Varanasi News Today: दहेज हत्या में दोषी पति और सास को उम्रकैद, स्कूल बस ने युवक को कुचला; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी के विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) की अदालत ने दहेज हत्या मामले में दोषी पति और को उम्रकैद की सजा सुनाई है। वहीं, चौबेपुर थाना क्षेत्र में स्कूल बस के चपेट में आने से युवक ने जान गंवा दी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) रविंद्र कुमार श्रीवास्तव की कोर्ट ने दहेज हत्या के मामले में दोषी पति जितेंद्र कुमार और सास फूलमती को उम्रकैद की सजा सुनाई है। साथ ही आरोपी पर चार-चार हजार का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड न अदा करने पर अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। अभियोजन पक्ष के अनुसार, कोपागंज मऊ निवासी वादी रमेश भारतीय ने कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
आरोप लगाया कि बड़ी बहन शारदा की शादी मई 2017 में बलिया के नरही चौरा निवासी जितेंद्र के साथ हुई थी। कुछ दिन के बाद ससुराल के लोग बहन को दहेज के लिए परेशान करने लगे। बहन पुलिस लाइन वाराणसी खजुरी सरकारी आवास में पति व सास के साथ रहती थी। दहेज में पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे, इसी बात को लेकर गाली गलौज व जान से मारने की धमकी देते थे।
9 अक्तूबर 2021 की सुबह में बहन के पति व सास मिलकर मिट्टी का तेल डालकर बहन को जला दिया। जिसमें अन्य लोग भी लिप्त हो सकते हैं। घटना की सूचना मिलने पर खजुरी कॉलोनी घटनास्थल पर आया। देखा बहन का शव पड़ा था। कोर्ट में अभियोजन की ओर से नौ गवाह पेश किए। कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने और साक्ष्य के अवलोकन के बाद आरोपी पति और सास को दोषी पाते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। जितेंद्र के पिता एसआई थे।
स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत
चौबेपुर के बहादुर गांव के पास शुक्रवार शाम 4.30 बजे स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार बृजेश पांडेय (35) की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। गाजीपुर के सैदपुर डहरा मथुरा के विशुनपुर निवासी बृजेश पांडेय पूजा पाठ कराते थे। किसी काम से वाराणसी आए थे और काम खत्म करने के बाद शाम को बाइक से घर लौट रहे थे।
वाराणसी-गाजीपुर हाईवे के बहादुरपुर गांव के पास स्कूल बस ने टक्कर मार दी। बाइक लेकर बृजेश बस के पिछले टायर के नीचे आ गए। घटनास्थल पर ही बृजेश की मौत हो गई। चौबेपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि बृजेश ने हेलमेट नहीं पहना था। पत्नी रिंकेश, मां इंदुबाला का रो-रोकर बुरा हाल रहा। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बृजेश की पत्नी और दो बेटियां हैं। पांच साल के इकलौते बेटे की एक साल पहले मौत हुई थी।
बीएचयू में हादसा...एक छात्र की माैत, दो लोग घायल
वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय में बीती रात करीब एक बजे अनियंत्रित बाइक आम के पेड़ से जा टकरा गई। हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए। बाइक पर सवार तीनों युवक बीएचयू के छात्र बताए जा रहे हैं। इसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक की ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई।
बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह के चार आरोपी गिरफ्तार
बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह के चार आरोपियों को कपसेठी पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात बहरी नाला बार्डर के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से बरामद कार के अंदर से चोरी के बिजली तार समेत अन्य उपकरण बरामद हुए। कपसेठी थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कपसेठी के घोषिला निवासी बुलबुल चौधरी, चंद्रिका गौतम उर्फ संदीप, सत्तनपुर का राहुल गुप्ता और अभय वर्मा उर्फ सोनू निवासी रामपुर कपसेठी है।
मणिकर्णिका घाट पर खुदकुशी के प्रयास का वीडियो वायरल, सीपी की तत्परता से बची जान
मणिकर्णिका घाट पर एक युवक के खुदकुशी के प्रयास का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही चौकन्ना हुई चौक पुलिस ने तुरंत युवक को बचाया। परिजनों की गुहार पर पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चौक पुलिस ने शुक्रवार को युवक को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के पास एक होटल से बरामद किया और थाने लाकर पूछताछ की।
तेलंगाना के कोनगरा कलन निवासी कोत्रिका मनिकांता ने पुलिस को बताया कि वह प्रेमिका से विवाद के कारण अवसाद में आकर 10 दिसंबर को काशी आया। घाट पर खड़े होकर खुदकुशी का वीडियो बनाकर सोशल साइट पर अपलोड कर दिया। चौक थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि वीडियो देखने के बाद परिजनों ने तुरंत कमिश्नरेट पुलिस से संपर्क साधा। लोकेशन के आधार पर पुलिस 30 मिनट में होटल पहुंची और युवक से बातचीत की। तेलंगाना से परिजन भी काशी के लिए रवाना हो चुके हैं।
संपूर्णानंद के कुलपति के नाम से साइबर ठगी का प्रयास, मांगे रुपये
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा की फोटो का व्हाट्सएप डीपी में इस्तेमाल कर परिचितों और रिश्तेदारों से पैसे की मांग की गई। शुक्रवार की शाम यह भनक लगते ही कुलपति ने चेतगंज थाने में तहरीर दी है। साइबर विशेषज्ञों की टीम ने नंबर को ट्रेस किया तो वह किसी आदिल के नाम से दर्ज पाया गया है।
कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने चेतगंज पुलिस को बताया कि कोई व्यक्ति मेरी फोटो का इस्तेमाल करके एक फेक अकाउंट से व्हाट्सएप पर मेरे जानने वालों को मैसेज भेज रहा है। सबसे से पैसे की मांग की जा रही है। व्हाट्सएप पर डीपी में मेरी फोटो लगाकर अनजान नंबर से मैसेज किए जा रहे हैं। चेतगंज इंस्पेक्टर विजयनाथ शुक्ला ने बताया कि किसी आदिल खान का नंबर ट्रेस हुआ है। इसकी छानबीन की जा रही है। साइबर विशेषज्ञों से भी संपर्क साधा गया है।
कर्मचारियों ने एडी बेसिक कार्यालय पर दिया धरना
संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी मंडल वाराणसी कार्यालय में शुक्रवार को शिक्षक संघ ने एक दिवसीय कार्य बहिष्कार कर धरना दिया। अध्यक्षता वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुज पांडेय ने की। वरिष्ठ सहायक, विनय कुमार सिंह के साथ हुए दुर्व्यवहार और मारपीट के बाद भी आरोपी प्रबंधक-प्रधानाचार्य अशोक कुमार सिंह पर प्राथमिकी न दर्ज किया दुर्भाग्यपूर्ण है। कार्यक्रम में अमित कुमार सिंह, महर्षि राज, मनीष कुमार शुक्ला, सुबोध श्रीवास्तव और सुभाष सिंह मौजूद रहे।
खस्ताहाल सड़क पर बैठकर जताया विरोध
सामनेघाट ट्रॉमा सेंटर की खस्ताहाल सड़क पर शुक्रवार को बैठकर बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष अमन यादव ने विरोध जताया। कहा कि सड़क की बदहाली से लोग परेशान हैं और प्रशासन मौन है। छह महीने से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। जलकल विभाग की लीकेज कर रही पाइपलाइन आज तक ठीक नहीं की गई, जिससे मार्ग की स्थिति और खराब होती जा रही है। टोटो पलट रहे हैं, राहगीर घायल हो रहे हैं। यह क्षेत्र नगर निगम में है, जिम्मेदार आंख मूंदकर बैठे हैं। प्रशासन से मांग है कि तुरंत सड़क और पाइपलाइन की मरम्मत कराई जाए। जल्द ऐसा नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे।
चिकित्सकों की तत्परता से बुजुर्ग महिला की बची जान
काशी भ्रमण के लिए आई निशा सिंह की शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। लोगों की मदद से उन्हें तत्काल भेलूपुर के स्वामी विवेकानंद मेमोरियल राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने बिना समय गंवाए मरीज की जांच शुरू कर दी। तुरंत ईसीजी की गई। जरूरी दवाएं दी गईं। जिससे महिला की जान बच सकी। बेटे पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि पूरे इलाज के दौरान स्टाफ बेहद संवेदनशील, जिम्मेदार और सक्रिय नजर आया। सोशल मीडिया के माध्यम से सीएमओ को धन्यवाद दिया।
दुष्कर्म और ब्लैकमेल कर धन उगाही के मामले में महिला गिरफ्तार
सारनाथ। ब्लैकमेल कर एक युवती से दुष्कर्म करवाने और धन उगाही के मामले में आरोपी सरिता को सारनाथ पुलिस ने तेलंगाना के मियापुर, साइबराबाद से गिरफ्तार किया। शुक्रवार को कोर्ट ने आरोपी महिला को जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष सारनाथ शिवानंद सिसौदिया ने बताया कि गिरफ्तार महिला रूपनपुर पैगंबरपुर की निवासी है।
नाबालिग को बहला फुसलाकर अगवा कर ले गई और उसके मांग में सिंदूर, गले में मंगलसूत्र पहनाकर अश्लील फोटो खींच लिए। इसके बाद फोटो दिखाकर ब्लैकमेल करने लगी। उसका दुष्कर्म भी करवाया। पीडि़ता की मां ने अक्तूबर में सारनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोपी को तेलंगाना के साइबराबाद के मियापुर बालाजी नगर से गिरफ्तार किया गया।
मनबढ़ ने दुकानदार को पीटा, प्राथमिकी दर्ज
फूलपुर थाना क्षेत्र के किरतपुर मंदिर के पास बृहस्पतिवार रात दुकानदार महेंद्र प्रसाद वर्मा की मनबढ़ ने पिटाई कर दी। रोह गांव निवासी महेंद्र प्रसाद वर्मा ने पुलिस को बताया कि किरतपुर निवासी संत सिंह चौहान ने हमला किया। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
46 वाहनों से वसूला 63500 का जुर्माना
कैंट थाना क्षेत्र में लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाने और अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को अभियान चलाया गया। बिना नंबर प्लेट वाले पांच वाहनों को सीज और गलत दिशा में चलने वाले चार वाहनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। 46 वाहनों का चालान कर 63,500 रुपये का ऑनलाइन समन शुल्क वसूला गया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि अतिक्रमण पर 16 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
रंजिश में पट्टीदारों ने चार को पीटा
फूलपुर थाना क्षेत्र के बिंदा गांव में शुक्रवार शाम जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान पट्टीदारों ने एक ही परिवार के चार लोगों को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। दो लोगों के सिर फटने से स्थिति गंभीर बनी हुई है। पीड़ित रविंद्र यादव ने पुलिस को बताया कि जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद के कारण छेदीलाल यादव ने उनकी पट्टीदार मीना देवी को गालियां दीं। विरोध करने पर छेदीलाल यादव, दीपक यादव, अंकुश यादव और दीपा यादव ने पिता पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में सिर फट गया। आरोपियों ने घर में घुसकर पिटाई की है। घर की दो महिलाएं भी घायल हैं। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज होगी। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मरीज के जगह एंबुलेंस से ढोए जा रहे सामान
पांडेयपुर के दीनदयाल अस्पताल में सरकारी एंबुलेंस का दुरुपयोग सामने आया है। एंबुलेंस को अस्पताल प्रशासन अपने व्यक्तिगत प्रयोग में ले रहा है। अस्पताल की एंबुलेंस में बेड शीट, अस्पताल में प्रयोग होने वाले उपकरण व अन्य सामान लाए जा रहे हैं। जबकि कई बार इमरजेंसी में जरूरत पड़ने पर मरीजों को एंबुलेंस नहीं मिल पाती है।
मरीजों का कहना है कि कई बार ड्राइवर को फोन करने पर वह आने में समय लगा देता है। इलाज में देरी होती है। सरकारी एंबुलेंस से इस प्रकार की लापरवाही के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं पर तमाम तरह के प्रश्न चिह्न लग रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक एनडी शर्मा ने बताया कि जांच कराई जाएगी। इस प्रकार की लापरवाही में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
छात्रा की तबीयत बिगड़ी, एंबुलेंस में ऑक्सीजन देकर पहुंचाया बीएचयू अस्पताल
अटल आवासीय विद्यालय के पास करसड़ा गांव की छात्रा की शुक्रवार सुबह तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन लोगों ने 108 नंबर की एंबुलेंस को फोन किया। 108 एंबुलेंस के जिला प्रभारी विकास तिवारी ने बताया कि छात्रा आरजू (15) को सांस लेने में तकलीफ थी। गांव से बीएचयू ले जाते समय परेशानी हुई तो एंबुलेंस में तैनात ईएमटी इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन और पायलट अवधेश ने एंबुलेंस में ऑक्सीजन दिया। इसके बाद छात्रा को बीएचयू में भर्ती करवाया गया।
ठगी के पैसे वापस दिलाने पर अफसरों का किया सम्मान
कारोबारी से निवेश के नाम पर ठगी में 2 लाख 20 हजार में से 1.80 लाख वापस दिलवाने पर व्यापारियों ने एसीपी और थाना प्रभारी का सम्मान किया है। मलदहिया के होटल में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश व्यापार विकास महासभा और श्री राम मशीनरी मार्केट कल्याण समिति ने एसीपी साइबर क्राइम विदुष सक्सेना और सिगरा थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा को व्यापार श्री से नवाजा। व्यापारियों ने पुलिस के अधिकारियों को धन्यवाद दिया। इस दौरान अशोक अग्रवाल, घनश्याम मिश्रा, जय शंकर शर्मा, वेद अग्रवाल मौजूद रहे।
पांच दिन बाद गंगा में उतराया मिला शव
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठठरा गांव के दलित बस्ती निवासी दिलीप (25) का शव शुक्रवार को पांचवें दिन मिर्जापुर के बैरनी घाट से मिला। गांव के रहने वाले बुजुर्ग की मौत पर अंतिम संस्कार में दिलीप बरैनी घाट गया था और नहाने के दौरान डूब गया था। कछवा थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
चोरी के पांच आरोपियों को आरपीएफ ने किया गिरफ्तार
रेलवे सुरक्षा बल बरेका ने चोरी करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक चेतराम मीणा ने बताया कि आरोपियों में राजू, मनीष, पंकज तिवारी, शिवशंकर और निशंक भूषण अग्रहरि हैं।
ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास, प्राथमिकी दर्ज
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के काली माता मंदिर चौराहे पर ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी दीपक कुमार पर जानलेवा हमले के मामले में कार सवार युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पीड़ित दीपक कुमार ने पुलिस को बताया कि वह और हेड कांस्टेबल वारिस जमा काली माता मंदिर चौराहे पर ट्रैफिक व्यवस्था में लगे थे। इसी दौरान ब्रेजा कार ओवरब्रिज पर लगी बैरिकेडिंग के पास गलत दिशा में मुड़ने लगी।
चालक को रोककर सही रास्ते से जाने की सलाह दी तो कार में बैठे चार युवक गालीगलौज कर उलझ गए। युवकों ने धमकी दी कि गाड़ी यहीं से घूमेगी, चाहे जो कर लो। उनकी हरकत से ओवरब्रिज पर दोनों ओर जाम लग गया और यातायात बाधित हुआ। सूचना पर अतिरिक्त फोर्स मौके पर पहुंची और व्यवस्था बहाल की।
10 मिनट बाद वही गाड़ी पुलिस लाइन की दिशा से दोबारा आई और जान से मारने की नीयत से ऊपर चढ़ा दी। रफ्तार तेज होने के कारण 100 मीटर तक घसीटता गया। कई जगह चोटें भी आईं। इसके बाद आरोपी कार लेकर पहड़िया की ओर भाग निकले। इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच की जा रही है।
बरेका में लस्सी की दुकान में चोरी, दो दुकानों में प्रयास
बरेका परिसर के प्रेक्षागृह के सामने बृहस्पतिवार रात चोरों ने महादेव लस्सी भंडार को निशाना बनाया। पांच हजार नकदी समेत अन्य सामान पर हाथ साफ किया। दो अन्य दुकानों के ताले भी तोड़ने की कोशिश की है। शुक्रवार रात दुकानदारों की शिकायत पर बरेका चौकी के पुलिसकर्मियों ने छानबीन की। मंडुवाडीह थाने में पीड़ित लस्सी दुकानदार रामबली यादव ने तहरीर दी है। मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
15 दिसंबर को वितरित होगा फार्म, 23 दिसंबर को मतदान
राजातालाब तहसील बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए शुक्रवार को कार्यक्रम की घोषणा हुई। राजातालाब तहसील बार एसोसिएशन के महामंत्री अमृत सिंह पटेल ने बताया कि 15 और 16 दिसंबर को नामांकन फॉर्म की बिक्री शुरू होगी। उसी दिन नामांकन और नाम वापसी, नामांकन पत्रों की जांच 17 दिसंबर को होगी। 23 दिसंबर को अधिवक्ता मतदान करेंगे और 24 दिसंबर को मतगणना होगी। इस बार अध्यक्ष पद के प्रत्याशी को वकालत का 12 वर्ष का अनुभव रखना जरूरी है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी के लिए 10 वर्ष का अनुभव व इतने ही वर्ष का अनुभव महामंत्री पद के प्रत्याशी के लिए जरूरी है। कुल 1828 मतदाता पंजीकृत हैं।
12 संकायों में दी गईं उपाधियां और मेडल
बीएचयू के 12 संकायों में दीक्षांत समारोह के मेडल और उपाधियां दी गईं। दृश्य कला संकाय, केएन उडुप्पा सभागार में मेडिसिन, नर्सिंग कॉलेज, दंत चिकित्सा विज्ञान और आयुर्वेद संकाय, स्वतंत्रता भवन में विज्ञान संस्थान, संबोधि सभागार में सामाजिक विज्ञान संकाय, महामना सभागार में विधि संकाय, प्रबंध भवन में प्रबंध शास्त्र संस्थान, पर्यावरण एवं धारणीय विकास संस्थान, शताब्दी कृषि प्रेक्षागृह में कृषि विज्ञान संस्थान, पंडित ओंकारनाथ ठाकुर सभागार में संगीत एवं मंच कला संकाय, चाणक्य सभागार, शिक्षा संकाय में उपाधि वितरण समारोह हुआ।
शिवमहापुराण कथा का समापन, 400 साधु संतों को दी गई विदाई
शिवपुर। शिवपुर रामलीला मैदान में चल रही शिवमहापुराण कथा का समापन शुक्रवार को हुआ। इस दौरान काशी, अयोध्या और मथुरा से आए 400 साधु-संतों को विदाई दी गई। इसके पूर्व श्रद्धालुओं ने यज्ञकुंड में आहुतियां डालीं। महाप्रसाद ग्रहण किया। फलाहारी बाबा संत सेवा ट्रस्ट आश्रम के महंत रामदास त्यागी और आयोजक विनोद कुमार दूबे के सहयोग से लगातार नौ दिनों तक धार्मिक अनुष्ठान कराया गया। इस दौरान कमलेश केशरी, कोषाध्यक्ष आनंद अग्रवाल, आचार्य जितेन्द्र तिवारी, रोहित शुक्ला, लवकुश तिवारी मौजूद रहे।
सीनियर कुश्ती में वाराणसी मंडल के दो खिलाड़ियों ने जीते पदक
अहमदाबाद में आयोजित सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में वाराणसी मंडल के दो खिलाड़ियों ने पदक जीता है। कुश्ती कोच गोरख यादव ने बताया कि गाजीपुर की फ्रीडम यादव कांस्य और वाराणसी की पुष्पा यादव स्वर्ण से चूक गई उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार सिंह बबलू, उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष करणभूषण सिंह, उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के महासचिव सुरेश चंद्र उपाध्याय, वाराणसी कुश्ती संघ के कार्यवाहक जिला अध्यक्ष राजीव सिंह रानू ने बधाई दी है।
आर्य महिला पीजी कॉलेज में 999 छात्राओं को मिलीं उपाधियां
बीएचयू के विज्ञान संस्थान स्थित महामना सभागार में आर्य महिला पीजी कॉलेज का दीक्षांत समारोह हुआ। इस दौरान स्नातक व स्नातकोत्तर की सात छात्राओं को आठ गोल्ड मेडल और पांच बीएचयू मेडल मिला जबकि 999 छात्राओं को उपाधियां दी गईं। स्नातक में 629 छात्राओं को उपाधि मिलीं। जिन छात्राओं को मेडल मिला उसमें सिमरन कुमारी, जागृति पांडेय, आकांक्षा वर्मा, मुस्कान बग्गा, कोप्पुरोतु ईशान्या, गौरीजे, पायल मुखर्जी शामिल हैं। कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रचना दूबे, डॉ. शशिकांत दीक्षित आदि ने छात्राओं को बधाई दी। इस दौरान प्रो. भावना त्रिवेदी, प्रो. बिंदु लहड़ी, डॉ. मीनाक्षी बाजपेयी आदि मौजूद रहीं।
बूथ अध्यक्षों को सम्मानित करेंगे केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल
भाजपा महानगर कार्यालय पर शुक्रवार को बैठक हुई। इसमें 14 दिसंबर को होने वाले बूथ अध्यक्षों के सम्मान समारोह पर चर्चा की गई। मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल होंगे। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि 14 दिसंबर को शाम 3 बजे होटल डी पेरिस में जिला एवं महानगर के बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन आयोजित किया गया है।
सम्मेलन में ऐसे बूथ अध्यक्षों को विशेष रूप से सम्मानित भी किया जाएगा। जिनके बूथ पर पिछले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में 70% या उससे अधिक मत पड़े। शुक्रवार को हुई बैठक में मंच से लेकर कार्यक्रम के संचालन तक की जिम्मेदारी सभी को सौंपी गई। बैठक में गुजरात के पूर्व विधायक जगदीश पटेल ने आयोजन स्थल पर मिली जिम्मेदारियां को सही ढंग से निभाने के लिए कार्यकर्ताओं को दिशा निर्देश दिया।
बैठक में जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, प्रवीण सिंह गौतम, संजय सोनकर, बृजेश चौरसिया, अवधेश राय, संजय कुमार, राजेंद्र सिंह पटेल,ओम तिवारी व सह संयोजक मीडिया प्रभारी अशोक कुमार पांडेय समेत अन्य मौजूद रहे।
दीक्षांत में दिखा अंग्रेजी का प्रभाव
बीएचयू के 105वें दीक्षांत समारोह के दौरान दो चर्चाएं खूब रहीं। एक तो अधिकारियों का अंग्रेजी में संबोधन और दूसरा प्रोफेसरों की गोल्ड मेडलिस्ट बेटियां। लोगों ने कहा कि पिता की ही तरह से परिश्रम कर बेटियों ने भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। दूसरी ओर ये भी बात सामने आई कि आईआईटी बीएचयू ने हिंदी में कार्यक्रम कराया लेकिन बीएचयू में अधिकारियों पर अंग्रेजी हावी रही। परिचय से लेकर समापन तक अंग्रेजी में ही संबोधन हुआ। शुरुआत में कुछ मिनट के लिए हिंदी और अंग्रेजी दोनों में परिचय और संचालन हुआ उसके बाद फिर अंग्रेजी। हालांकि, मुख्य अतिथि डॉ. विजय कुमार सारस्वत अपने दीक्षांत भाषण के दौरान बीच-बीच में हिंदी में भी संवाद करते दिखे और शिष्ट मंडल से दो-तीन प्रोफेसरों ने संस्कृत और हिंदी में अपना प्रस्ताव रखा।
रेलवे मजदूर यूनियन ने मनाया विजय दिवस
उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन (उर्मू) की ओर से शुक्रवार को यूनियन की मान्यता के एक साल होने पर यूनियन कार्यालय पर विजय दिवस मनाया गया। इस दौरान रेल कर्मचारियों, यूनियन पदाधिकारियों ने संगठन की उपलब्धियों, कर्मचारियों की समस्याओं और आगामी योजनाओं पर चर्चा की। कार्यक्रम में शाखा मंत्री विंध्यवासिनी यादव, मैकेनिकल शाखा के शाखा मंत्री अरुण द्विवेदी के साथ ही रामेश्वर सिंह, डीपी यादव, जय सिंह, राजेन्द्र सिंह, आशुतोष कुमार आदि मौजूद रहे।
स्वामी हरिनामदास के पूजन के साथ शुरू हुआ महोत्सव
उदासीन पंथ के श्रीबनखंडी साधुबेला के आठवें पीठाधीश्वर स्वामी हरिनामदास महाराज का 145वां जयंती महोत्सव शुक्रवार को गीता पाठ से शुरू हुआ। स्वामी जी के विग्रह का पूजन और अभिषेक हुआ। पं. लवकुश त्रिपाठी के आचार्यत्व में पूजन के बाद गीता पाठ हुआ। तीन दिवसीय महोत्सव में शनिवार को सुबह पूजन-अर्चन और संकल्प लेकर अखंड रामायण पाठ शुरू होगा। आश्रम के प्रबंधक अनूप लालवानी ने बताया कि अंतिम दिन 14 दिसंबर को अखंड पारायण की पूर्णाहुति के साथ भंडारा होगा।
जीवन जीने की कला सिखाती है रामकथा
श्रीराम कथा जीवन जीने की कला सिखाती है। मन को शुद्ध करती है। पापों का नाश करती है और मर्यादा व धर्म का मार्ग दिखाती है। इससे व्यक्ति के लोक और परलोक दोनों सुधरते हैं। ये विचार दुर्गा मंदिर दुर्गाकुंड के महंत पं. रमेश महाराज ने व्यक्त किए। वह शुक्रवार को मंदिर प्रांगण में आगामी फरवरी माह में आयोजित होने वाले 26वें चंडी महायज्ञ के निमित्त श्रीराम कथा प्रसंग सुना रहे थे। उन्होंने कहा कि यह भक्ति, शांति और दिव्य आनंद का स्रोत है, जहां हनुमान जी स्वयं उपस्थित होते हैं और भक्तों के सभी विकार दूर करते हैं। कथा का श्रवण मात्र ही जीवन को पवित्र कर देता है और आत्मा के उद्धार का माध्यम बनता है,जो मनुष्य जीवन की दुर्लभता को सार्थक करता है। इस अवसर पर नीरज उपाध्याय, रिशु गिरि, संजय अग्रहरि व अजय गोयल उपस्थित थे।
मुख्य सचिव के पास पहुंचा सपा सांसद का दालमंडी से जुड़ा पत्र
मसाजिद इंतेजामिया कमेटी के सचिव एसएम यासीन ने बताया कि बीते नवंबर में चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र भेजा था। उन्होंने पत्र के जरिये दालमंडी चौड़ीकरण योजना से प्रभावित हो रहे व्यापारियों की पीड़ा बताई। जिस पर राष्ट्रपति सचिवालय के निदेशक मनीष कुमार की ओर से एक पत्र सपा सांसद को भेजा गया। जिसमें लिखा है कि राष्ट्रपति को संबोधित पत्र मिला। जिसे यूपी के मुख्य सचिव को भेजा गया है।
दुर्गाचरण इंटर कॉलेज में 300 से अधिक छात्राओं को मिला पुरस्कार
देश के परिदृश्य में गत एक दशक से एक क्रांतिकारी परिवर्तन हुआ है। अब आर्थिक तंगी किसी भी विद्यार्थी को शिक्षित होने से रोक नहीं सकती। विशेष कर बालिकाओं को। यह बातें शुक्रवार को दुर्गाचरण गर्ल्स इंटर कॉलेज और हिंदी व अंग्रेजी माध्यमों से संचालित दोनों प्राथमिक विभागों के संयुक्त रूप में आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्रा ने कहीं। कार्यक्रम में उन्होंने 300 से अधिक छात्राओं को पुरस्कृत किया। विशिष्ट अतिथि अवधेश कुमार सिंह लेखाधिकारी, डॉ. वी. भट्टाचार्य और देवाशीष दास नेविद्यालय के इतिहास का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। संचालन अभिषेक चौधरी व मनोविज्ञान के प्रवक्ता शिखा गुप्ता ने किया। डॉ. पद्मजा शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
परख परीक्षा 15 दिसंबर को होगी
जिले के 31 राजकीय विद्यालयों के कक्षा 9 के विद्यार्थियों के मूल्यांकन के लिए 15 दिसंबर को परख परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के आयोजन के लिए शुक्रवार को डीआईओएस भोलेंद्र प्रताप सिंह ने सभी राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों संग बैठक की। डीआईओएस ने बताया कि बैठक में परीक्षा की बारीकियों पर चर्चा हुई और इसे संपन्न कराने के लिए प्राप्त दिशा निर्देशों को बताया गया। छात्र-छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। परख एप डाउनलोड कर उससे मूल्यांकन की प्रक्रिया समझाई गई। परीक्षा 90 मिनट की होगी। परीक्षा में 60 प्रश्न पूछे जाएंगे। नकारात्मक अंक नहीं होगा।
आधुनिक ब्रांडिंग से पारंपरिक उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कर सकते हैं स्थापित
पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक ब्रांडिंग, पैकेजिंग और डिजिटल मार्केटिंग के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सफलतापूर्वक स्थापित किया जा सकता है और युवा उद्यमी स्किल-टू-स्टार्टअप मॉडल के माध्यम से स्वयं का व्यवसाय आसानी से शुरू कर सकते हैं। ये बातें डिजिटल एवं सोशल मार्केटिंग विशेषज्ञ सुनील रॉय ने कहीं। वह शुक्रवार को काशी विद्यापीठ के हर प्रसाद गुप्त इंक्यूबेशन फाउंडेशन में आयोजित 45 दिवसीय निशुल्क अगरबत्ती, धूप एवं हवन सामग्री निर्माण उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
साईं इंस्टिट्यूट ऑफ रूरल डेवलपमेंट एवं एफएफडीसी, विस्तार इकाई कानपुर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों को उत्पाद की ब्रांडिंग, पैकेजिंग, बिक्री मूल्य निर्धारण, मार्केटिंग तकनीक और बाजार की मांग के अनुरूप व्यवसाय शुरू करने की जानकारी दी जा रही है। अजय सिंह ने कहा कि अगरबत्ती एवं धूप उद्योग भारत के सबसे तेजी से बढ़ते ग्रामीण उद्योगों में से एक हैं जो युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के अनेक अवसर प्रदान करते हैं। प्रशिक्षण प्रभारी पूनम अग्रवाल ने धन्यवाद दिया।
बैंक इम्पलाइज यूनियन का अधिवेशन आज
कोऑपरेटिव बैंक इम्पलाइज यूनियन उत्तर प्रदेश का दो दिवसीय 29 वां प्रांतीय अधिवेशन शनिवार और रविवार को परेड कोठी स्थित एक होटल में होगा। संगठन के प्रदेश महामंत्री सुधीर सिंह ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हमारा संगठन विस्तारित होने के साथ मजबूत और निर्णायक भी बन चुका है। यह अधिवेशन कर्मचारियों की आवाज को और प्रभावी बनाएगा। अधिवेशन में 16 बैंकों के संबंध में समीक्षा और 15 एजेंडा पर विचार किया जाएगा।
बनारस व सेंट्रल बार एसोसिएशन के मतदान व मतगणना की तिथि घोषित
बनारस बार एसोसिएशन का मतदान दो जनवरी 2026 व सेंट्रल बार एसोसिएशन का मतदान 3 जनवरी 2026 को होगा। दोनों बार एसोसिएशन की मतगणना चार जनवरी को होगी। दोनों बार एसोसिएशनों ने नई एल्डर्स कमेटी का भी गठन कर दिया है। अब एल्डर्स कमेटी चुनाव कार्यक्रम घोषित करेगी।
बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश तिवारी व महामंत्री शशांक श्रीवास्तव ने बताया कि चेयरमैन अमरनाथ शर्मा के साथ प्रमोद पाठक, शमीम अहमद, सुरेश लाल श्रीवास्तव व नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव सदस्य होंगे। तारक नाथ गांगुली विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे।
दूसरी ओर सेंट्रल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए राधेलाल श्रीवास्तव को एल्डर्स कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है। जबकि उनके सहयोगी के रूप में विजय शंकर रस्तोगी, महफूज आलम, अशोक सिंह प्रिंस, मोहन सदस्य होंगे। सेंट्रल बार अध्यक्ष मंगलेश दुबे व महामंत्री राजेश गुप्ता ने बताया कि क्षत्रधारी सिंह विशेष आमंत्रित सदस्य होंगी। जबकि विशिष्ट सदस्य के रूप में अश्वनी कुमार, जयप्रकाश सिंह जेपी, विंध्याचल चौबे, कमलेश यादव, कन्हैया पटेल नामित किए गए हैं।
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य अर्चक का दिल्ली में सम्मान
काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य अर्चक, ज्योतिष आचार्य टेक नारायण उपाध्याय को दिल्ली में शुक्रवार को धर्मालंकरण के तहत कुमारिल-शंकर संस्कृति संरक्षक सम्मान मिला। यह सम्मान इनके कालजयी ग्रन्थ काशी विश्वनाथ दर्शन के लिए दिया गया। आचार्य टेकनारायण उपाध्याय बीएचयू वेद विभाग के गोल्ड मेडलिस्ट और धर्म आध्यात्म पर नियमित पत्र/पत्रिकाओं में लिखते रहे हैं। कुरुक्षेत्र गुरुकलम के समारोह के मुख्य अतिथि ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य अवमुक्तेश्वरानंद सरस्वती थे।
2000 किसानों को बताए आधुनिक तकनीकी से खेती के तरीके
जिले में किसान पाठशाला शुक्रवार को शुरू हुई। न्याय पंचायत वार लगे पाठशाला में किसानों को योजनाओं से लेकर खेती से आय बढ़ाने के तरीके बताए गए। प्राकृतिक खेती, सोलर पंप, आधुनिक कृषि यंत्रो, फॉर्मर रजिस्ट्री कराने पर जोर दिया गया। महिला किसानों ने भी अपने अनुभव साझा किए। 50 न्याय पंचायतों में दो हजार से अधिक किसानों ने भाग लिया।
संयुक्त कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार ने कम लागत में अधिक उपज के लिए मिट्टी की जांच कराने, एफपीओ बनाकर खेती करने की सलाह दी। तेरा गांव, मेहंदीगंज, कोरौती, बहोरनपुर, कंठीपुर, गजापुर, खेवली, परमंदापुर, पंचाई, कुरूसातों, चौबेपुर के ढांका गांव में आधुनिक तकनीक को अपनाने पर जोर दिया गया। रोहनिया क्षेत्र के हरदतपुर, जगतपुर, मनियारीपुर में रबी सीजन की सिंचाई, खरपतवार के उपाय के बारे में बताया गया।
ताल प्रसंग में सीखा बनारसी तबले की बारीकियां
पद्मविभूषण पं. किशन महाराज के 102वें जन्म शताब्दी वर्ष पर इंटरनेशनल म्यूजिक सेंटर की ओर से तबले की कार्यशाला ताल प्रसंग का आयोजन किया गया। तीन दिवसीय कार्यशाला की शुरुआत शुक्रवार को रविंद्रपुरी रोड स्थित इंटरनेशनल म्यूजिक सेंटर में हुई। इसमें पं. पूरण महाराज ने प्रतिभागियों को तबले की बारीकियां सिखाईं।
कर से मुक्त हैं शहर के उपासना स्थल
काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा तथा जनहित को ध्यान में रखते हुए मेयर अशोक कुमार तिवारी ने नगर क्षेत्र के सभी सार्वजनिक उपासना स्थलों, चैरिटेबल ट्रस्टों और विद्यालयों को सामान्य कर (हाउस टैक्स) से मुक्त करने के निर्देश दिए हैं।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्पष्ट किया कि यह छूट नगर निगम अधिनियम, 1959 की धारा 177 के प्रावधानों के अनुसार दी जा रही है। इस धारा के तहत कई श्रेणियों की भवन और भूमियों को करमुक्त किया जा सकता है। इसमें केवल सार्वजनिक उपासना या दानात्मक कार्यों के लिए प्रयुक्त भवन/भूमि, चैरिटेबल संस्थाएं और ट्रस्ट, स्कूल एवं कॉलेज शामिल हैं।
छूट के लिए यह शर्त भी है कि भवन का वार्षिक मूल्य 360 या उससे कम हो और स्वामी के नाम शहर में अन्य कोई भवन न हो। नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम की ओर से यह प्रक्रिया पहले से ही संचालित है।
बनारस व सेंट्रल बार एसोसिएशन के मतदान व मतगणना की तिथि घोषित
बनारस बार एसोसिएशन का मतदान दो जनवरी 2026 व सेंट्रल बार एसोसिएशन का मतदान 3 जनवरी 2026 को होगा। दोनों बार एसोसिएशन की मतगणना चार जनवरी को होगी। दोनों बार एसोसिएशनों ने नई एल्डर्स कमेटी का भी गठन कर दिया है। अब एल्डर्स कमेटी चुनाव कार्यक्रम घोषित करेगी। बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश तिवारी व महामंत्री शशांक श्रीवास्तव ने बताया कि चेयरमैन अमरनाथ शर्मा के साथ प्रमोद पाठक, शमीम अहमद, सुरेश लाल श्रीवास्तव व नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव सदस्य होंगे।
तारक नाथ गांगुली विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे। दूसरी ओर सेंट्रल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए राधेलाल श्रीवास्तव को एल्डर्स कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है। जबकि उनके सहयोगी के रूप में विजय शंकर रस्तोगी, महफूज आलम, अशोक सिंह प्रिंस, मोहन सदस्य होंगे। सेंट्रल बार अध्यक्ष मंगलेश दुबे व महामंत्री राजेश गुप्ता ने बताया कि क्षत्रधारी सिंह विशेष आमंत्रित सदस्य होंगी। जबकि विशिष्ट सदस्य के रूप में अश्वनी कुमार, जयप्रकाश सिंह जेपी, विंध्याचल चौबे, कमलेश यादव, कन्हैया पटेल नामित किए गए हैं।
रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में 3.26 करोड़ से होंगे विकास कार्य
मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के तहत रोहनिया विधानसभा में 3.26 करोड़ की लागत से 11 जगहों पर इंटरलाॅकिंग, जल निकासी, सड़क, सीवर के विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। शुक्रवार को चितईपुर स्थित पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने शिलान्यास किया।
इसके तहत वर्ष 2024- 25 रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के सीर गोवर्धनपुर में इंटरलॉकिंग, जल निकासी, सड़क सीवर निर्माण कार्य, करौंदी नासिरपुर में रोड निर्माण कार्य, सुसुवाही स्थित प्रज्ञापुरी कॉलोनी में सीसी रोड व जल निकासी कार्य होंगे। इस अवसर पर पार्षद सुरेश पटेल गुड्डू, पार्षद श्याम भूषण शर्मा, डॉ. महेंद्र सिंह पटेल, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल, राष्ट्रीय सचिव युवा मंच अजीत पटेल आदि मौजूद रहे।
महालक्ष्मी को लगाया 56 तरह के मिष्ठान्न व पकवान का भोग
लक्ष्मीकुंड स्थित महालक्ष्मी मंदिर में त्रिशक्तिपीठ श्री स्वर्ण महालक्ष्मी माता का वार्षिक अन्नकूट शृंगार महोत्सव शुक्रवार को मनाया गया। भजन संध्या के साथ ही माता को 56 प्रकार के मिष्ठान्न का भोग अर्पित किया गया। महालक्ष्मी मंदिर के गर्भगृह में विराजित महालक्ष्मी, महासरस्वती, महाकाली सहित मंदिर में विराजित मां संतोषी, संकठा, जीवित्पुत्रिका, शीतला माता को पंचामृत स्नान कराते हुए नूतन वस्त्र आभूषण से सजाया गया।
56 प्रकार के मिष्ठानों और पकवानों का भोग लगा। महंत पं. शिव प्रसाद पांडेय ने पूजन अर्चन किया। आरती उपमहंत पं. अविनाश पांडेय ने उतारी। गीतकार कन्हैया दुबे के संयोजन में शैलबाला, यथार्थ दुबे, डॉ. अमलेश शुक्ला, स्नेहा अवस्थी, अरुण मिश्रा ने बैंड बजवा बजाई द भवानी आई रे... सहित अनेक देवी गीत भजनों को सुनाकर हाजिरी लगाई। मुख्य अतिथि विद्यापीठ के वाणिज्य संकाय के अध्यक्ष प्रो. अजीत कुमार शुक्ला, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, अंबरीश सिंह भोला मौजूद रहे।
रंगभूमि का सूरदास प्रेमचंद के आदर्श का मूर्त रूप
वाराणसी। अर्दली बाजार स्थित राजकीय जिला पुस्तकालय में प्रेमचंद के प्रसिद्ध व बहुचर्चित उपन्यास रंगभूमि के 100 वर्ष पूर्ण होने पर प्रेमचंद पथ पत्रिका के रंगभूमि शताब्दी विशेषांक का लोकार्पण शुक्रवार को हुआ। पत्रिका की अतिथि संपादक डॉ. संगीता श्रीवास्तव ने रंगभूमि उपन्यास की वैश्विकता पर प्रकाश डाला। डॉ. राम सुधार सिंह ने कहा कि सूरदास प्रेमचंद के मन को आदर्श का मूर्त रूप है, सूरदास अपनी पूरी लड़ाई को एक खेल की तरह लेता है, यही उसकी जीवन दर्शन है, सूरदास सच्चाई के सामने किसी की परवाह नहीं करता।
मुख्य अतिथि प्रो. श्रद्धानंद ने कहा कि उपन्यास में प्रेमचंद दिखाते हैं कि पूंजीपति और अंग्रेजी सरकार सभी मिलकर गरीबों पर अत्याचार करते हैं। अध्यक्षता डॉ. अशोक कुमार सिंह ने की। कंचन सिंह ने स्वागत किया। संचालन डॉ. शुभा श्रीवास्तव ने किया। धन्यवाद ज्ञापन राजीव गोंड ने किया। डॉ. रामानंद, शिव कुमार पराग, अत्रि भारद्वाज आदि माैजूद रहे।
आईआईवीआर ने एफपीओ के साथ किया एमओयू
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) ने शुक्रवार को ग्राफ्टेड ब्रिमैटो तकनीक के व्यवसायीकरण के लिए एक कंपनी और एफपीओ से समझौता किया। हरगौरी किसान उत्पादक संगठन (झारखंड) और दूधही किसान उत्पादक कंपनी कुशीनगर व त्रिपाठी बीज उत्पादक समिति जालौन मटर के किस्म ‘काशी नंदिनी’ के प्रसार के लिए लाइसेंसिंग समझौता हुआ। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हरगौरी किसान उत्पादक संगठन के सीईओ अमरेंद्र कुमार, दूधही किसान उत्पादक कंपनी के सीईओ मनोज कुशवाहा ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि ‘ग्राफ्टेड ब्रिमैटो’ जैसी उन्नत उत्पादन तकनीक और काशी नंदिनी जैसे उन्नत किस्मों के विस्तार में सार्वजनिक व निजी भागीदारी जरूरी है। इस दौरान वैज्ञानिक डॉ. अनंत बहादुर, डॉ. हरे कृष्ण, अनीष कुमार, डॉ. ज्योति देवी, डॉ. नागेंद्र राय, डॉ. अरविंद, डॉ. प्रभाकर आदि ने इस तकनीक के महत्व और काशी नंदिनी की गुणवत्ता के बारे में विस्तार से बताया।