News: पूर्व ब्लॉक प्रमुख को EOW ने किया अरेस्ट, धर्म परिवर्तन के बाद किशोरी किडनैप; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें
वाराणसी की इओडब्ल्यू की टीम ने बलिया के पंदह ब्लॉक के पूर्व प्रमुख को गिरफ्तार किया है। वहीं, मिर्जामुराद में दूसरे समुदाय के किशोर पर किशोरी को अगवा करने का आरोप परिजनों ने लगाया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News Today: बलिया के चर्चित खाद्यान्न घोटाले में पंदह ब्लॉक के पूर्व प्रमुख को आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन वाराणसी की टीम ने शनिवार को बलिया के सरया से गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। बलिया के पकड़ी थाना क्षेत्र के सरया गांव निवासी मुन्ना सिंह उर्फ सुग्रीव सिंह पर घोटाले का आरोप है।
ईओडब्ल्यू वाराणसी सेक्टर के पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार की टीम के निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि संपूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना के तहत 2002 से 2005 के दौरान पंदह ब्लॉक के गांवों में क्षेत्र पंचायत अंश से मिट्टी कार्य, नाली निर्माण, खडंजा, पटरी मरम्मत, संपर्क मार्ग, सीसी और पुलिया निर्माण का कार्य कराया जाना था। कार्य मानक के अनुरूप नहीं हुआ और अपूर्ण पाया गया था।
आरोपियों और अन्य सह आरोपियों की मिलीभगत से धोखाधड़ी, कूटरचित अभिलेखों के आधार पर 30 लाख से अधिक शासकीय धन का गबन कर खाद्यान्न का वितरण मजदूरों को नहीं किया गया है। फर्जी मस्टर रोल भी आरोपियों ने तैयार किया था।
बलिया के सिकंदरपुर थाने में पूर्व ब्लॉक प्रमुख समेत अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी, गबन समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तारी टीम में इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, इंस्पेक्टर दूधनाथ यादव, प्रिंस तिवारी, रोहित सिंह और अरविंद सरोज रहे।
आज 51 केंद्रों पर 23992 अभ्यर्थी देंगे सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा
जिले के 51 केंद्रों पर 23992 अभ्यर्थी संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा देंगे। सुबह और दोपहर दो पालियों में सामान्य अध्ययन प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक होगी। वहीं, सामान्य अध्ययन दूसरे प्रश्न पत्र की परीक्षा 2.30 से 4.30 बजे तक चलेगी।
एडीएम सिटी आलोक वर्मा ने बताया कि 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। एक नोडल भी तैनात रहेंगे। 51 निरीक्षण अधिकारियों की तैनाती होगी। परीक्षा से 30 मिनट पहले केंद्रों पर पहुंचना होगा। गोपनीय पैकेट्स 1.30 घंटे पहले केंद्रों पर पहुंच जाएंगे। सुबह आठ बजे तक सेंटर पर पहुंच जाना होगा। 200 मीटर की परिधि में कोई भी दुकान नहीं खुलेगी। उम्मीदवारों को अपने साथ केवल ई-प्रवेश पत्र का प्रिंटआउट, पेन, पेंसिल, पहचान प्रमाण, पासपोर्ट साइज फोटो लाना होगा।
दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
दुष्कर्म के आरोपी को जंसा पुलिस ने शनिवार को लंगोटिया बाबा मंदिर के पास से गिरफ्तार किया।वहीं, अपह्ता को पुलिस ने बरामद किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनदासपुर के किशन कुमार उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों प्रेम करते हैं और शादी करने के बाद गुजरात चले गए थे।
स्कूल वाहन चालक और साथियों की पिटाई में छह पर केस
टकटकपुर के पास स्कूल वाहन चालक और उसके साथियों की पिटाई के मामले में कैंट पुलिस ने छह समेत अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़ित गाजीपुर के खानपुर के अनैनी निवासी संतोष कुमार जायसवाल ने बताया कि गुरुवार की रात हंस नगर कॉलोनी निवासी स्कूल मालिक के रिश्तेदार के यहां से निकल रहा था। तभी रास्ता रोककर एक युवक ने अपने आठ साथियों को बुला लिया फिर लाठी डंडे से पिटाई कर दी।
दिल्ली गया परिवार, चोरों ने खंगाला घर
रोहनिया के माधोपुर गांव में शुक्रवार रात चोरों ने बंद मकान खंगाल दिया। ताला तोड़कर चोरों ने भूषण और नकदी पर हाथ साफ किया। परिवार नई दिल्ली अपने रिश्तेदार के यहां शादी में गया था। शनिवार को फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने छानबीन की। रविंद्र के भतीजे मयंक राय ने पुलिस को बताया कि चाचा रविंद्र निजी कंपनी में इंजीनियर थे। रिटायरमेंट के बाद बेटे अमित पत्नी के साथ रहते हैं। चोरों ने पांच कमरों का ताला तोड़कर 20 हजार की नकदी और आभूषण पर हाथ साफ किया।
बंद मकान से नकदी और आभूषण चोरी, मुकदमा
सारनाथ के अकथा के अनमोल नगर कॉलोनी में बंद मकान से नकदी और आभूषण चोरी हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की पहचान की जा रही है। दिनेश सिंह शुक्रवार को परिवार के साथ वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने सैदपुर गए थे। शनिवार सुबह घर पहुंचे तो ताला टूटा था। 20 हजार नकद, 27 चांदी के सिक्के, चेन चोरी हो गए।
पुलिस ने घर से 30 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की
सारनाथ के हृदयपुर के घर से पुलिस ने शनिवार को 30 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। आरोपी को जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने बताया कि अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने एक घर से अवैध तरीके से बिक्री की शिकायत पर छापा मारा गया। मौके से 30 बोतल शराब मिली। आरोपी बृजेश यादव को गिरफ्तार किया गया।
धर्म परिवर्तन कर शादी का झांसा देकर किया अगवा
मिर्जामुराद में दूसरे समुदाय के किशोर पर किशोरी को अगवा करने का आरोप परिजनों ने लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि 11वीं की छात्रा शुक्रवार को घर से निकली और लापता हो गई। गांव के ही एक दूसरे समुदाय के 10वीं के किशोर पर अगवा करने का आरोप लगाया।
पिता की तहरीर पर मिर्जामुराद पुलिस ने धर्म परिवर्तन के नियत से शादी का झांसा देकर किशोरी को भगाने समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद पांडेय ने बताया कि कुछ लोगो को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मऊ-बेलगामी एक्सप्रेस से महिला का हैंड पर्स चोरी
कैंट स्टेशन के पास 07328 मऊ-बेलमागी एक्सप्रेस के एस-6 से महिला यात्री का हैंड पर्स चोरी हो गया। एमपी के सतना के उचेहरा खरखौनी वार्ड निवासी प्रभा ताम्रकार ने जीआरपी को बताया कि पर्स में आठ हजार नकदी समेत अन्य सामान थे। कैंट जीआरपी में केस दर्ज किया गया।
किशोरी को अगवा करने में पिता-पुत्र पर मुकदमा
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव निवासी किशोरी को अगवा मामले में पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज किया गया। किशोरी की मां ने पुलिस को बताया कि ठटरा गांव के चंदन बिंद और पिता पुनवासी ने किशोरी को अगवा किया है।
वाहन की चपेट में आने से फार्मासिस्ट की मौत
मिर्जामुराद के खजुरी के नेशनल हाईवे पर शनिवार दोपहर वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार फार्मासिस्ट की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कछवा बाजार थाना क्षेत्र के महामलपुर गांव निवासी विधि नारायण शर्मा (58) किसी काम से बाइक से शहर गए थे।
प्रबंध निदेशक ने खत्म कराई भूख हड़ताल
मार्च 2023 में हड़ताल के दौरान हटाए गए संविदा कर्मियों की तैनाती सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए एमडी कार्यालय पर भूख हड़ताल पर बैठे कर्मचारी नेता पुनीत राय की हड़ताल प्रबंध निदेशक शंभू कुमार ने जूस पिलाकर खत्म कराई।
विद्युत मजदूर संगठन के पूर्वांचल अध्यक्ष इंद्रेश कुमार राय ने बताया कि हड़ताल का संज्ञान ऊर्जा मंत्री ने लिया। प्रबंध निदेशक से उन्होंने बताया कि पुनीत राय ने 2023 की मार्च हड़ताल के दौरान निकाले गए संविदा कर्मियों, टेंडर में संख्या घटाकर हटाए गए कर्मचारियों जैसी समस्याओं के समाधान के लिए तीन दिन पहले भूख हड़ताल शुरू की थी।
अवैध पार्किंग में 7 पर कार्रवाई
रेलवे सुरक्षा बल ने कैंट स्टेशन पर शनिवार को चेकिंग अभियान चलाया। डॉग स्क्वायड के साथ यात्री हॉल, पार्सल, प्लेटफार्मों, एफओबी की जांच की गई। कैंट आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि अवैध पार्किंग करने वालों सात व्यक्तियों और एक अवैध वेंडर के खिलाफ रेलवे एक्ट में कार्रवाई हुई।
मार्कंडेय महादेव घाट पर युवक गंगा में डूबा
चौबेपुर के कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव घाट पर गंगा में स्नान के दौरान शनिवार को एक युवक डूब गया। सूचना पाकर चौबेपुर थाने की पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कराई, लेकिन उसका पता नहीं लगा। आजमगढ़ जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के ऊंची गोदाम के वीरेंद्र विश्वकर्मा का पुत्र शिवम विश्वकर्मा (21) अपने साथियों के साथ कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आया था।
दर्शन-पूजन से पहले वह मार्कंडेय महादेव घाट स्नान करने पहुंचा। स्नान के दौरान उसका पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। उसके साथियों की चीख-पुकार सुनकर घाट के मल्लाहों ने खोज की, लेकिन पता नहीं चल सका। सूचना पाकर पहुंची चौबेपुर थाने की पुलिस गोताखोरों की मदद से शिवम की तलाश कराई, लेकिन उसका पता नहीं लगा। पुलिस ने हादसे के संबंध में सौरभ के परिजनों को सूचना दे दी है।
एमएलसी के वाहन में स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचीं
स्वर्वेद महामंदिर धाम उमरहां के पास विधान परिषद सदस्य अन्नपूर्णा सिंह के काफिले में उनके वाहन में शनिवार देर शाम एक स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। वाहन में बृजेश सिंह की पत्नी एमएलसी अन्नपूर्णा सिंह सवार थीं। स्कॉर्पियो चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
एमएलसी अन्नपूर्णा सिंह काफिले के साथ डुबकियां बाजार के पेट्रोल पंप से घर लौट रही थीं। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची ने स्कार्पियो सवार अशोक विहार कॉलोनी पहाड़िया निवासी को हिरासत में लिया है। प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
शृंगार गौरी और ज्ञानवापी से जुड़े केस में हुई सुनवाई
जिला जज जय प्रकाश तिवारी की अदालत में शनिवार को शृंगार गौरी और ज्ञानवापी से जुड़े कई अन्य मामलों में सुनवाई हुई। कोर्ट में ज्ञानवापी के पुराने मामले को ट्रांसफर करने के लिए दाखिल पुनः विचार अर्जी सुनने की मांग की गई। उधर, शृंगार गौरी प्रकरण के अधिवक्ता ने दाखिल एएसआई सर्वे पक्षकारों को आपत्ति दाखिल करने की गुहार लगाई है। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए पांच जुलाई की तिथि नियत की है।
अधिवक्ता अनुष्का तिवारी ने स्थानांतरण आवेदन वर्तमान पुनर्विचार याचिका (रिव्यू) दायर की है क्योंकि वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी की ओर से लगातार स्थानांतरण का विरोध किया। जिला जज ने आवेदन खारिज कर दिया था।
कर्मचारियों ने चौराहे पर शव रख जताया विरोध
रथयात्रा चौराहे पर शनिवार को लावारिस शवों के निस्तारण का काम करने वाली संस्था के कर्मचारियों ने हंगामा किया। ट्रैफिक पुलिस पर गाली देने का आरोप लगाते हुए वाहन से कई शव उतारकर चौराहे पर रख दिए। चौराहे पर थोड़ी देर के लिए यातायात अवरुद्ध हो गया। एसीपी चेतगंज गौरव कुमार ने बताया कि रेड लाइट सिग्नल तोड़ने पर वाहन को रोकने पर विवाद की स्थिति बनी थी। हालांकि जल्द ही स्थिति नियंत्रित कर ली गई थी।
ऑटो पलटने से वाराणसी के सात श्रद्धालु घायल
मां भंडारी देवी का दर्शन कर पहाड़ से उतरते समय शनिवार को एक ऑटो पलट गया। हादसे में वाराणसी की चार महिलाओं और दो बच्चों समेत सात श्रद्धालु घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहां से दो लोगों को ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया।
वाराणसी के पंचकोशी निवासी ऑटो चालक बाबू श्रद्धालुओं को को लेकर सुबह मां भंडारी देवी के दर्शन के लिए आए थे। ऑटो में एक ही परिवार की संजू, मंजू, अंजू, दुर्गा, काव्या, मयंक समेत सात लोग सवार थे। दर्शन के बाद पहाड़ से उतरते समय असंतुलित होकर ऑटो पलट गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टर ने बाबू और मयंक को ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
पत्रकार पर हमला, तोड़फोड़
बड़ागांव के बीरापट्टी गांव के पास शुक्रवार की रात शादी से कार से जा रहे एक पत्रकार के चालक के साथ वाहन पास को लेकर हुई कहासुनी के बाद मनबढ़ भड़क गए। मनबढ़ों ने चालक के साथ ही पत्रकार को पीट कर कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। बड़ागांव थाने की पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज किया।
फूलपुर थाना क्षेत्र के सगुनहा गांव निवासी अवनीश कुमार मिश्रा एक दैनिक समचार पत्र (अमर उजाला नहीं) के पत्रकार हैं। अवनीश ने बताया कि वह सरैंया बीरापट्टी गांव में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में एक ट्रैक्टर से पास लेने के मामले को लेकर कहासुनी हुई और मामला किसी तरह से शांत हो गया। बीरापट्टी गांव के पास कुछ लोगों ने जेसीबी लगाकर रास्ता रोक लिया।
पहले अपना पाकिस्तान प्रेम देखें केशव
बनारस दौरे पर आए उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य द्वारा राहुल गांधी को पाकिस्तान का प्रवक्ता कहने पर महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने आपत्ति जताई है। महानगर अध्यक्ष ने एक पोस्टर जारी करते हुए उपमुख्यमंत्री को भारतीय जनता पार्टी के पाकिस्तान प्रेम पर अध्ययन करने की सलाह दी है।
उन्होंने कहा कि केशव मौर्य खुद चुनाव नहीं जीत पाए अपने सरपरस्तों को खुश करने व अपनी कुर्सी बचाए रखने के लिए लगातार राहुल गांधी पर अनर्गल प्रलाप अलापते रहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं का पाकिस्तान प्रेम कई बार सामने आ चुका है। इसलिए सस्ती लोकप्रियता के लिए सूरज को दिया दिखाने का प्रयास ना करें।
किसानों से जुड़ने के लिए किया प्रेरित
पूर्वांचल के छह जिलों के 46800 किसानों तक उन्नत कृषि तकनीकी पहुंचाने के लिए शनिवार केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कृषि वैज्ञानिकों को प्रेरित किया। बीएचयू के सुंदर बगिया स्थित गेस्ट हाउस के सभागार में ऑनलाइन माध्यम से आईआईवीआर के निदेशक समेत संस्थान के कई वैज्ञानिक शामिल हुए।
कृषि मंत्री ने कहा कि 29 मई से शुरू होने वाले 15 दिवसीय अभियान के तहत कृषि वैज्ञानिक वाराणसी, सोनभद्र, चंदौली, मिर्जापुर, संत रविदास नगर और कुशीनगर जिलों के किसानों के बीच सीधे जाएंगे। वे खेती-किसानी के उन्नत तरीकों पर चर्चा करेंगे और उन्हें नई तकनीकों बताएंगे।
न्यूनतम वेतन की मांग पर कर्मचारियों का धरना
पूर्वोत्तर रेलवे बनारस कोचिंग डिपो में निजी कंपनी के कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन शनिवार को भी जारी रहा। कर्मचारियों का आरोप है कि नई संविदा कंपनी उन्हें रेलवे द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन नहीं दे रही है। 30 दिन काम करने के बावजूद केवल 26 दिन का वेतन मिल रहा है।
कर्मचारी विकास प्रताप सिंह ने बताया कि कंपनी के मैनेजर और स्टेशन इंचार्ज समेत चार आरोपियों ने कर्मचारियों पर मानसिक दबाव बनाया हुआ है। मिथिलेश सिंह, चंदन कुमार, राधे किशन, विवेक, अजय कुमार, अजय दिवाकर, रवि, चंदन पाल माैजूद रहे।
प्रधान कार्यकारी निदेशक को बताईं समस्याएं
रेलवे बोर्ड संरक्षा के प्रधान कार्यकारी निदेशक संजय मिश्रा ने पूर्वोत्तर रेलवे के क्रू व ट्रेन मैनेजर लॉबी का निरीक्षण किया। इस दौरान रनिंग कर्मियों ने सुरक्षा और अन्य समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। मुख्यालय में 14 घंटे में कॉल बुक जबकि आउट स्टेशन में 16 से 45 घंटे तक विश्राम देना और 72 घंटे से अधिक मुख्यालय के बाहर रखना व पूर्वोत्तर रेलवे में नियम विरुद्ध बिना गार्ड ट्रेन का संचालन कराया जा रहा है। रेलवे बोर्ड संरक्षा के प्रधान कार्यकारी निदेशक ने संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आश्वस्त किया। एसोसिएशन के सहायक महासचिव रविंद्र कुमार, मंडल सचिव संतोष सिंह हाडा, रंजीत कुमार माैजूद रहे।
अवैध निर्माण पर वीडीए ने चलवाया बुलडोजर
सारनाथ के दानियालपुर में विकास प्राधिकरण ने अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कराया। पुराना पुल के पास सुक्खू वरुणा नदी से 50 मी. के दायरे में 75 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में निर्माण करा रहे थे। कार्रवाई के दाैरान अभियंता वर्तिका दुबे उपस्थित रहीं।
नगर निगम ने हटवाया अतिक्रमण
नगर निगम के प्रवर्तन दल ने शहर में अतिक्रमण हटवा कर 3600 रुपये का प्लास्टिक और अन्य जुर्माना लगाया। चांदपुर, महेशपुर के इंडस्ट्रियल एरिया में अवैध अतिक्रमण हटाने को कहा। मलदहिया चौराहा से फूलमंडी होते हुए, लहुराबीर चौराहा, जगतगंज, संपूर्णानंद संस्कृत विद्यालय तक सड़क के दोनों किनारे कई अस्थाई अवैध अतिक्रमण को हटाया।
टी स्टॉल को नगर निगम ने जब्त कर 200 रुपये का चालान वसूला। लहुराबीर चौराहा के पास सात किलोग्राम प्लास्टिक जब्त कर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। प्लास्टिक पर 1,24,200 रुपये और अतिक्रमण करने पर 1,13,850 रुपये का जुर्माना लगा। इस दौरान 89 होर्डिंग और 2 अवैध पार्किंग भी हटवाई गई।
क्रॉस लिस्ट नहीं, 15 जिले के अंकपत्रों का वितरण अटका
यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में उत्तीर्ण हुए 15 जिलों के छात्र-छात्राओं के अंक प्रमाण पत्र क्षेत्रीय कार्यालय में पहुंच गए हैं। क्रॉस लिस्ट के अभाव में अब तक वितरण शुरू नहीं हो पाया है। इससे छात्र-छात्राओं में बेचैनी बढ़ती जा रही है।
उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रवेश के लिए इन प्रमाण पत्रों की जरूरत है। जानकारी के अनुसार, वाराणसी क्षेत्रीय कार्यालय के तहत आने वाले वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, भदोही, सोनभद्र, मऊ, बलिया, आजमगढ़, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती और सिद्धार्थनगर के छात्र-छात्राओं के अंकपत्र और मूल प्रमाण पत्र कार्यालय में आ चुके हैं। क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय के सहायक सचिव साहब लाल यादव ने बताया कि क्रॉस लिस्ट का इंतजार कर रहे हैं। जैसे ही लिस्ट प्राप्त होगी, वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
वंदे भारत में एसी न चलने की शिकायत की
देशी की सेमी हाईस्पीड वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस में एक बार फिर एसी नहीं चलने से यात्रियों को परेशान होना पड़ा। शनिवार को यात्रियों ने एक्स और रेल मदद एप पर शिकायत दर्ज कराई।
22415 वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर करने वाले यात्री विवेक सिंह ने एक्स और रेल मदद एप पर शिकायत दर्ज कराई और कहा कि इस ट्रेन में क्या दिक्कते हैं, जिसकी एसी काम नहीं कर रही है। यात्रियों को घबराहट और बेचैनी हो रही है। महिलाएं और बुुजुर्ग यात्रियों को काफी परेशानी हुई। ट्रेन के क्रू मेंबरों से यात्रियों ने शिकायत दर्ज कराई लेकिन किसी ने सुध नहीं ली।
किसानों को मिलेंगे दलहनी, तिलहनी और मोटे अनाज के बीज
किसानों को एक सप्ताह बाद दलहनी, तिलहनी और मोटे अनाज के बीज भी मिलेंगे। जिले के सभी राजकीय बीज भंडार केंद्रों पर अनुदान पर किसानों को दी जाएगी। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य ने बताया कि अरहर, मूंग, उड़द, मसूर, तिल जैसे बीजों की मांग की गई। एक हफ्ते बाद बीज दिए जाएंगे। अभी धान की तीन किस्मों के 557 क्विंटल बीज 50 फीसदी अनुदान पर दिया जा रहा है।
बिजली कर्मियों ने जलाईं बर्खास्तगी आदेश की प्रतियां, नारेबाजी
बिजली निगम के निजीकरण के प्रस्ताव को लेकर चल रहे विरोध में शनिवार को चौथे दिन भी दोपहर में 2 से 5 बजे तक बिजली उपकेंद्र के साथ ही निगम के कार्यालयों में कर्मचारियों की संख्या कम दिखी। पावर कार्पोरेशन के चेयरमैन के आदेश की प्रतियां कर्मचारियों ने जलाईं।
जिले में 21 मई से 28 मई तक हर दिन दोपहर 2 से 5 बजे तक कर्मचारियों ने कार्यबहिष्कार का निर्णय लिया है। भिखारीपुर एमडी कार्यालय पर कर्मचारियों ने शनिवार को प्रदर्शन कर चेयरमैन के आदेश को तानाशाही पूर्ण कार्रवाई बताया। संघर्ष समिति के पदाधिकारी राजेन्द्र सिंह ने बताया कि ऊर्जा निगमों में औद्योगिक अशान्ति का वातावरण बनाकर हड़ताल थोपने के हालात बनाने के आरोप में पॉवर कारपोरेशन के चेयरमैन डॉ आशीष गोयल को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है।
संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से डॉ. गोयल को बर्खास्त करने की कृपा करें। मायाशंकर तिवारी ने कहा कि निदेशक वित्त, निधि नारंग का कार्यकाल दूसरी बार 3 माह के लिए बढ़ाया गया। संघर्ष समिति की ओर से इसका विरोध किया जा रहा था। अध्यक्षता एसके सिंह, संचालन अंकुर पांडेय ने की। इस दौरान सियाराम, संदीप कुमार,अनिल कुमार,संतोष वर्मा,हेमन्त श्रीवास्तव मौजूद रहे।
पेयजल योजना की धीमी प्रगति पर नगर आयुक्त ने जताई नाराजगी
वाराणसी। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने अमृत 2.0 कार्यक्रम के अंतर्गत इंद्रानगर क्षेत्र में निर्माणाधीन पेयजल योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई।
योजना के तहत कुल 1 नग शिरोपरि जलाशय, 29.7 किलोमीटर डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क, 2 नलकूप, 2 पंप हाउस और 2410 हाउस होल्ड कनेक्शन प्रस्तावित हैं। जल निगम के अधिशासी अभियंता ने नगर आयुक्त को अवगत कराया कि अब तक 1 नलकूप, 5.50 किलोमीटर डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क, जलाशय की पाइलिंग, मास्टर कंट्रोल सिस्टम रूम की लिंटल स्तर तक संरचना और एक पंप हाउस का स्ट्रक्चर, प्लास्टर का कार्य हो चुका है।
नगर आयुक्त ने केदारकापुरा चितईपुर इंद्रानगर क्षेत्र में स्थित अस्थायी गौशाला की खाली भूमि पर पार्क विकसित करने के संबंध में सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी अधिकारी उद्यान अनिल यादव को स्थल का निरीक्षण कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
नगर आयुक्त ने ऋषि मांडवी जोन के तहत सामान्य अभियंत्रण विभाग से जुड़े नाला सफाई व जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों का भी जायजा लिया। करौंदी-पंचकोशी मार्ग के समीप मलिन बस्ती में स्थित पोखरे की सफाई हेतु आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद, जलकल महाप्रबंधक, अधिशासी अभियंता मार्ग प्रकाश, जल निगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता तथा सिविल नगर निगम के सहायक अभियंता भी उपस्थित रहे।
सीएम से की शिकायत, तब हुआ राज्य अध्यापक पुरस्कार में चयन
यूपी कॉलेज के एक प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत की, तब जाकर उनका नाम राज्य अध्यापक पुरस्कार में आया। शारीरिक शिक्षा के प्रवक्ता डॉ. उमेश सिंह को राज्यपाल सम्मान राज्य अध्यापक पुरस्कार-2024 दिया जाएगा। जनपद स्तरीय चयन समिति ने डॉ. सिंह को 98.5 अंक प्रदान किया था, लेकिन एक गड़बड़ी के चलते सरकार तक नाम नहीं पहुंच सका। इसके चलते डॉ. सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत कर पुरस्कार देने की मांग उठाई थी।
उत्तर प्रदेश शासन के माध्यमिक शिक्षा अनुभाग की ओर से शनिवार को एक कार्यालय ज्ञापन जारी किया गया है। बताया गया है कि 29 अप्रैल को साक्षात्कार के आधार पर डॉ. उमेश का मूल्यांकन किया गया और राज्य चयन समिति की ओर से शारीरिक शिक्षक के रूप में पुरस्कृत करने की अनुशंसा की गई।
डॉ. उमेश सिंह ने कहा कि प्रकरण में गलती करने के चलते बनारस में शिक्षा से जुड़े एक कर्मचारी को निलंबित भी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यूपी कॉलेज के 109वें स्थापना दिवस पर जब मुख्यमंत्री संस्थान में आए तभी ज्ञापन दिया था।
विद्यापीठ में खेल कैलेंडर डेढ़ महीने लेट खिलाड़ियों को नहीं मिल रही प्रोत्साहन राशि
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा परिषद में खेल गतिविधियों को लेकर लापरवाही और उदासीनता का माहौल है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी प्रोत्साहन राशि तक नहीं मिल पा रही है। साथ ही परिषद के पदाधिकारियों की लेटलतीफी से नया खेल कैलेंडर डेढ़ महीने बाद भी तैयार नहीं हो सका है।
पदक विजेता खिलाड़ियों की अटकी प्रोत्साहन राशि : विवि की ओर से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 50,000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है, लेकिन कई खिलाड़ी इस राशि के लिए भटक रहे हैं।
खेल कैलेंडर में डेढ़ माह की देरी : विश्वविद्यालय में नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल से शुरू हो चुका है। सामान्य तौर पर, मई माह तक खेल आयोजनों का पूरा खाका यानी खेल कैलेंडर तैयार कर लिया जाता है। इस कैलेंडर के आधार पर ही पूरे साल होने वाली अंतर-महाविद्यालयीय और अंतर-विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिताओं की योजना बनाई जाती है, टीमों का चयन होता है।
खेल परिषद के सचिव नवरत्न सिंह ने बताया कि आपत्ति का समाधान कर पुरस्कार राशि बांटी जाएगी। खेल आयोजनों को लेकर उन्होंने कहा कि जल्द ही बैठक कर आयोजन के लिए समय सारणी तैयार की जाएगी।
बाबा का अरघा भस्म से भरा गया
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में शनिवार को भस्म अर्पित किया गया। मंदिर के अर्चकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंगला आरती के समय बाबा के अरघा को भस्म से भरा और विधिवत पूजन-अर्चन किया। बाबा की झांकी के दर्शन के लिए भक्तों की कतार लगी रही। आरती में शामिल होने के लिए भक्तों की भीड़ रही।
श्री श्याम मंडल समिति की साधारण सभा आज
श्री श्याम मंडल प्रबंध समिति के चुनाव के लिए साधारण सभा का आयोजन 25 मई को किया जाएगा। रविवार को 11:30 बजे लक्सा स्थित श्री श्याम मंदिर में बैठक होगी। इसमें पिछले साल की बैठक में संपन्न कार्रवाई की पुष्टि, प्रतिवेदन और दो सत्रों के आय-व्यय की प्रस्तुति की जाएगी। संस्था के प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान के अनुसार 2025-27 सत्र के लिए प्रबंध समिति के चयन पर विचार विमर्श होगा।
लगा भोग, भक्तों ने लिया प्रसाद
संकल्प संस्था के संकल्प अन्नक्षेत्र की ओर से शनिवारीय हनुमान जी की पूजा व भोग अर्पण हुआ। चौक स्थित मंदिर में पूजन अर्चन के बाद राहगीरों, श्रमिकों और श्रद्धालुओं में खिचड़ी का प्रसाद वितरित हुआ। प्रसाद लेने के लिए सुबह से दोपहर तक भीड़ लगी रही। सहयोग में संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन, संतोष अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, मृदुला अग्रवाल, गिरधर दास मौजूद रहे।
स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता जरूरी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के महिला सशक्तीकरण प्रकोष्ठ और अंग्रेजी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को बालिकाओं में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विषय पर वक्ताओं ने बात की। बतौर मुख्य वक्ता स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्वेता तिवारी ने शरीर और मन के बीच संबंध के बारे में चर्चा की। कहा कि स्वस्थ और सुखी जीवन के लिए अवचेतन मन को सही ढंग से समझने और नियंत्रित करना जरूरी है।
देश के जवानों को समर्पित रही वरुणा संध्या
छावनी परिषद और दीपिका कल्चरल सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से शनिवार को आयोजित वरुणा संध्या भारतीय सेना को समर्पित रही। कैंटोनमेंट के नेहरू पार्क में जबलपुर से पधारीं चीफ आर्मी स्टाफ मेजर जनरल सिद्धू (सेवानिवृत्त) की पत्नी अर्चना सिद्धू ने राग देश की प्रस्तुति दी।
समापन पर उन्होंने ठुमक चलत रामचंद्र बाजत पैजनियां....पर मंत्र मुग्ध कर दिया। तबले पर अतुल श्रीवास्तव, तानपुरा पर सिमरन सिद्धू ने साथ दिया। दूसरी प्रस्तुति रमेश कुमार और दुर्गा प्रसन्ना के शहनाई वादन की रही। उन्होंने राग सरस्वती की प्रस्तुति दी।
राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए भेजीं कलाकृतियां
बनारस के 18 बुनकरों की कलाकृतियों को राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए वस्त्र मंत्रालय भेजा गया है। राष्ट्रीय स्तर पर चयन के बाद सात अगस्त को राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस पर उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। बुनकरों को विभिन्न श्रेणियों में राष्ट्रपति की ओर से राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार दिया जाता है। बुनकर सेवा केंद्र के उप निदेशक एसके गुप्ता ने बताया कि इसी माह जिले के बुनकरों के उत्पादों और उनकी कलाकृतियों की पहचान हुई। राष्ट्रीय स्तर पर 25 बुनकरों को पुरस्कार मिलेगा। विजेताओं को पुरस्कार के रूप में प्रशस्ति पत्र और दो लाख रुपये का चेक दिया जाएगा।
प्लास्टिक की बोतल को नष्ट करने की दी जानकारी
विश्व पर्यावरण दिवस संरक्षण पखवाड़ा के तहत शनिवार को बनारस, वाराणसी सिटी समेत अन्य स्टेशनों पर प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करने के थीम पर यात्रियों को जागरूक किया गया। जागरूकता रैली निकाली गई, वृक्ष बचाओ-पर्यावरण बचाओ के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक का मंचन कर यात्रियों को जागरूक किया गया। सार्वजनिक जागरूकता कार्यशाला, चौपाल, पंफलेट वितरण, कपडे के झोले का वितरण, पौधा वितरण, सेल्फी पॉइंट लगाकर, सामूहिक श्रमदान आदि का आयोजन किया गया।
कवि राजेंद्र गुप्त की स्मृति में संगोष्ठी
चेतगंज स्थित चाय की अड़ी पर शनिवार अलग पूर्वांचल राज्य गठन की मांग को लेकर पूर्वांचल मूवमेंट और पूर्वांचल साहित्यकार और कलाकार संघ की ओर से साहित्यिक संगोष्ठी हुई। यह दिवंगत साहित्यकार कवि राजेंद्र गुप्त को समर्पित थी। वक्ताओं ने साहित्यकार कवि को एक सरल, सहज और संवेदनशील व्यक्तित्व का धनी बताया। इस अवसर पर राजेश आजाद, कुमार हेमंत, व्यापार मंडल के अध्यक्ष डॉ. सतीश कसेरा मौजूद रहे।
गायत्री के स्वरों में ध्रुपद शैली में गूंजी शिव महिमा
सुबह ए बनारस में जयपुर की कलाकार गायत्री शर्मा का ध्रुपद गायन हुआ। पखावज संगति शुभम गुजराती ने की। गायन का आरंभ राग भैरव में आलापचारी के साथ चौताल में निबद्ध ध्रुपद रचना शिव आदि मद अंत...से हुई। इसके बाद सूलताल में निबद्ध गंगा स्तुति पर आधारित रचना ऊं गंगायै नमः से समापन हुआ। कलाकार को प्रमाण पत्र स्नेहलता पांडेय, मंजू गुप्ता तथा डॉ. पूर्णिमा मिश्रा ने किया। संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया।
गार्नियर कलर वैन से मिल रहा बालों को नया रूप
अमर उजाला और गार्नियर के संयुक्त प्रयास से चल रही गार्नियर कलर वैन से लोगों को अपनेबालों को नया रूप देने का मौका मिल रहा है। शहर में घूम रही वैन में लोग बालों पर मनपसंद रंग करवा रहे हैं। पिछले 20 दिन से अधिक समय से बड़ी संख्या में लोगों ने इसका लाभ उठाया। कलर वन कैंपेन के तहत एक खास तरह की सुसज्जित कैंटर वैन काशी की गलियों में घूम रही है। इसमें लोगों को बिना किसी खर्च हेयर कलर और एक्सपर्ट कंसल्टेशन की सुविधा मिल रही है।
शनिवार को सारनाथ इलाके में जैसे ही वैन लगी, यहां पंजीकरण करवाने वालों की भीड़ लग गई। इस दौरान वैन में शामिल सदस्यों ने लोगों को इससे होने वाले लाभ के बारे में बताया। कहा कि गार्नियर का यह हेयर कलर न सिर्फ शानदार है, बल्कि यह डार्क बालों पर भी लंबे समय तक टिकता है। खास बात यह है कि इसमें 12 खूबसूरत शेड्स भी हैं।
अशोका इंस्टीट्यूट में आज रहेगी वैन: गार्नियर कलर वैन रविवार को पहड़िया स्थित अशोका इंस्टीट्यूट परिसर में रहेगी। इस बारे में कोई भी जानकारी सुबह 10 से शाम 6 बजे तक मोबाइल नंबर 9839933379 पर ली जा सकती है। इसके साथ ही 26 को चौकाघाट, 27 को सिगरा, 28 को रविंद्रपुरी, 29 को कबीरनगर, 30 मई को साकेतनगर में वैन रहेगी। इसके साथ ही 31 मई को दुर्गाकुंड में लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
27 मई को निरस्त रहेंगी दो पैसेंजर ट्रेनें
गाजीपुर घाट खंड पर ब्लॉक के कारण 27 मई को 55131/55132 बलिया-प्रयागराज रामबाग पैसेंजर और 55140/55139 वाराणसी सिटी-छपरा पैसेंजर निरस्त रहेगी। वहीं, सूरत से 26 मई को चलने वाली 09065 सूरत-छपरा स्पेशल बदले मार्ग औड़िहार-मऊ-बलिया के रास्ते, लखनऊ से 26 मई 2025 को चलने वाली 15054 लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस बदले मार्ग औड़िहार-मऊ-बलिया के रास्ते जाएगी।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि छपरा से 27 मई को चलने वाली 15159 छपरा-दुर्ग एक्सप्रेस और नई दिल्ली से चलने वाली 12562 नई दिल्ली-जयनगर एक्सप्रेस मार्ग में 30-30 मिनट नियंत्रित करके चलाई जाएगी।
एक हजार से कम जनसंख्या वाले ग्राम पंचायत दूसरे गांवों में शामिल होंगे
पंचायत चुनाव को लेकर शासन ने फैसला किया है कि एक हजार से कम जनसंख्या वाले ग्राम पंचायतों को दूसरे गांवों में शामिल किया जाएगा। यूपी के प्रमुख सचिव अनिल कुमार ने पत्र जारी कर 5 जून तक पंचायत राज विभाग से रिपोर्ट मांगी है। इस रिपोर्ट में उन ग्राम पंचायतों की जानकारी मांगी गई है, जिसकी जनसंख्या घटकर एक हजार हो गई है। इन ग्राम पंचायतों को दूसरे ग्राम पंचायत में जोड़ा जाएगा।
जिले में अगले वर्ष होने वाले ग्राम पंचायत व जिला पंचायत चुनाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। ग्राम पंचायत चुनाव के मद्देनजर बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है। इसी बीच शासन के ओर से जिले के ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन की रिपोर्ट मांगी गई है। मुख्य सचिव द्वारा जारी आदेश में उन ग्राम पंचायतों, जिनकी संरचना शहरी क्षेत्र में समाहित होने के चलते बदल गई है, उसकी रिपोर्ट तैयार करने का दायित्व जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित चार सदस्यीय समिति को सौंपा गया है।
इसमें मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल, अपर मुख्य अधिकारी (जिला पंचायत) अनिल कुमार सिंह एवं जिला पंचायत राज अधिकारी आदर्श को सदस्य बनाया गया है। समिति को निर्देशित किया गया है कि प्रत्येक प्रभावित ग्राम पंचायत की पुरानी एवं संशोधित स्थिति का विस्तृत विवरण प्रस्ताव के रूप में तैयार करें।
कैंट रेलवे स्टेशन पर बनेगा 7 फीट लंबा, 4 फीट ऊंचा नंदी का स्टैच्यू
बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ की नगरी में कैंट रेलवे स्टेशन पर प्लेटफाॅर्म से बाहर निकलते ही यात्रियों को नंदी का स्टैच्यू आकर्षित करेगा। राज्य सरकार की योजना के तहत कैंट स्टेशन पर घड़ी के ठीक नीचे परिसर में सात फीट लंबा और चार फीट चौड़ा नंदी का स्टैच्यू लगाने का काम शुरू हो चुका है। 10 दिन की अवधि में स्टैच्यू लगाया जाना निर्धारित है।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के अधिकारियों ने बताया कि कैंट स्टेशन की सुंदरता बढ़ाने के साथ ही शिव की नगरी में नंदी का स्टैच्यू लगाने के लिए राज्य सरकार की ओर से पहल की गई है। नंदी स्टैच्यू स्थान को और सुंदर बनाने के लिए पेड़ पौधे और लाइट लगाई जाएगी। कैंट स्टेशन के बाहर चिह्नित स्थल पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। शनिवार को चारों तरफ से लोहे के चादर से स्थल को घेरते हुए अंदर स्टैच्यू स्थापित करने का काम हुआ।
पिछले दिनों रेलवे बोर्ड के अधिकारियों ने कैंट स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद परिसर की सुंदरता बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इसमें ही तय हुआ कि परिसर में शिव के नंदी का स्टैच्यू बनाया जाए। इसी परिसर में रोपवे का स्टेशन भी बनने से यात्रियों की आवाजाही बढ़ेगी।
सोशल मीडिया के इस दौर में लोगों को रील्स और सेल्फी का क्रेज है। ऐसे में कैंट स्टेशन पर स्थापित होने वाला नंदी का स्टैच्यू भी रेल यात्रियों समेत शहरवासियों के बीच काफी आकर्षण का केंद्र होगा।
18 साल शोध के बाद मालवीय मलीना धान को मिली मंजूरी
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) और अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (इरी) की मदद से 18 साल के शोध के बाद धान की खास प्रजाति मालवीय मलीना को विकसित किया गया है।
केंद्र सरकार की ओर से मालवीय मलीना सिंचित धान की नई प्रजाति को उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा राज्यों के किसानों के लिए आधिकारिक तौर पर मंजूरी दे दी गई है। यह धान बासमती की तरह लंबी ग्रेन का होगा। यह धान कम समय और कम लागत में तैयार हो जाएगा।
बीएचयू और इरी मुख्यालय मनीला, फिलीपींस के सहयोग से बीएचयू के आनुवंशिकी और पादप प्रजनन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि धान की यह प्रजाति उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा के किसानों की आमदनी बढ़ाएगी। इसका बीज बीएचयू के राजीव गांधी साउथ कैंपस, बरकछा, मिर्जापुर में उपलब्ध है। इसे किसानों की आय बढ़ाने और उनकी कृषि पद्धतियों को अधिक कुशल बनाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
फीस जमा करने का आज अंतिम दिन
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में पत्रकारिता एवं जनसंचार विज्ञान स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के द्वितीय, चतुर्थ सेमेस्टर और पुरातत्व एवं संग्रहालय विज्ञान स्नातकोत्तर डिप्लोमा द्वितीय सेमेस्टर की फीस जमा करने का अंतिम दिन रविवार है। विभागाध्यक्ष शैलेष मिश्र के मुताबिक, सेमेस्टर शुल्क न जमा करने की स्थिति में छात्र परीक्षा से वंचित हो जाएंगे।
ट्रिपल सी, ओ लेवल के लिए 2 तक करें आवेदन
वाराणसी। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से पिछड़े वर्ग के छात्रों को ट्रिपल सी और ‘ओ’ लेवल कंप्यूटर कोर्स में नि:शुल्क दाखिला मिलेगा। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रितेश बिंदल ने बताया कि योजना का लाभ पाने के लिए विद्यार्थियों को 2 जून तक backwardwelfareup.gov.in एवं obccomputertraining.upsdc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके बाद विभाग द्वारा संस्था का चयन किया जाएगा। सारी कार्यवाही पूरी करने के बाद छात्र और संस्था का नाम वेबसाइट पर नजर आने लगेगा।
विद्यापीठ में यूनिवर्सल बेसिक इनकम पर व्याख्यान
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ राजनीति विज्ञान विभाग के व्याख्यान में वक्ताओं ने यूनिवर्सल बेसिक इनकम पर बात की। मुख्य वक्ता राजधानी कॉलेज नई दिल्ली के प्रो. सुशील दत्त ने कहा कि यूनिवर्सल बेसिक इनकम (यूबीआई) जैसे नए विचारों को आत्मसात करना होगा। प्रो. सुशील ने गांधी के सर्वोदय पर कहा कि सर्वोदय का मतलब सबका उदय और सबकी प्रगति है। स्वागत राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. मोहम्मद आरिफ, संचालन डॉ. रवि प्रकाश सिंह और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रेशम लाल ने किया।
संस्कृत विवि में परीक्षाओं के लिए बना नियंत्रण कक्ष
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की नौ जून से होने वाली परीक्षाओं के लिए केंद्रों को 25 बिंदुओं के दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा केंद्र पर होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए परीक्षा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र की अध्यक्षता में 10 सदस्यीय कमेटी गड़बड़ियों का समाधान करेगी। परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि नौ से 18 जून तक परीक्षा के लिए उड़ाका दल का गठन किया गया है। परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कार्य विनयाधिकारी आंतरिक सचल दल के रूप में करेंगे। परीक्षाएं सुबह आठ से 11 बजे तक होंगी। गोपनीय सामग्री का वितरण छह और सात जून को किया जाएगा।
आईएचएस में टॉपर्स को दिए लैपटॉप और मोबाइल, खिले चेहरे
नगवां के इंटरनेशनल हिंदू स्कूल में बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स को लैपटॉप और मोबाइल दिया गया। आईएचएस स्टार्स कार्यक्रम में बारहवीं के टॉपर विश्वंभर पांडेय को लैपटॉप, दसवीं की टॉपर अनन्या शुक्ला व सुषमा चौबे को मोबाइल दिया गया। साथ ही एक विषय में शत प्रतिशत अंक पाने वाले छह विद्यार्थियों भवानी नंदन, श्रुति पांडेय, लक्ष्मी चौरसिया, मांसी वर्मा, गार्गी चौधरी और यश श्रीवास्तव को भी मोबाइल फोन दिया गया।
अध्यक्ष डॉ. सुमन कुमार मिश्र ने कहा कि उम्मीद है कि भविष्य में विद्यार्थी राष्ट्रहित में बेहतर भूमिका अदा करेंगे। प्रबंधक संध्या मिश्रा, प्रधानाचार्य संतोष कुमार तिवारी, शैक्षणिक सलाहकार जयंती सामंत, उप प्रधानाचार्य गणेश शंकर चतुर्वेदी और अनुपम श्रीवास्तव उपस्थित रहे।