फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Hearing could not held in Gyanvapi case VDA deposited fine of one lakh rupees

News: ज्ञानवापी केस में नहीं हो सकी सुनवाई, VDA में जमा हुआ 1.10 लाख का जुर्माना; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें

Fri, 02 May 2025 05:20 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Fri, 02 May 2025 05:20 AM IST
सार

वाराणसी की अदालत में ज्ञानवापी से जुड़े एक मामले की सुनवाई टल गई। वहीं, वीडीए ने अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए इसे न्यायालय तक पहुंचाया। ऐसे में 1,10,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Hearing could not held in Gyanvapi case VDA deposited fine of one lakh rupees
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

ज्ञानवापी के वर्ष 1991 के पुराने मामले में गुरुवार को सिविल जज (सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक) भावना भारती की अदालत में सुनवाई टल गई है। पीठासीन अधिकारी के अवकाश पर होने के कारण अगली सुनवाई पांच मई को होगी। 

विज्ञापन


पिछले तिथि पर पक्षकार बनने के अर्जी पर बेटियों की ओर से आशीष श्रीवास्तव ने बहस शुरू की है। उधर, पिछले तिथि पर वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी की हटाने वाली अर्जी पर वाद मित्र ने आपत्ति दाखिल की है। पिछले तिथि पर मुकदमे के वादी रहे पं. हरिहर पांडेय की बेटियों मणिकुंतला तिवारी, नीलिमा मिश्रा और रेनू पांडेय की ओर से मुकदमे में पक्षकार बनाए जाने का दाखिल प्रार्थना पत्र पर अब लंबित है। 
विज्ञापन


पुरानी रंजिश में मारपीट, महिला समेत छह घायल
बड़ागांव थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें महिला समेत छह लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी है। गांव के मिथिला राय और प्रदीप राय के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा है। मारपीट में प्रदीप राय उनके दोनों पुत्र प्रवीण व त्रिभुवन और दूसरे पक्ष की मीरा राय, मिथिला राय व प्रेम सागर राय घायल हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

पति पर लगाया पिटाई का आरोप, केस दर्ज
बड़ागांव में विवाहिता ने पति पर पिटाई और घर से भगाने समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया है। आराधना ने पुलिस को बताया कि देवचंदपुर गांव निवासी पति गौरव वर्मा ने पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी। 

किशोरी को अगवा मामले में नामजद समेत तीन पर केस दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी लापता हो गई। पिता ने प्रयागपुर निवासी सोनू राजभर और दो साथियों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया। 

गाड़ी हटाने को लेकर मारपीट में दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराया केस
कैंट थाना क्षेत्र के पत्रकारपुरम कॉलोनी में वाहन खड़ा करने को लेकर मारपीट के मामले में दूसरे पक्ष ने भी केस दर्ज कराया। पीड़ित संजय चौहान ने पुलिस को बताया कि भाई संतोष चिकित्सक को दिखाने जा रहे थे, तभी रास्ते में खड़ी एक पिकअप को हटाने को लेकर कहासुनी हो गई।

इसी दौरान मोहल्ले के यासीफ, आदिल, शेरू सहित 5-7 लोग बाहर निकले गालीगलौज की और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। सोमवार को मोहम्मद तारिक सिद्दीकी ने पहले मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें ड्राइवर की पिटाई और घर का गेट तोड़ने का आरोप लगाया था। 

अदालत के आदेश पर वीडीए में जमा हुआ 1.10 लाख का जुर्माना
वीडीए ने अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए इसे न्यायालय तक पहुंचाया। ऐसे में 1,10,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि वीडीए बनाम आमिर जहूर वगैरह के मामले में अवैध निर्माण पर अभियुक्तों पर 55,000-55,000/- का जुर्माना आरोपित किया गया। 

सीजेएम के यहां दायर परिवाद में सुनवाई में जुर्माने के अलावा आदेश दिया गया है कि यदि अर्थदंड का भुगतान नहीं किया जाता तो अभियुक्तों को 30-30 दिन के अतिरिक्त साधारण कारावास की सजा भुगतनी होगी। कार्रवाई उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम के तहत की गई।

बैंक लंबित आवेदनों को जल्द निस्तारित करें
सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में गुरुवार को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की सभी बैंक समन्वयक और संबंधित विभागों के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक हुई। बैंकों की ओर से अपेक्षा अनुरूप प्रगति नहीं मिलने पर नाराजगी जताई।

शाखाओं के साथ फॉलोअप कर तीन दिन में वितरण कराने के निर्देश दिए। कहा कि लंबित आवेदनों में कम से कम एक तिहाई स्वीकृत करना सुनिश्चित करें। सीडीओ ने सहायक आयुक्त उद्योग को निरस्त किए गए आवेदनों की कारण सहित गूगल शीट संबंधित विभागों के अनुश्रवण/समीक्षा के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

एसटीपी का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने गुरुवार को गोइठहां के 120 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और एमपीएस का निरीक्षण किया। सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली, टेक्नोलॉजी, संचालन और प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी ली। जल निगम के अधिशासी अभियंता शहरोज दोस्त ने बताया कि प्लांट को 2019 में चालू किया गया है। कार्यकारी फर्म मेसर्स एलएंडटी लिए, चेन्नई की ओर से 5 वर्षों का संचालन किया जा रहा है।

जानलेवा हमले के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
जानलेवा हमले के मामले में तीन आरोपियों को लंका पुलिस ने बुधवार देर रात नरोत्तमपुर से गिरफ्तार किया। जिसके बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया। आरोपियों में आकाश जायसवाल, युवराज सिंह और साहिल सिंह हैं। नरोत्तमपुर के रहने वाले मनोज पटेल पर मंगलवार को पड़ोसी आकाश जयसवाल, युवराज सिंह, साहिल सिंह ने रॉड और हॉकी से हमला कर दिया। 

परिजनों ने मनोज को बीएचयू के ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया है। मनोज की पीठ और सिर में गंभीर चोट आई है। वह कोमा में चला गया है। मनोज के भाई विनोद पटेल की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

हाईवे पर वाहन की टक्कर से कार पलटी, चार घायल
मिर्जामुराद क्षेत्र के डंगहरिया गांव के पास नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह भारी वाहन की टक्कर से कार पलट गई, जिसमें कार सवार चार लोग घायल हो गए। प्रयागराज के अंकित कुमार, आलोक, विशाल और गौतम वाराणसी में शादी से घर लौट रहे थे। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। भारी वाहन प्रयागराज की तरफ भाग निकला। मिर्जामुराद पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की सहायता से बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। 

बाइक के धक्के से अधेड़ घायल
लालपुर थाना क्षेत्र के चौकाघाट में बाइक के धक्के घायल अधेड़ ने थाने में बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया। नदेसर के राजा बाजार निवासी पीड़ित विशुन दास के पुत्र सागर ने बताया कि पापा मंगलवार की सुबह चौकाघाट स्थित हनुमान मंदिर के पास पैदल अपने वर्कशॉप जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही बाइक ने धक्का मार दी। मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों पैरों में फ्रैक्चर, सिर और कंधे में चोटें आई हैं।

बीएचयू में पीएचडी में दाखिले पर छात्रों ने उठाए सवाल, रिपोर्ट वायरल
बीएचयू में अब बिना ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र के ही पीएचडी में प्रवेश का मामला सामने आया है। छात्रों ने कला संकाय के एक विभाग के जिम्मेदारों पर आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है। सोशल मीडिया पर एक कागज भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे बीएचयू की जांच कमेटी की रिपोर्ट बताया जा रहा है। 

लिखा है कि कला संकाय के एक विभाग में एक अभ्यर्थी को बिना ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र और अंडरटेकिंग के ही प्रवेश दे दिया गया। जबकि ये विभाग के नियम में आता है। बीएचयू के वीसी लॉज के बाहर धरना दे रहे छात्र भास्करादित्य त्रिपाठी ने भी इसे पोस्ट किया। साथ ही जांच कमेटी की रिपोर्ट में यह बात स्पष्ट रूप से लिखी गई है।

डीन पर लगा अकादमिक उत्पीड़न का आरोप : कई छात्रों ने बीएचयू के एक डीन पर अकादमिक उत्पीड़न का आरोप लगाया। छात्रों ने कार्यवाहक कुलपति प्रो. संजय कुमार को ज्ञापन देकर कहा कि बिना किसी वजह के बार-बार कमेटी बनाई जा रही है। उन्होंने न्याय की गुहार लगाई है।

उधार सामान नहीं देने पर दुकान में किया तोड़फोड़
भेलूपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर मोहल्ले में उधार सामान नहीं देने पर मनबढ़ ने दुकान में तोड़फोड़ कर दी। पीड़ित दुकानदार ने थाने में केस दर्ज कराया। दीनदयाल सोनी ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर में जनरल स्टोर चलाते हैं। पड़ोस में रहने वाला संजय बिंद दुकान पर सामान लेने आया और बिना पैसे दिए जाने लगा। पैसे मांगने पर दुकान का काउंटर तोड़ दिया। सामान बाहर फेंकने लगा। गल्ले को भी सड़क पर फेंक दिया। आरोपी संजय बिंद के खिलाफ केस दर्ज किया है।

ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत 47 वाहन सीज
ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत थाने की पुलिस ने 30 दिन में 47 संदिग्ध वाहनों को सीज और चालान किया। प्रभारी निरीक्षक अतुल सिंह ने बताया कि विभिन्न स्थानों पर बिना नंबर प्लेट, संदिग्ध नंबर प्लेट या बिना दस्तावेज चल रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। 

चोरी के आभूषण मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, दो दोपहिया मिले
आभूषण चोरी करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने बुधवार रात सीओ अंडरपास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी के माल, कटर और दो दोपहिया वाहन भी बरामद हुए। थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि आरोपियों में सारनाथ के छाही का रहने वाला आशीष राम और सागर सिंह, जयरामपुर का रितिक राजभर, चोलापुर के दशनीपुर निवासी अंजनी उर्फ बाबा हैं। आरोपियों ने बताया कि 10 अप्रैल को जयप्रकाश महाविद्यालय उमरहा के पीछे, 25 अप्रैल को पियरी व 29 अप्रैल को लखराव चौबेपुर में चोरी कर चुके हैं। 

ऑटो रिक्शा में छूटा यात्री का सामान एक घंटे में खोजा
लोहता थाना क्षेत्र में एक यात्री अपना सामान ऑटो में भूल गया। पुलिस ने एक घंटे के अंदर ऑटो को खोज निकाला। साथ ही यात्री का सामान सौंप दिया। बिहार, पटना के रहने वाले अमित कुमार सिंह ने बताया कि वह लोहता से ट्रेन लेने ऑटो से कैंट जा रहे थे। इस बीच अपना सामान भूल गए। बाद में लोहता पुलिस से गुहार लगाई। सिटी कमांड सेंटर के जरिये उक्त ऑटो की पहचान कर बैग बरामद किया गया।
 

अघोराचार्य के अवतरण दिवस पर छह राज्यों के 33 युगल विवाह बंधन में बंधे
अघोराचार्य बाबा सिद्धार्थ गौतम राम के अवतरण दिवस पर बाबा कीनाराम स्थल क्रीं कुंड में सामूहिक विवाह हुआ। छह राज्यों के 33 जोड़े विवाह के बंधन में बंध गए। गुरुवार को कार्यक्रम की शुरुआत शाम 7:45 बजे अघोराचार्य बाबा सिद्धार्थ गौतम राम के अवतरण दिवस मनाने से हुई। 

भक्तों ने पीठाधीश्वर से केक काटने का आग्रह किया। अघोराचार्य ने केक काटा, जिसे भक्तजनों के बीच प्रसाद के तौर पर वितरित किया गया। इसके बाद सामूहिक विवाह की रस्में शुरू हुईं। अघोराचार्य बाबा कीनाराम अघोर शोध एवं सेवा संस्थान के सौजन्य से आयोजित इस सामूहिक विवाह में वर-वधू पक्ष को रत्ती-मात्र के भी आर्थिक बोझ का एहसास नहीं करना पड़ा। 

दोनों पक्ष को आर्थिक सहयोग राशि के अलावा जरूरी वैवाहिक सहूलियत उपलब्ध कराई गई। दोपहर में आम वैवाहिक रिवाजों के निर्वाह के साथ-साथ सभी वर-वधू की हल्दी की रस्म भी करवाई गई। रात आठ बजे से खानपान, शानदार साज-सज्जा और अघोरपीठ परिसर के अंदर सामूहिक विवाह कार्यक्रम की रौनक देखने लायक थी।

आज चार घंटे कटी रहेगी बिजली
नगरीय विद्युत वितरण खंड मड़ौली के तहत लाइन मेंटेनेंस कार्य की वजह से शुक्रवार को भिखारीपुर उपकेंद्र से जुड़ी कालोनियों में सुबह 11 बजे से 3 बजे (4 घंटे) तक आपूर्ति बाधित रहेगी। अधिशासी अभियंता शुभम पांडेय ने बताया कि मेंटनेंस की वजह से बृज इन्क्लेव, ककरमत्ता, जेपीस नगर, श्रीरामनगर कालोनी, लखराव, जानकीनगर इलाके में शटडाउन लेकर काम किया जाएगा।

धीमी हुई हवा की रफ्तार, 36.6 डिग्री पहुंचा अधिकतम तापमान
पिछले तीन चार दिन से तेज हवा चलने के बाद गुरुवार को हवा की रफ्तार धीमी रही। इस वजह से धूप भी अन्य दिनों की तुलना में असरदार रही। मौसम में हुए इस बदलाव के कारण दिन में लोग उमस से बेचैन हो गए। रात में हवा चलनी शुरू हुई तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। इस बीच अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। 

अधिकतम तापमान जो बुधवार को 35.6 डिग्री सेल्सियस रहा वह बढ़कर गुरुवार को 36.6 पहुंच गया। दूसरी ओर न्यूनतम तापमान भी 24.0 से बढ़कर 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि इस सप्ताह फिलहाल ऐसा ही मौसम रहेगा। बादलों की आवाजाही और तेज हवा के आसार हैं।

श्रम के प्रति सम्मान और समर्पण की रखें भावना : कुलपति
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि श्रम ही जीवन की सच्ची पूंजी है और इसके बिना कोई भी कार्य सफल नहीं हो सकता। भारतीय संस्कृति में श्रम को हमेशा से ही महत्वपूर्ण माना गया है, और वेदों एवं पुराणों में भी इसकी महत्ता बताई गई है। श्रमिकों के अधिकारों और उनकी गरिमा की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है।

वह गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। कुलपति प्रो. शर्मा ने कहा कि हमें श्रम के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना रखनी चाहिए, जिससे हम अपने कार्यों में सफलता प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि हम एक ऐसा कार्य वातावरण बनाने का प्रयास करें जो निष्पक्ष, न्यायसंगत और न्यायपूर्ण हो। जहां हर व्यक्ति को महत्व दिया जाए, सम्मान दिया जाए और आगे बढ़ने के लिए सशक्त बनाया जाए।

सरकार मजदूर हितों पर नहीं दे रही ध्यान: शशिकांत
अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस पर नगर निगम कर्मचारी संघ भवन में गोष्ठी हुई। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष शशिकांत श्रीवास्तव ने कहा कि आज तमाम विभागों का निजीकरण करने के प्रयास में कटनी छंटनी की जा रही है। उनके स्थान पर संविदा कर्मियों की नियुक्ति की जा रही है। इसके पीछे मात्र आर्थिक बोझ को कम करने के लिए सरकार की ओर से किया जा रहा है इसमें मजदूरों का हित नहीं देखा जा रहा है। 

अध्यक्षता सीएफटीयूआई की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष माया पांडेय ने की। इस अवसर पर अवधेश चतुर्वेदी, सुषमा श्रीवास्तव, प्रवीण वर्मा, सरस्वती मिश्रा, मोनिका पांडेय आदि ने अपने विचार रखे। उधर, बनारस रिक्शावान महासभा की गोष्ठी हुई। इसमें मजदूर मासिक पत्रिका का प्रकाशन और पूर्वांचल मजदूर न्यूज प्रसारण 15 मई से करने का निर्णय लिया गया। अध्यक्षता राजेश आजाद ने की। 

पहलगाम हमले के विरोध में निकाला शांति मार्च
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में भारत विकास परिषद रामनगर ने बृहस्पतिवार मौन जुलूस निकाला। जुलूस रामनगर चौक से शास्त्री प्रतिमा तक गया। वहां दो मिनट का मौन रखकर मृतकों की आत्मा के लिए प्रार्थना की गई। लोगों ने भारत सरकार से मांग की कि आतंकवादियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए। इस दौरान परिषद के अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव, आरपी सिंह, मुकुंद सेठ, गोपाल प्रसाद गुप्ता, अमरेश कुशवाहा आदि मौजूद रहे।

लोगों की सुविधा के लिए बने वेटिंग एरिया
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने गुरुवार को जोन पांच रामनगर मुगलसराय के कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। आगंतुकों की सुविधा के लिए एक प्रतीक्षालय (वेटिंग एरिया) बनाने का निर्देश दिया। कार्यालय परिसर में साफ-सफाई रखने को कहा। कार्यालय भवन पर जोन कार्यालय का नाम प्रदर्शित करने की बात कही।

कहा कि रेनोवेशन जल्द प्रारंभ करें। ताकि वातावरण बेहतर हो सके। कार्यालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कर्मचारियों की कार्यप्रणाली देखी। पत्रावलियों को निर्धारित क्रम में न रखने और फाइलों में सुनवाई की तिथि न होने पर असंतोष जताया। कार्यालय के कार्यों में अनुशासन और पारदर्शिता के निर्देश दिए। उपस्थिति रजिस्टर की जांच की। कर्मचारियों से उनका परिचय और काम के बारे में जाना।

वन विभाग ने दस मजदूरों को किया सम्मानित
वन विभाग ने श्रमिकों के लिए एक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया और उनके योगदान को सराहते हुए शीर्ष 10 मजदूरों को सम्मानित किया। इसके साथ ही सामुदायिक भोजन की व्यवस्था की। स्मृति चिह्न वाराणसी के वन प्रभाग के मुख्य वन संरक्षक डॉ. रवि के. सिंह द्वारा वितरित किए गए। वहीं, रोहनिया के घाटमपुर में मनरेगा मजदूरों ने विश्व मनरेगा मजदूर दिवस मनाया और सरकार से मनरेगा मजदूरी बढ़ाकर कम से कम 500 रुपये प्रतिदिन करने की मांग की।

पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्रवेश के लिए 10 मई तक मौका
पॉलिटेक्निक कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए 10 मई तक आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई है। पहले अभ्यर्थियों को 30 अप्रैल तक आवेदन का मौका दिया गया था। आवेदन के साथ ही 6 मई तक अभ्यर्थी आवेदन पत्र में सुधार कर सकते हैं।

20 से 28 मई के बीच ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। 10 जून को संयुक्त प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी किया जाएगा। प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन के लिए वेबसाइट jeecup.admissions.nic.in पर किया जा सकता है।

प्रधानों ने दी प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
जिले में ग्राम प्रधानों पर हो रहे प्रशासनिक उत्पीड़न को लेकर जिला प्रधान संगठन में भारी आक्रोश है। प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर बृहस्पतिवार को प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा। शासन प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन होगा। 

पुलिस कमिश्नर से मांग की कि प्रधान विवेक कुमार सिंह को तुरंत थाने से मुक्त किया जाए। झूठी शिकायत करने वालों पर कार्रवाई की जाए। प्रधानों की गरिमा को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासनिक आदेश पारित हो। अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने कहा कि आराजीलाइन ब्लॉक के ग्राम प्रधान विवेक कुमार सिंह उर्फ मोहित को मिर्जामुराद पुलिस ने 4 दिन से थाने में बिठा रखा है। 

यह लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान है। प्रधान ने प्रशासन के कहने पर एक अपराधी को बहला-फुसलाकर थाने तक पहुंचाया, लेकिन आज वही प्रधान झूठे केस में फंसाया जा रहा है। इसकी संपूर्ण जानकारी प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी और मंडल प्रभारी को दे दी गई है। प्रतिनिधि मंडल में लाल बहादुर पटेल, राजू तिवारी, रामसूरत यादव, ओम प्रकाश पटेल, विनोद पांडे, गगन सिंह शामिल रहे।

फयाराम के परिजनों से मिला अपना दल कमेरावादी का प्रतिनिधिमंडल
अपना दल कमेरावादी का प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को मिर्जामुराद थाने के ग्राम सभा बेनीपुर पहुंचा। हत्या कर शव कुएं में फेंकने के मामले में फयाराम राजभर के परिवार से मिलकर जानकारी ली। राष्ट्रीय सचिव उदल राजभर एडवोकेट ने कहा कि फयाराम की हत्या गंभीर कृत्य है।

पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सरकार फेल है। कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। पार्टी नेताओं ने उच्च अधिकारियों से वार्ता कर निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल, पारसनाथ राजभर, रामलाल पटेल, राजेश प्रधान, गगन प्रकाश यादव, पंकज सेठ मौजूद रहे।

सील प्रकरणों की जांच और बेसमेंट कराएं खाली : अपर सचिव
अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने गुरुवार को वीडीए सभागार में मानचित्र निस्तारण की समीक्षा की। कहा कि सील प्रकरणों की जांच और बेसमेंट खाली करवा कर पार्किंग सुनिश्चित कराएं। लंबित शमन मानचित्रों का जल्द से जल्द निस्तारण करने की बात कही। कहा कि स्वीकृत शमन पत्रावली के सापेक्ष बकाया शमन शुल्क जमा न करने वालों पर प्रवर्तन की कार्रवाई करें। 

जन शिकायतों का एक सप्ताह में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं। शहर में अनियोजित विकास और अवैध प्लाटिंग का चिह्नांकन कर ध्वस्तीकरण कराएं। जोन वन में अब तक 12,24,78,676 रुपये शमन के रूप में जमा कराया गया। जोन टू में 8,82,46,174 रुपये बतौर शमन जमा कराया गया।

पूजा लखमानी की टीम को दिलाई गई शपथ
बागबान सिंधी महिला संगठन का पहला दायित्व ग्रहण समारोह महमूरगंज स्थित एक होटल में आयोजित किया गया। इस दौरान नए पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। हर्षा केशवानी और संजना रूपानी ने नवनियुक्त अध्यक्ष पूजा लखमानी, सचिव वर्षा बड़ानी, कोषाध्यक्ष अमीषा रूपानी सहित 11 कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ दिलाई। इष्टदेव झूलेलाल की आरती के बाद बच्चों ने गणेश वंदना प्रस्तुत किया। 

वर्षा लालवानी ने संस्था का परिचय दिया। संस्था की संरक्षक पूजा बदलानी, पूनम कृष्णानी ने संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। एसीपी प्रज्ञा पाठक, डॉ. शालिनी टंडन आदि ने नई टीम को बधाई दी। संचालन रेशमा वाधवानी ने किया। इस मौके पर मधु मोटवानी, श्वेता चांगरानी, सुनीता पंजवानी, संगीता बड़ानी, पल्लवी मुरझानी, मधु विशनानी, नीलम वासवानी, मधु डोडवानी, नेहा गंगवानी आदि रहीं।

विश्वनाथ धाम में सफाईकर्मियों दिए गए कपड़े
श्रमिक दिवस पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में कार्यरत सफाईकर्मियों को मंदिर न्यास की ओर से कपड़े दिए गए। एसडीएम शंभु शरण ने मंदिर न्यास में कार्यरत सभी कार्मिकों एवं सफाईकर्मियों के प्रति सम्मान व आभार व्यक्त किया। मंदिर प्रशासन द्वारा यह पहल श्रमिकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने और उनके योगदान को सम्मानित करने के लिए की गई।

आईआईटी बीएचयू और वीसीए हेल्थकेयर के बीच हुआ एमओयू
आईआईटी बीएचयू और वीसीए हेल्थकेयर उच्च गुणवत्ता वाले हर्बल और न्यूट्रास्यूटिकल उत्पादों के वैश्वीकरण की दिशा में मिलकर काम करेंगे। दोनों संस्थानों के बीच बृहस्पतिवार को एमओयू किया गया। इसके तहत दोनों संस्थानों के विशेषज्ञ शोध और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में काम करेंगे।

आईआईटी बीएचयू और अलवर के वीसीए हेल्थकेयर के बीच हुए एमओयू में वीसीए हेल्थकेयर के प्रबंध निदेशक (अनुसंधान एवं विकास) डॉ. वीके त्रिपाठी और आईआईटी बीएचयू के अधिष्ठाता (शोध एवं विकास) प्रो. राजेश कुमार ने समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किया। इस एमओयू के तहत संयुक्त शोध परियोजनाओं, उत्पाद विकास, शैक्षणिक आदान-प्रदान और वैश्विक स्तर पर गुणवत्ता युक्त हर्बल उत्पाद विकसित किए जाएंगे।

आईआईटी बीएचयू के फार्मास्युटिकल इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. साईराम कृष्णमूर्ति ने कहा कि इस समझौते से हमारे रिसर्च को व्यावहारिक समाधान में बदलने की दिशा में काम होगा। इस दौरान डॉ. श्रेयांश जैन मौजूद रहे।

यूथ गेम्स में मंडल के आठ मैच ऑफिशियल
खेले इंडिया यूथ गेम्स के लिए खेल निदेशालय ने वाराणसी के क्षेत्रीय खेल कार्यालय से संबंधित 8 को मैच ऑफिशियल नियुक्त किया है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि वाराणसी के दो कोच उप क्रीड़ा अधिकारी अकरम महमूद को हॉकी और कबड्डी कोच शिखा सिंह, जौनपुर के फेसिंग कोच राजकुमार यादव और खोखो कोच अमरजीत यादव को, गाजीपुर के खोखो कोच राधेश्याम यादव और कुश्ती के प्रेम चंद्र यादव जबकि चंदौली के कुश्ती कोच कर्मवीर सिंह को मैच ऑफिशियल नियुक्त किया है।

विद्यापीठ में पांच मई को स्किल डेवलपमेंट की परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातक (स्किल डेवलपमेंट) पेपर रचनात्मक कौशल के गांधीवादी आयाम के सभी सेमेस्टर की परीक्षा पांच मई को होगी। समाज कार्य संकाय के अध्यक्ष प्रो. एमएम वर्मा ने बताया कि लिखित परीक्षा 75 अंक और मिड टर्म की परीक्षा 25 अंक की होगी। परीक्षा गांधी अध्ययनपीठ स्थित विभाग में सुबह 11 बजे से होगी।

पिछड़ों-दलितों पर अत्याचार के विरोध में सपा का प्रदर्शन
सपा सांसद रामजी लाल सुमन पर हमला और पिछड़ों व दलितों पर हो रहे अत्याचार के विरोध में गुरुवार को सपा ने धरना प्रदर्शन किया। जुलूस की शक्ल में आंबेडकर पार्क कचहरी पहुंचे सपा कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसीपी कैंट विदुषी सक्सेना को सौंपा। 

सभा में सपा के वरिष्ठ नेता डॉ. ओपी सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में अराजकता है। महिलाएं सड़क पर सुरक्षित नहीं है। पुलिस कानून व्यवस्था का काम छोड़ भाजपाइयों की जी हजूरी में लगी हुई है। जिला प्रवक्ता संतोष यादव ने कहा कि सांसद रामजी लाल सुमन और सपा प्रमुख अखिलेश यादव को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। गाड़ियों पर टायर फेंक रहे हैं। 

महानगर महासचिव योगेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में दबंगों और अराजकतत्वों को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है। रितेश केसरी ने कहा कि भाजपा हमेशा से दलितों के खिलाफ रही हैं। डॉ. दिलशाद अहमद ने कहा कि पीडीए समाज के लोग इस अराजकता को देख रहे हैं। इस अवसर पर आनंद मौर्य, डॉ, उमाशंकर सिंह यादव, रीबू श्रीवास्तव, प्रदीप जायसवाल, किशन दीक्षित, पूजा यादव मौजूद रहे।

स्कूली खोखो में खुशबू ने बनाए 22 अंक
68वीं राष्ट्रीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता दिल्ली में खेली जा रही है। इस प्रतियोगिता में यूपी की टीम ने 4 मुकाबले खेले। इसमें से तीन मुकाबलों में जीत दर्ज की है। राष्ट्रीय खोखो महिला वर्ग की यूपी टीम में वाराणसी मंडल की छह खिलाड़ी शमिल हैं। तीन मुकाबले में सीर गेट निवासी खुशबू यादव ने 22 अंक स्कोर किए हैं। यह प्रतियोगिता 30 अप्रैल से 4 मई तक दिल्ली में खेली जा रही है। उक्त जानकारी खुशबू के कोच अविनाश कुमार गुप्ता ने दी है। 

पिता की तरह वैज्ञानिक बनेगी अंशिका
सेंट जॉन्स स्कूल लेढ़ूपुर की छात्रा अंशिका ठाकुर ने सीआईएससीई की दसवीं की परीक्षा में 96.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप-5 में स्थान बनाया है। उन्होंने हिंदी और सामाजिक विज्ञान में शत-प्रतिशत अंक हासिल किए। उनके पिता बीएचयू के भौतिकी विभाग में वैज्ञानिक हैं। आंशिका अपने पिता को अपना आइडियल मानती हैं।भविष्य में पदार्थ विज्ञान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में शोध कर वैज्ञानिक बनना चाहती हैं। मां निजी विद्यालय में शिक्षिका हैं। 

अटल आवासीय विद्यालय पहुंचे डीएम, बच्चों से की बातचीत
डीएम सत्येंद्र कुमार ने गुरुवार को अटल आवासीय विद्यालय करसड़ा के छात्र-छात्राओं से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से बातचीत की। उनकी पढ़ाई, खान-पान, रहन-सहन, संगीत और खेल-कूद से जुड़े अनुभव भी जाने। इसी दौरान एक शिक्षक ने बच्चों से पूछा कि सर को पहचानते हो तो सभी ने हां में जवाब दिया। उन्होंने च्चों को सामान्य ज्ञान, खेल, कला और पेंटिंग जैसी प्रतियोगिताओं में बढ़ चढ़कर भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। डीएम ने विद्यालय की सफाई, रख-रखाव और शिक्षण व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। बच्चों ने पढ़ाई और सुविधाओं को बेहतर बताया।

मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक से चूकी रजत से किया संतोष
नोएडा में आयोजित राष्ट्रीय मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक से चूकी अंजलि ने रजत पदक से संतोष कराना पड़ा। शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में खेले गए मुक्केबाजी प्रतियोगिता में काशी की महिला मुक्केबाज को हार का सामना करना पड़ा।

उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए वाराणसी की अंजलि ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन कौशल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में दिल्ली की खिलाड़ी से हार का सामना करना पड़ा। जिला मुक्केबाजी संघ की अध्यक्ष नीलू मिश्रा ने बताया कि अंजली का प्रभावशाली प्रदर्शन उसके जूनून को दर्शाता है।

कोच दीपिका तिवारी ने बताया कि वाराणसी के मुक्केबाज लगातार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। यहां के खिलाड़ियों ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए भी जगह बनाई है। बताया कि परुष वर्ग में सुर्याश ने कांस्य पदक जीत कर खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए जगह बनाई है।

मजदूर हमारे उद्योग की रीढ़
औद्योगिक अस्थान चांदपुर में गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाया गया। इस दौरान लघु उद्योग भारती काशी प्रांत से जुड़े उद्यमियों ने अपने कारखानों में मजदूरों को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि असिस्टेंट डायरेक्टर एमएसएमई के राजेश चौधरी रहे। 

अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मजदूरों के बिना किसी भी उद्योग की कल्पना नहीं की जा सकती है, मजदूर उद्योग की रीढ़ हैं। हमारे लिए प्रतिदिन कामगार दिवस होता है। कार्यक्रम में सहायक निदेशक वीके राणा, रितेश बरनवाल, उद्यमी रवि गुप्ता, अभिनव वाही, अनिल कुमार, गुलजारी लाल, नयन गुप्ता आदि रहे।

बिजली निगम निजीकरण के विरोध में कर्मचारियों ने निकाली बाइक रैली
बिजली निगम के निजीकरण के विरोध में कर्मचारियों ने गुरुवार को भिखारीपुर एमडी कार्यालय से बाइक रैली निकाली। निजीकरण के फैसले को वापस लेने की मांग सरकार से की है। रैली के दौरान भारत माता मंदिर पर दो मिनट का मौन रखकर पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने लोगों को श्रद्धांजलि दी गई।

विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले भिखारीपुर से निकलकर रैली लंका, रविंद्रपुरी, भेलूपुर, रथयात्रा, सिगरा होते हुए भारत माता मंदिर पर समाप्त हुई। बड़ी संख्या में जूनियर इंजीनियर संगठन के पदाधिकारी भी शामिल हुए।

संघर्ष समिति से अविनाश कुमार, अंकुर पांडेय ने कहा कि आंदोलन के अगले चरण में 2 मई से 7 दिन तक राजधानी लखनऊ में शक्तिभवन पर क्रमिक अनशन किया जाएगा। सरकार को चाहिए कि निजीकरण की दृष्टि से बड़े पैमाने पर सभी विद्युत वितरण निगमों से संविदा कर्मियों को हटाए जाने का आदेश तत्काल वापस लिया जाए। 

संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष विद्युत नियामक आयोग को पत्र लिखकर फर्जी दस्तावेज देने वाले कंसलटेंट ग्रांट थॉर्टन से मीटिंग करने के लिए कह रहे हैं, लेकिन अब तक कर्मचारियों से बातचीत नहीं की। इस दौरान अविनाश कुमार, नरेंद्र वर्मा, मायाशंकर तिवारी, नीरज बिंद, प्रमोद कुमार, रामाशीष कुमार, राजेंद्र सिंह आदि लोग मौजूद रहे।

शहीद मजदूरों को दी श्रद्धांजलि
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के तत्वावधान में मंडल कार्यालय पर मजदूर दिवस के उपलक्ष्य में सभा हुई। इसमें शहीद मजदूरों को श्रद्धांजलि दी गई। पीआरकेएस के केंद्रीय अध्यक्ष रमेश मिश्रा और मंडल प्रवक्ता पीडी श्रीवास्तव ने मजूदर दिवस पर अपने विचार व्यक्त किए। सभा में श्याम झा, अरविंद सिंह, अब्दुल अख्तर, मो. जावेद, राम भवन, ब्रजेश कुमार आदि रहे।

दो पटल सहायकों, एक उर्दू अनुवादक को निलंबित करें
सीडीओ हिमांशु नागपाल ने गुरुवार को जिला प्रोबेशन कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्हें कई कमियां मिलीं। उन्होंने तीन पटल सहायकों से जानकारी मांगी, लेकिन वह कुछ बता नहीं सके। जिसके बाद उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिए कि इनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर निलंबन की कार्रवाई करें। 

निरीक्षण में विभिन्न यूनिट में नियुक्ति से संबंधित पत्रावलियों में कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई। वित्तीय पत्रावलियों का अवलोकन किया तो कमियां मिलीं। कनिष्ठ सहायक नाग नारायण यादव की अलमारी को खुलवाकर देखा गया जिसमें पत्रावलियां तितर बितर पाई गईं। 

नियुक्ति संबंधित पत्रावलियों में 10 दिन के भीतर वांछित कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। पत्रावलियों का रखरखाव न होने, तितर-बितर मिलने, अभिलेखों का अद्यतन न होने और पूछताछ में पटल से संबंधित जानकारी न होने पर कनिष्ठ सहायक नाग नारायण यादव, वरिष्ठ सहायक राजीव कुमार राय, उर्दू अनुवादक रशीदा बेगम के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए।

सरकार की योजनाओं का लाभ लें मजदूर
श्रममंत्री अनिल राजभर ने गुरुवार को शिवपुर स्थित जल जीवन मिशन के तहत बन रही टंकी निर्माण का काम देखा। उन्होंने यहां श्रमिक पंजीकरण शिविर का उद्घाटन किया। यहां यार्ड में काम कर रहे मजदूरों का मौके पर ही पंजीकरण कराया गया।

श्रममंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जन्म से मृत्यु तक श्रमिकों के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। सभी श्रमिक अपना पंजीकरण कराएं ताकि सरकार की हर योजनाओं का उन्हें लाभ मिले। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुशल श्रमिकों को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया। 

हर ग्राम पंचायत में रोजाना बनेंगी 5 फैमिली आईडी
चिरईगांव ब्लॉक सभागार में गुरुवार को समीक्षा बैठक में खंड विकास अधिकारी बीरेंद्र द्विवेदी ने हर ग्राम पंचायत में रोजाना पांच फैमिली आईडी बनाने के निर्देश दिए। कहा कि हर गांव में वर्क आईडी तैयार कर श्रमिकों को काम पर लगाया जाए। खराब हैंडपंप की मरम्मत और आवश्यकता के अनुसार रिबोर कराने के निर्देश दिए।

पौधरोपण के लिए व्यक्तिगत लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया भी जल्द शुरू करने को कहा। बैठक में एडीओ पंचायत कमलेश सिंह, एडीओ सांख्यिकी हवलदार यादव, अजीत सिंह, अविनाश सिंह, रमाशंकर, राजेश, शैलेंद्र सोनकर, दुर्गेश श्रीवास्तव सहित अन्य मौजूद रहे। 

BHU: परीक्षा के बाद 48 घंटे भीतर खाली करना होगा हॉस्टल
बीएचयू में यूजी और पीजी के छात्र-छात्राओं को परीक्षा खत्म होने के बाद 48 घंटे के भीतर अपने हॉस्टल को खाली करना होगा। इस आशय का आदेश अधिष्ठाता छात्र कल्याण कार्यालय की ओर से बृहस्पतिवार को जारी कर दिया गया। साथ ही इसको हॉस्टल के नोटिस बोर्ड पर चस्पा भी करवाया गया है। विश्वविद्यालय में इन दिनों परीक्षाएं चल रही हैं। आम तौर पर परीक्षा खत्म होने के बाद भी बहुत से छात्र-छात्रा हॉस्टल में रहते हैं।

जाति जनगणना के फैसले पर भाजपाइयों ने मनाया जश्न
केंद्र सरकार के जाति जनगणना के फैसला पर भाजपा के सभी कार्यालयों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। गुरुवार की देर शाम सभी रोहनिया स्थित कार्यालय में इकट्ठे हुए और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर फैसले का स्वागत किया। काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि यह निर्णय सामाजिक न्याय, समानता और समावेश की दिशा में एक नया युग प्रारंभ करेगा। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर, फौजदार शर्मा, विनीता सिंह, उषा मौर्या मौजूद रहे। 

बागबान संस्था की अध्यक्ष पूजा और सचिव वर्षा ने ग्रहण किया पदभार
बागबान संस्था का प्रथम दायित्व ग्रहण समारोह गुरुवार को धूमधाम से संपन्न हुआ। महमूरगंज स्थित होटल संकल्प में बागबान सिंधी महिला संगठन का प्रथम दायित्व ग्रहण समारोह इष्ट देव झूलेलाल साईं की आरती और गणेश वंदना के बाद शुरू हुआ। संस्था का परिचय वर्षा लालवानी ने दिया।

गुरुवार को हर्षा केशवानी, संजना रुपानी ने नवनियुक्त अध्यक्ष पूजा लखमानी, सचिव वर्षा बड़ानी, कोषाध्यक्ष अमीषा रुपानी सहित 11 कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ दिलाई। संस्था की संरक्षक पूजा बदलानी, पूनम कृष्णानी ने संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। समारोह में मुख्य अतिथि एसीपी प्रज्ञा पाठक ने कहा कि आज महिलाएं घर के कार्यों के साथ ही समाज के हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए बच्चों को देश की सेवा के लिए भी प्रेरित कर रही है। 

विशिष्ट अतिथि डॉ. शालिनी टंडन ने भी सिन्धी समाज की महिलाओं की प्रशंसा करते हुए कहा शिक्षा दीक्षा के साथ ही स्वास्थ्य के प्रति भी सजग रहना चाहिए। दायित्व ग्रहण समारोह में मधु मोटवानी, श्वेता चांगरानी, सुनीता पंजवानी, संगीता बड़ानी, पल्लवी मुरझानी की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम में सहयोग मधु विशनानी, नीलम वासवानी, मधु डोडवानी, नेहा गंगवानी, पायल राजवानी का रहा। संचालन रेशमा वाधवानी ने किया।

पांच स्थानों से उठा अलम का जुलूस, शहीदों के लिए हुई दुआख्वानी
नौचंदी जुमेरात को पांच स्थानों से अलम का जुलूस उठाया गया। अजादारों ने करबला के शहीदों की याद में नौहा और मातम किया। इस दौरान पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के लिए भी दुआख्वानी हुई।

दरगाह-ए-फातमान में उठे जुलूस में अकीदतमंदों ने हजरत अब्बास के रौजे पर जियारत की। सभी ने आतंकवाद के खात्मे और पहलगाम में मारे गए लोगों की मगफिरत के लिए दुआएं कीं। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने कहा कि नबी और हमारे इमामों ने हमें ये बताया है कि मजलूम की मदद के साथ जालिम के खिलाफ आवाज भी बुलंद करो।

इस्लाम का भी यही पैगाम है। तफसीर जौनपुरी, समर बनारसी, इमरान बनारसी ने कलाम पेश किए। हाजी आलिम हुसैन साहब भाई, हैदर मौलाई, शब्बीर हुसैन ने नोहा मातम किया। सदर इमामबाड़ा लाट, इमामबाड़ा मीर गुलाम अब्बास अर्दली बाजार, मस्जिद मुजीब पठानीतोला, इमामबाड़ा ज़ैनबिया चौहट्टा लाल खां में अलम का जुलूस उठाया गया।

प्रो. नम्रता जोशी बनी फार्मेसी अधीक्षक
आईएमएस बीएचयू के रस शास्त्र विभाग की अध्यक्ष प्रो. नम्रता जोशी को तत्काल प्रभाव से आयुर्वेदिक फार्मेसी का अधीक्षक बनाया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। इसमें कहा गया है कि वह विभागाध्यक्ष का कार्यकाल पूरा होने तक यह जिम्मेदारी संभालेंगी। 

नेत्र चिकित्सक डॉ. डीपी सिंह को पत्नी शोक
शहर के नेत्र चिकित्सक डॉ. डीपी सिंह की पत्नी बीना सिंह (65) का 30 अप्रैल को निधन हो गया। उनकी अंतिम यात्रा भोजूबीर पंचक्रोशी मार्ग स्थित आवास से मणिकर्णिका घाट के लिए निकली। मणिकर्णिका घाट पर उनका अंतिम संस्कार हुआ। मुखाग्नि उनके पति डॉ. डीपी सिंह ने दी। निधन की सूचना पर शहर के चिकित्सकों ने शोक संवेदना व्यक्त की।

विद्यापीठ में छह मई तक आवेदन में संशोधन का मौका
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के शैक्षणिक सत्र 2024-25 के अनुसूचित जाति एवं जनजाति (एससी/एसटी) विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति संशोधन के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल को छह मई तक खोला गया है।

सहायक कुलसचिव (विशेष प्रकोष्ठ) सुरेंद्र कुमार ने बताया कि छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए आवेदन करने वाले अनुसूचित जाति एवं जनजाति के ऐसे विद्यार्थी जिनके आवेदन पत्र में यदि कोई त्रुटि हो तो वे छह मई तक संशोधन कर सकते हैं। संबंधित तिथि तक फॉर्म को संशोधित करके उसका प्रिंट आउट छात्रवृत्ति विभाग में जमा करना होगा।

बच्चों ने लगा बाल श्रम के विरोध में नारे
श्रम दिवस एवं महाराष्ट्र दिवस पर सिद्धेश्वरी चौक स्थित गणेश शिशु वाटिका के बच्चों ने रैली निकाली। गंगा घाट पर पहुंचकर घाट की सफाई में सहयोग किया। बच्चों की रैली बालू जी की फरश, रामघाट होते हुए गणेश घाट पहुंची। बच्चों ने बाल श्रम विरोधी नारे लगाए तथा सभी लोगों से घाट की सफाई में सहयोग करने की अपील की।

गुरुवार को निकली रैली में स्कूल के बच्चे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मेहनत मजदूरी मत करवाओ, इन हाथों में कलम लाओ, बाल मजदूरी व्यापार है, शिक्षा बच्चों का अधिकार है, ले लो कुल्हाड़ी दे दो किताब, न छीनो बच्चों से उनका बचपन आप, बचपन बचाओ बाल श्रम हटाओ, जय जवान जय किसान के नारे लगा रहे थे। रैली सिंधिया घाट, संकठा जी मंदिर, सिद्धेश्वरी, परशुरामेश्वर, गोला गली होते हुए वापस विद्यालय पहुंची। 

विद्यालय में महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक तथा छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण भी किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या अर्चना श्रीवास्तव तथा अध्यापिका नैना जैन, शिवानी सिंह, अनीता अग्रवाल, बिंदु सिंह एवं ललिता यादव उपस्थित रहीं। विद्यालय की प्रबंध समिति के पदाधिकारी रामराज सिंह यादव, डाॅ. माधव जनार्दन रटाटे, रामकृष्ण बापट, नरसिंह तैलंग तथा अनंत राम बक्षी भी उपस्थित रहे।

नवीन को मंडलीय मनोवैज्ञानिक वाराणसी का अतिरिक्त प्रभार
डायट सारनाथ वाराणसी के वरिष्ठ प्रवक्ता नवीन कुमार पाठक को मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र वाराणसी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद उत्तर प्रदेश के निदेशक ने यह नियुक्ति की है।

नवीन कुमार पाठक ने गुरुवार को मंडलीय मनोवैज्ञानिक के रिक्त पद का कार्यभार ग्रहण किया। इससे पहले राजकीय सीटी इंटर कालेज गाजीपुर के प्रधानाचार्य और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सोनभद्र जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। यह पद पूर्व मंडलीय मनोवैज्ञानिक शैलेश कुमार के स्थानांतरण से रिक्त हुआ था। शैलेश का स्थानांतरण जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सिद्धार्थ नगर में हुआ।

काशी के स्काउट, गाइड को मिला उपराष्ट्रपति अवाॅर्ड
भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में स्काउट, गाइड और रोवर स्काउट लीडर को सम्मानित किया गया। जगतपुर पीजी कॉलेज भारत स्काउट और गाइड के सुभाष रोवर क्रू के लिए राष्ट्रीय मुख्यालय नई दिल्ली से मिले 25 उपराष्ट्रपति अवाॅर्ड वितरित किए गए।

हरिश्चंद्र पीजी काॅलेज में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी के अपर सचिव विनोद राय, सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त स्काउट/गाइड, वाराणसी मंडल राजेश कुमार प्रजापति और हरिश्चंद्र इंटर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. उमेश सिंह ने पुरस्कार देकर सभी स्काउट, गाइड सहित अन्य अन्य लोगों का उत्साह बढ़ाया।

मनरेगा मजदूरों ने ब्लॉक कार्यालय पर किया प्रदर्शन
चिरईगांव ब्लॉक कार्यालय पर बृहस्पतिवार को मनरेगा मजदूरों ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद बीडीओ वीरेंद्र नारायण द्विवेदी को मांगपत्र सौंपा। मनरेगा मजदूरों ने मांगी कि, हर मजदूर को 150 दिन काम और 400 रुपये प्रति दिन मजदूरी, मनरेगा योजना में जेसीबी मशीन पर रोक लगाने, 60 वर्ष के लोगों को 3000 रुपये प्रति माह पेंशन, रोजगार सेवकों को स्थाई नियुक्ति देने और प्रतिमाह 15000 रुपये मानदेय, सभीं मजदूरों को खाद्य सुरक्षा कानून के अन्तर्गत 10 किलो खाद्यान्न के साथ नमक व तेल देने की मांग की।

मजदूरों ने कहा कि मनरेगा श्रमिकों का श्रम विभाग में पंजीकरण करा कर श्रम विभाग की योजना से भी लाभांवित कराया जाए। इस मौके पर मंजू देवी, अगनू, बदामी, सुरेश, वंदना आदि मौजूद रहे। 

वक्फ कानून मुसलमानों के उत्थान की दिशा में ऐतिहासिक कदम : रविंद्र जायसवाल
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि वक्फ कानून को लेकर मुस्लिम समुदाय को जानबूझकर गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस कानून से मुसलमानों का हक नहीं छीना जा रहा, बल्कि यह कानून सभी समुदायों के हित में है और इसके माध्यम से समावेशी विकास होगा।

बृहस्पतिवार को गुलाबबाग स्थित पार्टी कार्यालय में उन्होंने पत्रकारों को बताया कि इस्लाम को मानने वाले लोग स्वेच्छा से वक्फ बोर्ड के अंतर्गत आते हैं। वक्फ बोर्ड के अंतर्गत आने वाली लाखों एकड़ जमीन का उपयोग अब अस्पताल, स्कूल और आवास जैसे सार्वजनिक कार्यों के लिए किया जाएगा। इससे सभी समुदायों को लाभ मिलेगा। 

उन्होंने कहा कि अब तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का 33 फीसदी लाभ मुस्लिम समुदाय को मिलता है, लेकिन शिक्षा के क्षेत्र में यह समुदाय 90 फीसदी तक पिछड़ा है, जिसे दूर करने की आवश्यकता है। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, महानगर उपाध्यक्ष आत्मा विश्वेश्वर, सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर मौजूद रहे।

वीडीए के सेवानिवृत्त कर्मचारी का विदाई समारोह
वीडीए के कर्मचारी सहायक अभियंता देवेश राम गुप्ता के सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह का आयोजन बृहस्पतिवार को हुआ। अधीक्षण अभियंता डॉ. अजय पवार ने अध्यक्षता की। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारी के कार्यों की सराहना कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर अरविंद शर्मा, सुनील सिन्हा, अभिषेक सिंह, अनिरुद्ध पांडेय आदि शामिल रहे। 

वीडीए ने तीन अवैध निर्माण किए सील
वीडीए की ओर से गुरुवार को तीन अवैध निर्माण सील किए गए। सिकरौल वार्ड के हुकुलगंज में कंचन रामेश्वर तिवारी, केशव तिवारी, रंगदीप तिवारी हुकुलगंज की ओर से अवैध निर्माण कराया जा रहा था। जिन्हें नोटिस जारी कर सील किया गया। इसके बाद पुलिस अभिरक्षा में सौंपा गया। जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा की अगुवाई में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। 

किसानों की समस्या को लेकर हुई बैठक
भारतीय किसान संघ ने विद्यापीठ विकास खंड के पिलखिरी ग्राम में गुरुवार को जिला कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक में मुख्य रूप से खनन माफियाओं द्वारा खेतों से निर्भीक होकर मिट्टी निकालना एवं चकरोड तक काटकर मिट्टी बेचने के विषय पर चर्चा हुई।

प्रांत महामंत्री रवि शेखर ने बताया कि उस क्षेत्र के 10 गांव के किसानों में भय एवं चिंता है। जिसके निराकरण के लिए भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में किसान जिलाधिकारी और कमिश्नर से मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही अपनी समस्या को लेकर ज्ञापन देंगे। बैठक में भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष उधरेज सिंह, जिला मंत्री विपुल, राजेश कुमार, संजय कुमार, सत्येंद्र कुमार आदि लोग मौजूद रहे।

मिनी जू से वन विभाग ने छोड़े 100 प्रतिबंधित पक्षी
वन विभाग की ओर से प्रतिबंधित पक्षियों की बिक्री और इन्हें पालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वहीं, छापा मारने के बाद पकड़े गए प्रतिबंधित 100 पक्षियों को बृहस्पतिवार को सारनाथ के मिनी जू से छोड़ दिया गया। पैराकीट, रिन्गड पैराकीट, रिंगड पैराकीट, हीरामन तोता, रेड मुनिया, ब्रेस्टेड मुनियां, हेडेड पैराकीट, मैना, गुलाबी रिंग्ड तोता पक्षी हैं।

उप प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि पक्षियों की खरीद-फरोख्त करने वालों के पास से इन्हें जब्त किया गया था। पक्षी स्वस्थ हो गए तो उन्हें छोड़ दिया गया। लोगों से अपील है कि लोग प्रतिबंधित पक्षियों को न पालें। साथ ही किसी मामले की जानकारी हो तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें। 

विद्यापीठ में कुलाधिपति के पुस्तक लोकार्पण कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के शिक्षाशास्त्र विभाग में गुरुवार को विश्वविद्यालय की कुलाधिपति व राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की पुस्तक चुनौतियां मुझे पसंद हैं के लोकार्पण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण हुआ। लखनऊ में हुए मुख्य आयोजन में बीएचयू कुलपति प्रो. एके त्यागी और परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा शामिल हुईं। वहीं, विश्वविद्यालय में शिक्षाशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. सुरेंद्र राम, प्रो. रमाकांत सिंह, डॉ. राखी देब, डॉ. राजेंद्र यादव, डॉ. वीणा वादिनि अर्याल ने कार्यक्रम का प्रसारण देखा।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्थल का कराएं सुंदरीकरण
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने गुरुवार को पड़ाव स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्थल का निरीक्षण किया। टिकट काउंटर पर उपलब्ध टिकट की संख्या और रोज आने वाले पर्यटकों की संख्या की जानकारी ली। उन्होंने स्मृति स्थल के सुंदरीकरण और पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने पर जोर दिया। कहा कि नर्सरी के क्षेत्रफल को और अधिक बढ़ाया जाए। हर क्यारी में पौधों के नाम की स्पष्ट पहचान पट्टिका लगाई जाए। पार्क के समुचित रखरखाव और नियमित सफाई पर ध्यान दिया जाए। सुरक्षा की दृष्टि से परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। 

आईटीआई के दो कार्यदेशक बने प्रधानाचार्य
मिर्जापुर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में राज्य प्रशिक्षण सेवा संवर्ग श्रेणी -2 से जिले के दो कार्यदेशक (फोरमैन ) परवेज कमर और अभिषेक पांडेय पदोन्नत होकर प्रधानाचार्य बने हैं। वे राजकीय आईटीआई मिर्जापुर और राजकीय आईटीआई छानबे से एक कार्यदेशक प्रोन्नति के बाद प्रधानाचार्य बने हैं। 

जिले में तीन राजकीय आईटीआई संचालित है। दो राजकीय आईटीआई में प्रधानाचार्य व एक उप प्रधानाचार्य के पद रिक्त है। परवेज कमर ने 1983 में जीआईसी मिर्जापुर से हाई स्कूल की पढ़ाई की व 1983 से 1985 तक इसी राजकीय आईटीआई से व्यावसाय टर्नर में प्रशिक्षण लिया।

विभाग में अनुदेशक से कार्यदेशक पद पर प्रोन्नति पाकर वे मिर्जापुर 2020 में आए थे। यही से प्रोन्नति पाकर प्रधानाचार्य बने। वहीं, अभिषेक पांडेय ने भी इसी राजकीय आईटीआई से व्यावसाय वायरमैन में प्रशिक्षण लिया है।

गंगा सेवा निधि के सचिव ने दर्ज कराया मुकदमा
दशाश्वमेध घाट पर मोहम्मद रेहान की पिटाई के मामले में आरोपी गंगा सेवा निधि के सचिव हनुमान यादव ने रेहान पर महिलाओं के साथ अभद्रता समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया है। बांसफाटक निवासी हनुमान ने पुलिस को बताया कि 28 अप्रैल की शाम गंगा आरती दशाश्वमेध घाट पर हो रही थी।

उसी दौरान भीड़ में एक व्यक्ति घुसकर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था। महिलाओं ने विरोध किया तो गालीगलौज और मारपीट करने लगा। दर्शनार्थियों से भी मारपीट की। भगदड़ जैसी स्थिति को देख निधि के कर्मचारियों ने युवक को बाहर निकाला। मोबाइल में उसकी अभद्रता का वीडियो भी है। 

शिवगंगा एक्सप्रेस का इंजन फेल, आधे घंटे की देरी से रवाना
बनारस स्टेशन पर शिवगंगा एक्सप्रेस का इंजन गुरुवार की रात फेल हो गया। ट्रेन अपने निर्धारित समय से आधे घंटे की देरी से दूसरे इंजन के सहारे दिल्ली के लिए रवाना हुई। इस दौरान यात्रियों ने स्टेशन अधीक्षक और डिप्टी एसएस कार्यालय के बाहर विरोध जताया। आरपीएफ और जीआरपी ने किसी तरह यात्रियों को समझाया।

बनारस से नई दिल्ली को जाने वाली 12559 शिवगंगा एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय 10.15 बजे खुलती है। जब ट्रेन नहीं खुली तो यात्री परेशान हो गए। मालूम चला कि ट्रेन का इंजन फेल हो गया। कंट्रोल की सूचना पर दूसरा इंजन मंगाया और फिर ट्रेन निर्धारित समय से 32 मिनट की देरी से 10.47 बजे रवाना हुई।

महाराष्ट्र दिवस पर आयोजित हुआ मराठी सम्मेलन
महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर श्री काशी महाराष्ट्र सेवा समिति की ओर से मराठी सम्मेलन और हल्दी कुमकुम कार्यक्रम आयोजित किया गया। सर्वप्रथम भगवान सिद्धि विनायक को माल्यार्पण कर गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ किया गया। तत्पश्चात शिवाजी महाराज और बाल गंगाधर तिलक जी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित किया गया। इस अवसर संस्था के ट्रस्टी पं माधव जनार्दन रटाटे, अध्यक्ष मकरंद महैस्कर, उपाध्यक्ष ज्ञानेश्वर तोलेदार मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन समिति के मंत्री षडानन पाठक कारखेड़कर और धन्यवाद ज्ञापन पूर्व अध्यक्ष अनंत राम बक्षी ने किया। महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर समिति में सदस्यों की संख्या बढ़ाने के लिए व्यापक सदस्यता अभियान चलाने के बारे में चर्चा हुई, अगले वर्ष तक महाराष्ट्र भवन के निर्माण की योजना तैयार हुई।

अस्सी घाट पर एक ही समय में दो बार मारपीट
अस्सी घाट पर गुरुवार की रात दो जगहों पर मारपीट हुई। शराब के नशे में धुत युवकों ने दौड़ा-दौड़ाकर मारा पीटा। कुछ युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया। बिहार के भभुआ का रहने वाला युवक घाट पर बैठा था। इस बीच प्रेमी युगल से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया।

प्रेमी युगल ने फोन करके छह से सात लड़कों को बुलवा लिया और युवक की पिटाई कर दी। घाट पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। घाट किनारे रहने वाले जब इकट्ठा हुए तो सभी भाग निकले। आरोपियों की सीसी कैमरे से पहचान की जा रही थी। उसी समय दो युवकों में मारपीट हुई। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed