Varanasi News: हादसों में छह लोगों की मौत, सिलिंडर लदे ट्रक में आग लगी; पढ़ें वाराणसी की प्रमुख खबरें
वाराणसी में विभिन्न हादसों में छह लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, प्रयागराज की ओर जा रहे सीएनजी सिलिंडर लदे एक ट्रक में आग लग गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News Today: वाराणसी के गुड़िया गांव में नेशनल हाईवे पर शुक्रवार की अलसुबह टायर फटने से सीमेंट लादे खड़े ट्रक के पीछे लोहे की चादर लेकर जा रहा ट्रेलर टकरा गया। हादसे में ट्रेलर के चालक की मौत हो गई और खलासी घायल है। हादसे की वजह ट्रेलर चालक को झपकी आना बताया गया है।
पश्चिम बंगाल से लोहे की चादर लादकर ओडिशा जा रहा एक ट्रेलर सीमेंट लादे ट्रक के पीछे टकरा गया। जोरदार टक्कर से चालक और खलासी ट्रेलर के केबिन में फंस गए। मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला। इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई।
चालक की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के बगड़ तिराया थाना क्षेत्र के वाडका निवासी ताहिर खान उम्र (37) के रूप में हुई है। खलासी इलियास खान अस्पताल में भर्ती है। मिर्जामुराद थानाध्यक्ष ने बताया कि क्रेन से दोनों वाहनों को किनारे कराकर यातायात बहाल करा दिया गया है।
हादसे घायल व्यक्ति की मौत
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के मड़ौली का रहने वाला राजकुमार गोड़ (50) गत 20 मई को घर से किसी काम से निकला था। मड़ौली में ही एक बुलेट मोटरसाइकिल सवार ने राजकुमार को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल राजकुमार को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
दशाश्वमेध घाट पर गंगा में किशोरी का शव मिला
वाराणसी दशाश्वमेध घाट पर गंगा में शुक्रवार को किशोरी का शव उतराया दिखा। घाट पर मौजूद लोगों की सूचना पर दशाश्वमेध थाने की पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। पुलिस के प्रयास के बावजूद शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार किशोरी की उम्र लगभग 15 वर्ष प्रतीत हुई है।
चुरामनपुर के युवक की बिहार में हादसे में मौत
लोहता थाना क्षेत्र के चुरामनपुर मरेठवा के मेजर मौर्य 21 साल की बिहार में एक दुर्घटना में मौत हो गई। जब उसका शव घर पहुंचा तो परिवार के लोग हत्या का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया की चुरामनपुर मरेठवा के राजेश मौर्य का पुत्र मेजर मौर्य बिहार के सासाराम में श्रीकृष्ण की झांकी का कार्यक्रम करने गया था। वहां एक दुर्घटना में उसकी मौत हो गई। उसके साथ के लोग शव को लाकर उसके घर छोड़ गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
हादसे में खलासी की मौत
रामनगर के मिर्जापुर मार्ग पर बंदरगाह के समीप शुक्रवार की अलसुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े ट्रक के पीछे ट्रेलर टकरा गया। हादसे में मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र के भुइली गांव निवासी ट्रक के खलासी घूरे यादव (25) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रेलर का चालक और खलासी घायल हुए हैं। ट्रेलर चालक की पहचान चंदौली के चकिया क्षेत्र के राजगीरी और खलासी तेजू के रूप में हुई है।
पत्नी से कहासुनी के बाद पति ने फंदा लगाकर जान दी
शिवपुर के भरलाई निवासी सत्येंद्र कुमार (27) ने पंखे के सहारे दुपट्टे का फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों की सूचना पर शिवपुर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस के अनुसार, युवक की आत्महत्या की वजह पारिवारिक कलह है। शिवपुर थाना क्षेत्र के भरलाई निवासी सत्येंद्र के परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार की देर शाम वह अपने काम से लौटकर घर आया था।
किसी बात को लेकर पत्नी प्रीती से उसकी कहासुनी हुई तो सत्येंद्र ने फंदा लगा लिया। परिजनों ने बताया कि एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले सत्येंद्र की शादी चार वर्ष पहले हुई थी। उसकी डेढ़ साल की एक बेटी है और वह दो भाई व एक बहन में सबसे बड़ा था। इस संबंध में शिवपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
पुलिस की चेकिंग का विरोध किया, फेंका सामान
लोहता के पिसौर पुल के पास शुक्रवार की शाम पुलिस की वाहन चेकिंग का विरोध स्थानीय दुकानदारों ने किया। इससे नाराज तीन-चार दुकानदारों ने लस्सी और चाट सड़क पर फेंक दिया। सूचना पाकर लोहता थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचीं और एक दुकानदार को पकड़ कर थाने ले गई।
लोहता थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि शुक्रवार को दुकानों के सामने खड़ी बाइक को हटाने के लिए कहा गया तो दुकानदार विरोध करने लगे। इस पर सड़क पर खड़ी बाइक का पुलिस ने चालान कर दिया। इससे नाराज कुछ दुकानदारों ने कुछ सामान सड़क पर फेंक दिया।
42 दिन बाद पुलिस ने दर्ज किया चोरी का मुकदमा
सोनारपुरा बागहाड़ा क्षेत्र में प्रेमा देवी के घर में रखे बक्सा से बीते 18 अप्रैल को सोने का हार, दो पीस चूड़ी, एक चेन, कान की बाली, नथुनी और 5000 रुपये चोरी हो गया था। इस मामले में भेलूपुर थाने की पुलिस ने 42 दिन बाद चोरी का मुकदमा दर्ज किया। प्रेमा देवी के अनुसार, वह 18 अप्रैल को दोपहर में मायके गई थी। शाम सात बजे के करीब आई तो कमरे में बक्सा खुला था और गहने और नकदी गायब थी। मामले की शिकायत करने के बाद भी भेलूपुर थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।
पुलिस पर हमला करने के आरोपी गए जेल
लोहता के नकईपुर गांव में गुरुवार को जमीन विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस के ऊपर तीन लोगों ने हमला कर दिया था। हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए थे। पीआरवी के चालक की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ लोहता थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
शुक्रवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। नकईपुर में बाबूलाल पटेल और अखिलेश पटेल के बीच में जमीन संबंधी विवाद है। लोहता थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि नामजद आरोपी बाबूलाल पटेल और उसके दो बेटों सुरेश पटेल व बृजेश पटेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
किशोरी के अपहरण का आरोपी गिरफ्तार
कछवा रोड के मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने एक गांव की किशोरी के अपहरण के आरोप में भदोही जिले के बहुतरा खुर्द गांव निवासी गौतम बिंद को गुड़िया बॉर्डर के समीप से गिरफ्तार किया। इससे एक दिन पहले पुलिस ने किशोरी को बरामद कर परिजनों को सौंपा था। मिर्जामुराद थानाध्यक्ष ने बताया कि एक सप्ताह पहले एक किशोरी अपने मौसा के घर से लापता हो गई थी।
दहेज उत्पीड़न के आरोप में पति सहित चार पर केस
सारनाथ थाने में विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप में पति सहित ससुराल के चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। सारनाथ थाना क्षेत्र के सारंगतालाब की ममता पटेल की शादी पतरेवा के आकाश सेठ के साथ एक मई 2019 को मंदिर में हुई थी।
आरोप है कि छह लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। सारनाथ थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति आकाश सेठ, ससुर राजकुमार सेठ, जेठ अभिषेक और रेखा सेठ के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया है।
गैंगस्टर एक्ट का आरोपी गिरफ्तार
बड़ागाव थाने की पुलिस ने शुक्रवार की सुबह गैंगस्टर एक्ट के एक आरोपी को उसके घर ईदिलपुर नारेपर से गिरफ्तार किया। इस संबंध में बड़ागांव थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के आरोपी रवि पटेल के खिलाफ न्यायालय ने गैर जमानती वारंट जारी किया था। इसी आधार पर उसे घर से गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ लूट सहित अन्य आरोपों में सात मुकदमे दर्ज हैं।
मानसिक चिकित्सालय के अटेंडेंट पर हमला
पांडेयपुर स्थित मानसिक चिकित्सालय में अटेंडेंट के पद पर तैनात फाॅर्मासिस्ट प्रमोद कुमार चौबे के ऊपर तीन-चार लोगों ने लाठी से हमला किया। उन्होंने कैंट थाने की पुलिस को बताया कि वह ड्यूटी से खाली होने के बाद शाम 6:30 बजे मानसिक अस्पताल से अपने आवास गांधी चबूतरा जा रहे थे। उसी दौरान टकटकपुर स्थित गैस गोदाम के पास उनके ऊपर तीन-चार लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए। घटना के संबंध में कार्रवाई के लिए कैंट थाने में तहरीर दी गई है।
वंदे भारत में महिला यात्री के सिर पर गिरा सामान
वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली 22415 वंदे भारत एक्सप्रेस के सी-3 में शुक्रवार को एक महिला यात्री के ऊपर लगेज गिर गया। इससे वह घायल हो गई। यात्रियों का आरोप रहा कि एक घंटे तक कोई सहायता नहीं मिली। ट्रेन में मेडिकल इमरजेंसी की कोई व्यवस्था नहीं है।
यात्री नितिन केसरवानी ने रेल मदद पर शिकायत दर्ज कराई। नितिन ने कहा कि ट्रेन के सुपरवाइजर ने महिला यात्रियों से बहस की और ट्वीट और शिकायत डिलीट करने के लिए दबाव बनाया। टीटीई एके पाठक पहुंचे तो उन्होंने दवा के बजाए चिल्ड पानी बोतल मुहैया कराई। प्रयागराज से नई दिल्ली सफर के दौरान यह घटना घटी।
सिलिंडर लदे ट्रक में आग लगी, पुलिस ने बुझाई
मंडुवाडीह क्षेत्र के चांदपुर चौराहे पर शुक्रवार को प्रयागराज की ओर जा रहे सीएनजी सिलिंडर लदे एक ट्रक में आग लग गई। हालांकि पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आमजन के सहयोग से तत्काल आग पर काबू पा लिया। पुलिस की तत्परता की व्यापारियों ने सराहना की। आग लगने के कारण चौराहे का ट्रैफिक कुछ समय के लिए डायवर्ट किया गया था। हालांकि जल्द ही स्थिति सामान्य होने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीएनजी सिलिंडर लदे हुआ ट्रक बौलिया लहरतारा से मोहनसराय की ओर जा रहा था। जब वह चांदपुर चौराहे के पास पहुंचा, तभी उसमें अचानक आग लग गई। चौराहे पर पर मौजूद मड़ौली चौकी इंचार्ज राहुल सिंह ट्रक में आग लगी देखते ही भाग कर पास की दुकानों में गए और अग्निशमन यंत्र लेकर आए। अग्निशमन यंत्र की मदद से उन्होंने आग पर तत्काल काबू पाया। स्थानीय लोगों ने चौकी इंचार्ज राहुल सिंह की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
अवैध असलहा रखने के दोषी को सात साल की सजा
विशेष न्यायाधीश चतुर्थ (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) रवींद्र कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने देसी रिवाल्वर व कारतूस रखने के आरोप में जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस गांव निवासी अशोक पटेल को दोषी करार दिया है। अदालत ने अभियुक्त को सात साल के कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माना की सजा सुनाई।
अभियोजन पक्ष के अनुसार जंसा थाने की पुलिस ने 12 सितंबर 2020 की रात चौखंडी रेलवे क्रॉसिंग के पास अभियुक्त को गिरफ्तार किया था। उसके पास से देसी रिवाल्वर और कारतूस बरामद किया था। अदालत में अभियोजन की ओर से कुल चार गवाह परीक्षित कराए गए, जो कि पुलिसकर्मी थे।
तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट
बार-बार वारंट जारी होने पर हाजिर न होने पर आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोर्ट ने गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किया है। मामले में वादी अधिवक्ता विजय कुमार के प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने तत्कालीन रामनगर थानाध्यक्ष जगदंबा प्रसाद तिवारी और चौकी इंचार्ज विनोद कुमार तिवारी सहित लेखक के विरुद्ध एनबीडब्ल्यू जारी किया है।
साथ ही, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पंचम की अदालत ने पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर आरोपी पुलिसकर्मियों को 17 जून तक हर हाल में उपस्थित कराने और अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। प्रकरण के अनुसार, वादी अधिवक्ता ने अदालत में परिवाद दाखिल किया था। अधिवक्ता ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ आरोप लगाया था कि लूट के मामले को मामूली धारा में मुकदमा दर्ज किया था।
कुमार विश्वास ने अस्सी घाट पर पूजा की, आज रुद्राक्ष में देंगे व्याख्यान
महारानी अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी जयंती समारोह में शामिल होने काशी पहुंचे कवि कुमार विश्वास ने शुक्रवार रात अस्सी घाट का भ्रमण किया। दो वैदिक ब्राह्मणों ने उन्हें सपत्नीक गंगा पूजन कराया। उन्होंने मां गंगा का विवि विधान से पूजन किया।
कवि कुमार विश्वास आज सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में महारानी अहिल्याबाई होल्कर पर आयोजित कार्यक्रम में व्याख्यान देंगे। इस दौरान होल्कर के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे। प्रदर्शनी में जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय, विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय और वाराणसी के 20 स्कूल के विद्यार्थी भाग लेंगे।
सरकार की योजनाओं पर होल्कर के जीवन का प्रभाव
महारानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर शुक्रवार को हरहुआ ब्लॉक मुख्यालय पर महिला सशक्तीकरण सम्मेलन हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण की जितनी भी योजनाएं चल रही हैं, उनमें अनेक योजनाओं पर माता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन का प्रभाव है।
भाजपा जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि कि राष्ट्र को मजबूत करने के लिए नारी शक्ति को अहिल्याबाई के जीवन की उपलब्धि से प्रेरित होकर आगे आना चाहिए। अध्यक्षता रामदेव वर्मा ने की। इस दाैरान अजगरा विधायक त्रिभुवन राम, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य आदि मौजूद रहीं।
दुख को संघर्ष, प्रजा रक्षा को कर्म माना
काशी विद्यापीठ के समाजशास्त्र विभाग की ओर से आयोजित व्याख्यान में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने दुख को संघर्ष और प्रजा की रक्षा को अपना कर्म माना। उनके इस विचारों का अनुसरण कर आगे बढ़ते रहने की जरूरत है।
केंद्रीय पुस्तकालय के समिति कक्ष में आयोजित व्याख्यान में उन्होंने कहा कि होल्कर जाति विभेद को अस्वीकार करती थीं। इस दौरान महिला आयोग की सदस्य मीना चौबे और राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने अहिल्याबाई होल्कर के जीवन संघर्ष पर चर्चा की। अध्यक्षता कुलपति प्रो. एके त्यागी ने की। विभागाध्यक्ष प्रो. अमिता सिंह, कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय, प्रो. तेज बहादुर सिंह, दीप्ति मिश्रा, उपकुलसचिव हरीश चन्द आदि मौजूद रहे।
होल्कर पर लिखा निबंध
नव सृजन फाउंडेशन संस्था की ओर से निबंध प्रतियोगिता हुई। कुशल शासक व समाजसेविका अहिल्याबाई होल्कर के जीवन पर आयोजित प्रतियोगिता में बच्चों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। संस्था की अध्यक्ष प्रीति जायसवाल ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बताया कि संस्था बच्चों को निशुल्क शिक्षा के साथ दैनिक जीवन के संस्कार, योग, खेलकूद, आर्ट और क्राफ्ट व आत्मरक्षा की भी शिक्षा देती है।
काशी विश्वनाथ धाम में पूजी गईं मां अन्नपूर्णा
श्री काशी विश्वनाथ धाम में शुक्रवार को मां अन्नपूर्णा का पूजन हुआ। देवियों को समर्पित शुक्रवार का दिन होने के कारण मंदिर के अर्चकों ने मंदिर परिसर में विराजमान अन्न की अधिष्ठात्री देवी मां अन्नपूर्णा की आराधना की गई। मान्यता है कि शुक्रवार को विधि पूर्वक व्रत करने से व्यक्ति के जीवन में सुख-समृद्धि आती है और उसके समस्त कष्ट दूर होने लगते हैं।
बिल्वेश्वर महादेव का स्थापना दिवस दो जून को
श्री बिल्वेश्वर महादेव का 13वां स्थापना दिवस महोत्सव दो जून को मनाया जाएगा। कज्जाकपुरा चौराहा स्थित मंदिर में बाबा का दिव्य महारुद्राभिषेक, भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम संयोजक व मंदिर के संस्थापक पं. नागेंद्र कुमार वाजपेयी ने बताया कि सुबह षोडशोपचार विधि से श्री बिल्वेश्वर महादेव का महारुद्राभिषेक होगा। मुख्य अतिथि पूर्व काशी नरेश की पुत्री कृष्णप्रिया होंगी। उनके हाथों विशिष्टजनों का सम्मान होगा।
श्रीगणेश चतुर्थी पर व्रत रखकर की पूजा
ज्येष्ठ शुक्लपक्ष की वरद वैनायकी पर शुक्रवार को भक्तों ने भगवान श्रीगणेश का पूजन किया। श्रीगणेश चतुर्थी पर व्रत रखकर प्रथमेश की पूजा की और जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की। भक्तों ने ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान ध्यान कर आराध्य देवों की पूजा की। जल, पुष्प, फल, गंध व कुश लेकर श्रीगणेश चतुर्थी के व्रत का संकल्प लिया। निराहार व्रत रखा। श्रीगणेश जी की षोडशोपचार पूजा की। इस दाैरान काशी के 56 विनायक मंदिरों में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
योग दिवस के लिए किया अभ्यास प्रारंभ
विश्व योग दिवस में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए योग प्रशिक्षुओं ने राजघाट, नमो घाट और अस्सी घाट पर अभ्यास करना प्रारंभ कर दिया है। शुक्रवार को श्री काशी धर्मपीठ रामेश्वर मठ और आर्यावर्त सिद्धांत संरक्षक न्यास की ओर से रविदास घाट पर योग गुरु राकेश पांडेय ने बटुकों को विभिन्न योग के आसनों का अभ्यास कराया। संयोजक स्वामी लखन स्वरूप ब्रह्मचारी महाराज ने कहा कि भारत पूरे विश्व का अनादिकाल से गुरु रहा है। वेदाचार्य पं. विकास दीक्षित ने संस्कृत संभाषण करना सिखाया। स्वागत डॉ. वरुणेश चंद्र दीक्षित ने किया।
तंबाकू के सेवन से बढ़ रहा मुंह के कैंसर का खतरा
मुंह का पूरा न खुलना, सफेद व लाल दाग और दो हफ्ते से अधिक समय से मुंह में छाले पड़ने की समस्या होने पर तुरंत डॉक्टर से जांच करवानी चाहिए। यह मुंह के कैंसर के लक्षण हो सकते हैं। बीएचयू दंत चिकित्सा संकाय में हर दिन ऐसे लक्षण वाले सात नए मरीज पहुंच रहे हैं। डॉक्टर प्रो. टीपी चतुर्वेदी के बताया कि इनमें पांच साल से लेकर 20-30 साल के युवाओं की संख्या अधिक है।
तंबाकू के सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूकता के लिए हर साल 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया जाता है। बीएचयू दंत चिकित्सा संकाय के पूर्व प्रमुख प्रो. टीपी चतुर्वेदी ने कहा कि हर दिन संकाय में आने वाले 200 लोगों में पांच से सात लोगों की जांच में उनमें ओरल सब म्यूकस फाइब्रोसिस बीमारी यानी मुंह के कैंसर की समस्या का पता चलता है।
कहा कि यह समस्या गुटका और मसाला खाने वालों में अधिक होती है। धीरे-धीरे इससे लोगों को जबड़ा खोलने तक में दिक्कत होने लगती है। तंबाकू के लगातार सेवन से यह समस्या कैंसर में बदल सकती हैं। आने वाले मरीजों में युवाओं की संख्या अधिक है। शुरुआत में कैंसर का पता चलने पर इसका इलाज किया जा सकता है। प्रो. चतुर्वेदी का ने बताया कि आगे भी ओरल कैंसर के मरीजों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
मां दक्षिणेश्वरी काली मंदिर के महंत की पत्नी का निधन
मां दक्षिणेश्वरी काली मंदिर के महंत गोपाल गिरि की पत्नी माया गिरि (73) का 29 मई की सुबह निधन हो गया। उनकी अंतिम यात्रा भोजूबीर स्थित आवास से निकली। हरिश्चंद्र घाट पर देर शाम उनको जलसमाधि दी गई। उनके दो बेटे राजेश गिरि व डॉ. साकेत गिरि और बेटी अंजू गिरि हैं।
रियल एस्टेट के एसएसबी ग्रुप ने 12वीं वर्षगांठ मनाई
पूर्वांचल की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनी एसएसबी ग्रुप ने 12वीं वर्षगांठ पर कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें ग्रुप के चेयरमैन रामगोपाल सिंह की अध्यक्षता में टीम ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में केक काटकर जश्न मनाया गया और ग्रुप की उपलब्धियों की जानकारी दी गई। श्री सिंह ने कहा कि ग्रुप की सफलता टीम की मेहनत और ग्राहकों के विश्वास का परिणाम है।
ग्रुप ने वाराणसी में साईं गांव और साईं सिटी जैसे सफल प्रोजेक्ट और लखनऊ में प्रथम प्रोजेक्ट के माध्यम से अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। कंपनी का लक्ष्य किफायती व विश्वसनीय आवास उपलब्ध कराना और शहरी विकास को नई दिशा देना है।
15 छात्र-छात्राओं ने गंगाजल के नमूने लेकर गुणवत्ता का किया परीक्षण
संकट मोचन फाउंडेशन व मदर्स फाॅर मदर की ओर से शुक्रवार को तुलसीघाट पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विभिन्न विश्वविद्यालयों के 15 छात्र-छात्राओं ने गंगा जल के नमूनों को एकत्रित कर प्रयोगशाला में उसकी गुणवत्ता का परीक्षण किया।
शुक्रवार को फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र ने कहा कि छात्र-छात्राएं गंगा में व्याप्त प्रदूषण की जानकारी प्राप्त करें। प्रदूषण के निवारण के लिए खुद जागरूक हों और अन्य लोगों को भी जागरूक करें। फाउंडेशन के निदेशक प्रो. एसएन उपाध्याय ने फाउंडेशन के बारे में जानकारी दी। प्रो. एनके दुबे ने फाउंडेशन की जल परीक्षण प्रयोगशाला के महत्व पर चर्चा की।
मदर्स फॉर मदर की अध्यक्ष आभा मिश्र ने संस्था की गतिविधियों के बारे में बताया। सरोजनी महापात्र ने संस्था की भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। कार्यशाला में पंजाब विश्वविद्यालय, एनआईटी दुर्गापुर, मदन मोहन मालवीय विश्वविद्यालय गोरखपुर, केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड आदि के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कलश यात्रा के साथ कल से संगीतमयी रामकथा का आरंभ
अखिल भारतीय सनातन न्यास की ओर से आठवीं वार्षिक संगीतमयी श्रीरामकथा एक जून से शुरू होगी। मानस नवाह्न पारायण यज्ञ और नौ दिवसीय संगीतमयी रामकथा की शुरुआत कलश यात्रा से होगी। कलश यात्रा मां बागेश्वरी देवी मंदिर प्रांगण से शुरू होकर जैतपुरा, नागकुआं, डिगिया, राजापुरा होते हुए गोपाल बाग कॉलोनी स्थित कथा स्थल पर पहुंचेगी।
कलश यात्रा में 101 महिलाएं शामिल होंगी। डमरू दल के सदस्य राम नाम का संकीर्तन करते चलेंगे। ये जानकारी डॉ. अजय जायसवाल, रविशंकर सिंह, विष्णु गुप्ता और जयशंकर गुप्ता ने शुक्रवार को पातालपुरी मठ में पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि रामकथा में संत पातालपुरी पीठाधीश्वर जगद्गुरु बालक देवाचार्य महाराज श्री रामकथा का श्रवण कराएंगे।
कथा के मुख्य यजमान डॉ. अजय जायसवाल एवं डॉ. पुष्पा जायसवाल के साथ पोथी लेकर चलेंगे। शाम सात बजे कथा का शुभारंभ होगा। कथा के दसवें दिन कथा पंडाल में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। इस दौरान रवि प्रकाश जायसवाल, राजेश सेठ, प्रमोद यादव मुन्ना, सुजीत जायसवाल, वतन कुशवाहा, किशोर सेठ मौजूद रहे।
रामकथा से खुद को बदलें मुसलमान जीवन में सुख-शांति आएगी : बालक दास
रामकथा के माध्यम से मुसलमान खुद को बदल सकते हैं। रामकथा से उनके जीवन में सुख और शांति आएगी। देश भर के साथ ही बनारस से भी पाकिस्तानी जासूस का पकड़ा जाना देश की सुरक्षा पर गंभीर खतरा है। इससे निपटने की जरूरत है। यह कहना है पातालपुरी पीठाधीश्वर व जगदगुरु बालक दास का। उन्होंने शुक्रवार को पातालपुरी मठ से देश भर के मुसलमानों से रामकथा सुनने का आह्वान किया।
कहा कि भगवान राम की कथा सुनें और खुद में बदलाव लाएं। आतंकवाद को खत्म करने के लिए मुसलमानों का सहयोग जरूरी है। जगद्गुरु ने कहा कि हमारे कई शिष्य मुसलमान हैं, जो सनातन धर्म को मानते हैं। अगर मुसलमान भाई अपने जीवन में शांति चाहते हैं तो हमारी सनातन संस्कृति को समझें।
वर्षा के गायन से सजा मंच
सुबह-ए-बनारस में युवा कलाकार वर्षा बसाक का गायन हुआ। गायन का आरंभ उन्होंने राग भैरव में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश राघव राजा राम... से किया। इसके बाद द्रुत तीन ताल में निबद्ध बंदिश जग करतार... की बंदिश पेश की। अगली प्रस्तुति द्रुत एकताल में निबद्ध बंदिश हर हर शिव शंकर...रही। समापन भजन जल में कुंभ कुंभ में जल है...से हुआ।
आज से शुरू होगी वाराणसी से गाजियाबाद की उड़ान
लंबे अर्से से पटना एवं वाराणसी की फ्लाइट का इंतजार कर रहे लोगों के लिए यह अच्छी खबर है। दोनों शहर के लिए बृहस्पतिवार को हिंडन एयरपोर्ट से उड़ान शुरू हो रही है। हिंडन एयरपोर्ट से बनारस के लिए दोपहर में 1:35 पर फ्लाइट हिंडन से रवाना होगी और शाम 3:10 मिनट पर बनारस पहुंचेगी। इसी तरह से बनारस से हिंडन के लिए सुबह 11:05 मिनट पर रवाना होगी जो दोपहर में 12:40 पर हिंडन पहुंचेगी। पटना और बनारस की फ्लाइट हफ्ते में सातों दिन उपलब्ध होगी।
इसी तरह पटना के लिए दोपहर में 2:25 पर रवाना होगी और शाम 4:10 मिनट पर पटना पहुंचेगी। वहीं पटना से हिंडन के लिए सुबह 11:50 पर रवाना होेगी और दोपहर में 1:40 बजे हिंडन एयरपोर्ट पर पहुंचेगी। कुल 1:50 घंटे की यह यात्रा हिंडन से पटना के लिए होने वाली है। एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही लखनऊ, इलाहाबाद और मुरादाबाद के लिए भी शुरू होनी हैं।
पिछले 9 महीने से ज्यादा अप्रैल में किराया वसूला
नगर निगम की ओर से पिछले वित्तीय वर्ष में 9 माह में वसूल किए गए दुकानों के किराये से अधिक किराया वर्तमान वित्तीय वर्ष के प्रथम माह में वसूला है। दुकानों के किराये की वसूली का कार्य पारदर्शी तरीके से बिना नगर निगम के कार्यालय का चक्कर लगाए हो रहा है।
इस सुविधा की शुरुआत प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने बीते 17 सितंबर को किया था। इस सुविधा का लाभ यह है कि जहां नगर निगम वाराणसी गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में 9 महीने में माह दिसंबर 2024 तक 33.00 लाख की वसूली की थी। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रथम माह अप्रैल 2025 में इतनी धनराशि वसूल कर ली है। नगर निगम की ओर से लगातार दुकानदारों को ऑनलाइन किराया जमा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
24 से ज्यादा ट्रेनें बदले मार्ग से गुजरेंगी
करनैलगंज-सरयू-जरवल रोड-घाघरा घाट तीसरी लाइन के निर्माण कार्य के चलते 24 से 30 जून तक प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और 1 से 4 जुलाई तक नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। इसके चलते 24 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया जा रहा है।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि छपरा से 25, 27 व 30 जून को चलने वाली 15109 छपरा-मथुरा जंक्शन एक्सप्रेस छपरा-भटनी-मऊ-वाराणसी कैंट-बनारस-प्रयागराज जं.-कानपुर सेंट्रल के रास्ते जाएगी। मथुरा से 2 जुलाई को चलने वाली 15110 मथुरा-छपरा एक्सप्रेस कानपुर सेंट्रल-प्रयागराज-बनारस -वाराणसी कैंट-औड़िहार- मऊ-भटनी- छपरा के रास्ते जाएगी।
अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी की जीत पर जताई खुशी
बार काउंसिल ऑफ इंडिया के को-चेयरमैन वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी के निष्कासन मामले में दिल्ली हाइकोर्ट ने स्टे कर दिया है। इसकी जानकारी मिलने पर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे व वरिष्ठ अधिवक्ता अनुज यादव के नेतृत्व में अधिवक्ताओं व कांग्रेसजनों ने बीसीआई के को-चेयरमैन श्रीनाथ त्रिपाठी को बधाई दी।
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि यह अधिवक्ता हित की लड़ाई लड़ने वाले श्रीनाथ त्रिपाठी के साथ साथ समस्त काशीवासियों की बड़ी जीत है। इस दौरान प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस चंचल शर्मा, अधिवक्ता अशोक सिंह, लोकेश सिंह, अशोक कुमार, रोहित मौजूद रहे।
दूसरे दिन भी नहीं हुआ सीटी स्कैन
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में सीटी स्कैन दूसरे दिन भी नहीं हो सका। लिहाजा शुक्रवार को भी जांच के लिए आए मरीजों को लौटना पड़ा। अस्पताल के ओपीडी में आने वाले मरीजों के साथ ही एमसीएच विंग में गर्भवती महिलाओं को भी जरूरत पड़ने पर सीटी स्कैन कराने की सलाह डॉक्टर देते हैं।
अस्पताल परिसर में ट्रॉमा सेंटर के सामने निशुल्क जांच के लिए सीटी स्कैन सेंटर चल रहा है। यहां गुरुवार को सीटी स्कैन मशीन का यूपीएस खराब हो गया, इस वजह से मरीजों की जांच नहीं हो सकी। शुक्रवार को भी डॉक्टरों ने मरीजों को जांच लिखी लेकिन केंद्र पर पहुंचने के बाद उनकी जांच नहीं हो पाई।
रोडवेज कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बने प्रकाश
उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ शाखा कैंट डिपो के वर्ष 2025-2026 चुनाव में शुक्रवार को अध्यक्ष प्रकाश सिंह और मंत्री रमेश चंद्र राय को चुना गया। चुनाव अधिकारी दिनेश कुमार सिंह और अखिलानंद वर्मा ने बताया कि उपाध्यक्ष पद पर वीरेंद्र कुमार व मो. शफीक खान को चुना गया है।
वहीं संगठन मंत्री अनिल कुमार सिंह, संयुक्त मंत्री प्रथम वीरेंद्र प्रताप सिंह, संयुक्त मंत्री द्वितीय श्रवण कुमार, कार्यालय मंत्री नित्यानंद, कोषाध्यक्ष राजमोहन आनंद, क्षेत्रीय प्रतिनिधि सौमित्र किशोर पांडेय बनाए गए। क्षेत्रीय प्रतिनिधि छोटेलाल, क्षेत्रीय प्रतिनिधि सुजीत कुमार बक्सी आदि सदस्यों को चुना गया।
कृषि संगोष्ठी में आधुनिक खेती की दी जानकारी
भीषमपुर पंचायत भवन में शुक्रवार को विकसित संकल्प अभियान के तहत विशेष कृषि संगोष्ठी हुई। इसमें वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक खेती के बारे में बताया। अध्यक्षता ग्राम प्रधान संघ के जिला अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान राकेश कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को नवीनतम वैज्ञानिक खेती पद्धतियों की जानकारी देना रहा। वैज्ञानिकों ने बीज चयन, मिट्टी परीक्षण, जैविक व रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग, उन्नत सिंचाई विधियाँ, कीट प्रबंधन, फसल चक्र, एवं पोषक खेती पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
एक महीने से टूटी पाइपलाइन, जताया विरोध
मिर्जामुराद के भिखारीपुर गांव में जल जीवन मिशन के ओवरहेड टैंक के सामने एक माह से क्षतिग्रस्त जलनिगम की पाइप लाइन की मरम्मत न होने से पेयजल की किल्लत बनी हुई है। इसे लेकर पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजकुमार गुप्ता ने शुक्रवार को सड़क पर बह रहे पानी में अर्ध नग्न लेटकर विरोध-प्रदर्शन किया। मरम्मत न कराने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी। धरने में बाबुलाल उर्फ माइकल सोनकर, चंद्रभान यादव, रीता, सुनिता मौजूद रहे।
2961 भवन स्वामियों को मिला 12% छूट का लाभ
ऑनलाइन जमा कर 2961 भवन स्वामियों ने 12 प्रतिशत संपत्तिकर छूट का लाभ पाया। 11 दिन में 11534 भवन स्वामियों ने नगर निगम कोष में 5.39 करोड़ रुपये जमा कराए। नगर निगम की ओर से शहर के भवन स्वामियों को संपत्तिकर जमा करने पर वर्तमान कर पर छूट दी जा रही है।
मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में 17 मई को कार्यकारिणी समिति की बैठक में विशेष छूट का प्रावधान किया गया। इसमें यदि कोई भवन स्वामी नगर निगम के जोन कार्यालय या किसी काउंटर पर आकर पूरा कर जमा करता है तो वर्तमान कर पर 10 प्रतिशत की छूट देने का प्रावधान है। अब तक कुल 11534 भवन स्वामियों ने अपने 5.39 करोड़ संपत्तिकर जमा किया है।
2961 भवन स्वामी ने क्यूआर कोड से भवन का 1.73 करोड़ जमा कर वर्तमान कर पर 12 प्रतिशत छूट का लाभ प्राप्त किया है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा की ओर से नगर के सभी भवन स्वामियों से अपील की है कि वे भवन का संपत्तिकर जमाकर छूट का लाभ प्राप्त करें।
खानपान के स्टाॅल और कैंटीन की हुई जांच
विश्व पर्यावरण पखवाड़े के तहत कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को प्लास्टिक प्रदूषण और खाद्य स्वच्छता विषय पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान परिसर, कैंटीन और विभिन्न फूड स्टॉल पर कर्मियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया।
मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षकों ने खाद्य विक्रेताओं के मेडिकल प्रमाणपत्र, फूड लाइसेंस, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, समाप्ति तिथि और स्वच्छता मानकों की जांच की। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने कहा कि इसी तरह यात्रियों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते रहेंगे।
शौचालयों में अवैध वसूली की जांच की
उत्तर रेलवे के उप मुख्य परिचालन प्रबंधक (कोचीन) आनंद मोहन ने शुक्रवार को कैंट स्टेशन पर संचालित शौचालयों का निरीक्षण किया। अवैध वसूली और गंदगी समेत अन्य शिकायतों की जांच की। दो दिवसीय निरीक्षण पर पहुंचे उप मुख्य परिचालन प्रबंधक (कोचीन) ने परिसर को गंदगी मुक्त रखने को कहा। स्थानीय अधिकारियों के साथ बैठक की।
प्रशासनिक भवन की तालाबंदी कर फूंका प्रवेश सेल का पुतला
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मेरिट से प्रवेश लेने के विरोध में धरना दे रहे छात्रों ने शुक्रवार को प्रशासनिक भवन में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। छात्रों ने 18 दिन से मांग पूरी न होने के विरोध में प्रवेश सेल के लोगों का पुतला फूंककर नाराजगी जताई। इससे विभागों में कामकाज प्रभावित रहा। मांग पूरी न होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
विवि की ओर से इस बार प्रवेश परीक्षा न करवाकर मेरिट से प्रवेश लेने का फैसला लिया गया है। यूजी में 31 मई तक ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। इसके बाद एक जून से पीजी में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन समर्थ पोर्टल पर शुरू होगा।
प्रशासनिक भवन के सामने धरना स्थल पर पुतला फूंकने के बाद छात्रों ने प्रशासनिक भवन पहुंचकर कार्यालयों में कामकाज ठप करवाया। इससे विभागों में पठन पाठन भी बंद रहा। छात्रों ने कहा कि मेरिट से प्रवेश लेने से प्रतिभावान छात्रों का नुकसान होगा। विवि प्रशासन को हर साल की तरह प्रवेश परीक्षा करवाने का आदेश जारी करना चाहिए।
4400 किसानों तक पहुंचे 50 वैज्ञानिक
विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) के 50 वैज्ञानिकों ने 6 जिलों के किसानों के साथ सीधा संवाद किया। दो दिनों में 82 गांवों के 4400 से अधिक किसानों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुना और समाधान ढूंढने की पहल की गई।
हरहुआ और सेवापुरी ब्लॉक के सात गांवों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें 485 किसानों ने भाग लिया। आईआईवीआर के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि यह अभियान छोटे किसानों के लिए महत्वपूर्ण है, जो सब्जी उत्पादन से अधिक आय प्राप्त कर सकते हैं। संस्थान की ओर से विकसित प्रजातियां और किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने में सहायक होंगी। उन्होंने प्राकृतिक खेती और एकीकृत कीट प्रबंधन को बढ़ावा देने को कहा।
जिला जज बने जय प्रकाश तिवारी
जिला जज संजीव पांडेय का मेरठ स्थानांतरण हो गया। वाराणसी के नए जिला जज जय प्रकाश तिवारी होंगे। बुधवार को हाईकोर्ट से यह आदेश जारी हुआ। बलिया के मूल निवासी जयप्रकाश तिवारी इसके पूर्व रमाबाई नगर के जिला जज थे।
रोडवेज की एसी बसों का नहीं बढ़ेगा किराया
गर्मी में रोडवेज एसी बसों का किराया नहीं बढ़ेगा। एक मई से प्रस्तावित एसी बसों के किराये में बढ़ोतरी को लागू नहीं किया जाएगा। परिवहन निगम ने 30 अप्रैल तक जारी छूट को 30 सितंबर तक विस्तार दिया है।
रोडवेज वाराणसी परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि वातानुकूलित बसों में जनरथ, पिंक, शताब्दी हाई एंड बसों (वोल्वो) के साथ ही वातानुकूलित शयनयान में छूट मिली है। जनरथ एसी बसों में 1.45 प्रति किलोमीटर, 2 एंड 2 बस सेवा का किराया 1.60 रुपये प्रति किलोमीटर, हाई एंड बसों (वोल्वो) में 2.30 रुपये और वातानुकूलित शयनयान का किराया 2.10 रुपये निर्धारित है।
डॉ. मृदुला मलिक बनीं एसआईसी
मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा के एसआईसी डॉ. एसपी सिंह बुधवार को सेवानिवृत्त हो गए। उनकी जगह अस्पताल में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मृदुला मलिक को एसआईसी की जिम्मेदारी दी गई है। अस्पताल में आयोजित एक कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी के साथ ही अस्पताल के डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ ने डॉ. एसपी सिंह के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर जांच, इलाज की दिशा में उनके द्वारा किए गए कार्य सदैव याद किए जाएंगे।
आज छोड़े जाएंगे 100 प्रतिबंधित पक्षी
वन विभाग की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों में प्रतिबंधित पक्षियों की बिक्री और पालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान जब्त किए गए 100 प्रतिबंधित पक्षियों को बृहस्पतिवार को सारनाथ स्थित मिनी जू से छोड़ा जाएगा। इसमें पैराकीट, रिंग्ड पैराकीट, हीरामन तोता, लाल मुनिया, ब्रेस्टेड मुनिया, हेडेड पैराकीट, मैना, गुलाबी रिंग्ड तोता शामिल हैं। उप प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि कुछ विशेष प्रजातियों के पक्षियों को बिना अनुमति के पालना वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध है।
खबरों के लिटिल मास्टर प्रतियोगिता नौ जून को परीक्षा, विजेता होंगे पुरस्कृत
समर कैंप के तहत जिले के 353 परिषदीय विद्यालयों में अमर उजाला की ओर से खबरों के लिटिल मास्टर प्रतियोगिता कराई जाएगी। कक्षा छह से आठ तक के छात्रों लिए सामान्य ज्ञान और वर्तमान घटनाओं पर आधारित प्रतियोगिता होगी। एक से आठ जून तक छात्रों को प्रतिदिन समाचार पत्र का अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। 9 जून को परीक्षा होगी।
इस दौरान वे देश-दुनिया की खबरों, महत्वपूर्ण घटनाओं और सामान्य ज्ञान से परिचित होंगे। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने और उन्हें जागरूक किया जाएगा। नौ जून को परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जो मुख्य रूप से सामान्य ज्ञान पर आधारित होंगे।
इन प्रश्नों का आधार दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरें होंगी, इसलिए छात्रों को नियमित रूप से अमर उजाला पढ़ने के लिए दिया जाएगा। 10 हजार से अधिक बच्चे इसमें हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले और अच्छे अंक प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कार भी दिया जाएगा।
बच्चे सीखेंगे डिजिटल कौशल और आधुनिक तकनीक
काशी विद्यापीठ विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय भरथरा में आयोजित समर कैंप में बच्चों को डिजिटल कौशल और आधुनिक तकनीकी सिखाई जा रही है। शुक्रवार को विद्यालय का निरीक्षण करने आए प्रोफेशनल लर्निंग कमेटी के सदस्य अमिताभ मिश्र ने बताया कि दूसरे सप्ताह में चार प्रमुख बिंदुओं पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, कठपुतली निर्माण जैसे कार्य के साथ कहानी, नाटक प्रतियोगिताएं और विज्ञान संबंधी प्रयोग भी शामिल होंगे।
आईआईटी के डॉ. साम्य को मिली फेलोशिप
आईआईटी बीएचयू के डॉ. साम्य बनर्जी को प्रतिष्ठित ‘साइंटिफिक हाई लेवल विजिटिंग’ फेलोशिप मिली। डॉ. बनर्जी रसायन विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। शुक्रवार को फ्रांस के स्ट्रासबर्ग विश्वविद्यालय की ओर से उन्हें फेलोशिप दी गई। डॉ. बनर्जी कैंसर और संक्रामक रोगों के उपचार के लिए धातु-आधारित दवाओं के विकास पर काम करेंगे।
रंग से कैनवास पर बनाया लाइव पोट्रेट
बीएचयू के महिला महाविद्यालय में ग्रीष्मकालीन कला कार्यशाला के दूसरे दिन ऐक्रेलिक रंग से कैनवास पर लाइव पोट्रेट उकेरा गया। प्रतिभागी पंकज ने पेंटिंग के बाद इसकी खासियत बताई। साथ ही रंगों के संयोजन से पेंटिंग को तैयार करने की विधि भी छात्राओं को समझाई। राज्य ललित कला अकादमी की ओर से आयोजित महिला महाविद्यालय में लाइव पेंटिंग देख कई छात्राओं को प्रेरणा मिली।
संस्कृत, अंग्रेजी और उर्दू भाषाएं सीखीं
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में आयोजित सात दिवसीय समर कैंप का शुक्रवार को समापन हुआ। इसमें डीएलएड प्रशिक्षुओं को संस्कृत, अंग्रेजी और उर्दू भाषाएं सिखाई गईं। संस्कृत भाषा के प्रशिक्षण में डायट प्रवक्ता शालिनी उपाध्याय और प्राथमिक विद्यालय, चंद्रावती की शिक्षिका डॉ. सुमन कुमारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने रोल-प्ले, फ्लैश कार्ड, टीएलएम निर्माण, नाट्य मंचन, ऑपरेशन सिंदूर, ऑपरेशन विजय और क्विज़ जैसी रोचक गतिविधियों से संस्कृत भाषण सिखाया। समापन में प्रशिक्षु अमित कश्यप और चंद्रमा के संस्कृत में मंच संचालन ने सभी को मुग्ध कर दिया। डायट प्राचार्य उमेश कुमार शुक्ल ने कहा आज के समय में बहुभाषी होना बेहद जरूरी है।
परीक्षा के दिन सुबह केंद्रों पर पहुंचेगा बीएड प्रवेश परीक्षा का पेपर
जिले में रविवार को 73 केंद्रों पर होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। केंद्रों पर परीक्षा के दिन ही सुबह पेपर का पैकेट पहुंचाया जाएगा। वहीं, सुरक्षा के लिहाज से सीसी कैमरे से निगरानी की जाएगी। शुक्रवार को काशी विद्यापीठ में आयोजक विश्वविद्यालय से आए पर्यवेक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों, केंद्राध्यक्षों की बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई।
बीएड की प्रवेश परीक्षा की जिम्मेदारी इस बार शासन की ओर से बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी को दी गई है। प्रवेश परीक्षा की नोडल अधिकारी और विद्यापीठ के कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि एक जून को दो पालियों (सुबह 9 से 12 बजे और दोपहर 2 से 5 बजे तक) में होने वाली परीक्षा में 35186 अभ्यर्थी बैठेंगे। केंद्रों पर 146 पर्यवेक्षक, 73 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 37 केंद्र प्रतिनिधि नियुक्त किए गए हैं।
आईआईटी से जुड़ेंगे 4 मनोवैज्ञानिक काउंसलर, 60 से 80 हजार वेतन
आईआईटी बीएचयू में शाखा (स्टूडेंट काउंसिलिंग सर्विस) के लिए चार मनोवैज्ञानिक और काउंसलर की भर्ती होनी है। छात्रों के मानसिक तनाव को दूर करने के लिए ये एक साल तक संविदा पर काउंसिलिंग करेंगे। परामर्श दाताओं की टीम में दो महिला साइकोलॉजिस्ट और काउंसलर भी होंगी। संस्थान की ओर से सूचना वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। दो साल के अनुभव वाले का वेतन 60 हजार रुपये और 4 साल वालों का 80 हजार रुपये मासिक होगा।
छह घंटे की शिफ्ट में काम करना होगा। लिखित परीक्षा और इंटरव्यू से चयन किया जाएगा। शुक्रवार से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं। 14 जून तक आवेदन किया जा सकता है। लिंक वेबसाइट पर ही दे दिया गया है। छात्रों, प्रोफेसरों और कर्मचारियों के साथ मिलकर काउंसिलिंग सर्विस और वर्कशॉप किए जाएंगे। ऐसे में इच्छुक और योग्य उम्मीदवार से ऐसी ही योग्यताएं और अनुभव मांगे गए हैं।
106 करोड़ की लागत से बनेगा नगर निगम का नया भवन
नगर निगम के नए भवन का निर्माण 106 करोड़ रुपये से होगा। लखनऊ में हुई व्यय समिति की बैठक में इसे अनुमोदित किया गया। पहले 98.83 करोड़ रुपये से बनना था। सीएंडडीएस ने डिजाइन में कुछ बदलाव करके 114 करोड़ रुपये की फाइल बनाई थी। जिसे 106 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। पीएम के आगामी दौरे पर इसका शिलान्यास कराने की तैयारी की गई है।
इस भवन में काशी की संस्कृति और बाबा विश्वनाथ की झलक दिखेगी। हाईटेक कंट्रोल रूम से इस परिसर की निगरानी की जाएगी। विधानसभा की तर्ज पर नगर निगम के मिनी सदन का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। इसके लिए शासन स्तर से 106 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं।
इस आशय का पत्र नगर निगम को भेजा गया है। पत्र में निर्माण के लिए राजकीय निर्माण एजेंसी सीएंडडीएस जल निगम को नामित किया गया है। सदन भवन कॉरिडोर के जरिये सीधे नगर निगम की बिल्डिंग से जुड़ा रहेगा।
बलिया से चलेगी बेगमपुरा, गाजीपुर से बरेली एक्सप्रेस
12237/38 वाराणसी-जम्मूतवी बेगमपुरा एक्सप्रेस को बलिया से चलाने की तैयारी है। 14235/36 वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस का संचालन गाजीपुर से किया जाएगा। वहीं, बलिया-मुंबई के बीच चलने वाली 11071/72 कमायनी एक्सप्रेस का विस्तार छपरा तक होगा।
उत्तर रेलवे यूपी बड़ौदा हाउस नई दिल्ली की ओर से लखनऊ समेत अन्य डिविजन को पत्र भेजकर इसकी रिपोर्ट मांगी गई है। उत्तर रेल अधिकारियों के अनुसार मां वैष्णो देवी धाम को जाने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस बलिया से प्रस्तावित समय सुबह 10 बजे खुलेगी और 12.40 बजे कैंट होकर जम्मूतवी जाएगी।
डीआईजी कॉलोनी में 10 अधिकारी आवास बनेंगे
वीडीए की ओर से डीआईजी काॅलोनी में अधिकारी आवास के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। यहां अधिकारियों के लिए आवासों का निर्माण होगा। इस संबंध में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की गई है। यहां बनने वाले भवनों के निर्माण पर अनुमानित लागत 2.68 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। जिसमें चार फ्लैट 3बीएचके बनेंगे। साथ ही छह फ्लैट 3बीएचके का निर्माण किया जाएगा। इसकी लागत 3.83 करोड़ है।
64 ऑटो सीज, 412 का चालान
शहर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए शुक्रवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। ग्रामीण परमिट वाले 64 ऑटो के शहर में चलते मिलने पर उन्हें सीज कर दिया गया। इसके साथ ही 412 ऑटो का पुलिस ने चालान किया। एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने बताया कि सड़क पर अवैध तरीके से खड़े 14 वाहनों को क्रेन से हटवाया गया।