताया कि पूछताछ के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। 

डेबिट कार्ड बदलकर 94 हजार की ठगी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के अहमद नगर बजरडीहा निवासी साड़ी कारोबारी मोहम्मद सलमान ठगी का शिकार हो गए। डेबिट कार्ड बदलकर जालसाज ने उनके खाते से 94 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित का आरोप है कि वह सुंदरपुर स्थित एटीएम मशीन से रुपये निकालने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक ने धोखाधड़ी कर उनका डेबिट कार्ड बदल दिया। एटीएम से बाहर निकलने के महज पांच मिनट के भीतर उनके खाते से 94,608.56 रुपये निकाल लिए गए। वहीं, महमूरगंज मोतीझील निवासी प्रतिभा चतुर्वेदी से 99 हजार रुपये की साइबर ठगी हो गई। 

एटीएम में 37 हजार रुपये की ठगी 
शिवपुर थाना क्षेत्र के इंद्रपुर निवासी मुकेश चौधरी ठगी का शिकार हो गए। जालसाज ने डेबिट कार्ड बदलकर उनके खाते से 37 हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए जालसाज की तलाश में जुटी है। पुलिस को दी गई तहरीर में इंद्रपुर निवासी मुकेश चौधरी ने बताया कि वह बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे पुरानी चुंगी स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम पर पैसे निकालने पहुंचे थे। युवक ने मदद के बहाने मुकेश को बातचीत में उलझा लिया और चालाकी से उनका कार्ड बदल दिया। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। 

ट्रेनों में धूम्रपान न करने की अपील
पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों से ट्रेन यात्रा के दौरान धूम्रपान न करने की अपील जारी की है। इसमें बताया गया है कि ट्रेनों में सिगरेट या बीड़ी पीने से निकलने वाली चिंगारी बड़ी आग का रूप ले सकती है। इससे यात्रियों की जान-माल को भारी नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता है। इस पर रोक लगाने के लिए आरपीएफ और ड्यूटी पर तैनात रेल कर्मियों को रेल परिसर और ट्रेनों में गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि रेलवे परिसर और ट्रेनों में धूम्रपान पूरी तरह प्रतिबंधित है। 

कैंट रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया अवैध वेंडर
कैंट रेलवे स्टेशन पर उत्तर रेलवे की ओर से चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत बृहस्पतिवार को एक वेंडर को प्लेटफॉर्म नंबर 9 पर अनधिकृत रूप से पानी और मैंगो जूस बेचते पकड़ा गया। अपर मंडल रेल प्रबंधक बीके यादव, स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता के निर्देशन में निरीक्षण के दौरान द्वारा प्लेटफॉर्म नंबर 9 पर खड़ी ट्रेन नंबर 15743 फरक्का एक्सप्रेस में वेंडर को पकड़ा गया। उसके पस से 28 पेटी पानी, 10 पेटी मैंगो जूस बरामद किया गया। पकड़े गए युवक को आरपीएफ को सौंप दिया गया।

पीएम के खिलाफ टिप्पणी पर प्रदर्शन
भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने जले हुए मोबिल से उनका पुतला भी फूंका। वहीं अधिवक्ता नित्यानंद चौबे के नेतृत्व में अधिवक्ताओं और समर्थकों ने अपर पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक सार्वजनिक मंच से प्रधानमंत्री के लिए अमर्यादित और अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। 

शादी करने किशोरी पहुंची प्रेमी के घर
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार को 16 वर्षीय किशोरी अपने प्रेमी के घर पहुंच गई और उसी से शादी करने की जिद पर अड़ गई। जानकारी होने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर किशोरी की मां ने पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच सहमति बनी है कि किशोरी के बालिग होने पर दोनों की शादी करा दी जाएगी। 

शराब लेकर बिहार जा रही महिला गिरफ्तार
कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ ने बृहस्पतिवार को एक महिला को शराब के साथ गिरफ्तार किया। जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर ने बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर एक महिला व्यासनगर की ओर से आती दिखाई दी। महिला को रोककर पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम बिहार के नवादा जिले की प्रीति कुमारी बताया। वह बिहार शराब लेकर जा रही थी। उसके पास मिले झोले से शराब की 33 बोतलें बरामद हुईं। 

इंटीग्रेटेड कोर्ट परिसर बनाने के लिए हुई बैठक
दी सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के सभागार में बृहस्पतिवार को पूर्व अध्यक्षों और पूर्व महामंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कचहरी परिसर के विस्तार और इंटीग्रेटेड कोर्ट परिसर निर्माण को लेकर चर्चा हुई। सीबीए अध्यक्ष प्रेम प्रकाश गौतम ने बताया कि अधिकांश पूर्व पदाधिकारियों ने सेन्ट्रल जेल की जमीन पर एकीकृत न्यायालय परिसर बनाए जाने के प्रस्ताव पर सहमति जताई। 

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि दीवानी कचहरी के साथ-साथ कलेक्ट्रेट कचहरी के न्यायालयों को भी एकीकृत न्यायालय परिसर की परिधि में शामिल किया जाना चाहिए। बैठक में पूर्व अध्यक्ष अमरनाथ शर्मा, रामजन्म सिंह, मोहन यादव, घनश्याम पाठक, मंगलेश दूबे, अशोक सिंह प्रिंस, अवधेश सिंह मौजूद रहे।

पांडेयपुर में दो घंटे नहीं रहेगी बिजली
लोक निर्माण विभाग की ओर से पांडेयपुर काली माता मंदिर मार्ग के चौड़ीकरण का काम कराया जा रहा है। इसके लिए 22 मई को भक्तिनगर और आशापुर फीडर से सुबह 9 बजे से 11 बजे तक शटडाउन लिया जाएगा। इस दौरान काम में बाधक बन रहे पोल, ट्रांसफॉर्मर और तारों को शिफ्ट किया जाएगा। दो घंटे तक पहाड़िया, श्रीनगर, आशापुर और अमानपुर कॉलोनी के आसपास बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। 

बकरीद पर 28 को बंद रहेगा बीएचयू 
बीएचयू अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर की ओपीडी बकरीद पर 28 मई को बंद रहेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। इसमें बताया गया है कि विश्वविद्यालय की ओर से जारी अवकाश सूची में पहले 27 मई को अवकाश तिथि अंकित की गई थी, लेकिन अब 28 मई को अवकाश रहेगा। अगर इस तिथि को कोई परीक्षा होगी तो वह पूर्व निर्धारित समय के अनुसार होगी। साथ ही, आवश्यक सेवाओं से संबंधित विभाग खुले रहेंगे। 

ओटीएस योजना का लाभ उठाएं संपत्ति और नक्शों के बकायेदार
विकास प्राधिकरण की ओर से चलाई जा रही एक मुश्त समाधान योजना (ओटीएस-2026) की प्रगति की समीक्षा बृहस्पतिवार को सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने की। उन्होंने संपत्ति और नक्शों से संबंधित बकाया धनराशि की वसूली की प्रगति जानी। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि बकायेदारों से सीधे संपर्क स्थापित कर बकाया वसूली के लिए ठोस रणनीति अपनाएं। इसके लिए डोर-टू-डोर अभियान चलाने के लिए विशेष टीमों का गठन किया जाए। सभी जोनल अधिकारी और जेई संयुक्त टीम बनाकर नियमित रूप से फील्ड में निकलें। 

कॅरिअर काउंसिलिंग से जुड़ीं बारीकियां बताईं
वाराणसी। काशी विद्यापीठ के विवि सेवायोजन सूचना एवं मंत्रणा केंद्र की ओर से डॉ. घनश्याम सिंह कॉलेज ऑफ एजुकेशन गोसाईपुर मोहांव, में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कॅरिअर काउंसिलिंग के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य वक्ता डॉ. प्रार्थना मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न रोजगार अवसरों, व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और समय का सदुपयोग करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम प्रभारी मदनलाल ने विचार रखे। 

यूपी काॅलेज में सेमेस्टर परीक्षा का रिजल्ट जारी
वाराणसी। यूपी कॉलेज में सेमेस्टर परीक्षाओं के परिणाम घोषित होने का सिलसिला शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को बीकॉम दूसरे सेमेस्टर, एमए इकोनॉमिक्स दूसरे सेमेस्टर और एमए/एमएससी साइकोलॉजी दूसरे सेमेस्टर का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। साथ ही बुधवार को बीएससी ऑनर्स कृषि के आठवें सेमेस्टर का रिजल्ट आया है। प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सभी सेमेस्टर परीक्षाओं के परिणाम तय समय के अंदर जारी करने का लक्ष्य रखा गया है। कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट पर रिजल्ट देख सकेंगे। 

बीएचयू में लैंडस्केप, छापाकला की कार्यशाला
बीएचयू के महिला महाविद्यालय और राज्य ललित कला अकादमी की ओर से शुक्रवार से 20 दिनों की ग्रीष्मकालीन कला कार्यशाला कराई जाएगी। इस कार्यशाला में लैंडस्केप, कंपोजिशन, पोट्रेट, छापाकला, फोटोग्राफी, इलस्ट्रेशन, पोस्टर, रंगोली, टेराकोटा आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा। रोज सुबह 9 बजे से लेकर 11 बजे तक 22 मई से 10 जून 2026 तक चलेगी। मुख्य अतिथि प्रो. रीता सिंह सहित कार्यशाला समन्वयक प्रो. सरोज रानी और संयोजक डॉ. सुनील कुमार सिंह आदि मौजूद रहेंगे। 

बीएचयू के डॉ. आदित्य आईएनएसए के यंग एसोसिएट 
आईआईटी बीएचयू के वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार पाधी साल 2026 के लिए भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी आईएनएसए यंग एसोसिएट के लिए चयनित हुए हैं। यह सम्मान पाने वाले वह आईआईटी बीएचयू के एकमात्र वैज्ञानिक हैं। प्रोटीन इंजीनियरिंग पर उनका काम है। स्कूल ऑफ बायोकेमिकल इंजीनियरिंग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. पाधी का चयन बायोमॉलिक्यूलर, स्ट्रक्चरल बायोलॉजी एंड ड्रग डिस्कवरी (बायोकैमिस्ट्री, बायोफिजिक्स, मॉलिक्यूलर बायोलॉजी, फार्माकोलॉजी, स्ट्रक्चरल बायोलॉजी, बायोइन्फॉर्मेटिक्स, कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी, सिस्टम बायोलॉजी) श्रेणी में हुआ है।

इस साल वर्ष इस श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने वाले डॉ. पाधी एकमात्र शोधकर्ता हैं। डॉ. पाधी का शोध कार्य इन्हीं सेक्टर में है। उनके शोध में प्रोटीन डिजाइन, मॉलिक्यूलर डायनेमिक्स सिमुलेशन, मशीन लर्निंग जैसी हाईटेक तकनीक का उपयोग कर रोगों की कार्यप्रणाली, रोगजनकों के विकास, एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध और बायो-मॉलिक्यूलर इंटरैक्शन का अध्ययन किया जाता है। 

कोर्स संशोधन और अपडेट के लिए बीएचयू ने छात्रों से मांगा ऑनलाइन फीडबैक
बीएचयू ने अपने सभी यूजी और पीजी विद्यार्थियों से वर्तमान सेमेस्टर के लिए ऑनलाइन फीडबैक मांगा है। विद्यार्थियों से मिले सुझावों को बीएचयू कोर्स में संशोधन और अपडेट करने का काम करेगा। विश्वविद्यालय का दावा है कि इससे समग्र शैक्षणिक अनुभव को और समृद्ध किया जा सकेगा। 

विश्वविद्यालय के शिक्षण विभाग, कुलसचिव कार्यालय की ओर से सभी विद्यार्थियों के बीएचयू डोमेन के आधिकारिक ईमेल पर भेजकर अपील की गई है कि वे 14 जून तक या उससे पहले नमस्ते बीएचयू प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपना विषयवार फीडबैक दें। विद्यार्थी वर्तमान सेमेस्टर में पढ़ाए गए विषयों के लिए सुविधापूर्वक ऑनलाइन फीडबैक दे सकते हैं। 

पठन-पाठन गतिविधियों की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए विश्वविद्यालय ने इस ऑनलाइन टीचिंग फीडबैक सिस्टम को प्रभावी रूप से संचालित किया है, इससे फीडबैक प्रक्रिया सरल, त्वरित और पारदर्शी बन सके। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि यह फीडबैक सिस्टम न केवल उत्कृष्ट शिक्षकों की पहचान और सराहना में सहायक होगी बल्कि शिक्षण पद्धतियों को और बेहतर बनाने के लिए रचनात्मक सुझाव भी मिलेगा। 

कोनिया पीएचसी पर अब डिलीवरी की भी सुविधा
शहर के कज्जाकपुरा कोनिया स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नवनिर्मित वातानुकूलित प्रसव कक्ष का शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बृहस्पतिवार को लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य केंद्र अब जच्चा-बच्चा केंद्र के रूप में भी कार्य करेगा। पीएचसी पर उद्घाटन समाराह में डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान हुई जनहानि और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को देखते हुए ही कोनिया क्षेत्र में स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने का संकल्प लिया गया था। 

चार महीने के भीतर स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य पूरा कराकर इसे जनता के लिए समर्पित किया गया। इसके बाद महिलाओं की जरूरत को देखते हुए कोनिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को जच्चा-बच्चा केंद्र के रूप में विकसित किया गया। इस दौरान जितेंद्रनाथ पांडेय, मंडल अध्यक्ष बबलू सेठ, नलिन नयन मिश्र, विजय सोनकर, रोहित जायसवाल, मनोज यादव, लकी भारद्वाज, कनकलता मिश्रा आदि मौजूद रहीं। 

अवकाश के लिए उच्चाधिकारियों को लिखा पत्र
माध्यमिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों को एक साल में केवल एक अर्जित अवकाश मिलता है। इसके बदले गर्मी की छु्ट्टियां 21 मई से 30 जून तक दी जाती हैं। संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुधांशु शेखर त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को अपर मुख्य सचिव माध्यमिक एवं शिक्षा निदेशक माध्यमिक को पत्र लिखकर मांग की है कि भीषण गर्मी में शिक्षकों की ड्यूटी प्रशासन ने जनगणना में ड्यूटी लगाई है। इस पर शिक्षकों को अर्जित अवकाश दिया जाना चाहिए। 

विभागीय कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने की मांग
विद्युत मजदूर पंचायत उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को बिजली निगम के निदेशक वित्त और कार्मिक एवं प्रशासन से मिलकर मांग पत्र सौंपा। इस दौरान कैश काउंटरों पर निजी कंपनियों के कर्मचारियों को लगाए जाने का मुद्दा उठाते हुए यहां विभागीय कर्मचारियों को लगाने की मांग की। मंडल प्रांतीय कार्यवाहक अध्यक्ष राजनारायण सिंह ने बताया कि बिजली की व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए मानक के अनुरूप हटाए गए संविदाकर्मियों को तैनात करना जरूरी है। इस दौरान अंकुर पांडेय, ओपी सिंह, जिउतलाल, श्यामलाल, केपी दूबे मौजूद रहे। 

अश्वनी पांडेय को दी गई श्रद्धांजलि
हथुवा बंगला क्षेत्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय समाचार पत्र वितरक सेवा समिति के संयोजक स्वर्गीय अश्वनी पांडेय के निधन पर श्रद्धांजलि सभा हुई। लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। प्रदेश अध्यक्ष सतीश प्रसाद, राजेश पांडे, दीपक गुप्ता, सुनील मिश्रा, श्यामदेव, विकास प्रसाद, रवि प्रजापति, चंद्रभान प्रसाद, कल्लू पटेल मौजूद रहे। अंत में शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। 

घायल गौरव राठी का हाल जानने पहुंचे राज्यमंत्री
वाराणसी। प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु के जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी सोमवार को सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। उनके पैर और सीने की पसली की हड्डी में फ्रैक्चर होने के साथ-साथ अन्य चोटें आई हैं। वहीं उनकी धर्मपत्नी जया राठी को भी दुर्घटना में चोटें आई हैं, जिनका उपचार चल रहा है। बृहस्पतिवार को आयुष मंत्री भेलूपुर स्थित जवाहर नगर आवास पहुंचे उनके परिवार का हालचाल जाना। 

Varanasi News Today Protest at BHU Director Office is Gheraoed Two People Lose Lives in accident
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार। - फोटो : संवाद

अभियोजन बैठक में कृषि, खनन और पौध संरक्षण अधिकारी भी हों शामिल : डीएम
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अभियोजन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने सभी शासकीय अधिवक्ताओं और अभियोजन अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामलों की प्रभावी निगरानी कर उनके निस्तारण में तेजी लाएं। अगली समीक्षा बैठक में जिला कृषि अधिकारी, खनन अधिकारी और पौध संरक्षण अधिकारी भी शामिल हों। 

उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना सभी की जिम्मेदारी है। एक्साइज एक्ट, पॉक्सो एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, एससी-एसटी एक्ट, हत्या, डकैती, बलात्कार और शस्त्र अधिनियम से जुड़े गंभीर मामलों को प्राथमिकता देकर कार्रवाई की जाए। डीएम ने कहा कि न्यायालयों में लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। संबंधित अभिलेख और रिपोर्ट समय पर उपलब्ध हों और डाटा समय से फीड किया जाए।

बैठक में कोर्ट केस रजिस्ट्रेशन, बेल और जमानत निस्तारण, चार्जशीट, गवाहों की उपस्थिति, अंतिम तर्क और अभियोजन स्वीकृति जैसे मामलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि महिला उत्पीड़न, गैंगस्टर, दहेज मृत्यु, अपहरण और एससी-एसटी अत्याचार से जुड़े मामलों में प्रभावी पैरवी की जाए ताकि दोषियों को सजा मिल सके। 

उन्होंने कहा कि गवाहों की अनुपस्थिति या कमजोर पैरवी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। अभियोजन अधिकारियों को गवाहों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अवैध खनन, आबकारी, शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण और जिलाबदर की कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। डीएम ने चेतावनी दी कि अभियोजन कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। 

40 हजार लोग जनगणना में शामिल स्व-जनगणना करने की अपील की
वाराणसी। जनगणना में अब तक 40 हजार लोग शामिल हो चुके हैं। 22 मई से शुरू हुई जनगणना में लोगों को खुद से ऑनलाइन भरने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। एडीएम एफआर डॉ. सदानंद गुप्ता ने बताया कि 20 जून तक प्रथम चरण की गणना चलेगी। 

डीएम सत्येंद्र कुमार ने बृहस्पतिवार को इस संबंध में इस कार्य से जुड़े अफसरों, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कहा कि जनगणना कार्य के लिए प्रशिक्षण प्राप्त प्रगणकों और सुपरवाइजरों की तैनाती कर दी गई है और उन्हें ड्यूटी कार्ड, जनगणना किट और संबंधित क्षेत्र के नक्शे उपलब्ध करा दिए गए हैं। सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षक अपने आवंटित क्षेत्र में भौतिक रूप से उपस्थित होकर समय सीमा के अंदर पूर्ण पारदर्शिता और शुचिता के साथ जनगणना कार्य पूरा करें।   

डीएम ने जिले के लोगों से भी अपील की है कि जब प्रगणक और सुपरवाइजर उनके घर पहुंचें तो उन्हें सही जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना प्रक्रिया को में सहयोग दें। जनगणना केवल प्रशासनिक कार्य नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। 

संविदा डॉक्टर-पैरामेडिकल स्टाफ, आज से करेंगे काम
वाराणसी जिले के सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और विभागों में कार्यरत एनएचएम के स्वास्थ्य कर्मी (डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ) बृहस्पतिवार को हड़ताल पर रहे। इस वजह से राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम सहित अन्य योजनाओं से जुड़े कार्य प्रभावित रहे। सुबह सभी स्वास्थ्य कर्मी तय समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे लेकिन काम नहीं किया। इस दौरान धरना-प्रदर्शन कर जल्द से जल्द मानदेय दिलाने की मांग की।

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. अब्दुल जावेद ने बताया कि सीएमओ डॉ. राजेश प्रसाद ने एनएचएम कर्मियों के मानदेय का बजट जारी होने की जानकारी दी है। साथ ही यह भी कहा कि जल्द ही खाते में मानदेय चला जाएगा। आश्वासन के बाद हड़ताल को स्थगित कर दिया गया। शुक्रवार से सभी डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ सामान्य दिनों की तरह कामकाज करेंगे। 

Varanasi News Today Protest at BHU Director Office is Gheraoed Two People Lose Lives in accident
वाराणसी के मेयर अशोक कुमार तिवारी। - फोटो : अमर उजाला

15 दिन में नालों की सफाई नहीं हुई तो नपेंगे अफसर : मेयर
सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी के कार्यालय में बृहस्पतिवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी ने शहर में चल रहे नालों की सफाई को लेकर बैठक की। उन्होंने अब तक साफ हो चुके नालों की सूची मांगी और कहा कि सोमवार से वे खुद निरीक्षण करेंगे। निर्देश दिए कि अगले 15 दिनों में सफाई का काम पूरा नहीं हुआ तो लापरवाही करने वाले अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

मेयर ने सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सामान्य विभाग को छोटे नालों की सफाई और गली पिट की मरम्मत का कार्य करने के निर्देश दिए। वहीं, जलकल विभाग सीवेज लाइन की सफाई और सुपर सकर मशीनों के जरिये सीवर जाम की समस्या का निपटारा करेगा। सभी अधिकारी रोज नाला व गली पिट सफाई का विवरण सौंपेंगे। 

शहर के नालों को अभियान चलाकर पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कराया जाए ताकि पानी का बहाव न रुके। मेयर ने अब तक साफ किए जा चुके नालों की पूरी सूची तलब की है ताकि उनकी औचक जांच कराई जा सके। मेयर ने कहा कि सभी विकास कार्य समयबद्ध तरीके से और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों को 15 दिनों का विशेष अभियान चलाकर सभी गली पिट की सफाई और मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर पूरा करने का अल्टीमेटम दिया है। 

पीले वस्त्र से सजे श्रीहरि, लगा मालपुए का भोग, बृहस्पति मंदिरों में हुआ शृंगार
अधिकमास यानी पुरुषोत्तम मास के पहले बृहस्पतिवार को विष्णु मंदिरों में विशेष शृंगार हुआ। विविध नैवेद्य से पूजन कर मक्खन और मालपुए का भोग लगा। श्रीहरि विष्णु को पीला वस्त्र और पगड़ी धारण कराया गया। तुलसी से अर्चन हुआ। 

बिंदु माधव, आदि केशव और पुरुषोत्तम, बृहस्पति मंदिर सहित सभी बिष्णु मंदिरों में दर्शन पूजन के लिए भक्तों की भीड़ रही। अधिकमास में विष्णु मंदिरों में दर्शन-पूजन का विशेष फल मिलता है। पंचगंगा घाट स्थित बिंदु माधव मंदिर में दर्शन के लिए बृहस्पतिवार को भीड़ रही। महंत पं. मुरलीधर पटवर्धन ने बताया कि सुबह पंचामृत स्नान कर मंगला आरती हुई। इसके बाद दर्शन-पूजन शुरू हो गया। 

बृहस्पतिवार होने के नाते प्रभु को पीला वस्त्र, पीला पेड़ा, पीली पगड़ी और पीले रंग के फूल और फल आदि चढ़ाए गए। प्रभु को विशेष मक्खन और मालपुए का भोग लगा। शयन आरती तक भक्तों की भीड़ रही। आदिकेशव घाट स्थित आदिकेश मंदिर, बृहस्पति मंदिर दशाश्वमेध, पुरुषोत्तम मंदिर गोदौलिया में भी विशेष शृंगार व पूजन अर्चन हुआ।

करपात्री महाराज की चरण पादुका लेकर 450 साधु और संतों ने शुरू की पंचक्रोशी परिक्रमा 
अधिमास में पंचक्रोशी यात्रा जारी है। देशभर के श्रद्धालु पांचों पड़ावों पर दर्शन-पूजन कर धन्य हो रहे हैं। बृहस्पतिवार को श्रीकरपात्री धाम केदारघाट और अखिल भारतीय रामराज्य परिषद के नेतृत्व में 450 साधु-संतों और शिष्यों के साथ यात्रा निकाली गई। पवन ब्रह्मचारी और आचार्य पद्माकर पांडेय के नेतृत्व में करपात्री जी की चरण पादुका लेकर श्रद्धालु चल रहे थे।

साधु-संत और शिष्य केदारघाट पर स्नान कर श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। बाबा के दर्शन के बाद ज्ञानवापी के व्यासपीठ पर संकल्प लेकर मौन धारण कर मणिकर्णिका घाट पहुंचकर दोबारा संकल्प लिया। नाव से अस्सी घाट आए और वहां से पैदल पहले पड़ाव कंदवा के लिए निकले। 

अपने साथ गंगाजल, अक्षत, काला तील, फल, जनेऊ, सोपाड़ी, फूल, बेलपत्र आदि सामग्री लिए हुए थे। पहले पड़ाव पर पहुंचने के बाद दर्शन-पूजन किया। रात्रि विश्राम किया। इसमें पूर्वांचल के अलावा मुंबई, दिल्ली, बिहार के भी श्रद्धालु थे। वहीं, मणिकर्णिका पर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ रही। हर पड़ाव पर दर्शन-पूजन का क्रम चलता रहा। हर कोई पांच दिनों में मणिकर्णिका तीर्थ पर आकर संकल्प छुड़ाकर यात्रा को विराम दे रहा था। 

सेंट्रल जेल में बंदी स्वेच्छा से कर रहे 100 गोमाताओं की देखभाल
सेंट्रल जेल वाराणसी में बंदी गो-सेवा के माध्यम से सुधार, संवेदना और आत्मनिर्भरता की अनूठी मिसाल पेश कर रहे हैं। जेल परिसर में लगभग 100 गोमाताओं की देखभाल बंदी स्वेच्छा से कर रहे हैं। वे पशुओं के भोजन, पानी, साफ-सफाई, स्वास्थ्य और आराम का विशेष ध्यान रखते हुए पूरी लगन से कार्य कर रहे हैं। इस कार्य में लगे बंदी सुबह से शाम तक गोशाला की सफाई, चारा काटने, दूध निकालने और पशुओं की देखरेख में जुटे रहते हैं।

जेल अधीक्षक राधा कृष्ण मिश्रा के अनुसार, गोशाला से प्रतिदिन करीब 280 लीटर दूध और हर माह 70 से 75 किलोग्राम घी तैयार हो रहा है। इससे जेल प्रशासन को सालाना लाखों रुपये की आय हो रही है। गोबर से कम्पोस्ट खाद भी बनाई जा रही है, जिससे आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल रहा है। गर्मी को देखते हुए गोशाला में पंखे, कूलर और तिरपाल की व्यवस्था की गई है, जबकि तीन बीघा भूमि में हरा चारा उगाया जा रहा है। जेल प्रशासन का मानना है कि यह पहल केवल पशु सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि बंदियों के पुनर्वास और सकारात्मक बदलाव का प्रभावी माध्यम बन रही है। 

आईआईटी बीएचयू में योग के लिए चार जून तक पंजीकरण
आईआईटी बीएचयू में 11 से 21 जून तक 11 दिवसीय योग शिविर चलेगा। रोज सुबह छह बजे से सात बजे तक जिमखाना मैदान में कराया जाएगा। इसमें संस्थान के सभी अधिकारियों, अध्यापकों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और समस्त काशीवासियों से आने की अपील की गई है। छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रोफेसर राजेश कुमार ने बताया कि शिविर में शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र दिया जाएगा। योग शिविर के लिए पंजीकरण प्रपत्र जिमखाना कार्यालय से सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक प्राप्त किए जा सकते हैं। पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क है और पंजीकरण की अंतिम तिथि 4 जून है। ज्यादा जानकारी के 9956353993 पर संपर्क किया जा सकता है। 

Varanasi News Today Protest at BHU Director Office is Gheraoed Two People Lose Lives in accident
पीएम मोदी। - फोटो : अमर उजाला

पीएम को काशी देगा गंगा भागीरथ सम्मान 
गंगा दशहरा पर इस बार काशी अपने सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गंगा भागीरथ विश्व गुरु काशी सम्मान देगा। गंगा के तट विविध अनुष्ठान के बीच इसकी घोषणा होगी। इसके लिए प्रधानमंत्री के जनसंपर्क और पीएमओ कार्यालय को पत्र भेजा गया है। गंगा भागीरथ, गंगा पुत्री सहित दो और सम्मान दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री समेत 14 लोगों को सम्मानित किया जाएगा। 

ज्येष्ठमास शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि यानी 26 मई को गंगा दशहरा है। भक्त 84 घाटों पर मां गंगा का पूजन-अर्चन और आरती होगी। दशाश्वमेध, पंचगंगा, नमोघाट, अस्सी घाट पर भव्य आयोजन होगा। विविध अनुष्ठान व विशेष आरती होगी। गंगा सेवा समिति, ब्रह्म राष्ट्र एकम् और श्रीकुल पीठम् की ओर से मां गंगा को 56 भोग और 5100 साड़ी चढ़ाई जाएगी।  डॉ. सचिंद्रनाथ महाराज ने बताया कि विशिष्ट सम्मान गंगा भागीरथ विश्व गुरु काशी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया जाएगा। इसके लिए पीएम के जनसंपर्क और दिल्ली पीएमओ को भेजा गया। 

बच्चे देखेंगे गंगा की आभा : गंगा दशहरा पर गंगा तट की आभा और गंगा को समर्पित प्रस्तुतियां देने पूर्वांचल और बिहार के भी बच्चे आएंगे। बनारस के 15 स्कूलों के विद्यार्थी भाग लेंगे। रंगोली, पेंटिंग, गंगा अवतरण पर सांगीतिक कार्यक्रम होंगे। 

ईएनटी डिपार्टमेंट में सात नई सेवाओं की शुरुआत हुई, मरीजों को होगी सहूलियत
आईएमएस बीएचयू के कान, नाक एवं गला विभाग (ईएनटी डिपार्टमेंट) में बृहस्पतिवार को जांच की नई सुविधाएं शुरू हो गईं। विभाग में बनी ओएई और ओएसएसआर लैब नवजातों के लिए उपयोगी साबित होगी। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने इसका उद्घाटन किया।

कुलपति ने मरीजों, चिकित्सकों और सहायक कर्मचारियों से संवाद कर यहां हर इकाई के उद्देश्य और उसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। जिन सुविधाओं का शुभारंभ हुआ है, उसमें ईएनटी वर्कस्टेशन, बीएंडके लेबोरेटरी, ओटो एकॉस्टिक एमिशन (ओएई) और एएसएसआर लेबोरेटरी शामिल हैं। 

प्रो. विश्वंभर सिंह ने बताया कि ओएई एवं एएसएसआर लेबोरेटरी नवजात शिशुओं में श्रवण संबंधी समस्याओं की प्रारंभिक पहचान में सहायक होगी, जबकि बीएंडके लेबोरेटरी ईएनटी से जुड़ी विभिन्न बीमारियों के लिए विशेषीकृत डायग्नोस्टिक सहायता प्रदान करेगी। 

वहीं, स्ट्रोबोस्कोपी यूनिट से वॉइस संबंधित जांच, क्लिनिकल सेवाओं को मजबूती मिलेगी, सायलेंडोस्कोपी यूनिट लार ग्रंथियों में बनने वाली पथरी के उपचार के लिए न्यूनतम इन्वेसिव तकनीक उपलब्ध कराएगी। बताया कि टेंपोरल बोन लेबोरेटरी को सर्जिकल तकनीकों के उन्नत प्रशिक्षण के लिए तैयार किया गया है। कार्यक्रम में आईएमएस निदेशक प्रो. एसएन संखवार, संकाय प्रमुख प्रो. संजय गुप्ता, न्यूरोलॉजी विभाग से डॉ. आरएन चौरसिया, डॉ. संजीव गुप्ता मौजूद रहे। 

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर महानगर कांग्रेस कमेटी ने शहर भर में निकाली नमन पदयात्रा
कांग्रेसजनों ने बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि मनाई। इस दौरान मैदागिन स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर शहर के सभी 100 वार्डों में नमन पदयात्रा निकाली गई। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल और संयोजन महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने की। 

राजेश्वर पटेल ने बताया कि सबसे पहले मध्यमेश्वर वार्ड में यात्रा शुरू हुई और विभिन्न मार्गों से होते हुए पराड़कर भवन स्थित पत्रकार बाबूराव विष्णु पराड़कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर समाप्त हुई। महानगर के 100 वार्डो में वार्ड अध्यक्ष, प्रभारी, महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों व पार्षद प्रत्याशियों ने राजीव गांधी नमन पदयात्रा निकाल कर राजीव जी को नमन किया। 

जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल एवं महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त रूप से कहा कि भारत रत्न राजीव गांधी जी आधुनिक भारत के निर्माण के महान शिल्पकार थे। उन्होंने देश को 21वीं सदी की सोच दी और भारत को तकनीकी, संचार एवं कंप्यूटर क्रांति की दिशा में आगे बढ़ाने का ऐतिहासिक कार्य किया। मौके पर फसाहत हुसैन बाबू, गुलशन अली, डॉ राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, प्रवीन प्रकाश मौजूद रहे। 

एम्स भोपाल के पूर्व निदेशक डॉ. बघेल के निधन पर शोक
भदोही के गोपीगंज क्षेत्र के डेरवां गांव निवासी एवं चिकित्सक प्रो. दिनेश कुमार सिंह बघेल का बुधवार को निधन हो गया। वह कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। डॉ. बघेल का अंतिम संस्कार वाराणसी के हरिश्चंद्र घाट पर किया गया। उनके पुत्र देवांश सिंह ने मुखाग्नि दी। चिकित्सा सेवा के प्रति आजीवन समर्पित रहे डॉ. बघेल ने लंबे समय तक बीएचयू में वरिष्ठ एनेस्थेसियोलॉजिस्ट के रूप में सेवा दी थी। इसके बाद उन्होंने एम्स भोपाल और रिम्स रांची में निदेशक पद पर कार्य किया। वह एम्स बठिंडा के निदेशक पद से जून 2025 में सेवानिवृत्त हुए थे। उनके निधन पर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष संतोष सिंह बघेल, रवींद्र सिंह बघेल, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष माबूद खां, संदीप वर्मा तथा पार्थ बघेल ने शोक व्यक्त किया। 

उन्नत करेले के उत्पादन के लिए हुआ एमओयू
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान ने उन्नत सब्जी तकनीकों के प्रसार और कृषि क्षेत्र में सार्वजनिक-निजी सहभागिता को सुदृढ़ करने की दिशा में कदम उठाया है। कॉमिएंजो एग्रीसाइंस कंपनी के साथ करेला की उत्कृष्ट लाइन वीआरबीटीजी-4 के तकनीकी हस्तांतरण के लिए समझौता हुआ। निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि निजी बीज कंपनियों को लाइसेंस के माध्यम से उन्नत तकनीकों का हस्तांतरण गुणवत्तायुक्त बीजों के तीव्र उत्पादन, व्यापक प्रसार और किसानों को समय पर उपलब्धता सुनिश्चित किया जा रहा है। 

इस तरह की साझेदारी, अनुसंधान, प्रयोगशालाओं और किसानों के खेतों के बीच की दूरी को कम करते हुए कृषि विकास एवं उद्यमिता को बढ़ावा देती है। करेला की लाइन वीआरबीटीजी-4 में बेहतर बागबानी के गुण हैं और इसने विभिन्न कृषि-जलवायु परिस्थितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। यह तकनीक हस्तांतरण गुणवत्तायुक्त करेला के उत्पादन को बढ़ावा देने एवं किसानों को उन्नत रोपण सामग्री उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगी। समझौता ज्ञापन पर निदेशक डॉ. राजेश कुमार और कंपनी के प्रतिनिधि ने हस्तारक्षर किए। 

आयुषी अग्रवाल बनीं अध्यक्ष और कृतिका गोयल को मिली कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी
मारवाड़ी युवा मंच वरुणा शाखा का 11वां शपथ ग्रहण समारोह बृहस्पतिवार को सामने घाट स्थित एक होटल में आयोजित हुआ। इसमें आयुषी अग्रवाल को अध्यक्ष, कृतिका गोयल को कोषाध्यक्ष और नीता गोयनका को सचिव बनाया गया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश मारवाड़ी युवा मंच के प्रांतीय अध्यक्ष नवीन पालड़ीवाल ने सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने सेवा, संस्कार एवं संगठन की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। 

इस दौरान कुमारी आलिया अग्रवाल ने दी बर्निंग घाट पर सुंदर प्रस्तुति दी। नव निर्वाचित अध्यक्ष आयुषी अग्रवाल ने कहा कि यह वर्ष सेवा और समर्पण का वर्ष होगा। आयुषी अग्रवाल ने यह भी कहा कि प्रांत के संयुक्त मंत्री पद पर कार्य करते हुए प्राप्त अनुभव के आधार पर वे अध्यक्ष पद के दायित्व का निर्वहन करेंगी। कार्यक्रम के अंत में नव नियुक्त सचिव नीता गोयनका ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की संयोजक शिप्रा अग्रवाल और सुजाता बाजोरिया रहीं। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष अनीता, प्रीति, किरन, पूनम आदि मौजूद रहे। 

पार करो मोरी नईया... से किया विभोर
सुबह ए बनारस में बृहस्पतिवार को युवा प्रशिक्षु कलाकार नियति वर्मा का गायन हुआ। उन्होंने राग गुर्जरी तोड़ी मे निबद्ध रचना से गायन की शुरुआत की। बोल थे- पार करो मोरी नईया...। दादरा-चला रे परदेसिया नैना मिलाई के...। भजन- रहना नहीं देश विराना... से गायन को विराम दिया। तबले पर अनंग गुप्ता और संवादिनी पर कृपा सिंधु ने संगत की। कलाकारों को प्रमाण पत्र संस्कृत के विद्वान प्रो. फूलचंद जैन ने दिया। संचालन सुबह ए बनारस के संस्थापक सचिव डॉ. रत्नेश वर्मा ने किया। 

खरीदेंगे गाय, गो एलएक्स वेबसाइट होगी लॉन्च
ज्योतिष पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि हम देशभर से गाय खरीदेंगे। इसके लिए ओएलएक्स की तर्ज तक गोएलएक्स वेबसाइट तैयार की जा रही है। जल्द ही इसे लॉन्च किया जाएगा। गाय बेचने के इच्छुक लोग इस वेबसाइट के जरिये अपनी गाय बेच सकेंगे। हम इस भी वेबसाइट के जरिये गाय बेचने के इच्छुक लोगों से संपर्क करेंगे और उनसे गाय खरीदेंगे। गोमाता के प्राणों की रक्षा करने और उसे राज्यमाता घोषित कराने के लिए 81 दिवसीय गविष्ठी धर्मयुद्ध यात्रा के क्रम में शंकराचार्य ने सुल्तानपुर में एक सभा के दौरान ये घोषणा की। 

आज से बोधगया टू सारनाथ की चित्र प्रदर्शनी
लंका स्थित क द आर्ट कैफे विशेष पांच दिन की कार्यशाला और प्रदर्शनी बोधि पथ का आयोजन होगा। साखी शोधशाला और अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान, लखनऊ की ओर से कराया जा रहा यह कार्यक्रम 26 मई तक चलेगा। उद्घाटन आज शाम पांच बजे बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी करेंगे। मुख्य आकर्षण स्केच और रेखाचित्रों की एकल प्रदर्शनी होगी। 'बोधि पथ' के अंतर्गत टर्निंग द व्हील: बोधगया टू सारनाथ शीर्षक से डॉ. राहुल कुमार शॉ के स्केच और रेखाचित्रों की एक एकल प्रदर्शनी लगाई जा रही है। यह प्रदर्शनी रोज सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक कला प्रेमियों के लिए खुली रहेगी। 

वेटलैंड : डीएम-सीडीओ ने किया भूमिपूजन
बड़ागांव के ग्राम पंचायत कठिरांव में बृहस्पतिवार को डीएम सत्येंद्र कुमार और सीडीओ प्रखर कुमार सिंह ने 19.01 हैक्टेयर वेटलैंड के जीर्णोद्धार का भूमिपूजन किया। इसके तहत डीसिल्टिंग का कार्य कराया जाएगा। डीएम ने बताया कि यह काम अरुणोदय संस्था करेगी। एटी चंद्रा फाउंडेशन इसमें सहयोग करेगा। बारिश से पहले यह काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद वर्षा जल संरक्षण, आस-पास के कृषकों के भूमि की सिंचाई व पशुओं के पीने के लिए पानी की उपलब्धता होगी। एसडीओ फाॅरेस्ट को वृहद पौधरोपण करने को कहा। ताकि कठिरांव वेटलैंड को पूर्ण रूप से विकसित किया जा सके। इस मौके पर प्रतिभा मिश्रा, प्रवीण कुमार गौतम आदि मौजूद रहे। 

जीएम ने फायर सेफ्टी सुविधाओं का लिया जायजा
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने बृहस्पतिवार को लोको शॉप का निरीक्षण किया। यहां लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप, लोको टेस्ट शॉप पहुंचकर वहां फायर सेफ्टी और संरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न कार्यस्थलों पर उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, संरक्षा संसाधनों, आपातकालीन व्यवस्थाओं को देखा और उनकी कार्यक्षमता, तत्परता का जायजा लिया।

महाप्रबंधक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। कहा कि बरेका में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर/विद्युत  अनुराग कुमार गुप्ता, मुख्य विद्युत इंजीनियर/लोको अरविंद कुमार जैन, मुख्य संरक्षा अधिकारी जितेंद्र अग्रवाल मौजूद रहे। 

बच्चों में टीबी की समय पर पहचान जरूरी
जिले में बच्चों में टीबी की बीमारी को लेकर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीमारी के कारण और बचाव पर चर्चा की गई। अपर निदेशक स्वास्थ्य सभागार में चले कार्यक्रम में अपर निदेशक डॉ. एनडी शर्मा ने कहा कि बच्चों में टीबी की समय पर पहचान एवं उपचार से गंभीर जटिलताओं को रोका जा सकता है। साथ ही टीबी उन्मूलन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उप जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अमित सिंह ने कहा समय पर इलाज शुरू होने से बच्चों को बीमारी से बचाया जा सकता है। कार्यक्रम में जिला अस्पताल से डॉ. राजेश कुमार सिंह, डॉ. अन्वित श्रीवास्तव, संजय चौधरी आदि लोग मौजूद रहे। 

किराना व्यापार समिति के अध्यक्ष बने अनूप
विशेश्वरगंज के वाराणसी किराना व्यापार समिति का चुनाव 15 साल बाद बृहस्पतिवार को हुआ। मतदान के बाद व्यापारी अनूप जायसवाल को अध्यक्ष चुना गया। वहीं अभिषेक अग्रहरी उपाध्यक्ष चुने गए। अनूप जायसवाल ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता होगी। आरोप लगाया कि समिति के इतिहास में पहली बार मतदान हुआ है। पहले समिति के सदस्य खुद से ही लोगों को बिना चुनाव कराए ही मनोनित कर देती थी। चुनाव में जीत का जश्न व्यापारियों ने मनाया। बैंड बाजे के साथ अनूप जायसवाल और अन्य पदाधिकारियों का समिति के सदस्यों ने स्वागत किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed