फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News today Posted objectionable video of Operation Sindoor cyber fraud of from businessman

News: ऑपरेशन सिंदूर की आपत्तिजनक वीडियो किया पोस्ट, व्यापारी से 91 हजार की साइबर ठगी; पढ़ें खास खबरें

Mon, 02 Jun 2025 11:22 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Mon, 02 Jun 2025 11:22 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में ऑपरेशन सिंदूर का मजाक बनाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेय किया गया। इस पर कार्रवाई की मांग की गई। वहीं, मार्बल की दुकान संचालित करने वाले व्यापारी को साइबर ठगों ने 91 हजार रुपये की चपत लगा दी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News today Posted objectionable video of Operation Sindoor cyber fraud of from businessman
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News Today: भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर का मजाक बनाते हुए आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर शेयर किया गया है। मामले को लेकर वाराणसी की रहने वाली प्रियंका दूबे ने कैंट थाने में सोशल मीडिया यूजर सुरेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

विज्ञापन


प्रियंका दूबे ने पुलिस को बताया कि सुरेंद्र प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर भारतीय सेना के खिलाफ भड़काऊ, अश्लील और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो पोस्ट किया है। उधर, इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच की जा रही है। 
विज्ञापन


9 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
शिवपुर थाने की पुलिस ने भोजूबीर, नरायनपुर निवासी 24 वर्षीय अरमान अहमद उर्फ अमन को रविवार को पिसौर पुल के पास से गिरफ्तार किया। इस संबंध में शिवपुर थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि एक महिला ने अपनी नौ वर्षीय बेटी से दुष्कर्म के आरोप में अरमान अहमद उर्फ अमन के खिलाफ शनिवार को शिकायत की थी। महिला के अनुसार उनकी बेटी को आरोपी युवक दो साल से परेशान कर रहा था। वह लोकलाज के डर से चुप रहती थी। जब उसने उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया तो वह किसी तरह से हिम्मत जुटा कर पुलिस के पास तक पहुंची। 

विज्ञापन
विज्ञापन

मार्बल व्यापारी से 91 हजार की साइबर ठगी
लोहता थाना क्षेत्र के भट्ठी इलाके में मार्बल की दुकान संचालित करने वाले दिनेश कुमार को साइबर ठगों ने 91 हजार रुपये की चपत लगा दी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी तारा देवी के खाते से बीते 28 मई को दो बार में 40 हजार रुपये कट गए। 31 मई को वह पैसा निकालने गए तो पता लगा कि 50999 रुपये तमिलनाडु के एक खाताधारक के खाते में ट्रांसफर हो गए हैं। दिनेश ने साइबर ठगी की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। 

चोरी के वाहनों को काटकर बेचता था कबाड़ी, गिरफ्तार
कचनार निवासी पेशे से कबाड़ी धर्मेंद्र कुमार गुप्ता को जंसा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी के आठ चार पहिया वाहनों के इंजन बरामद किए गए हैं। राजातालाब थानाध्यक्ष अजीत वर्मा ने बताया कि कबाड़ी धर्मेंद्र के बारे में सूचना मिली थी कि वह चोरी के वाहनों को कटवा कर उनके अलग-अलग पार्ट्स बेचता है। उसकी दुकान पर छापा मारा गया तो चोरी के आठ वाहनों के इंजन मिले। आठों इंजन को जब्त कर धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

दो किशोरियां लापता, मुकदमा दर्ज 
बड़ागांव थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांव से एक दिन के अंतराल पर दो किशोरियां लापता हो गईं। एक किशोरी की मां और दूसरी किशोरी के पिता ने शनिवार की देर शाम बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। इस संबंध में बड़ागांव थानाध्यक्ष ने बताया कि 14 वर्षीय किशोरी 30 मई की रात घर से गायब है। 17 वर्षीय किशोरी 31 मई को शाम से घर से गायब है। दोनों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।

पति और सास ने बहू को पीटा, केस दर्ज
फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा की रहने वाली शबीना बानो को शादी के पांच वर्ष बाद सास और पति ने मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर फूलपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। शबीना बानो ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी पिंडरा निवासी शकील अहमद के साथ पांच वर्ष पहले हुई थी। गत 30 मई की रात लगभग 10 बजे पति और सास ने उसे जमकर पीटा। शबीना बानो की तहरीर पर फूलपुर थाने उसके पति और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। 

प्रतिबंधित पक्षी के व्यापार में तीन गिरफ्तार
वन विभाग की टीम ने प्रतिबंधित पक्षी का व्यापार करने के तीन आरोपियों को अंधरापुल इलाके से गिरफ्तार किया। जिनके पास से 28 तोते बरामद किए गए। आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वन संरक्षक डॉ. रवि कुमार सिंह ने बताया कि टीम ने अंधरापुल के पास एक बस पर छापा मारा। बस की डिग्गी में रखे एक कार्टून के डिब्बे से 28 तोते मिले। इस मामले में झारखंड के बस चालक धनंजय सिंह, चंदौली के बस कंडक्टर अभय सिंह और विशेश्वरगंज के मोहम्मद आरिफ को गिरफ्तार किया गया। 

मारपीट कर चेन छीनने के आरोप में तीन पर केस 
चितईपुर थाने में मारपीट कर चेन छीनने के आरोप में तीन लोगों पर केस दर्ज किया गया है। टिकरी गांव के रहने वाले शांति प्रकाश सिंह ने पुलिस को बताया कि वह रविवार की सुबह जा रहे थे। उनकी बाइक को तीन लोगों ने रोक लिया। आरोप है कि शांति प्रकाश के ऊपर अनंत नारायण पांडेय, उमेश नारायण पांडेय और प्रद्युम नारायण सिंह ने हमला कर दिया। और उनके गले से चेन छीन लिए। चितईपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। 

अस्सी घाट पर घूमने आए युवक को मनबढ़ों ने पीटा 
महाराष्ट्र से काशी घूमने आए एक युवक के साथ अस्सी घाट पर मारपीट की गई। मामले को लेकर भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। महाराष्ट्र के नालासोपारा, ईस्ट पालघर के रहने वाले सूरज भरत सिंह ने पुलिस को बताया कि वह, अमन सिंह, योगेश्वर दूबे, सर्वेश यादव, शनि सिंह, स्वप्लिन हटकर और नदीम काशी भ्रमण करने के लिए आए थे। रात में सभी अस्सी घाट पहुंचे। स्कूटी पर अमन ने हाथ रख दिया। इससे नाराज युवक अपने चार-पांच साथियों के साथ अमन सिंह की पिटाई की। पुलिस ने राहुल और अन्य अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। 

नशीला पदार्थ सुंघाकर नकदी और खाते से पैसे उड़ाए
बेलवा बाबा, न्यू कॉलोनी, सोयेपुर निवासी आशुतोष तिवारी को ऑटो में नशीला पदार्थ सुंघाकर बदमाश मोबाइल और 5000 रुपये चुरा लिए। इसके बाद उनके खाते से ढाई लाख रुपये निकाल लिए। उन्होंने घटना के संबंध में जैतपुरा थाने में तहरीर दी है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। 

गैंगस्टर एक्ट का आरोपी गिरफ्तार
कैंट थाने की पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी महावीर रोड, अर्दली बाजार निवासी प्रशांत सिंह गहरवार उर्फ सागर सिंह को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि प्रशांत के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में 11 मुकदमे दर्ज हैं। 

39 जीटीसी के सिपाही की पत्नी की मौत, केस 
छावनी क्षेत्र स्थित 39 गोरखा ट्रेनिंग सेंटर परिसर में एक विवाहिता की मौत के मामले में मायके वालों ने पति पर दहेज हत्या का आरोप लगाकर केस दर्ज कराया है। नेपाल के रूपनदेही जिले के ओम सतिया, पालिका की रहने वाली संजीता बी के सुनार (22) की शादी 7 जनवरी 2023 को तिलोतमा नगर, पालिका वार्ड निवासी अमर सुनार से हुई थी। अमर सुनार 39 जीटीसी में सिपाही है।

 संजीता के पिता धन बहादुर बिका ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद संजीता पति के साथ वाराणसी चली आई। उसे दहेज के लिए ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। उनकी बेटी ने कई बार अपनी व्यथा बुआ से फोन पर साझा की थी। इसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग भी है।

गत 12 मई की सुबह मृत्यु की सूचना मिली। वह वाराणसी पहुंचे, तो पता चला कि उनकी बेटी के शव पोस्टमार्टम के बाद जल्दबाजी दिखाते हुए उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया है। आरोप लगाया कि यह पूर्व नियोजित हत्या हैै। इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 

सिपाही के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज 
विष्णुपुरी कॉलोनी में रहने वाली एक विवाहिता ने दहेज उत्पीड़न के आरोप में सिगरा थाने में अपने पति सिपाही मनीष कुमार के खिलाफ केस दर्ज कराया है। विवाहिता के अनुसार उसका प्रेम विवाह गाजीपुर के सैदपुर निवासी मनीष कुमार से एक वर्ष पहले हुआ था। वह उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर कार्यरत हैं। शादी के बाद पांच लाख रुपये घरवालों से मंगाने का दबाव पति ने बनाया। इस बीच गालीगलौज, और मारपीट भी करता रहा। उसका न्यूड वीडियो और फोटो भी खींच लिया। सिगरा थानाध्यक्ष ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। 

काशी जोन के दो दरोगा के कार्यक्षेत्र में बदलाव
डीसीपी गौरव बंसवाल ने रविवार को काशी जोन के दो दरोगा का तबादला किया। इस क्रम में दरोगा आदित्य कुमार मिश्रा को महमूरगंज चौकी का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, दरोगा रोहित त्रिपाठी को लंका थाने में तैनात किया गया है।

कार्यकर्ताओं के दम पर ही पार्टी सड़क से सदन तक करती है संघर्ष 
राष्ट्रीय अध्यक्ष अपना दल एस केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के निर्देश पर पार्टी सदस्यता अभियान चला रही है। रविवार को विधानसभा अध्यक्ष बसंत लाल पटेल की अध्यक्षता में मुख्य अतिथि रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल और विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष राजेंद्र पटेल ने अभियान में हिस्सा लिया। 

रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के मुड़ादेव गांव में अभियान के तहत 35 बूथ अध्यक्षों को सक्रिय सदस्य बनाया गया। मुख्य अतिथि रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने कहा कि कार्यकर्ता के बल पर ही पार्टी मजबूत होती है और सड़क से सदन तक संघर्ष करती है। कार्यक्रम का संचालन जोन अध्यक्ष दिनेश पटेल और धन्यवाद ज्ञापन पूर्वी जोन अध्यक्ष आदर्श पटेल ने किया। 

कार्यक्रम में मुख्य रूप से राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राकेश यादव, राष्ट्रीय सचिव आनंद प्रकाश, प्रदेश सचिव अनीता पटेल, प्रदेश सचिव रीना वर्मा, जिलाध्यक्ष युवा मंच मानस सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दीपक वर्मा, जिला महासचिव राजकुमार वर्मा मौजूद रहे। 

रेकी कर बदमाशों ने लूटे थे डेढ़ लाख रुपये, गिरफ्तार
फूलपुर थाना क्षेत्र में ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक से डेढ़ लाख रुपये की लूट का पुलिस ने रविवार को खुलासा किया। सीसी फुटेज और सर्विलांस की मदद से फूलपुर थाने की पुलिस ने गांगकला निवासी करन सोनकर को गिरफ्तार कर उसके पास से 21500 रुपये बरामद किए।

फूलपुर थाना क्षेत्र के बचौरा स्थित प्राइमरी स्कूल के पास एक ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक से गत दो मई को बाइक सवार तीन बदमाश डेढ़ लाख रुपये लूट लिए थे। डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि वारदात के खुलासे के लिए फूलपुर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सीसी फुटेज की मदद से करन को चिह्नित कर पकड़ा। 

पूछताछ में करन ने बताया कि बचौरा निवासी अजीत सिंह और बरजी का देवा उर्फ पंकज पटेल उसके साथ वारदात में शामिल थे। तीनों ने नयेपुर चौराहा स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक की रेकी की थी। तीनों ने दो मई को उसका पीछा कर बचौरा स्थित प्राइमरी स्कूल के पास तमंचा दिखाकर उससे डेढ़ लाख रुपये से भरा बैग लूट लिए थे। डेढ़ लाख रुपये में से तीनों ने 50-50 हजार रुपये बांट लिए थे। 

2410 घरों में पानी कनेक्शन के लिए बिछेगी 29.7 किमी पाइप लाइन
इंदिरा नगर के 2410 घरों में जल्द ही पानी की समस्या दूर होगी। जल निगम की ओर से इन घरों तक पानी पहुंचाने के लिए 29.7 किमी पेयजल पाइप लाइन डाली जाएगी। इसके लिए काम शुरू किया गया है। पाइप लाइन बिछने के बाद यहां पेयजल कनेक्शन किया जाएगा। जल निगम की ओर से यहां एक ओवरहेड टैंक का निर्माण किया जाएगा। 2 नलकूप और 2 पंप हाउस का निर्माण होगा। इसके जरिये पानी की आपूर्ति की जाएगी। 

नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर यहां जल निगम की ओर से काम कराया जा रहा है। जल निगम के अधिकारियों के अनुसार ननविस्तारित इलाकों में पानी की समस्या दूर करने के लिए पानी की लाइन बिछाने का काम शुरू किया गया है। इसके अलावा कई जगहों पर ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जाएगा। 

41.8 डिग्री तापमान के साथ वाराणसी प्रदेश में दूसरा सबसे गर्म शहर
दो-तीन दिन से दिन में बादलों की आवाजाही के बाद रविवार को मौसम बदल गया। अधिकतम तापमान बढ़कर 41.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यूपी में बांदा के बाद दूसरा सबसे गर्म शहर बनारस रहा। काशी में भी मानसून की संभावित तिथि 20 जून है। माना जा रहा है कि यहां भी जून के दूसरे सप्ताह तक मानसून पहुंच सकता है। रविवार को न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहा। 

प्रदेश स्तर पर टॉप तीन जिले के तापमान की अगर बात करें तो बांदा 44 डिग्री सेल्सियस के साथ पहले नंबर पर रहा जबकि वाराणसी 41.8 से दूसरे, गाजीपुर 41.5 डिग्री सेल्सियस के साथ तीसरे स्थान पर रहा। यूपी आंचलिक मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार इस सप्ताह से मौसम में बदलाव के आसार हैं। 

कोलकाता और जयपुर के लिए सीधी विमान सेवा शुरू
एयर इंडिया एक्सप्रेस की वाराणसी से कोलकाता और जयपुर के बीच सीधी विमान सेवा रविवार को शुरू हो गई। एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान आईएक्स-1596 ने दोपहर 1.50 बजे कोलकाता से 168 यात्रियों को लेकर उड़ान भरी और अपराह्न 3.15 बजे वाराणसी पहुंचा। इसके बाद यही विमान वाराणसी से 3.50 बजे 150 यात्रियों को लेकर रवाना हुआ और जयपुर शाम 5.30 बजे पहुंचा। 

एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि आईएक्स -1560 बनकर विमान ने शाम 6 बजे जयपुर से 148 यात्रियों को लेकर उड़ान भरी और देर शाम 7.40 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा। अंत में यह विमान रात 8.10 बजे वाराणसी से 162 यात्रियों को लेकर रात 9:40 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचा। 

एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि पर्यटन, व्यापार और तीर्थयात्रा के लिए यह विमान काफी सहूलियत भरा है। एयरलाइंस ने वाराणसी से कोलकाता के बीच विमान किराया चार हजार निर्धारित किया है। वहीं, जयपुर के लिए लगभग 5 से 6 हजार तक किराया है। 

राजधानी एक्सप्रेस से शराब तस्करी में चार गिरफ्तार, 190 बोतल शराब बरामद
नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस से अंग्रेजी शराब की तस्करी में चार आरोपियों को रविवार की रात कैंट स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से छह ट्रॉली सूटकेस और पांच पिट्ठू बैग से 190 बोतल शराब बरामद की गई। नई दिल्ली से यह शराब हाजीपुर बिहार भेजी जा रही थी।

 बरामद शराब की कीमत 1.40 लाख रुपये बताई गई है। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार पूर्वी चंपारण के चकिया निवासी शारुफ मियां, पूर्वी चंपारण के कोटवा निवासी हरेश कुमार दास, पूर्वी चंपारण के तुर्कोलिया निवासी लाल मोहम्मद अंसारी और तुर्कोलिया के रामपुर चरगाहा निवासी मासूम आलम के रूप में हुई है। 

एडिशनल सीपी डॉ. चनप्पा  को दी गई विदाई
गोरखपुर रेंज के डीआईजी के पद पर स्थानांतरित हुए एडिशनल सीपी (कानून व्यवस्था एवं मुख्यालय) डॉ. एस चनप्पा के लिए रविवार को पुलिस कमिश्नरेट में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने डॉ. एस चनप्पा को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें विदाई दी। डॉ. चनप्पा ने कहा कि यह उनका सौभाग्य था कि बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में उन्हें जनसेवा का अवसर मिला। इस दौरान एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और कमिश्नरेट के सभी पुलिस अफसर मौजूद रहे। 

तीन जून से शांति आंदोलन करेंगे आईएमएस बीएचयू के प्रोफेसर 
आईएमएस बीएचयू के मनोचिकित्सा विभाग के प्रोफेसर संजय गुप्ता तीन जून से  शांति आंदोलन करेंगे। उनका कहना है कि यूजीसी की ओर से आदेश जारी होने के बाद भी उन्हें डीन नहीं बनाया गया। प्रोफेसर ने बीएचयू के प्रभारी वीसी, कुलसचिव को ई मेल भेजकर शिकायत भी दर्ज कराई। इसकी कॉपी आईएमएस निदेशक को दी है।

प्रोफेसर ने बताया कि आईएमएस में वरिष्ठ प्रोफेसर होने के बाद भी डीन नहीं बनाया जा रहा है। विश्वविद्यालय में विभागाध्यक्ष पद पर वरिष्ठता का पालन नहीं किया जा रहा। यूजीसी के पत्र के बाद भी आईएमएस में डीन की तैनाती में उसका पालन नहीं किया गया।अगर दो जून तक डीन बनाने का आदेश जारी नहीं हुआ तो तीन जून से आईएमएस में शांति आंदोलन की शुरुआत करेंगे। 

201 मोबाइल फोन किए बरामद, 36 लोगों को लौटाए
चोरी और गुमशुदगी के 201 मोबाइल फोन जीआरपी ने बरामद किए। रविवार को जीआरपी थाने पर 36 लोगों के मोबाइल फोन लौटाए गए। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि बरामद मोबाइल की कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है। जीआरपी सीओ कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि कैंट जीआरपी और सर्विलांस टीम के प्रयास से खोए मोबाइल को बरामद कर 36 लोगों को लौटाए गए। अन्य मोबाइल स्वामियों को भी सूचना दी गई है। 

काशी पत्रकार संघ और प्रेस क्लब का चुनाव संपन्न 
काशी पत्रकार संघ और संघ से संचालित वाराणसी प्रेस क्लब के द्विवार्षिक चुनाव 2025-27 के लिए मतदान रविवार को पराड़कर स्मृति भवन में हुआ। गर्दे सभागार में पूर्वाह्न नौ बजे से अपराह्न 4 बजे तक मतदान हुआ। इस दौरान काशी पत्रकार संघ के 286 सदस्यों में 258 सदस्यों ने अपने मताधिकार (90.21 प्रतिशत) का प्रयोग किया। वहीं वाराणसी प्रेस क्लब के 235 सदस्यों में 220 सदस्यों (93.62 प्रतिशत) मतदान किया। दो जून को पूर्वाह्न 11 बजे से मतगणना होगी। मतगणना के पश्चात परिणाम की घोषणा की जाएगी। 

352 आवेदनों में 311 का हुआ निस्तारण, 41 लंबित
माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय में स्थापित ग्रीवांस सेल में 28 मई तक कुल 352 विद्यार्थियों ने प्रमाण पत्रों में सुधार के लिए आवेदन किया है। इसमें 311 मामलों का निस्तारण कर दिया गया है। वहीं जन्मतिथि सहित अन्य 41 मामले अभी भी लंबित हैं। 

क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक सचिव साहब सिंह यादव ने बताया अनुपस्थित के 150, जन्मतिथि संशोधन के लिए 11, नाम में गड़बड़ी के सुधार के 163 और 28 अन्य मामलों में आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें सभी मामलों का निस्तारण लगभग हो गया है। कुल 41 मामले शेष रह गए है। जिसमें 16 अनुपस्थित के 11 जन्मतिथि के, 14 वर्तनी के लंबित है। साक्ष्य मिलने के बाद जल्द ही बाकी के आवेदनों का निस्तारण जल्द कर दिया जाएगा। 

जलस्रोत दुरुस्त करने के लिए तालाबों की सफाई शुरू
जलस्रोतों को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम ने तालाबों की सफाई शुरू की है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर सर्वे में तकरीबन 450 तालाबों की खोजबीन कर तीन कैटेगरी में रखा गया है। जिनमें वार्डवार, नवविस्तारित क्षेत्रों के तालाब और धार्मिक महत्व के तालाबों को अलग कैटेगरी में रखा गया है।

इन तालाबों को दुरुस्त करने के बाद मत्स्य विभाग के कानून के अनुसार पट्टे पर देने की तैयारी की गई है। इससे तालाबों की रखवाली होगी और कब्जे पर लगाम लगाया जाएगा। कुछ जगह पर्यटन के लिहाज से विकसित होंगी। इससे जलस्रोतों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। कई जगहों पर काम शुरू कराया गया है। 

201 अग्निवीरों की पासिंग आउट परेड कल
39 गोरखा प्रशिक्षण केंद्र में बुनियादी सैन्य प्रशिक्षण 201 अग्निवीरों की 3 जून को पासिंग आउट परेड होगी। पासिंग आउट परेड में पारंपरिक सैन्य गतिविधियां शामिल होंगी। अग्निवीर बीते सात माह से केंद्र में प्रशिक्षण ले रहे हैं। प्रशिक्षण नवंबर 2024 में शुरू हुआ था। कार्यक्रम की शुरुआत खुखरी प्रस्तुति से होगी, इसके बाद अनुशासित मार्च पास्ट होगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अग्निवीरों को पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा, जिसमें स्वॉर्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुति भी शामिल है।

जापान रवाना हुए सपा सांसद वीरेंद्र सिंह
चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह रविवार को जापान रवाना हुए। जाने से पहले उन्होंने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से मुझे जापान भेजा जा रहा है। 2 से 4 जून तक जापान के टोक्यो शहर में तिब्बत पर 9वीं विश्व सांसद सम्मेलन का आयोजन किया गया। वहां 14वें दलाईलामा के 90वें जन्मदिवस पर कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जापान जा रहा हूं। 

अस्पतालों में पहुंचे 1000 वीटीएम
कोरोना की जांच के लिए जरूरी वीटीएम (वायरल ट्रांसपोर्ट मीडियम) स्वास्थ्य विभाग को मिल गया है। फिलहाल 1000 वीटीएम दिल्ली से आए हैं। इससे सरकारी अस्पतालों में कोविड जांच की राह आसान हो जाएगी। पिछले सप्ताह शास्त्री अस्पताल रामनगर, मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा, जिला अस्पताल में जांच शुरू करवाई गई। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी का कहना है कि अस्पतालों में जरूरत के हिसाब से वीटीएम भिजवा दिया गया है। 

एकेडमिक चुनौतियों के समाधान पर होगी कार्यशाला
कमच्छा स्थित वसंत कन्या महाविद्यालय में दो जून को प्रोफेशनल कार्यक्षमता बढ़ाने को लेकर कार्यशाला होगी। इसमें 30 मिनट के अंदर बड़ी से बड़ी कठिनाईयों और चुनौतियों को खत्म करने के लिए एक व्यवहारिक टूल तैयार करना सिखाया जाएगा। ये कठिनाईयां और चुनौतियां एकेडमिक गतिविधियों और मुख्य तौर पर नॉन टीचिंग कर्मचारियों से जुड़ी होंगी। कॉलेज के सेमिनार हॉल में दोपहर के दो बजे से ये कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। ये कार्यशाला इंटरनल क्वालिटी एश्योरेंस सेल की ओर से कराई जानी है। 

बीएचयू में योग अध्ययन पर अंतरराष्ट्रीय सेमिनार
बीएचयू में 18 जून को योग अध्ययन पर एक अंतरराष्ट्रीय सेमिनार योगात्सव होगा। इसकी थीम एक धरती एक स्वास्थ्य निर्धारित की गई है। सुबह सात बजे से शाम 5 बजे तक ये कार्यक्रम होगा। बीएचयू के भारत अध्ययन केंद्र के साथ ही दिल्ली के मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान और भारत सरकार का आयुष मंत्रालय इस कार्यक्रम का आयोजक है। सुबह 7 से 9 बजे तक कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत योग करना होगा। इसके बाद योग सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेडिटेशन सत्र आदि होंगे। इसमें भारतीयों के साथ ही विदेशी और एनआरआई भी भाग लेने के लिए आएंगे। 

योग कोर्स में दिव्यांगों के प्रवेश पर विचार शुरू
बीएचयू के योग सर्टिफिकेट कोर्स में दिव्यागों के प्रवेश को लेकर विचार किया जा रहा है। मालवीय भवन के मानित निदेशक प्रो. राजाराम शुक्ल ने शनिवार को एक सूचना जारी कर कहा कि आंगिक विन्यास विधा होने के कारण इस कोर्स में दिव्यांग अभ्यर्थियों का प्रवेश नहीं जाता है। लेकिन अब पाठ्यक्रम की नीति-निर्धारण समिति इस पर विचार कर रही है। बीते 50 साल से योग साधना केंद्र का संचालन किया जा रहा है। बीएचयू ने चार महीने के योग कोर्स में प्रवेश शुरू किया है। 

डाॅ. अरुण बने पालि-बौद्ध अध्ययन विभाग के अध्यक्ष
बीएचयू के पालि और बौद्ध अध्ययन विभाग में डॉ. अरुण कुमार यादव ने विभागाध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण किया है। उनकी नियुक्ति तीन वर्षों के लिए की गई है। डॉ. यादव ने अपनी उच्च शिक्षा इसी विभाग से प्राप्त की है। बीए, एमए, पीएचडी करने के बाद नव नालंदा महाविहार नालंदा में 14 साल तक अध्यापन एवं प्रशासनिक कार्य किया। डॉ. यादव  शिमला के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस स्टडीज के एसोसिएट फैलो तथा चीन के ग्वांगझोउ एकेडमी ऑफ फाइन आर्ट्स में विजिटिंग प्रोफेसर भी हैं।  

विद्यापीठ में पीजी में दाखिले के लिए समर्थ पोर्टल से होगा आवेदन, 30 जून तक का माैका
काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में पीजी में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया रविवार से शुरू हो गई। अभ्यर्थी समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस बार की प्रवेश प्रक्रिया कई मायने में खास होगी। 

विश्वविद्यालय में ऐसा पहली बार होगा जब सभी पाठ्यक्रमों में मेरिट से प्रवेश लिया जाएगा। विश्वविद्यालय में नये सत्र में दाखिले के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर में आवेदन की तिथि पर प्रवेश समिति की मुहर लगने के बाद स्नातक में 25 अप्रैल से आवेदन चल रहा था। पहले 20 मई तक फाॅर्म भरे गए।

इसके बाद 29 और फिर 31 मई तक तिथि बढ़ाई गई। अब तक करीब 15 हजार अभ्यर्थियों ने स्नातक में प्रवेश के लिए आवेदन भी कर दिया है।  यह 30 जून तक चलेगी। प्रवेश सेल के समन्वयक प्रो. बंशीधर पांडेय ने बताया कि स्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया 1 से 31 जुलाई तक और स्नातकोत्तर व डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की 15 जुलाई से 14 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी। पीजी में आवेदन के बारे में अभ्यर्थी कोई भी जानकारी वेबसाइट से लेकर कर सकते हैं। 

स्क्रूटनी के लिए 5211 छात्रों ने किया आवेदन
माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं की स्क्रूटनी (पुन: जांच) के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। क्षेत्रीय कार्यालय के तहत आने वाले 15 जिलों में से पूर्वांचल के 10 जिलों से 5211 आवेदन आए हैं। इसमें हाईस्कूल के 788 और इंटरमीडिएट के 4429 छात्रों ने अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की स्क्रूटनी कराने के लिए आवेदन किया है। इसके तहत हाईस्कूल की कुल 1681, वहीं इंटरमीडिएट की 9980 उत्तर पुस्तिकाओं की स्क्रूटनी की जाएगी। 

एपेक्स हॉस्पिटल ने नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर एपेक्स हॉस्पिटल की टीम ने रैली और नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। हॉस्पिटल निदेशक एवं क्लीनिकल ऑन्कोलाॅजिस्ट डॉ. अंकिता पटेल, डॉ. नेहा गुप्ता, डॉ. गौरव गोस्वामी, चेस्ट फिजिशियन डा. नवीन कुमार, कैंसर रिहैब विशेषज्ञ डॉ. दिब्येंदु, नर्सिंग प्रधानाचार्य प्रो. रमर ने जागरूकता रैली को रवाना किया और तंबाकू से होने वाली बीमारियों की जानकारी दी। 

उप प्रधानाचार्य प्रो. गीता बाबू ने मार्गदर्शन में एपेक्स के बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक पेश किया। रैली का संचालन सहायक प्रवक्ता राकेश कुमार ने किया। एपेक्स के चेयरमैन डॉ. एसके सिंह ने कार्यक्रम के लिए आयोजकों को बधाई दी।

समर कैंप में 200 ने लिया प्रशिक्षण
खत्री हितकारिणी सभा के महिला शाखा के ओर से समर कैंप का समापन रविवार को सरस्वती कन्या इंटर काॅलेज में हुआ। 15 दिनों चले कैंप में 200 बालिकाओं और महिलाओं ने प्रशिक्षण लिया। कैंप में सेल्फ डिफेंस, कराटे, मेहंदी, ब्यूटीशियन, नॉन फायर कुकिंग, इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स और डांस का निशुल्क प्रशिक्षण दिया गया। समापन के दौरान प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह विवेक खन्ना, मनीष कपूर, मुकेश मेहरा, नवीन सेठ, गौरव वाही ने दिया। स्वागत महामंत्री शम्मी खत्री ने एवं धन्यवाद आनंद कपूर, संचालन सांस्कृतिक मंत्री गोपाल सेठ ने किया। 

स्टेशनों और काॅलोनियों में निकली जागरूकता रैली
विश्व पर्यावरण संरक्षण पखवाड़ा के तहत रविवार को बनारस और वाराणसी सिटी स्टेशन पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता रैली निकाली गई। स्वच्छ परिसर कर पर्यावरण को साफ-सुथरा रखने को लेकर यात्रियों से अपील की गई। 

वाराणसी सिटी के काॅलोनियों की साफ-सफाई कराई गई और रैली निकालकर पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक किया गया। साथ ही ग्लोबल वार्मिंग से पर्यावरण में दिन प्रतिदिन हो रहे बदलाव के कारण बढ़ते तापक्रम को कम करने के लिए लोगों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में पौधे लगाने को कहा। मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अभिषेक राय के नेतृत्व में कार्यक्रम हुए। 

सनातन संस्कृति की पुनर्संस्थापक थीं रानी अहिल्याबाई
भारत विकास परिषद आनंदम की ओर से रविवार को रानी अहिल्याबाई की जयंती मनाई गई। श्री काशी विश्वनाथ धाम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंदिर प्रांगण में विराजमान उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। मुख्य वक्ता उपेंद्र विनायक सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि महारानी अहिल्याबाई होल्कर सनातन संस्कृति की पुनर्संस्थापक थीं। उनका जीवन हिंदू धर्म व समाज के लिए समर्पित था। इस दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र, विनोद त्रिपाठी, राजन अग्रवाल, कमलेश सिंह, मनीष केशरी, शिल्पी मौजूद रहीं। 

समर कैंप में दिया जाएगा आत्मरक्षा का प्रशिक्षण
नवसृजन फाउंडेशन की ओर से रविवार को 15 दिवसीय समर कैंप की शुरुआत हुई। इसमें बच्चों को पेंटिंग, आर्ट, क्राफ्ट, सिंगिंग, योग, खेलकूद, और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्य अतिथि काशी उत्तर भाग के सेवा प्रमुख डॉ. राहुल सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित शिविर का शुभारंभ किया। अध्यक्ष प्रीति जायसवाल ने कहा कि इसमें समाज के वंचित व जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क रचनात्मक शिक्षा प्रदान की जाती है। इस दौरान बीना चौरसिया, पूजा सेठ, आयुषी अग्रवाल, अंजली गुप्ता, मेरी गुप्ता, मौजूद रहे। 

सुबह ए बनारस में बजा असीम का सितार
सुबह ए बनारस में कोलकाता के कलाकार असीम चौधरी का सितार वादन हुआ। वादन का आरंभ राग परमेश्वरी में आलाप जोड़ के साथ हुआ। इसके बाद विलंबित तीन ताल में निबद्ध रचना पेश की। मध्य एवं द्रुत तीन ताल में निबद्ध रचना से वादन का समापन किया। संचालन देवेंद्र मिश्रा ने किया। 

कर्मों की कुशलता ही योग है
योगाचार्य गणेश प्रसाद सोनकर ने कहा कि कर्मों की कुशलता ही योग है। विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को नगवा स्थित योग प्रशिक्षण आश्रम में योग शिविर का शुभारंभ किया गया। शुभारंभ मुख्य अतिथि लकी गुप्ता, विशिष्ट अतिथि नगवा पार्षद डॉ. रविंद्र सिंह व योगाचार्य गणेश प्रसाद सोनकर ने किया। योगासनव प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें सूर्य नमस्कार, वज्रासन, पद्मासन, गरुड़ासन त्रिकोण आसन आदि आसनों का अभ्यास कराया गया। 

विश्वनाथ धाम में सूर्येश्वर शिवलिंग की आराधना
श्री काशी विश्वनाथ धाम में भगवान सूर्य द्वारा लिंग स्वरूप में स्थित सूर्येश्वर शिवलिंग की आराधना पंचामृत से की गई। भगवान सूर्य की पूजा करने से व्यक्ति को कई लाभ मिलते हैं। मान्यता है कि भगवान सूर्य की आराधना से बल, बुद्धि, यश और अच्छी सेहत के साथ ही नकारात्मक प्रभावों से मुक्ति मिलती है। सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। 

वृंदावन रेजीडेंसी में कर्मेश्वर महादेव का मंदिर स्थापित
टिकरी रोड पर स्थित वृंदावन रेजीडेंसी में शनिवार को श्री कर्मेश्वर महादेव शिवमंदिर की स्थापना हुई। 11 वेदपाठी और बटुक ब्राह्मणों ने पूरे विधि विधान के साथ भगवान देवाधिदेव महादेव का आह्वान कर शिव लिंग की प्राण प्रतिष्ठा की। सोसाइटी द्वारा एक भंडारे का भी आयोजन किया गया। वृंदावन रेजीडेंसी के रहवासियों ने कलश यात्रा व स्थापना विधि विधान के साथ की गई। इस दौरान आचार्य अमित पुरोहित, सुरेश, अश्वनी, नीलेश, राहुल शास्त्री, संत ज्ञानेश्वरा नंद तीर्थ ने अनुष्ठान पूर्ण कराया। 

प्रांत स्तरीय विजय दिवस समारोह 10 जून को
श्रावस्ती नरेश सुहेलदेव का विजय दिवस समारोह 10 जून को खालिसपुर स्थित महाराजा सुहेलदेव पंचायत भवन पर धूमधाम से मनाया जाएगा। उक्त निर्णय रविवार को पंचायत भवन पर आयोजन समिति की बैठक में लिया गया। श्रावस्ती नरेश राष्ट्रवीर सुहेलदेव विजय दिवस समारोह के बैनर तले होने वाले प्रांत स्तरीय विजय दिवस समारोह समिति द्वारा लगातार 17 वर्षो से मनाया जा रहा है। बैठक में राजकुमार राजभर, अवधेश, अजित, लवकुश, आनंद, उमाशंकर, शिवमूरत मौजूद रहे। 

श्रमिकों की कमाई और स्वास्थ्य पर असर डाल रही गर्मी
दुर्गाकुंड स्थित आनंद पार्क में रविवार को जलवायु परिवर्तन के कारण बढ़ती गर्मी की मार झेल रहे प्रभावित समुदायों के बचाव के बारे में जानकारी दी गई। क्लाइमेट एजेंडा के तहत लोगों को जानकारी दी गई। कला और संस्कृति के माध्यम से लू से बचाव के उपाय सुझाव गए। 

क्लाइमेट एजेंडा की निदेशक एकता शेखर ने बताया कि आज के समय में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में बढ़ता लू का संकट साल दर साल ना केवल गहराता जा रहा है, बल्कि समाज में हाशिये पर रहने वाले समुदाय जैसे ईंट भट्ठा मजदूर, रिक्शा चालक, सफाईकर्मी, रेहड़ी पटरी, मलिन बस्ती समेत पुलिसकर्मी व अन्य बहुत बड़ी आबादी को प्रभावित कर रहा है। 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 2020 तक बनारस शहर में केवल 1.11 प्रतिशत क्षेत्र में ही हरियाली रही है, उसके बाद के साल में भी लगातार विकास एवं निर्माण कार्यों में हरियाली खत्म होती जा रही है। बढ़ती तपिश से बचने के लिए जरूरी है कि शहर में कम से कम 33% हरियाली, स्थायी व अस्थायी कूलिंग रूम की व्यवस्था, बदलते मौसम संदेशों का अधिक प्रसारण, ग्रीन निर्माण कार्य आदि को बढ़ावा देकर हम मजदूरों, महिलाओं, बच्चे और बूढ़ों की जान को सुरक्षित कर सकते हैं।

डॉ. शिशिर ने कहा कि हाल ही में वाराणसी शहर का हीट वेव एक्शन प्लान तैयार किया गया है। बीएचयू के प्रो. सुरेश नायर ने फाइन आर्ट्स के युवाओं द्वारा जलवायु परिवर्तन से उपजे हीट वेव की समस्या में कला और संस्कृति के माध्यम से उजागर करने के लिए युवाओं को सराहा। इस दौरान जागृति राही, मुकेश श्रीवास्तव, महाजन अली और अन्य लोग मौजूद रहे।

संगम नगरी की मिट्टी से बनेंगी काशी में प्रतिमाएं
मूर्तिकारों के सामने मिट्टी का संकट गहराने पर वह अब दूसरे जिलों की ओर रुख कर रहे हैं। संगम नगरी की मिट्टी से मूर्तियों का निर्माण शुरू कर दिया है। वहां से मिट्टी मंगाकर मूर्तियों को आकार दे रहे हैं। कुम्हार भी आसपास जिलों व ग्रामीण इलाकों से मिट्टी मंगाकर मिट्टी के बर्तन बना रहे हैं। मूर्तिकारों व कुंहारों ने एक माह तक जलकल विभाग से मिट्टी के लिए जलकल विभाग का चक्कर लगाते रहे। 

प्रधानमंत्री के जनसंपर्क कार्यालय में जनसुवाई में भी बात उठाई। विधायक ने मिट्टी दिलाने का आश्वासन दिया। मगर, जलकल विभाग ने मिट्टी कुछ मिट्टी दिया, लेकिन उनकी जरूरत पूरी नहीं हुई। मूर्तिकार अभिजीत विश्वास ने बताया कि दुर्गा पूजा के लिए मूर्तियों का ढांचा तैयार हो चुका है। 

अब मिट्टी का काम है, लेकिन जलकल विभाग ने जो मिट्टी दिया था, वह खत्म हो गया। अब मिट्टी के लिए प्रयागराज के संगम क्षेत्र से मंगवाएं हैं। और मंगाने के लिए मांग की है। और भी मूर्तिकार बाहर से मिट्टी मंगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा, जन्माष्टमी, रथयात्रा मेला सहित तमाम त्योहारों के लिए छोटी-बड़ी मूर्तियां तैयार करना है। जलकल विभाग जिस स्थान से मिट्टी देने के लिए कह रहा है। वह इलाका जंगल और पानी से भरा है। जब तक पानी सुखेगा तब तक त्योहार ही बीत जाएंगे। 

पर्यावरण गोष्ठी कर विद्यालय में लगाए पौधे
भारत विकास परिषद वाराणसी शाखा की ओर से करसड़ा के फिक्स माई लाइफ जूनियर हाई स्कूल में पर्यावरण पर गोष्ठी हुई। इस दौरान विद्यालय परिसर में 60 पौधे लगाए गए। मुख्य अतिथि ग्रीन इको सोसाइटी के सचिव आरके भाटिया ने कहा कि स्कूलों में पौधे लगाकर छात्र-छात्राओं को पर्यावरण के बारे में जागरूक किया जाए। इस दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने और प्रदूषण के स्तर को कम करने पर भी विचार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में गिरीश गुप्ता, मदनलाल चौरसिया, आलोक कपूर, कृष्ण मोहन मौजूद रहे। 

पर्ची से गुरुद्वारा के प्रबंधक बने मंजीत सिंह
गुरुद्वारा सिंह सभा रामनगर का शनिवार की रात्रि नौ बजे प्रबंधक का चुनाव संपन्न हुआ। पर्ची से सरदार मंजीत सिंह को नया प्रबंधक चुना गया। प्रबंधक के पद के लिए दो नाम सरदार गुरमीत सिंह और सरदार मंजीत सिंह के नाम की पर्ची गुरु दरबार में डाली गई थी। सरदार मंजीत सिंह के नाम की पर्ची निकली और इसी के साथ उन्हें प्रबंधक चुन लिया गया। पिछले एक वर्ष से प्रबंधक के चुनाव को लेकर सिख संगत दो खेमे में बंट गया था। आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहा है। पूर्व प्रबंधक रविंद्र सिंह लड्डू गुट से मंजीत सिंह को नया प्रबंधक चुना गया। 

प्रशिक्षण शिविर में 90 लोगों को धम्म लिपि पढ़ना सिखाया
बौद्ध कम्यून इंटरनेशनल प्रयागराज और अशोक मिशन एजुकेशनल सोसाइटी की ओर से रविवार को धम्म लिपि पर आधारित विशेष प्रशिक्षण शिविर और कार्यशाला पहड़िया के होटल सुरभि इंटरनेशनल में हुई। कार्यशाला में पंजीयन और उद्घाटन के बाद धम्म लिपि का आविष्कार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्राट अशोक महान द्वारा इसका व्यापक प्रयोग पर एक व्याख्यान हुआ। 

कार्यशाला में डाॅ. कल्पना वर्मा ने नब्बे प्रतिभागियों को धम्म लिपि पढ़ना लिखना सिखाया। संयोजक अशोक आनंद ने बताया कि कार्यशाला में लेखन, अभ्यास, संपूर्ण व्यंजन का लेखन और अभ्यास, मात्रा लगाने की विधि, धम्म लिपि की विशेषताएं, शिलालेखों में पाली के शब्दों का पठन अभ्यास और सम्राट अशोक महान के प्राप्त शिलालेखों में वर्णित विषय वस्तु पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्य अतिथि भंते चंदिमा थेरो ने कहा कि धम्म लिपि को जेम्स प्रिंसेप जैसे विद्वान ने यदि इसे डिकोड नहीं किया होता तो हम अशोक महान जैसे सम्राट से परिचित नहीं हो पाते। विशिष्ट अतिथि डाॅ. राम सुधार सिंह ने विदेशी विद्वानों का उल्लेख करते हुए उनके योगदान की विस्तृत चर्चा की। विशिष्ट अतिथि राज कुमार सेठ ने विचार व्यक्त किए। प्रबंध निदेशक बौद्ध कम्यून इंटरनेशनल डॉ. जी एस शाक्य, डाॅ. शिवमूर्ति लाल मौर्य, कम्यून के चेयरमैन विनोद विक्रम, अंत में  प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र वितरण  किया गया। धन्यवाद ज्ञापन विजय राव ने किया।

ऑपरेशन सिंदूर पर डॉक्टर की लिखी पुस्तक का विमोचन
जिले के चिकित्सक डॉ.मनोज कुमार श्रीवास्तव और डॉ. शिप्राधर की लिखित पुस्तक ऑपरेशन सिंदूर:न्याय की अखंड प्रतिज्ञा का विमोचन नई दिल्ली में भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय संगोष्ठी के दौरान हुआ। परिषद के संरक्षक गजेन्द्र सिंह संधु, राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेश जैन ने डॉक्टर की इस पुस्तक की सराहना की। 

डाॅ. मनोज ने कहा कि पुस्तक की पाँच हजार प्रतियां सैनिकों को निःशुल्क प्रदान कराई जायेगी और लाइब्रेरी में भी उपलब्ध कराई जायेगी। पुस्तक विमोचन पर जय भारत मंच के वरिष्ठ महामंत्री काशी प्रांत संपूर्णा नंद पाण्डेय, भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय सचिव डीडी शर्मा ,गीता गुप्ता, अनिता ने शुभकामनाएं दी।

निषाद पार्टी सिर्फ कर रही परिवार की भलाई 
शिवपुर विधानसभा के ढाब क्षेत्र में रविवार को समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी लौटनराम निषाद ने बैठक की। इस दौरान उन्होंने भाजपा और निषाद पार्टी पर निशाना साधा। कहा कि निषाद पार्टी अब संजय निषाद एंड फैमिली प्राइवेट लिमिटेड ठग कंपनी बन गई है। चंदा समाज से लिया जाता है, लेकिन टिकट सामंती और रसूखदार लोगों को दिए जाते हैं।

कहा कि भाजपा सत्ता पाने के लिए सनातन धर्म और हिंदू धर्म की दुहाई देती है। सरकार बनने के बाद पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक पीडीए समाज के साथ दोयम दर्जे का व्यवहार करती है। आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी लाभ के लिए निषाद, कश्यप, मौर्य, पाल, राजभर, केवट, गूजर, विश्वकर्मा, पासी, सैनी, साहू आदि जातियों को हिंदू बताती है, लेकिन सत्ता में आने के बाद इन्हें नजरअंदाज कर देती है। इस दौरान राजेश निषाद, रामाशीष साहनी, चंद्रिका निषाद, दीपक निषाद, रामजी निषाद, चंदन साहनी, विनय यादव, शिवप्रसाद गोंड, रोहित यादव आदि शामिल रहे।

सेंट जॉन्स स्कूल एलुमनी एसोसिएशन कार्यकारिणी के अध्यक्ष बने दिग्विजय
सेंट जॉन्स स्कूल बरेका के पूर्व छात्रों की संस्था, सेंट जॉन्स स्कूल एलुमनी एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा और चुनाव रविवार को रामकटोरा में हुआ। जिसमें कार्यकारिणी के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चुने गए। मुख्य चुनाव अधिकारी राजीव चावला और सहायक चुनाव अधिकारी संजय बनर्जी के मार्गदर्शन में चुनाव हुआ। जिसमें उपाध्यक्ष विवेक मेहरा, महासचिव अभिषेक बसाक, कोषाध्यक्ष मनीष कटारिया को चुना गया। 

सभा की अध्यक्षता चेयरमैन राजकुमार अग्रवाल ने की, जबकि संचालन निवर्तमान अध्यक्ष अभिनव पांडेय ने किया। इस दौरान पवन बेरी, वैभव गुप्ता, डॉ. अभिनव अग्रवाल, शिखा दास, अपूर्व माथुर, हर्ष झुनझुनवाला, कार्तिकानंद जायसवाल और डॉ. विपिन सिंह को प्रबंध कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया। 

ब्रेथ इजी चेस्ट फाउंडेशन ने निकाली जागरूकता रैली
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में ब्रेथ इजी चेस्ट फाउंडेशन फॉर ह्यूमैनिटी अस्सी वाराणसी की ओर से जन जागरूकता रैली निकाली गई। वरिष्ठ श्वांस एवं फेफड़ा रोग विशेषज्ञ डॉ. एसके पाठक और ब्रेथ ईजी की निदेशक सुनीता पाठक ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 

इसके बाद बनारस मंच पर लोगों को धूम्रपान से बचने के लिए प्रेरित किया गया और इसके दुष्परिणामों की जानकारी के लिए पुस्तक और पर्चा वितरित किए गए। कार्यक्रम में करीब 400 लोगों की फेफड़ों की जांच की गई। इस अवसर पर धूम्रपान उत्पादों का दहन भी किया गया। कार्यक्रम में सुनील उपाध्याय, अभिषेक केसरी, अश्वनी पाठक, अखिलेश रतन, विनीत आदि उपस्थित रहे।

एमएलसी ने इंटरलॉकिंग कार्यों का किया शिलान्यास
एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने रविवार को रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के ककरमत्ता में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि योजना के अंतर्गत ककरमत्ता वार्ड नं 38 के जलालीपट्टी में इंटरलॉकिंग कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान सुधीर वर्मा राजू, अजय विश्वकर्मा, सूर्यांश मिश्रा समेत अन्य मौजूद रहे। 

अग्निशमन विभाग ने 151 दिन में बचाई 339 लोगों की जान
राणसी। अग्निशमन विभाग के रिस्पांस टाइम में सुधार आया है। मौजूदा साल में अग्निशमन विभाग का वाहन आग लगने या मुश्किल में फंसे लोगों की सूचना मिलने पर 12 मिनट में मौके पर पहुंचता है। इस साल एक जनवरी से 31 मई तक अग्निशमन विभाग के पास आग लगने और रेस्क्यू के लिए 682 कॉल आई। इस दौरान 339 इंसानों और 27 मवेशियों की जान बचाई गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि फायर स्टेशन की स्थापना में वृद्धि, उपकरणों के आधुनिकीकरण और यातायात व्यवस्था में सुधार ने आपात सेवा के रिस्पांस टाइम में कमी लाई है। 

वर्ष 2023 में औसत रिस्पांस टाइम 21 मिनट था। जो 2024 में घट कर 17 मिनट हो गया। मौजूदा वर्ष में अग्निशमन विभाग का औसत रिस्पांस टाइम 12 मिनट का है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि आग लगने के बाद हर सेकंड कीमती होता है। ऐसे में सही समय पर सूचना मिल जाने पर प्रभावी तरीके से कार्रवाई संभव हो पाती है।

महिलाओं को दिया आत्मरक्षा का प्रशिक्षण
सारनाथ के दानियालपुर में विश्वकर्मा मार्शल आर्टस की ओर से ग्रीष्मकालीन शिविर लगाई गई है। शिविर में हिस्सा लेने के लिए 25 मई से 31 मई तक खिलाड़ियों का पंजीकरण हुआ। इस मौके पर विश्वकर्मा मार्शल आर्टस के निदेशक रमाशंकर विश्वकर्मा, साधना, तेजस्विनी, खुशी और अंकिता मैजूद रहीं। 

आरोग्य मेले में सेहत की जांच
चिरईगांव पीएचसी पर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले   में लोगों की सेहत की जांच करने के साथ ही गोल्डन कार्ड भी बनाया गया। डाॅ. मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि 50 से अधिक लोगों का आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड बनाया गया। इस दौरान डॉ.पियूष कान्त, डाॅ. सुजीत कुमार मौर्या, डाॅ. आरके मौजूद रहे। 

मेयर ने नेवादा में मिनी नलकूप का किया शिलान्यास
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने रविवार को वार्ड संख्या 26 नेवादा में एक मिनी नलकूप का शिलान्यास किया। इसकी लागत 31.33 लाख है। इस नलकूप से नेवादा वार्ड के गणेश धाम कॉलोनी के लगभग 400 परिवारों को पीने के पानी का लाभ मिलेगा। शिलान्यास के दौरान पार्षद गरिमा सिंह , नवीनत पांडेय , मदन मोहन तिवाती, गुड्डू पटेल, श्याम भूषण, रविन्द्र सिंह, राजकुमार, जितेंद्र पटेल, अमित सिंह, अमरनाथ पटेल, चंद्रशेखर सिंह, नीरज सिंह, पंकज सिंह, गुड्डू सिंह आदि मौजूद रहे। 

धान की प्रजातियों की दी जानकारी
कृषि संकल्प अभियान के तहत रविवार को चिरईगांव के नौ गांवों के किसानों को धान की उन्नत प्रजातियों बीजों के बारे में जानकारी दी गई। कृषि विज्ञान केंद्र और भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान की संयुक्त टीम ने अभियान के तहत नौ गांव के किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। बरियासनपुर गांव में लखनऊ से आए नोडल अधिकारी रमेश कुमार मौर्य, अपर कृषि निदेशक (भूमि संरक्षण) की अध्यक्षता में अभियान चलाया गया। कवीके के वैज्ञानिक डॉ. मनीष पांडे ने आम के बौर की समस्याओं का समाधान बताया। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed