फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Pistol Brandished During Apartment Party Two people Dead Full Story

Varanasi News Today: अपार्टमेंट में पार्टी के दौरान पिस्टल से धमकाया, दो लोगों की मौत; वाराणसी की खबरें

Sun, 24 May 2026 02:28 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Sun, 24 May 2026 02:28 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी के शिवपुर और सारनाथ थाना क्षेत्र में दो लोगों ने अपनी-अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, एक अपार्टमेंट में पार्टी के दौरान युवक की पिटाई और पिस्टल के बट से सिर हमला मामले में दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

विज्ञापन
Varanasi News Today Pistol Brandished During Apartment Party Two people Dead Full Story
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: शिवपुर थाना क्षेत्र में हरिहरपुर रिंग रोड के पास शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई। प्रतापगढ़ के कुंदनपुर गांव निवासी 25 साल के आशीष कुमार गौतम अपने गांव के ही वाहन मालिक अरुण कुमार के साथ चंदौली से लौट रहे थे। 

विज्ञापन


रिंग रोड पर आगे चल रहे ट्रेलर की बैटरी अचानक डिस्चार्ज हो गई, जिससे वह बीच सड़क पर रुक गया। तेज रफ्तार होने के कारण पीछे से आ रही पिकअप अनियंत्रित होकर ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। पिकअप चला रहे आशीष की मौके पर ही  मौत हो गई। वाहन मालिक अरुण कुमार, जो गाड़ी के पिछले हिस्से में बैठे थे, मामूली रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
विज्ञापन


बंद कमरे से मिला शव, दो दिन पहले मौत की आशंका
सारनाथ थाना क्षेत्र के अशोक विहार कॉलोनी फेज-2 में शनिवार को बंद मकान से कृष्ण कुमार वर्मा (40) का शव मिला। दुर्गंध उठने पर पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को संरक्षण में लिया और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की। पुलिस ने दो दिन पहले मौत की आशंका जताई है। पहाड़िया के अशोक विहार कॉलोनी फेज-2 के मकान नंबर एमएल-76 निवासी कृष्ण कुमार वर्मा रहते थे। 
विज्ञापन
विज्ञापन


परिजनों ने पुलिस को बताया कि कृष्ण कुमार वर्मा दो दिन पहले अपने कमरे में गए थे और उन्होंने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था। सुबह उनके कमरे से अचानक तेज दुर्गंध उठने लगी तो अनहोनी की आशंका हुई। भाई संतोष कुमार वर्मा ने इसकी सूचना सारनाथ पुलिस को दी। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारण स्पष्ट हो सकेगा। 

अपार्टमेंट में पार्टी के दौरान पिस्टल से धमकाया
महमूरगंज में विजय अपार्टमेंट में पार्टी के दौरान युवक की पिटाई और पिस्टल के बट से सिर हमला मामले में दो आरोपियों के खिलाफ शनिवार को सिगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। दारानगर निवासी पीड़ित देव कमल ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात 10.30 बजे अपार्टमेंट में मित्रों के साथ पार्टी हो रही थी। इस बीच रिशू शर्मा निवासी खोजवा और निहाल यादव समेत दो अज्ञात ने मित्र मयंक जायसवाल को कॉल किया। जैसे ही अपार्टमेंट से बाहर निकला तो हमला कर दिया। 

बेटी की शादी के लिए रखे आभूषण चोरी 
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के मड़ौली में अनिल कुमार गौतम के मकान में शुक्रवार रात चोरी हो गई। सोने-चांदी के 20 लाख के आभूषण और 25 हजार नकदी चोर समेट ले गए। नवंबर में बेटी की शादी के लिए आभूषण रखे गए थे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की है। एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा भी पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। 

मड़ौली निवासी अनिल कुमार गौतम की पत्नी ऊषा देवी ने पुलिस को बताया कि वह नेवादा में अपनी बहन संगीता देवी के घर चली गई थीं। सुबह छह बजे जब घर लौटीं तो गेट का ताला टूटा था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि आसपास के सीसी कैमरों की फुटेज में बाइक सवार चार युवक चिन्हित हुए हैं। रात 2 बजे के बाद ही घटना बताई जा रही है। 

झांसा देकर 1.60 लाख की ठगी
टाटा स्टील सरिया बिक्री का झांसा देकर एसबीआई के रिटायर्ड अधिकारी मुरारी लाल से 1.60 लाख की साइबर ठगी की गई है। पीड़ित ने चौक थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। बड़ी पियरी निवासी पीड़ित मुरारीलाल ने पुलिस को बताया कि गूगल पर टाटा स्टील सरिया खरीदने को लेकर सर्च कर रहा था। इस बीच तुरंत दयाशंकर मिश्र नामक युवक का फोन आया और कहा कि वह टाटा स्टील बार का मार्केटिंग मैनेजर है। 

ऑफिस मुंबई में है और उत्तर प्रदेश का प्रभारी इंचार्ज हूं। टाटा स्टील बार का प्राइस लिस्ट भेजा। इस बीच उसके कहने पर 53420 रुपये अमित विश्वकर्मा के नामक व्यक्ति के खाते में भेज दिए। बाद में उसके कहने पर 1,06840 रुपये और भेजे। बाद में मालूम चला कि साथ ठगी हो गई। चौक इंस्पेक्टर दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

अपार्टमेंट में पार्टी के दौरान पिस्टल से धमकाया, प्राथमिकी दर्ज
महमूरगंज में विजय अपार्टमेंट में पार्टी के दौरान युवक की पिटाई और पिस्टल के बट से सिर हमला मामले में दो आरोपियों के खिलाफ शनिवार को सिगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। दारानगर निवासी पीड़ित देव कमल ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात 10.30 बजे अपार्टमेंट में मित्रों के साथ पार्टी हो रही थी। इस बीच रिशू शर्मा निवासी खोजवा और निहाल यादव समेत दो अज्ञात ने मित्र मयंक जायसवाल को कॉल कर पूछा कि तुम कहां हो।

विवाहिता की मौत में जेठ पर प्राथमिकी दर्ज
शिवपुर के हरिहरपुर में विवाहिता की जहरीला पदार्थ खाने से मौत के मामले में पुलिस ने जेठ के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज की है। संतोष राजभर की पत्नी रीता देवी ने 20 मई की रात विषाक्त पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पिता मुन्नीलाल भारद्वाज, निवासी अनौनी बाजार गाजीपुर ने शिवपुर थाना में तहरीर देकर आरोप लगाया कि रीता का विवाह 2012 में हुआ था और शादी के बाद से जेठ संतोष लगातार प्रताड़ित करता था। आरोपी आए दिन गालीगलौज करता था और समाज में अपमानित करता था। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है। 

घर के बाहर बैठी वृद्धा से पर्स और मोबाइल छीना
लंका थाना क्षेत्र के मारुति नगर कॉलोनी में शनिवार को घर के बाहर बैठी शीला सिंह से युवक पर्स और मोबाइल छीनकर भाग निकला। घटना सीसी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, भोखरी रोहतास बिहार निवासी और चंदौली में अध्यापक जितेंद्र कुमार सिंह की मां शीला सिंह घर के बाहर बैठी थीं। एक युवक उनके पास पहुंचा और पता पूछने के बहाने बातचीत करने लगा। आरोप है कि युवक अचानक उनके हाथ से पर्स और मोबाइल छीनकर भाग निकला। पर्स में एक हजार रुपये थे। घटना के बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक लंका राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

4.85 लाख हड़पने में दंपती पर प्राथमिकी दर्ज
कारोबार के नाम पर 4.85 लाख रुपये हड़पने और धोखाधड़ी के मामले में दपंती के खिलाफ रामनगर पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की है। भीटी निवासी मुकेश कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि दुर्गावती भेरिया निवासी विकास सिंह पूर्व परिचित था। भीटी के गायत्री नगर कॉलोनी में रहता है। व्यापार शुरु करने के नाम पर 6.85 लाख रुपये उधार लिया। 

24 मार्च को 2025 सिर्फ दो लाख रुपये लौटाए और शेष पैसा मांगने पर पत्नी लवली सिंह ने आश्वासन दिया कि एक माह में पैसा मिल जाएगा और नहीं मिला तो जीवनाथपुर में जमीन की रजिस्ट्री कर देंगे। जमीन भी नहीं दिया गया और न ही पैसा लौटाया गया। पैसा मांगने पर आरोपियों ने पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी। रामनगर इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी दंपती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

लड़की की विदाई की बातचीत के दौरान मारपीट
चौबेपुर थाना क्षेत्र के पचरांव जाल्हपुर गांव में लड़की की विदाई को लेकर चल रही बातचीत के दौरान मारपीट हो गई। घटना में दो लोग घायल हो गए। रोहनिया थाना क्षेत्र के पंडितपुर निवासी मोहम्मद शरीफ और कछवा निवासी शफीक शेख पारिवारिक विदाई की बातचीत के लिए पचरांव जाल्हपुर गांव गए थे। 

आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने एक राय होकर उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दोनों के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। पीड़ितों का कहना है कि गांव वालों के बीच-बचाव के बाद किसी तरह उनकी जान बच सकी। साथ ही आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

अपहरण का आरोपी गिरफ्तार
अपहरण के आरोपी सूरज कुमार शिवपुर को पुलिस ने शनिवार शाम 5 बजे गिरफ्तार किया। किशोरी को भी बरामद किया। परिजनों ने 14 मई को तहरीर देकर बताया था कि पुत्री 11 मई को विद्यालय से मार्कशीट लेने निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद किया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेजा गया। 

बाइक की किस्त लेने पहुंचे रिकवरी एजेंट को पीटा 
चोलापुर थाना क्षेत्र के धरसौना बाजार में शनिवार को बाइक की किस्त लेने पहुंचे रिकवरी एजेंट आशुतोष पांडेय के साथ मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। आशुतोष ने चोलापुर थाने में तहरीर दी। गोसाईपुर मोहाव निवासी आशुतोष पांडेय निजी फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एग्जीक्यूटिव हैं।

आरोप है कि शनिवार दोपहर 3.30 बजे वह धरसौना बाजार में राहुल जायसवाल के बाइक की किस्त लेने पहुंचे थे। राहुल, राजू सिंह, सुधांशु सिंह, सचिन सिंह और कुछ अन्य लोगों ने पीटा। मारपीट के दौरान 4300 रुपये भी छीन लिए। घटना के बाद घायल आशुतोष ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। 

बच्चा चोरी में माता-पिता, बच्चे का डीएनए टेस्ट होगा
भेलूपुर थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी के प्रकरण में माता-पिता के डीएनए टेस्ट कराने की रिपोर्ट भेलूपुर एसीपी ने तैयार कर ली है। सोमवार को जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश कर डीएनए टेस्ट कराने की अनुमति मांगी जाएगी। पुलिस की एक टीम गठित की गई है। भेलूपुर पुलिस पर आरोपियों को छोड़ने के लिए 5 लाख रुपये की मांग का व्यापारी संजय श्रीवास्तव ने आरोप लगाया है। 

आठ महीने पहले ज्ञानपुर की अविवाहित युवती ने बच्चे को चितईपुर के निजी अस्पताल में जन्म दिया। बच्चे को छोड़ दिया तो बड़ी गैबी क्षेत्र की दंपती ने एक लाख रुपये देकर मौर्य बंधुओं से खरीदा। दंपती ने ऑनलाइन खाते में पैसा दिया। डीसीपी काशी गौरव बंशवाल ने बताया कि प्रकरण की जांच एसीपी भेलूपुर को सौंपी है।

मारपीट में विद्यापीठ की दो छात्राओं पर प्राथमिकी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्राओं के बीच मारपीट के मामले में पीड़िता वैष्णवी की तहरीर पर दो छात्राओं के खिलाफ मारपीट, जान से मारने धमकी समेत अन्य आरोपों में शनिवार को सिगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। 

औरंगाबाद निवासी वैष्णवी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को मानविकी संकाय में तृतीय सेमेस्टर परीक्षा समाप्त होने के बाद वह क्लासरूम से बाहर निकली तो दो छात्राओं ने अभद्र टिप्पणी की। विरोध करने पर बाल खींचे और पिटाई की। दोनों छात्राओं ने जान से मारने की धमकी भी दी। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि दोनों छात्राओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। विवेचना कराई जा रही है। 

रात में बेच रहे थे अंग्रेजी शराब, तीन गिरफ्तार
कैंट स्टेशन के सामने विजयानगरम मार्केट में चोरी छिपे शराब और बियर बिक्री करने वाले तीन आरोपियों को सिगरा पुलिस ने शुक्रवार रात गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 33 लीटर अंग्रेजी शराब मिला। इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में जौनपुर जलालपुर मझिगवां खुर्द निवासी सोनू यादव, जलालपुर बहादुरपुर निवासी संदीप यादव और चौबेपुर रजवारी निवासी शिवपूजन यादव हैं। 

वृद्धा पेंशन के लिए इपिक भी मान्य
वृद्धावस्था पेंशन के लिए अब लाभार्थियों की आयु प्रमाणित करने हेतु शासन ने आधार कार्ड को मान्य दस्तावेजों की सूची से हटा दिया है। समाज कल्याण अधिकारी गिरीशचंद्र दूबे ने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन योजना में आवेदन करने वालों के आयु प्रमाण पत्र संबंधी नियमों में बदलाव किया गया है। नगरीय क्षेत्र के आवेदकों के लिए आयु प्रमाण के रूप में हाईस्कूल स्तर का शैक्षिक प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस मान्य होंगे। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र के आवेदकों को कुटुंब रजिस्टर की नकल अथवा शैक्षिक प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। 

बीएचयू को चार साल बाद मिले स्थायी कुलसचिव और परीक्षा नियंता
बीएचयू में चार साल बाद स्थायी कुलसचिव और परीक्षा नियंता की तैनाती हुई है। साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुलसचिव के पद पर डाॅ. राजन श्रीवास्तव का नाम तय हुआ। डॉ. अवधेश कुमार को परीक्षा नियंता बनाया गया है। राजन इसके पहले आईआईटी बीएचयू में संयुक्त कुलसचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। 

हाल ही में राजन श्रीवास्तव को अमेठी के राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान में कुलसचिव बनाया गया था। विवि में कुलसचिव और परीक्षा नियंता का पद पिछले 4 साल से अस्थायी था। इस पर करीब तीन महीने पहले से ही नियुक्ति के लिए स्क्रीनिंग का काम तेज हो गया। इसमें कुलसचिव पद के लिए 18 जबकि परीक्षा नियंता पद के लिए भी 16 लोगों ने आवेदन किया था। 

पूर्व निर्धारित तिथि के अनुसार शनिवार को कुलपति आवास के सामने होल्कर भवन में सुबह 9 बजे से साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू हुई। इसके बाद विवि की ओर से जारी आदेश में बताया गया कि आईआईटी बीएचयू में संयुक्त कुलसचिव रहे डाॅ. राजन श्रीवास्तव को बीएचयू का कुलसचिव नियुक्त किया गया है। 

आरोपों में घिरी कंपनी एसएन इलेक्ट्रिकल को छोड़ना पड़ा टेंडर
वाराणसी एयरपोर्ट पर ठेका कर्मचारियों से कथित अवैध वसूली और श्रमिक शोषण के मामले में बड़ा मोड़ सामने आया है। सांसद प्रिया सरोज की सख्ती के बाद आरोपों में घिरी कंपनी एसएन इलेक्ट्रिकल को अपना टेंडर छोड़ना पड़ा। वहीं, जांच पूरी होने तक अवैध वसूली के आरोप में नामजद तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। फिलहाल एयरपोर्ट की व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के लिए पुरानी कंपनी को तीन माह का सेवा विस्तार दिया गया है। 

मछलीशहर लोकसभा सांसद प्रिया सरोज ने नागरिक उड्डयन मंत्री को पत्र लिखकर मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी। उन्होंने अपने पत्र में कहा था कि लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कार्यरत ठेका कर्मचारियों से नौकरी बनाए रखने के नाम पर लगभग 35 हजार रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही थी। कर्मचारियों को धनराशि न देने पर नौकरी से हटाने और प्रताड़ित करने की धमकियां भी दी जा रही थीं। 

सांसद को कर्मचारियों द्वारा ऑडियो रिकॉर्डिंग सहित कई साक्ष्य सौंपे गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद ने तत्काल संबंधित अधिकारियों और मंत्रालय से बातचीत की तथा संसद में मुद्दा उठाने की बात कही। सांसद प्रिया सरोज ने कहा कि 12 से 25 हजार रुपये प्रतिमाह कमाने वाले कर्मचारियों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

विश्वनाथ मंदिर : महिला पुलिसकर्मी को महिला श्रद्धालु ने काटा
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर दो के प्रवेश द्वार के पास बैरिकेडिंग में लगी एक दक्षिण भारतीय महिला श्रद्धालु ने सुरक्षा में तैनात महिला पुलिसकर्मी की अंगुली को दांत से काट लिया। इससे महिला पुलिसकर्मी घायल हो गई। साथियों ने उन्हें मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में भर्ती कराया। बाद में आरोपी महिला और महिला पुलिसकर्मी के बीच समझौता हो गया। महिला श्रद्धालु समूह के साथ काशी दर्शन के लिए पहुंची थी। 

गेट नंबर दो के प्रवेश द्वार के पास बैरिकेडिंग में लगी महिला आगे बढ़ने लगी। ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह उलझ गई। दशाश्वमेध थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि यह घटना मंदिर परिसर के अंदर हुई थी। विश्वनाथ मंदिर के एसडीएम शंभू शरण ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपस में सुलह कर लिया है। 

सारनाथ में आवंटन करेगी स्मार्ट सिटी
सारनाथ में बनी 13 दुकानों का आवंटन स्मार्ट सिटी की ओर से किया जाएगा। इसे लेकर सक्रियता बढ़ गई है। यहां पर वेडिंग जोन का निर्माण कराया गया है ताकि पीएम स्वनिधि से जुड़े वेंडर्स को जगह मिल सके। स्मार्ट सिटी के पीआरओ शाकंभरी ने बताया कि जल्द ही दुकानों का आवंटन होगा। 

इसरवार गांव में जेसीबी-डंपर समेत कई वाहन सीज
सेवापुरी क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ खनन विभाग ने इसरवार गांव के पास दो जेसीबी, दो डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया गया। कपसेठी थाना क्षेत्र के इसरवार, गैरहा और लोहरडीह गांव के आसपास रात में जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से अवैध खनन हो रहा था। हाईवे पर तेज रफ्तार से मिट्टी लदे वाहन दौड़ने से ग्रामीण परेशान थे। ग्रामीणों ने पहले पुलिस को सूचना दी, लेकिन कार्रवाई न होने पर खनन विभाग को अवगत कराया गया। कपसेठी थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि दो जेसीबी, दो डंपर और दो ट्रैक्टरों पर सीज की कार्रवाई की गई है। खनन में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। 

एसीपी ने हटवाया अतिक्रमण 
कछवा बाजार मिर्जामुराद में एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस के साथ अतिक्रमण अभियान चलाया। पुलिस टीम ने अंडरपास, किसान सब्जी मंडी और वाराणसी-प्रयागराज मार्ग के सर्विस लेन का भ्रमण कर व्यापारियों को सड़क पर अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी। एसीपी ने कहा कि दुकानें नाली के अंदर तक ही लगाई जाएं, अन्यथा सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के निरीक्षण के बाद मिर्जामुराद पुलिस ने कई स्थानों से अतिक्रमण हटाया। 

बसवारी में लगी आग
चौबेपुर क्षेत्र के बर्थरा कलां गांव में शनिवार दोपहर बसवारी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने पुलिस और दमकल विभाग को जानकारी दी। मौके पर पहुंची टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मामले की जानकारी ली गई। 

सपा की सरकार बनाना हमारा लक्ष्य : राधाकृष्ण
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव से लखनऊ कार्यालय में मुलाकात के बाद शिवपुर के सपा नेता राधाकृष्ण संजय यादव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी ने संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया। कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया है। कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना ही उनका मुख्य लक्ष्य है। 

पार्टी शिवपुर से जिसे भी प्रत्याशी बनाएगी, वह पूरी निष्ठा, मेहनत और समर्पण के साथ उसे जीत दिलाने का कार्य करेंगे। संजय यादव की इस सकारात्मक सोच और संगठन के प्रति समर्पण की भावना की बैठक में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सराहना की। इस दौरान सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भी उनकी कार्यशैली, सोशल मीडिया पर सक्रियता की प्रशंसा की। अखिलेश यादव ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। 

सपा नेता को दी एक लाख की सहायता
शिवपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सीवों में किडनी रोग से पीड़ित सपा नेता बाला लखेंद्र राजभर के आवास पर शनिवार को पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर पूर्व मंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय महासचिव राम अचल राजभर के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने उनका कुशलक्षेम जाना और एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। बाला लखेंद्र राजभर ने सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रति आभार जताया। 

पत्रकारों से बातचीत में रामअचल राजभर ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर मतदान करेगी। प्रतिनिधि मंडल में जिला महासचिव आनंद मौर्य, राधाकृष्ण संजय यादव, आनंद मोहन गुड्डू, हीरालाल मौर्य, अक्षय कुमार बबलू, जियालाल राजभर, ज्वाला राजभर, राजकुमार यादव आदि शामिल रहे। 

76 न्यायालय स्वीकृत हैं, 45 न्यायालय ही हो रहे संचालित
जनपद न्यायालय में कुल 76 न्यायालय स्वीकृत हैं, वर्तमान में केवल 45 न्यायालय ही संचालित हो रहे हैं। 32 न्यायालय रिक्त होने के कारण न्यायिक कार्य गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। बहस पूरी होने के बाद भी मामलों में 14-14 दिन की तारीख लग रही है और आदेश पारित नहीं हो पा रहे हैं। कई मामलों में पुनः बहस की नौबत आ रही है, जिससे वादकारी और अधिवक्ता दोनों परेशान हैं।

जनपद न्यायालय की न्यायिक व्यवस्था को दुरुस्त और सुव्यवस्थित करने के लिए सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम ने न्यायालयों में बढ़ती समस्याओं और अधिवक्ताओं की लगातार शिकायतों को देख 25 मई को सेंट्रल बार सभागार में संयुक्त बार की आमसभा बुलाई गई है, जिसमें सेंट्रल बार और बनारस बार के अधिवक्ता शामिल होकर अपनी समस्याएं और सुझाव रखेंगे। 

अध्यक्ष ने बताया कि बार एसोसिएशन ने न्यायिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए कई सुझाव तैयार किए हैं। इनमें सेशन कोर्ट और मजिस्ट्रेट कोर्ट को अलग-अलग ब्लॉक में संचालित करने, हर भवन के बाहर डिस्प्ले बोर्ड लगाने, दीवानी परिसर में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग प्रमुख है। आमसभा में अधिवक्ताओं से प्राप्त सुझावों के आधार पर प्रस्ताव पारित कर जिला जज से इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायमूर्ति और प्रशासनिक न्यायमूर्ति सिद्धार्थ को भेजा जाएगा। 

सपा राज्य कार्यकारिणी में प्रदेश सचिव नामित हुए लालू यादव
भूतभैरव लकड़ी मंडी नखास के लालू यादव को समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश की राज्य कार्यकारिणी में प्रदेश सचिव नामित किया गया है। इस आशय का पत्र प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की ओर से जारी किया गया है। पत्र के अनुसार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्वीकृति से यह जिम्मेदारी दी गई है। 

आंखों की रोशनी भले नहीं मगर सुरों की साधना से किया जगमग
छावनी परिषद वाराणसी एवं दीपिका कल्चरल सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से नेहरू पार्क कैंट में आयोजित साप्ताहिक सांस्कृतिक कार्यक्रम “वरुणा संध्या” में शनिवार को पुणे के दृष्टिबाधित शास्त्रीय गायक निनाद अनिल शुक्ला एवं दृष्टिबाधित तबला वादक पंकज राय ने प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। उन्होंने शुरुआत राग मारू विहाग की बंदिश माई मीठ हरीजू के बोलना... से की। उनकी गहरी और साधना से सजी आवाज ने सभी को प्रभावित किया। 

परियोजनाओं के निर्माण में बाधा आए तो बताएं, तेजी से काम करें : डीएम
डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को पूर्वांचल विकास निधि राज्यांश/जिलांश, क्रिटिकल गैप्स योजना और त्वरित आर्थिक विकास योजना से संबंधित निर्माण कार्यों की विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने सीएमआइएस पोर्टल और समय सीमा से देरी से चल रही परियोजनाओं की समीक्षा की। 

कार्यदायी संस्थाओं के परियोजना प्रबंधकों से कहा कि विशेष रुचि लेकर विलंब से चल रही परियोजनाओं के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के प्रभावी प्रयास करें। डीएम ने परियोजना के लिए जमीन न मिलने और टेंडर प्रक्रिया में देरी को लेकर यूपी सिडको के अधिशासी अभियंता पर नाराजगी जताई। 

उन्होंने कहा कि जिस परियोजना के निर्माण कार्य में यदि कोई बाधा उत्पन्न होती है तो उसे तत्काल हमें अवगत कराएं ताकि मामले का निस्तारण सुनिश्चित हो सके। कहा कि लंबित प्रकरणों को शीघ्र संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर चर्चा कर एक अलग बैठक कराई जाए। बैठक में सीडीओ प्रखर कुमार सिंह रहे। 

राज्यमंत्री और रोहनिया विधायक ने 6.90 करोड़ के 20 कार्यों का किया शिलान्यास
मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित और मलिन बस्ती विकास योजना के तहत 6.90 करोड़ के 20 कार्यों का शिलान्यास शनिवार को राज्यमंत्री एमएसएमई राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा और रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने किया। इस अवसर पर शहरी आवास योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किया गया। रोहनिया विधानसभा में इंटरलॉकिंग/सीसी रोड के नवनिर्माण कार्य होंगे। सूजाबाद-डोमरी में प्रकाश वाटिका का निर्माण होगा। सूजाबाद में 48.55 लाख की लागत से 4 कार्य होंगे।

सीर गोवर्धनपुर वार्ड के काशीपुरम कॉलोनी राम इकबाल के मकान से काशीपुरम कॉलोनी तक लगभग 120.41 लाख की लागत से 790 मीटर का सीसी रोड निर्माण कार्य होगा। सुसुवाही वार्ड के सत्संग विहार कॉलोनी कोमल निवास से गीता भारती के मकान तक लगभग 17.03 लाख की लागत से 170 मीटर का सीसी रोड निर्माण कार्य कराए जाएंगे।

मंडुवाडीह वार्ड नंबर 6 के मानिकपुर वाराणसी में बाबू के मकान से राजकीय कन्या विद्यालय तक लगभग 14.64 लाख की लागत से 150 मीटर और जटाशंकर के मकान से सदानंद पटेल के मकान तक लगभग 3.09 लाख की लागत से 50 मीटर का सीसी रोड निर्माण होगा। इस अवसर पर पार्षद सुशीला पटेल, पार्षद गोपाल पटेल, पार्षद सुरेश पटेल, राम सिंह मौजूद रहे। 

घर से पैदल और निगम से इलेक्ट्रिक कार से निकले मेयर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण के आह्वान को धरातल पर उतारते हुए नगर निगम ने शनिवार को नो फ्यूल डे के रूप में मनाया। इस दौरान प्रदूषण पर लगाम लगाने और ईंधन की बचत का संदेश देने के लिए मेयर अशोक कुमार तिवारी ने स्वयं एक मिसाल कायम की। 

वे अपनी पारंपरिक सरकारी गाड़ी छोड़ने की बजाय छाता लेकर सिर पर गमछा बांधकर पैदल ही नगर निगम कार्यालय पहुंचे। कार्यालय में पहुंचने के बाद वे बीएचयू में हुए एक कार्यक्रम में सम्मिलित होने के पेट्रोल-डीजल प्रदूषण मुक्त इलेक्ट्रिक कार का उपयोग किया। मेयर की इस पहल का प्रभाव निगम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी स्पष्ट नजर आया।

शनिवार को कार्यालय परिसर में पारंपरिक वाहनों की रौनक कम रही और अधिकतर कर्मचारी साइकिल, सार्वजनिक परिवहन (ई-रिक्शा/बस) या इलेक्ट्रिक वाहनों से अपने गंतव्य तक पहुंचे।

निगम की इस पहल का उद्देश्य जनता को निजी वाहनों का उपयोग कम करने और पर्यावरण के अनुकूल साधनों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। निगम के इस प्रयास को शहर के प्रबुद्ध वर्ग की ओर से काफी सराहा जा रहा है।

70 लाख की लागत से नलकूप का किया शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रेरणा और मार्गदर्शन में शनिवार को शहर में विकास कार्यों की गति को और तेज करते हुए मेयर अशोक कुमार तिवारी ने महत्वपूर्ण सौगात दी। मेयर ने बलुआबीर वार्ड संख्या 88 के अंतर्गत कंपोजिट स्कूल परिसर में 70 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नलकूप का शिलान्यास किया। इस नलकूप के निर्माण से क्षेत्र की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर नाथ गुप्ता, संदीप चौरसिया, पूर्व मंडल अध्यक्ष ऋतुराज सिंह, क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि तुफैल अंसारी, पार्षद सुरेश चौरसिया मौजूद रहे।

जातक कथाओं का मर्म विषय पर संवाद आज
लंका स्थित क द आर्ट कैफे में ‘जातक कथाओं का मर्म’ विषय पर विशेष संगोष्ठी रविवार को आयोजित होगी। इसका आयोजन साखी शोधशाला वाराणसी और अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम में भारतीय ज्ञान परंपरा के संदर्भ में जातक कथाओं के दार्शनिक, सामाजिक और सांस्कृतिक पक्षों पर गंभीर विमर्श होगा। 

संगोष्ठी की अध्यक्षता वरिष्ठ आलोचक प्रो. अवधेश प्रधान करेंगे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में साहित्यकार प्रो. सदानंद शाही और विद्वान प्रो. राम सुधार सिंह अपने विचार रखेंगे। साखी शोधशाला ने साहित्यकारों, शोधार्थियों, बुद्धिजीवियों और संस्कृति प्रेमियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। 

गाजी मियां की शादी आज, मेला शुरू
गाजी मियां की शादी की रस्म रविवार को अदा की जाएगी। इसको लेकर बड़ी बाजार स्थित उनकी दरगाह के पास तीन दिवसीय मेला शुरू हो गया है। सुबह से रात तक दरगाह पर जियारत के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही। खिलौने, चरखी, झूले और चटपटे व्यंजनों की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ लगी रही। दरगाह कमेटी के एजाजुद्दीन अहमद ने बताया कि मेला शुरू हो गया है। रविवार रात बाबा की बरात निकाली जाएगी। इसके बाद दरगाह पर शादी की रस्म पूरी की जाएगी। 

समृद्ध विरासत से जोड़ने के लिए शुरू होगा प्रशिक्षण
युवा पीढ़ी के साहित्य-प्रेमियों और हिंदी के विद्यार्थियों को अतीत की समृद्ध विरासत से जोड़ने के लिए नागरीप्रचारिणी सभा का प्रशिक्षण कार्यक्रम 25 मई से शुरू होगा। प्रसिद्ध आर्यभाषा पुस्तकालय में 15 दिवसीय प्रशिक्षण प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से आयोजित किया जाएगा। सभा के प्रधानमंत्री साहित्यकार व्योमेश शुक्ल ने बताया कि सभा परिसर में प्राचीन पांडुलिपियों का डिजिटलीकरण किया जा रहा है। 

प्रशिक्षुओं को पांडुलिपि स्कैनिंग, मेटाडाटा क्रिएशन, कैटलॉगिंग, बोलने की कला, इनडिजाइन पर अखबार और पत्रिका निकालने का हुनर तथा पुराने ग्रंथों की सॉफ्ट कॉपी तैयार करना सिखाया जाएगा। इसमें बीएचयू, डीएवी पीजी कॉलेज, आर्य महिला पीजी कॉलेज और बसंत महिला महाविद्यालय के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है।

प्रो. रामनारायण अध्यक्ष मनोनीत
बीएचयू के प्रोफेसर रामनारायण द्विवेदी सनातन धर्म आदर्श संस्कृत महाविद्यालय दोहगी ऊना हिमाचल प्रदेश में प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मनोनीत हुए हैं। उनका कार्यकाल तीन साल का होगा। केेंद्रीय संस्कृत विवि दिल्ली के कुलपति ने उनको मनोनीत किया है। प्रो. द्विवेदी  विभिन्न राज्यों के विश्वविद्यालयों में कार्य परिषद सदस्य, एकेडमी कमेटी सदस्य हैं। वह काशी की शास्त्रार्थ परंपरा की जीवंत रखने में अहम योगदान दे रहे हैं। उन्होंने 12 पुस्तकें लिख चुके हैं तथा तीन पत्रिकाओं के संपादक हैं। 

चमकाई जा रहीं शहर की पुरानी दीवारें
स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों में नगर निगम जुट गया है। इसके लिए शहर की पुरानी दीवारों को चमकाया जा रहा है। नगर निगम ने इसके लिए कार्ययोजना बनाई है। मंडुवाडीह से महमूरगंज, रथयात्रा, गुरुबाग, लक्सा, गिरजाघर और गोदौलिया होते हुए दशाश्वमेध जाने वाले मार्ग की कई पुरानी दीवारों पर रंगरोगन किया जा रहा है। शहर में कई ऐसी जगहें हैं, जहां पुरानी दीवारें हैं। 

इन दीवारों पर वॉल पेंटिंग के जरिए लोगों को सफाई के प्रति जागरूक किया जा रहा है। शहर में जगह-जगह दीवारों पर पेंटिंग बनाई जा रही है। नगर निगम की ओर से पेंटिंग के माध्यम से सफाई रखने, डस्टबिन में कचरा डालने और पौधारोपण जैसे संदेश दिए जा रहे हैं। बता दें कि स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए जल्द ही केंद्रीय टीम शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेगी। 

विरोध के बाद भी बेनिया में खुल गई बकरा मंडी
विरोध के बाद बेनियाबाग के पास खुली बकरा मंडी को अब निरस्त करने की तैयार कर ली गई है। पिछले दिनों यहां बकरा मंडी खुलने पर लोगों ने काफी विरोध किया था। अब इसके निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।  क्षेत्र के पार्षद इंद्रेश सिंह ने मंदिर से पांच किमी दायरे में मीट मांस न बेचने का मुद्दा सदन में उठाया था। इसके बाद तय हुआ था कि मंदिर से पांच किमी दायरे में मांस न बेचा जाए। 

बावजूद इसके इसका आवंटन कर दिया गया। इसके बाद यहां धड़ल्ले से बकरों की खरीद फरोख्त की जा रही है। आए दिन यहां बकरा मंडी में विवाद होता है। एक पक्ष जहां मंडी लगाने के पक्ष में है तो दूसरा पक्ष मंडी न लगाने के पक्ष में है। स्मार्ट सिटी के पीआरओ शाकंभरी ने बताया कि पार्क और पार्किंग में मंडी चलाने के दिया जाता है। बीते कई वर्षों से दिया जा रहा है। इसके निरस्तीकरण की कार्रवाई चल रही है। 

मार्कंडेय महादेव घाट पर चला जागरूकता अभियान
कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव गंगा घाट पर लगातार हो रही डूबने की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों, पुजारियों और दुकानदारों ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। शनिवार को मंदिर चौराहे से घाट तक चेतावनी बैनर लगाए गए और दीवार लेखन कर लोगों से गहरे पानी में न जाने तथा स्थानीय लोगों से जानकारी लेकर ही स्नान करने की अपील की गई। 

सामाजिक कार्यकर्ता वल्लभाचार्य पांडेय के नेतृत्व में सोशल मीडिया अभियान भी चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर घाट पर बैरिकेडिंग, जाल, जल पुलिस और गोताखोर तैनात करने की मांग की गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पानी में पुरानी दीवार और खंभों के कारण गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसे होते हैं। इस दौरान प्रदीप सिंह, अमित कुमार, दीनदयाल, पवन निषाद और बृजेश मौजूद रहे। 

बाजार फेस्ट प्रदर्शनी का मालिनी अवस्थी ने भी किया अवलोकन
लोक गायिका मालिनी अवस्थी ने शनिवार को महमूरगंज स्थित बनारस स्वर्ण कला केंद्र की ओर से आयोजित ‘बाज़ार फेस्ट’ का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस ‘बाजार फेस्ट’ में लाइफस्टाइल एवं फैशन प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में फैशन, हस्तशिल्प, डिजाइनर परिधान, ज्वेलरी और विभिन्न लाइफस्टाइल उत्पादों की आकर्षक श्रृंखला प्रस्तुत की गई। 

इस दौरान महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और उनके हुनर को मंच देने पर जोर दिया गया। महिलाओं और पुरुषों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन में टाइटल स्पॉन्सर के रूप में डिवाइन मैन बनारस, मैट केयर हॉस्पिटल, सुविधा साड़ी कंपनी, नंदी फूड कंपनी तथा एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक का सहयोग रहा। 

सामाजिक महामारी है तनाव चिंता और भावनात्मक असंतुलन
हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग में आयोजित कार्यशाला में मानसिक स्वास्थ्य पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य वक्ता मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्ष प्रो. ममता वर्मा ने कहा कि तनाव, चिंता और भावनात्मक असंतुलन समाज की मूक महामारियां बन गई हैं। इसके प्रति सजग होने की जरूरत है।

कॉलेज में आयोजित कार्यशाला में प्रो. ममता ने कहा कि तनाव, चिंता और भावनात्मक असंतुलन मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करते हैं। जहां तकनीक हमें जोड़ रही है, वहीं कहीं न कहीं मनुष्य अपने स्वयं के मन से कटता जा रहा है। जब चुनौतियां हमारे सामर्थ्य से ऊपर उठ जाती हैं तो तनाव उत्पन्न होता है। सकारात्मक तनाव हमें लक्ष्य तक पहुंचने में मदद करता है, जबकि नकारात्मक तनाव लंबी अवधि तक हमारे भीतर संचित रह जाए तो स्वास्थ्य को हानि पहुंचाता है। 

मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा की मनोसामाजिक कार्यकर्ता ईरा त्रिपाठी ने मानसिक स्वास्थ्य प्रबंधन के बारे में बताया। उन्होंने तनाव प्रबंधन में विशेष रूप से शैक्षणिक तनाव के लिए समय प्रबंधन, शारीरिक अभ्यास, ध्यान, योग एवं नई सकारात्मक आदतों के विकास को महत्वपूर्ण बताया। इसको लेकर छात्रों में काफी उत्साह दिखा। छात्र सभी प्रतियोगिताओं में उल्लास के साथ भाग लेते दिखे। छात्राओं में भी कार्यक्रम का उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के उप-प्राचार्य प्रो. विश्वनाथ वर्मा ने की। अतिथियों का स्वागत मनोविज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आशुतोष द्विवेदी ने किया, जबकि संचालन डॉ. वीरेंद्र पटेल ने किया। इस दौरान प्रो. अनिल कुमार, प्रो. अनिता सिंह, डॉ. देवेंद्र सिंह, डॉ. ओम शर्मा, डॉ. अलका श्रीवास्तव, पवन सिंह और गणेश यादव आदि मौजूद रहे।

वाद-विवाद प्रतियोगिता में अर्पिता और इंस्ट्रूमेंटल म्यूजिक में विमर्श श्रीवास्तव रहे विजेता
दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की वाराणसी शाखा ने शनिवार को सीए स्टूडेंट टैलेंट सर्च-2026 कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें वाद विवाद, इंस्ट्रूमेंटल म्यूजिक, कविता, एलोक्युशन्स, और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं हुई।

इसमें 250 से ज्यादा सीए स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में जीतने वाले प्रतिभागी को रीजनल लेवल की प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसमें सात राज्यों के प्रतिभागी होंगे। वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर अर्पिता, रबीला और दूसरे स्थान पर जुनैद और वैष्णवी रहीं। 
इंस्ट्रूमेंटल म्यजिक प्रतियोगिता में विमर्श श्रीवास्तव प्रथम और दूसरे स्थान पर प्रखर द्विवेदी रहे। 

कविता प्रतियोगिता में शशांक ने पहला, लकी तिवारी ने दूसरा और मो. सैफ ने तीसरा स्थान पाया। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर श्रेया, दूसरे स्थान पर सुचिता और तीसरे स्थान पर मानसी रहीं। उसी क्रम में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर प्रखर, अंकित एवं द्वितीय स्थान पर अभय मिश्रा, अब्दुल सलाम रहे। 
   

जल संकट के बीच धान की सीधी बोआई किसानों के लिए उपयोगी
बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान में शनिवार को पूर्वी क्षेत्रीय कार्यशाला में किसानों को नई तकनीक से खेती से जुड़ी बारीकियां बताई गईं। बतौर मुख्य अतिथि इरी आईसार्क के वैज्ञानिक डॉ. आरके मलिक ने कहा कि वाराणसी के साथ मिर्जापुर, चंदौली जिलों में धान की सीधी बोआई (डीएसआर-डायरेक्ट स्पीड राइस) की अपार संभावनाएं हैं। भविष्य में संभावित जल संकट, बढ़ती मजदूरी एवं खेती की लागत को कम करने के लिए डीएसआर तकनीक अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।

भविष्य के लिए कृषि की नई तकनीक विषय पर हुई कार्यशाला में डॉ. मलिक ने कहा कि वर्तमान में लगभग 95 प्रतिशत किसान अभी भी पारंपरिक रोपाई विधि से धान की खेती कर रहे हैं जबकि सीधी बुवाई तकनीक से जल, श्रम एवं समय की उल्लेखनीय बचत संभव है। उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक संजय सिंह ने कहा कि कृषि क्षेत्र में तकनीकी सुधार से किसानों की आय बढ़ेगी। इस दिशा में किसानों को जागरूक करना होगा। 

बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. यूपी सिंह ने कहा कि धान उत्पादन में आधुनिक तकनीकों का अपनाव गेहूं की अपेक्षा काफी कम है। बताया गया कि पूर्वी भारत में अभी भी लंबी अवधि वाली धान की प्रजातियां है जबकि पंजाब जैसे राज्यों में कम अवधि वाली प्रजातियां अपनाई जा रही हैं। डॉ.एसके सिंह ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और घटते जल संसाधनों को देखते हुए कम अवधि एवं जल-संरक्षण आधारित किस्मों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। 

प्रो.एसपी सिंह ने भी विचार रखे। अतिथियों का स्वागत करते हुए कृषि विज्ञान संस्थान के प्रो.पीके सिंह ने किया। इस दौरान डाॅ. कार्तिकेय श्रीवास्तव, डॉ. कल्याण गढ़ई, डॉ. श्रीराम सिंह, डॉ. नवीन कुमार सिंह मौजूद रहे।

आईएचएम हाजीपुर में आतिथ्य उद्योग के लिए रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम
पर्यटन मंत्रालय के अधीन होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम), हाजीपुर 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए डिग्री और डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित करता है। ये पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगार के अवसर प्रदान करते हैं। आईएचएम हाजीपुर राष्ट्रीय होटल प्रबंधन एवं कैटरिंग टेक्नोलॉजी परिषद (एनसीएचएमसीटी), नोएडा से संबद्ध है। 

यह संस्थान जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), नई दिल्ली से मान्यता प्राप्त तीन वर्षीय बीएससी इन हॉस्पिटैलिटी एंड होटल एडमिनिस्ट्रेशन पाठ्यक्रम चलाता है। आईएचएम हाजीपुर के प्राचार्य पुलक मंडल ने बताया कि तीन वर्षीय स्नातक के साथ रोजगारोन्मुखी डिप्लोमा कोर्स भी उपलब्ध हैं। डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में नामांकन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ आधार पर हो रहा है। विभागाध्यक्ष सुमित चटर्जी ने कहा कि भारत में आतिथ्य उद्योग तेजी से बढ़ रहा है, जिससे युवाओं के लिए सुरक्षित रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। 

सहायक प्रशासनिक अधिकारी मरतजा कमाल ने बताया कि आईएचएम हाजीपुर में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, उच्च शिक्षा योजनाएं और अनुसूचित जाति व जनजाति के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति जैसी कई वित्तीय सहायता योजनाएं उपलब्ध हैं। प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा प्रोत्साहन (पीएम-यूएसपी) योजना भी इनमें प्रमुख है। बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत विद्यार्थियों को 24 लाख रुपये तक की ऋण सुविधा भी मिलती है।

दालमंडी में अब एक सप्ताह बाद शुरू होगी नई कार्रवाई
दालमंडी में अब एक सप्ताह बाद नई कार्रवाई शुरू होगी। इस दौरान पुराने निर्माणों को तोड़ा जा रहा है। इसके चलते यहां मलबा पड़ा हुआ है, जिससे रास्ता जाम हो रहा है। मलबा हटाने की दिशा में फिलहाल कोई प्रभावी काम नहीं हो रहा है।

पीडब्ल्यूडी की ओर से मजदूरों को लगाकर भवनों को गिराने का काम जारी है। जेसीबी मशीनों और मजदूरों की मदद से दीवारों व पुराने ढांचों को ध्वस्त किया जा रहा है। आसपास के क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत प्रतिदिन करीब सात घंटे तक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। 

अभियान चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ रहा है और सभी प्रभावित भवनों को नियमानुसार हटाया जाएगा। सड़क चौड़ी होने से दालमंडी क्षेत्र में जाम की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन सुगम होगा। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने कहा कि मलबा रात में उठवाया जाता है। दिन में जाम लगने के कारण रात में ही मलबा हटाने का काम किया जाता है। समय से पूरा मलबा हटवा दिया जाएगा। 

9 मंजिला बनेगी फ्लैटेड फैक्टरी, चांदपुर पोस्ट ऑफिस भी पीपीपी मॉडल पर बनेगा
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिला उद्योग बंधु की बैठक की। इसमें विभिन्न उद्यमियों ने हिस्सा लिया। बैठक में चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र में बनने वाली फ्लैटेड फैक्टरी को तीन की जगह नौ मंजिला बनवाने का प्रस्ताव दिया गया। इसके अलावा पोस्ट ऑफिस के जर्जर भवन को गिराकर नए बहुमंजिला भवन का पीपीपी मॉडल पर निर्माण कराने पर भी मंथन हुआ। 

बैठक में बिजली कटौती को लेकर भी कई उद्यमियों ने शिकायत की। चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र के अध्यक्ष राजेश भाटिया ने बताया कि चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की गई। इसके अलावा क्षेत्र में खड़े ट्रकों को हटवाने अथवा कार्रवाई करने की बात भी कही गई। औद्योगिक क्षेत्र में बनने वाली फ्लैटेड फैक्टरी को तीन मंजिल से बढ़ाकर नौ मंजिला बनाने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि यह बहुउपयोगी हो सके। चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित पोस्ट ऑफिस के जर्जर भवन को गिराकर वहां तीन मंजिला भवन पीपीपी मॉडल पर बनवाने का प्रस्ताव भी दिया गया। 

अवंतिका वेयरहाउसिंग के प्रतिनिधि ने बताया कि राजातालाब में उनकी कंपनी की ओर से 5.7 एकड़ भूमि लीज पर ली गई है। इसमें धारा 80 के तहत उपयोग परिवर्तन की कार्रवाई राजातालाब तहसील में लंबित है। प्रतिभा रिसॉर्ट के प्रतिनिधि ने कहा कि उनकी ओर से वीडीए के पोर्टल पर नक्शा पास कराने के लिए आवेदन किया गया था, जिसे कमियों के कारण वापस कर दिया गया। इसी तरह अन्य रियल एस्टेट कंपनियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

प्रदेश में जिले के एक ही मदरसे की 3 लड़कियां टॉपर
मदरसा बोर्ड की परीक्षा में आलीम (सीनियर सेकेंडरी) की परीक्षा जिले के एक ही मदरसे की तीन छात्राएं टॉपर रहीं। मदरसा दैरातुल इस्लाह चिरागे उलूम की जुमी फरीन प्रदेश में अव्वल रहीं। इसी मदरसे की दूसरे और पांचवें स्थान पर क्रमश: शाइस्ता परवीन और जैनब हानिया रहीं। तीन के पिता साड़ी की बुनकरी करते हैं। जबकि मुंशी-मौलबी (सेकेंडरी) में चंदौली के एक मदरसे के मोहम्मद वसीम टॉपर हैं। 

लंबे समय बाद जिले के मदरसे की छात्रा टॉपर रही हैं। मदरसे के प्रधानाचार्य महफूजू रहमान ने बताया कि जुमी ने 82.60 फीसदी और शाइस्ता ने 82.40 फीसदी अंक हासिल किए। जुमी जामिया इस्लामिया से पीएचडी कर प्रोफेसर बनना चाहती है। रसूलपुरा की शाइस्ता परवनी ने कहा कि मैं आलमा बनना चाहती हूं। 

आईआईटी जैम में दो छात्रों की ऑल इंडिया 24वीं, 75वीं रैंक
उदय प्रताप इंटर कॉलेज के छात्र अमन वर्मा ने आईआईटी जैम ऑल इंडिया में 24वीं रैंक और शिवम पटेल ने 75 वीं रैंक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया है। प्रधानाचार्य डॉ. रमेश प्रताप सिंह ने दोनों चयनित छात्रों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि अमन वर्मा इंटरमीडिएट परीक्षा में 2023 में 88% अंक के साथ विद्यालय से उत्तीर्ण हुए थे। अभी इन्होंने गेट में 19वीं रैंक प्राप्त की। 

इसी तरह शिवम पटेल ने इंटरमीडिएट की परीक्षा 2023 में 86.8% अंकों से उत्तीर्ण की थी। दोनों छात्रों को प्रबंध समिति के सलाहकार प्रोफेसर मनोज कुमार सिंह ने प्रबंध समिति की ओर से सम्मानित किया है। मौके पर विद्यालय के उप प्रधानाचार्य अरविंद कुमार सिंह, रसायन विज्ञान प्रवक्ता अंबिका सिंह, सारनाथ सिंह, नीरज कुमार सिंह मौजूद रहे। 

सनबीम कॉलेज फॉर वीमेन में लगा रोजगार मेला 500 युवाओं ने लिया हिस्सा 
सनबीम कॉलेज फॉर वीमेन भगवानपुर में मेगा जॉब फेयर-2026 का आयोजन हुआ। इसमें 500 से ज्यादा युवाओं ने हिस्सा लिया। रोजगार मेले में आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), लक्ष्मीश्री, फ्लीटब्लू, चेतमणि ज्वेलर्स समेत कई संस्थानों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न कंपनियों की ओर से साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं का चयन किया गया। 

सनबीम ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस के मुख्य परिचालन अधिकारी संदीप मुखर्जी ने कहा कि इस प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं, बल्कि कौशल, आत्मविश्वास एवं उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयारी सफलता की वास्तविक कुंजी है। सनबीम समूह विद्यार्थियों को केवल शिक्षित ही नहीं, बल्कि रोजगार के लिए सक्षम एवं तैयार बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। 

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सौरभ सेन ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उत्कृष्ट करियर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। वहीं, महाविद्यालय प्रशासक सरिता राव ने आयोजन की सफलता के लिए सभी की सराहना की।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed