फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Man accused of murdering friend over grudge sent to jail demand encounter accused female student murder case

वाराणसी की खबरें: रंजिश में दोस्त की हत्या का आरोपी गया जेल, छात्रा हत्याकांड के आरोपी की मुठभेड़ की मांग

Sun, 23 Aug 2026 10:41 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Sun, 23 Aug 2026 10:41 AM IST
सार

वाराणसी में रंजिश में दोस्त की हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उधर, छात्रा हत्याकांड के आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठी है। लोगों ने आरोपी की मुठभेड़ में कार्रवाई किए जाने की मांग की। पुलिस ने मामले में जांच और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Man accused of murdering friend over grudge sent to jail demand encounter accused female student murder case
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

शिवपुरवा के ईशू सोनकर (19) की चापड़ से गला काटकर हत्या करने वाले दोस्त प्रदीप को सिगरा पुलिस ने शनिवार को सीजेएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, साजिशकर्ताओं में प्रदीप का भाई और उसके दोस्त दोनों बाल अपचारी को भी सिगरा पुलिस ने पकड़ा। दोनों को रामनगर के बाल सुधार गृह भेजा गया। 

विज्ञापन


आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चापड़ बरामद कर लिया गया है। इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपियों को पहलवान वीर बाबा मंदिर के सामने रेलवे लाइन की बाउंड्री के पास से पकड़ा गया। शिवपुरवा के रहने वाले आरोपियों ने इशू कन्नौजिया की बेरहमी से हत्या की थी। सिर और धड़ अलग-अलग कर दिया था। प्रदीप व उसका भाई और एक अन्य दोस्त भी इस हत्या में शामिल थे। प्रदीप पर पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इशू उनका दोस्त था, लेकिन वह उन्हें बहुत अपमानित करता था। वह शराब पीकर पिटाई करता था और आए दिन गाली-गलौज करता था। आरोपियों ने बताया कि घटना से पहले इशू ने उनकी पिटाई की थी। 
विज्ञापन


इसी कारण उन्होंने उसे रास्ते से हटाने का फैसला किया। हत्या 7 अगस्त को दिन में की गई थी और रात में उसके शव को ठिकाने लगाया गया था। शुक्रवार रात खखड़िया पोखरी के पास गोबर के गड्ढे से ईशू का शव बरामद किया गया था। जो कि बोरे के अंदर था।
विज्ञापन
विज्ञापन


छात्रा हत्याकांड के आरोपी की मुठभेड़ की मांग
राजातालाब थाना क्षेत्र की छात्रा की हत्या के आरोपी विवेक चौबे के मुठभेड़ की मांग की गई है। शनिवार को पीड़ित परिवार के घर लोगों का आना-जाना लगा रहा। युवती के पिता और मां ने मुठभेड़ की मांग दोहराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विवेक ने बेटी को धोखे से अगवा किया और मार डाला। परिवार ने बताया कि विवेक को लगातार धमकी दे रहा था। युवती का विवाह तय हो गया था। इससे आरोपी नाराज था। 

वह युवती से शादी करके संपत्ति हड़पना चाहता था लेकिन परिवार तैयार नहीं था। दूसरी तरफ, पुलिस ने युवती का सैंपल लिया है। आशंका है कि युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। हालांकि अभी तक रिपोर्ट नहीं आइ है। रिपोर्ट आने के बाद ही सच सामने आएगा। थाना प्रभारी दयाराम ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिएदबिश दी जा रही है। डीसीपी गोमती जोन ने चार टीमें गठित की हैं। एसओजी की एक टीम चुनार में डेरा डाले है। वहीं, दूसरी टीम सीसी कैमरे और सर्विलांस से गिरफ्तारी में जुटी है। 

शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 13 लाख की ठगी
शेयर बाजार में मुनाफे का लालच देकर साइबर जालसाजों ने दिलीप सिंह से 13 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सिगरा थाना क्षेत्र के संत रघुवर नगर निवासी दिलीप सिंह ने पुलिस को बताया कि 2 जून को अदिति वर्मा नामक महिला ने उनसे व्हाट्सएप पर संपर्क किया था। उन्हें ‘अपस्टॉक्स डीएमए ऐप’ के जरिये शेयर बाजार में निवेश कर बड़ा लाभ कमाने का झांसा दिया। 16 जून से 30 जुलाई के बीच यह ठगी हुई। 13 लाख की रकम अलग-अलग किस्तों में एप के माध्यम से स्थानांतरित कराई गई। यह लेनदेन पत्नी रुचिता सिंह के इंडियन बैंक बचत खाते से की गई थी।

 ठगी का अहसास होने पर साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। 19 अगस्त को सिगरा थाने में मामला दर्ज किया गया। साइबर अपराध थाना प्रभारी निरीक्षक उदय वीर सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। एडीसीपी साइबर क्राइम नृपेंद्र कुमार ने बताया कि किसी व्यक्ति के पर्सनल बैंक अकाउंट में निवेश का पैसा कभी न भेजें। ठगी होने पर नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें। पोर्टल cybercrime.gov.in पर जाकर दर्ज कराएं। 

दूधिया के खाते से जालसाजों ने उड़ाए 2.10 लाख रुपये
दूधिया शनि यादव के बैंक खाते से साइबर जालसाजों ने शुक्रवार देर रात 2.10 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित को शनिवार सुबह मोबाइल पर रुपये कटने के संदेश मिलने के बाद जानकारी हुई। शिवरामपुर निवासी शनि ने पुलिस को बताया कि उनका खाता काशी गोमती ग्रामीण बैंक की मिर्जामुराद शाखा में है। बैंक के अधिकारी के अनुसार, रात में आठ बार में खाते से रकम निकाली गई। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। 

शादी का झांसा देकर भगाने का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र से एक युवती को शादी का झांसा देकर भगा ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवती के पिता की तहरीर पर शुक्रवार रात आरोपी पुष्कर यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अदमापुर (महनाग) निवासी पुष्कर यादव पर बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि आरोपी युवक की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। युवती को जल्द बरामद कर लिया जाएगा। 

दुष्कर्म के मामले में आरोपी गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर विवाहिता के साथ दुष्कर्म के आरोपी धीरज सोनकर को सारनाथ पुलिस ने शनिवार को दनियालपुर में घर से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की शादी जौनपुर में हुई थी। दोनों सारनाथ थाना क्षेत्र के दनियालपुर में रहते थे। दंपती के बीच आए दिन नोकझोंक होती थी। पति मुंबई कमाने चला गया। इसी दौरान दनियालपुर निवासी धीरज से विवाहिता का संपर्क हुआ। धीरज ने मिलकर शादी का झांसा दिया। धीरज ने ढाई साल तक विवाहिता के साथ शारीरिक शोषण किया। 

प्रॉपर्टी दफ्तर में तोड़फोड़, चार पर प्राथमिकी
भगतपुर सुद्धिपुर में शक्ति प्रॉपर्टी डेवलपर्स के प्लॉट और दफ्तर में तोड़फोड़ की गई। 16 अगस्त की रात कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि नागेंद्र मिश्र ने नामजद समेत चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। नागेंद्र मिश्र ने पुलिस को बताया कि रात 10 से 12 लोग जबरन कंपनी के साइट ऑफिस में घुस आए थे। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। 

कुत्तों पर एयर गन से हमला, आरोपी पर प्राथमिकी
जगन्नाथपुरी कॉलोनी में कुत्तों पर एयर गन से जानलेवा हमले के मामले में शनिवार को अविनाश चंद सिन्हा के खिलाफ पशु क्रूरता समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। कॉलोनी निवासी आकांक्षा सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी अविनाश चंद सिन्हा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

पुलिस चौकी में घुसकर मारपीट, मारने की धमकी
गोसाईंपुर पुलिस चौकी में जमीन विवाद को लेकर शनिवार को एक व्यक्ति से मारपीट हुई। पीड़ित दिलीप कुमार मिश्रा ने जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया है। चोलापुर थाना प्रभारी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। परमानंदपुर निवासी दिलीप ने पुलिस को बताया कि भठौली में एक प्लॉट खरीदा है। सुबह 10:30 बजे प्लॉट पर पहुंचे। वहां एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। पूछताछ करने पर ग्राम भठौली निवासी बबलू मिश्रा, पवन मिश्रा और उनके दादा आ गए। तीनों ने अभद्रता और गाली-गलौज की। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि जिस पर आरोप लगाया जा रहा है, उनकी उम्र 70 साल  है। जांच कराई जा रही है। 

पत्नी के खिलाफ दर्ज कराई चोरी की प्राथमिकी
पति ने पत्नी के खिलाफ 35 हजार नकदी और मोबाइल के चोरी मामले में शनिवार को चितईपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। कछवां निवासी हरिओम ने पुलिस को बताया कि पत्नी पूजा के साथ आदित्य नगर करौंदी में किराये का कमरा लेकर रहता था। 19 मई को दोपहर 1.44 बजे पत्नी पूजा लापता हो गई। कमरे से मोबाइल, 35 हजार रुपये, बैग में सामान भी लेकर चली गई। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश गौतम ने बताया कि अकसर पत्नी की पिटाई करते थे, जिसके कारण वह चली गई। 

फर्जी लेखपाल ने दो लाख रुपये ठगे, गिरफ्तार
आदमपुर थाना क्षेत्र के तेलियानाला में एक फर्जी लेखपाल ने मकान मालिक से दो लाख ठगी की है। पुलिस ने आरोपी किराएदार धीरेंद्र शर्मा को गिरफ्तार किया। तेलियानाला निवासी गायत्री देवी ने पुलिस को बताया कि उनके मकान में बिहार के भभुआ निवासी धीरेंद्र शर्मा किराए पर रहता था। धीरेंद्र खुद को राजस्व विभाग में लेखपाल बताता था। मकान के दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिया। इस बहाने उसने दो लाख रुपये से अधिक की रकम ले ली। काफी समय बीतने के बाद भी जब दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई, तो संदेह हुआ। तत्काल आदमपुर पुलिस से मामले की शिकायत दर्ज कराई। आदमपुर इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि आरोपी लेखपाल नहीं है। पुलिस सहयोगियों के बारे में पूछताछ कर रही है। 

चोरों ने मकान से आभूषण, नकदी पर किया हाथ साफ
लंका थाना क्षेत्र के नरोत्तमपुर में दीपक सिंह के मकान में शुक्रवार रात चोरी हो गई। चोरों ने 20 लाख के आभूषण और दो लाख रुपये चुरा लिए। 22 लाख रुपये की चोरी के बाबत पीड़ित ने शनिवार को लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित दीपक सिंह के भाई सुरेश सिंह ने पुलिस को बताया कि चोरों ने घर में घुसकर अलमारी और पलंग के डिब्बे खंगाल दिए। मां को सास की बीमारी है। इस कारण भाई दीपक और भाभी ऑक्सीजन मशीन के पास सोते हैं। वह अपने परिवार के साथ छत पर सोए थे। दीपक रात दो बजे तक जागे थे। आशंका है कि उसके बाद ही चोरी हुई है। दीपक की पत्नी के सभी गहने और दो लाख रुपये गायब मिले। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि घटनास्थल की छानबीन की गई। प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

जमीन पर मनबढ़ों का कब्जा, प्राथमिकी 
भेलूपुर थाना क्षेत्र में महिला की जमीन पर मनबढ़ों ने कब्जा कर लिया है। पीड़िता माधुरी सिंह ने शनिवार को भूेलपुर थाने में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को बताया कि आरोपियों ने अदालत के यथास्थिति आदेश का उल्लंघन भी किया है। बजरडीहा पटिया निवासी माधुरी सिंह ने पुलिस को बताया कि पटिया में उनकी जमीन पर कानूनी स्वामित्व है। अपर सिविल जज की अदालत ने भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने का अंतरिम आदेश दिया था। बावजूद 10 जुलाई को सतीश कुमार सहित 20-25 लोग लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे। पुरानी चारदीवारी तोड़ दी और नई दीवार खड़ी कर जमीन पर कब्जा कर लिया। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि सतीशर, अमिता, राकेश, प्रशांत, चंदन, ओमप्रकाश पर प्राथमिकी दर्ज है। 

चकरोड के विवाद में मारपीट, तीन घायल
चोलापुर के लश्करपुर गांव में सरकारी चकरोड अवरुद्ध करने के विरोध पर शुक्रवार शाम दो पक्षों में मारपीट हो गई। रामा यादव समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रामा यादव ने पुलिस को बताया कि विपिन, अखिलेश, संजू देवी, रागिनी और रीता रास्ता अवरुद्ध कर रहे थे। विरोध करने पर गालीगलौज शुरू कर दी। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज है। 

छात्रा लापता, प्राथमिकी 
शिवपुर थाना क्षेत्र से छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि छात्रा 19 अगस्त की सुबह सात बजे घर से स्कूल के लिए निकली थी। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। छात्रा का मोबाइल नंबर भी लगातार बंद आ रहा है। पुलिस अब छात्रा का पता लगाने में जुटी हुई है। 

दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित विशेष राजभर को चोलापुर पुलिस ने शनिवार को कपिसा मोड़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपहृता को भी बरामद कर लिया है। चोलापुर थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विशेष राजभर खुटहां गांव का निवासी है। 10 अगस्त को पीड़ित की मां ने बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। 

सवारी के लिए ऑटो चालकों में मारपीट, 3 पर प्राथमिकी
सवारी बैठाने के लिए विवाद के बाद चोलापुर थाना क्षेत्र में दो ऑटो चालकों के बीच मारपीट हो गई। पीड़ित ऑटो चालक ने आरोप लगाया है कि दूसरे ऑटो चालक और उसके भाइयों ने लाठी से हमला किया। मोबाइल भी तोड़ दिया और थाने जाने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुमितवां हाजीपुर निवासी जंगबहादुर सिंह ने आरोप लगाया है। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि जांच की जा रही है। 

छात्रा लापता, अपहरण का मामला दर्ज
मिर्जामुराद क्षेत्र के एक गांव से शुक्रवार सुबह स्कूल निकली 17 साल की छात्रा लापता हो गई है। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन सुराग नहीं मिला। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर शनिवार को अपहरण का मामला दर्ज कर छात्रा की खोजबीन शुरू कर दी है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया की छात्रा ने जिस नंबर से फोन किया था, उसे ट्रेस किया जा रहा है। टीम छात्रा का पता लगाने में जुटी है। 

बाजार में सोने की चेन छीनी, जांच शुरू
चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरा कला बाजार में शुक्रवार रात अमित कुमार सोनकर से मारपीट कर 30 ग्राम की सोने की चेन छीन ली गई। चेन की कीमत साढ़े चार लाख रुपये बताई जा रही है। पीड़ित ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पीड़ित अमित कुमार सोनकर ने बताया कि वह रात 9 बजे गौरा कला बाजार से घर लौट रहा था। थाना प्रभारी चौबेपुर अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह दोनों पक्षों के बीच मारपीट का मामला लग रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। 

कार्रवाई पर लेखपाल संघ ने उठाए सवाल
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की पिंडरा तहसील इकाई ने एंटी करप्शन और विजिलेंस टीम की ओर से लेखपाल के खिलाफ की जा रही ट्रैप कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाए हैं। पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र एसडीएम पिंडरा को सौंपा। विरोध में लेखपालों ने पूरे दिन कार्य बहिष्कार कर तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। ज्ञापन में 20 अगस्त को अयोध्या की सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्ष दीप के साथ हुई घटना का उल्लेख किया। धरने में राजेश, संतोष सिंह, अजीत, सुशील कुमार रहे। 

शिकायतों के साथ पहुंचे ग्रामीणों को लौटना पड़ा
चोलापुर थाना परिसर में शनिवार को जनसुनवाई में लेखपालों के कार्य बहिष्कार का असर दिखाई दिया। जमीन विवाद, अवैध कब्जे और पैमाइश समेत राजस्व संबंधी शिकायतें लेकर पहुंचे ग्रामीणों को निराश लौटना पड़ा। पुलिस ने अपने स्तर से संबंधित शिकायतें सुनीं, लेकिन राजस्व टीम के नहीं पहुंचने से जांच जैसी कार्रवाई नहीं हो सकी। 

कंटेनर और ट्रक में टक्कर, चालक गंभीर
मिर्जामुराद के भिखारीपुर गांव के पास हाईवे पर शनिवार दोपहर ओवरटेक के दौरान कंटेनर और ट्रक में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में फिरोजाबाद निवासी कंटेनर चालक टीटू गंभीर रूप से घायल हो गया। हाईवे वनवे होने के कारण दोनों तरफ पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। तीन घंटे बाद यातायात सामान्य हुआ। पुलिस ने उसे ट्रॉमा सेंटर भेजा। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि वाहनों को सड़क से हटवाया। 

राजघाट पुल पर 15 सितंबर तक बढ़ा प्रतिबंध
राजघाट पुल पर ड्रेनेज स्पाउट और एक्सपेंशन ज्वाइंट कार्य की रफ्तार काफी सुस्त है। 60 दिन में काम खत्म करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन कार्य की गति धीमी होने के कारण एक महीने और खींच गया। काम की गति से लग रहा है कि तीन महीने और लगेंगे। फिलहाल 25 फीसदी ही काम हो पाया है। हालांकि, पीडब्ल्यूडी और रेलवे ने 15 सितंबर तक काम खत्म करने का भरोसा दिलाया है। राजघाट पुल पर रात 10 बजे से सुबह 6.30 बजे तक वाहनों की आवाजाही पर लगा प्रतिबंध 15 सितंबर तक और बढ़ गया। पहले 13 अगस्त तक प्रतिबंध हटाने का लक्ष्य था। पीडब्ल्यूडी ने पुलिस को पत्र भेजकर 15 तक प्रतिबंध की मांग की है। 

दालमंडी में 254 बकायेदारों से 5.79 करोड़ 29 लोगों से 38.09 लाख की होगी वसूली
दालमंडी सड़क चौड़ीकरण योजना के बीच बिजली निगम ने क्षेत्र के पुराने बिजली बकायों की वसूली के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। 254 बिजली संयोजनों पर कुल 5.79 करोड़ रुपये का बकाया है। वहीं, विद्युत चोरी के 29 मामलों में 38.09 लाख रुपये की देनदारी दर्ज है। दोनों मदों को मिलाकर बिजली निगम को 6.17 करोड़ की वसूली करनी है। 

सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आने वाले कई मकान और परिसर टूटने के बाद भी उन पर दर्ज बिजली बिल और विद्युत चोरी के मामलों का बकाया खत्म नहीं होगा। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने 254 बकायेदारों को सूचीबद्ध कर नोटिस चस्पा करना शुरू कर दिया है। अब राजस्व वसूली प्रमाणपत्र (आरसी) से वसूली कराई जा रही है। 

अधिशासी अभियंता चौकाघाट कुमार सौरभ ने बताया कि दालमंडी क्षेत्र आने वाले ऐसे कई परिसर हैं, जिन पर लंबे समय से बिजली बिल का भारी बकाया है। मकान के ध्वस्त होने या परिसर खाली हो जाने से बिजली की बकाया समाप्त नहीं हो जाती। जिन परिसरों पर बिजली बिल अथवा विद्युत चोरी से संबंधित धनराशि बकाया है, उनके मामलों को अलग-अलग सूचीबद्ध किया जा रहा है। 

100 से ज्यादा ई-नावें चलाने की तैयारी, 100 ई- स्कूटर से गंगा घाटों की सफाई की निगरानी
काशी और सारनाथ को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में शनिवार को आयुक्त सभागार में पर्यटन सचिव भारत सरकार की अध्यक्षता में स्टेकहोल्डर, टूरिज्म एसोसिएशन और विभिन्न कंपनियों व संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने प्रस्तावित पर्यटन विकास कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की। इसमें बताया गया कि घाटों की सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए 100 इलेक्ट्रिक स्कूटर की व्यवस्था करने की योजना है। 100 से ज्यादा इलेक्ट्रिक नावें भी चलाई जाएंगी। इससे प्रदूषण कम होगा। 

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पीपीटी से काशी और सारनाथ में प्रस्तावित पर्यटन विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। बताया कि काशी में आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को बेहतर और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बुनियादी ढांचे के साथ-साथ विरासत स्थलों के संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। इस मौके पर मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। 

निगम से जुड़ीं शिकायतें 1533 पर कराएं दर्ज
नगर निगम से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1533 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। नगर निकायों से संबंधित समस्याओं के निस्तारण के लिए अब नागरिकों को भटकना नहीं पड़ेगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मातहतों को निर्देश दिया है कि कंट्रोल रूम पर आने वाली शिकायतों का समाधान करें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही मिली तो कार्रवाई होगी। जनता से अपील की कि इस सुविधा का लाभ उठाएं। 

तकनीकी खराबी से इंडिगो की उड़ान रद
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से नवी मुंबई जाने वाली इंडिगो की उड़ान शनिवार को तकनीकी खराबी के कारण रद्द कर दी गई। उड़ान भरने से पहले तकनीकी जांच के दौरान विमान में खामी मिलने पर सुरक्षा के मद्देनजर उसे ग्राउंड किया गया। यात्रा करने वाले 110 यात्रियों के लिए एयरलाइन की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था की गई। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 5302 को दोपहर 2:40 बजे वाराणसी से नवी मुंबई के लिए रवाना होना था। 

कहीं तेज बारिश तो कहीं बूंदाबांदी
जिले में शनिवार को सुबह से ग्रामीण इलाकों में कुछ जगहों पर तेज बारिश तो कहीं बूंदाबांदी हुई। दोपहर में कुछ देर तक धूप भी अच्छी हुई लेकिन फिर बादलों की आवाजाही जारी रही। इस तरह के मौसम के बाद भी गर्मी से जिस तरह की राहत मिलनी चाहिए, वो नहीं मिल पाई। हालांकि मौसम विभाग की ओर से भी अगले कुछ दिन तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई गई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दोनों तापमान औसत से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। शाम को भी मौसम सामान्य रहा। 

बाढ़ वाले इलाकों में लगेंगी सोलर लाइटें
बाढ़ वाले इलाकों में सबसे बड़ी समस्या लाइट की आती है। पानी में करंट उतरने के डर से बिजली काट दी जाती है। ऐसे में इन इलाकों में रोशनी को ध्यान में रखकर नगर निगम ने सोलर लाइट लगाने का कार्ययोजना बनाई है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने आलोक विभाग को जिम्मेदारी दी है। वाटरप्रूफ और ऊंचे पोल पर लगी सोलर स्ट्रीट लाइटें सबसे उपयुक्त होती है। मुख्य बिजली गुल होने पर भी बिना किसी खर्च के रोशनी देती हैं। जल रोधक लाइट में शॉर्ट सर्किट का खतरा नहीं होता है। बैटरी खराब मौसम या लगातार धूप न निकलने पर भी लंबे समय तक बैकअप देती है। ऑटोमेटिक सेंसर से चालू होती हैं और सुबह बंद हो जाती हैं। 

एफसीआई मार्ग के किनारे खाली जमीन पर बनाई जाएगी ग्रीन बेल्ट 
एफसीआई मार्ग के पास खाली जमीन को ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां जाने वाली सड़क के किनारे उपलब्ध खाली भूमि पर पौधरोपण होगा। साथ ही उस पूरे क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। नगर निगम ने कार्ययोजना बनाई है। जल्द ही पौधरोपण शुरू कराया जाएगा। यहां मियावाकी वन तैयार होगा। भूजल संवर्धन के लिए पौधरोपण के अलावा रिचार्ज पिट बनाए जाएंगे। 

उपयुक्त स्थलों का चिह्नांकन कर जल्द ही विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इससे स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण की दृष्टि से शहर समृद्ध होगा। पर्यावरण सुधार के लिए और भी कई कार्य कराए जाएंगे। शहरों में बढ़ती कंक्रीट की जंगल के बीच, ग्रीन बेल्ट न केवल पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण हैं, बल्कि वे शहरी सौंदर्य और जीवन की गुणवत्ता में भी सुधार के लिए भी बेहतर है। पर्यावरण संरक्षण और वायु गुणवत्ता में सुधार होगा। 

ओमप्रकाश के नाम में भी पी : सपा 
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुभाष राजभर ने कहा कि भाजपा के मंत्री ओमप्रकाश राजभर के नाम में भी पी आता है तो क्या मुख्यमंत्री उन्हें भी मंडल से बर्खास्त करेंगे। शनिवार को सर्किट हाउस में हुई एक बैठक के दौरान राष्ट्रीय प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा पी को पाकिस्तान से जोड़कर देश में एक बार फिर हिंदू-मुस्लिम विभाजन का प्रयास कर रही है। उन्होंने भाजपा के मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर भी सियासी तंज कसा। उन्हें भाजपा का ‘मर्सी मिनिस्टर’ बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ओम प्रकाश राजभर को पार्टी में डाकिया का काम करने के लिए रखा है। 

डीआरएम ने किया वाराणसी सिटी औड़िहार रेलखंड का निरीक्षण
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के मंडल रेल प्रबंधक(डीआरएम) आशीष जैन ने शनिवार को टावर वैगन से वाराणसी सिटी–औड़िहार रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल परिचालन, संरक्षा, विद्युत कर्षण व्यवस्था और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। औड़िहार स्टेशन पर डीआरएम ने परिचालन व्यवस्था, संरक्षा उपकरण, प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था की हकीकत परखी। औड़िहार डिपो और ट्रैक्शन सब-स्टेशन का निरीक्षण कर विद्युत उपकरणों, अनुरक्षण व्यवस्था, अर्थिंग, फेल सेफ समेत आपातकालीन व्यवस्थाओं और संरक्षा मानकों की समीक्षा की। इस दौरान वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण) सौरभ राठौर, मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण) बिरेंद्र भारती, सहायक सुरक्षा आयुक्त एनएम यादव मौजूद रहे। 

100 वर्ग मीटर में निर्माण के लिए पंजीकरण कराना जरूरी
वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने बताया कि आम जनता में यह धारणा बनी है कि 100 वर्ग मीटर तक के आवासीय और 30 वर्ग मीटर तक के व्यावसायिक निर्माण के लिए किसी प्रकार के नक्शे की आवश्यकता नहीं होती। यह धारणा भवन निर्माण एवं विकास उपविधि 2025 के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण उपविधियों के अनुसार 100 वर्ग मीटर तक के आवासीय उपयोग के लिए नक्शा स्वीकृति से भले ही छूट दी गई है लेकिन निर्माणकर्ता के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से तैयार पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। इसका आवेदन शुल्क केवल 1 (एक) रुपये है। इसके अतिरिक्त अन्य सभी शुल्क पोर्टल पर दर्शाए गए अनुसार ही जमा करने होंगे।

सात महीने में 35.5 प्रतिशत बढ़ा कूड़े का निस्तारण
स्वच्छ काशी, सुंदर काशी के संकल्प के तहत नगर निगम ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लगातार मजबूत कर रहा है। इस क्रम में करसड़ा स्थित वेस्ट टू कंपोस्ट प्लांट में बीते सात महीनों के दौरान कचरा निस्तारण 35.5 प्रतिशत बढ़ गया है। जनवरी के 2.35 करोड़ किग्रा की तुलना में जुलाई में 3.19 करोड़ किग्रा कूड़े का निस्तारण हुआ। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 में करसड़ा स्थित वेस्ट टू कंपोस्ट प्लांट से लगभग 50,000 टन जैविक खाद (कंपोस्ट) का उत्पादन किया गया है, जिसे विभिन्न उर्वरक (फर्टिलाइजर) कंपनियों को बिक्री के लिए भेजा गया है। वहीं, इसी प्लांट से 52,000 टन रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल (आरडीएफ) भी जनरेट किया गया जिसे देश की कई प्रमुख सीमेंट इंडस्ट्रीज और बिजली उत्पादन में लगे वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट्स को ईंधन के रूप में भेजा गया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहरवासियों से अपील की है कि काशी को स्वच्छ और हरित बनाए रखने में अपना सहयोग दें। 

स्वास्थ्य केंद्रों पर कमियों का पता लगा रही टीम
वाराणसी जिले के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की हकीकत परखने और यहां कमियों का पता लगाने के लिए इन दिनों दो अलग-अलग टीमें बनारस में कैंप कर रही हैं। इसमें एक टीम की अगुवाई प्रयागराज मंडल के अपर निदेशक स्वास्थ्य कर रहे हैं तो दूसरी टीम में अपर निदेशक मुख्यालय शामिल हैं। निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. सुमन कुमार चौधरी भी रविवार को अस्पतालों का निरीक्षण करेंगे। वह शनिवार की देर शाम वाराणसी पहुंच गए हैं। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर पिछले कुछ दिनों से शासन स्तर से विशेष निगरानी की जा रही है। 

इसके तहत प्रयागराज मंडल के अपर निदेशक डॉ. राजेश कुमार की अगुवाई वाली टीम 20 अगस्त से निरीक्षण कर रही है। दो दिन तक जिला, मंडलीय अस्पताल, महिला अस्पताल का निरीक्षण करने के शनिवार को टीम के सदस्य स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे। वाराणसी में निरीक्षण के दौरान क्या-क्या कमियां मिलीं। इसके बारे में सोमवार को गोरखपुर में समीक्षा बैठक होगी। इसके लिए वाराणसी मंडल के तहत आने वाले जिलों (वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर) के सीएमओ, अस्पतालों के सीएमएस/एसआईसी भी मौजूद रहेंगे। 

मॉडल रोड के रूप में बनेगा नगर निगम मार्ग
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने शनिवार को सिगरा फल मंडी के पास मुख्यमंत्री ग्रीन रोड्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड्स) के तहत चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम मार्ग मॉडल रोड के के रूप में विकसित करें। अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को मेयर ने निर्देश दिए कि सड़क निर्माण का काम जल्द-से-जल्द पूरा किया जाए जिससे जनता को राहत मिले। सीएम ग्रिड्स योजना के अंतर्गत 11.61 करोड़ की लागत से तिलक मूर्ति से भारत सेवाश्रम तक के 610 मीटर लंबे मार्ग पर ड्रेनेज व फुटपाथ का निर्माण कराया जा रहा है। इस पूरी परियोजना के माध्यम से फल मंडी सड़क को एक आदर्श (मॉडल) रोड के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस मौके पर निगम के मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र मौजूद रहे। 

कांग्रेस सांसद को बीएचयू छात्रों ने सौंपा ज्ञापन
बाराबंकी से कांग्रेस पार्टी के सांसद तनुज पुनिया से मिलकर बीएचयू के विद्यार्थियों ने ज्ञापन सौंपा। इसमें छात्रों ने छात्रावासों में पिछड़े वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए आरक्षण संबंधी समस्या से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि अब तक कई बार आवाज उठाने के बाद भी संविधान द्वारा प्रदत्त 27 फीसदी आरक्षण लागू नहीं किया गया। बीएचयू के छात्रों में निर्भय यादव, दीपक यादव, रविकांत, ऋषभ,शुभीता अभिनन्दन, विकास, धीरेन्द्र, अंकित मौजूद रहे। 

परिणाम में गड़बड़ी के विरोध में फूंका पुतला
काशी विद्यापीठ में परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी के विरोध में छात्रों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रशासनिक भवन में नारेबाजी करते हुए छात्र घुसे और कामकाज ठप करा दिया। इसके बाद पुस्तकालय पहुंचे और इसको भी बंद कराया। छात्रों ने प्रशासनिक भवन चौराहे पर परीक्षा नियंत्रक का पुतला भी फूंका। शिवम यादव, करन प्रजापति, जतिन पटेल, आशीष मौर्या, नितेश, अनुज यादव आदि ने 48 घंटे के भीतर परीक्षा परिणाम संबंधी गड़बड़ी दूर की जाए। चेतावनी दी कि यदि 7 दिनों के भीतर मांगें पूरी नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन तालाबंदी की जाएगी। 

जुर्माने के बाद पशुओं को पकड़ा जाएगा
नगर निगम की ओर से शहर में सड़क पर पशु बांधने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। पशु चिकित्सा अधिकारी नगर निगम ने बताया कि डॉ. विजय अमृत राज ने बताया कि पहली बार प्रति पशु 1000 रुपये जुर्माना का वसूला जाएगा। दूसरी बार पशुओं को पकड़ा जाएगा। सोनिया, अस्सी, शिवाला, भदैनी, दशाश्वमेध क्षेत्र में सड़क पर पशुओं को बांधने से दिक्कत आती है। 

होमस्टे संचालकों ने सीखे ऑनलाइन लिस्टिंग और ब्रांडिंग के तरीके
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की सहायता से होम स्टे और बेड एंड ब्रेकफास्ट की जानकारी अधिक से अधिक पर्यटकों तक पहुंचाई जा सकती है। इससे बुकिंग की संभावनाएं बढ़ती हैं और कारोबार में भी बढ़ोतरी होती है। उक्त बातें पर्यटन मंत्रालय के सचिव भुवनेश कुमार ने होम स्टे और बेड एंड ब्रेकफास्ट की कार्यशाला में कही। छावनी स्थित एक होटल में शुक्रवार को होम स्टे और बेड एंड ब्रेकफास्ट संचालकों के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। 

इसमें पर्यटन अधिकारियों, ऑनलाइन ट्रैवल एग्रीगेटर्स ने कारोबार को बढ़ाने के टिप्स दिए। इसके साथ ही पर्यटकों के आगमन से लेकर प्रस्थान तक स्वच्छता, सुरक्षा, त्वरित सहायता और सकारात्मक समीक्षाओं (रिव्यूज) के प्रबंधन को कारोबार की सफलता का मूल आधार बताया गया। 

मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि प्रशासन और स्थानीय सेवा प्रदाताओं के तालमेल से ही काशी को पर्यटकों के लिए अधिक सुगम और यादगार बनाया जा सकता है। कार्यशाला में मेकमाईट्रिप, एयरबीएनबी, अगोडा, बुकिंग डॉट कॉम, ईजमाईट्रिप और इक्सिगो जैसी प्रमुख ऑनलाइन कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रस्तुतियां दीं।

राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर अशोका में क्वांटम मैकेनिक्स और अंतरिक्ष कॅरिअर पर मंथन
अशोका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में शनिवार को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर विशेष ओरिएंटेशन लेक्चर एवं स्टूडेंट इंटरेक्शन कार्यक्रम हुआ। इसमें क्वांटम मैकेनिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एप्लाइड साइंसेज, वैश्विक नवाचार और भारत में अंतरिक्ष क्षेत्र के बढ़ते अवसरों पर विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से संवाद किया। मुख्य वक्ता प्रो. सुबोर्नो इसाक बारी ने ‘क्वांटम मैकेनिक्स, एआई, एप्लाइड साइंसेज एंड ग्लोबल इनोवेशंस’ विषय पर विचार रखे।

विशिष्ट अतिथि मुस्कान एरोस्पेस के सीईओ डॉ. प्राणेश देबनाथ ने ‘भारत में अंतरिक्ष विज्ञान का भविष्य’ विषय पर और साइंस लैब के संस्थापक डॉ. रशीदुल बारी, डीन एकेडमिक डॉ. एसके शर्मा और एआईटीएम फाउंडेशन की इंचार्ज डॉ. अपर्णा सिंह ने भी विचार प्रस्तुत किए। डायरेक्टर डॉ. सारिका श्रीवास्तव ने स्वागत उद्बोधन दिया। चेयरमैन इं. अंकित मौर्या एवं वाइस चेयरमैन डॉ. अमित मौर्या ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। 

नवरतन ज्वेलर्स में आभूषणों की बनवाई पर जीरो फीसदी शुल्क की विशेष छूट 31 तक
नवरतन ज्वेलर्स के विशेष 0 फीसदी बनवाई शुल्क छूट प्रस्ताव को ग्राहकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। यह प्रस्ताव 31 अगस्त तक ही उपलब्ध है। ग्राहक इस अवसर का लाभ उठाने के लिए शोरूम में पहुंच रहे हैं। यह विशेष छूट सोने, हीरे और चांदी के आभूषणों पर लागू है। ग्राहकों की मांग को देखते हुए रोजाना नया स्टॉक जोड़ा जा रहा है। इससे ग्राहकों को हर दिन कुछ नए डिजाइन देखने का अवसर मिल रहा है। 

तीज के शुभ अवसर के लिए पायल और बिछिया के संग्रह पर भी 0 फीसदी बनवाई शुल्क का लाभ मिल रहा है। आगामी शादी-विवाह के सीजन के लिए विवाह के आभूषणों का विशेष संग्रह भी उपलब्ध है। इसमें दुल्हन के आभूषणों के साथ-साथ अन्य पारिवारिक समारोहों के लिए भी आकर्षक डिजाइन मौजूद हैं। नवरतन ज्वेलर्स के अधिष्ठाता नवनीत टकसाली ने बताया कि तीनों शोरूम में ग्राहकों का शानदार उत्साह दिख रहा है। टकसाली ने ग्राहकों से अंतिम दिनों की भीड़ से बचने के लिए पहले ही खरीदारी करने का आग्रह किया। इससे वे अपने पसंदीदा आभूषण आसानी से खरीद सकेंगे।

चेतमणि जेम्स के ‘द ग्रैंड ज्वेल फेस्ट 2026’ में उमड़ रहे ग्राहक, दूसरा दिन सफल
चेतमणि जेम्स एंड ज्वेल्स द्वारा आयोजित ‘द ग्रैंड ज्वेल फेस्ट 2026’ का दूसरा दिन सफल रहा। लहुराबीर शोरूम में चल रहे इस तीन दिवसीय आयोजन में ग्राहकों का बड़ा उत्साह देखने को मिला। यह उत्सव 21 अगस्त से शुरू होकर 23 अगस्त तक चलेगा। दूसरे दिन बड़ी संख्या में ग्राहक उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने चेतमणि के आभूषणों की सराहना की। उत्सव में दुल्हन के, सोने के, हीरे के, चांदी के, पुरातन, रोज गोल्ड और कुंदन-पोलकी आभूषणों की रेंज प्रदर्शित की गई है। शिल्पकला, डिजाइन और वैरायटी ने ग्राहकों को आकर्षित किया।

 ग्राहकों को अपनी पसंद के अनुरूप विकल्प मिले। उन्होंने खरीदारी के साथ अपनी समीक्षा और प्रतिक्रिया भी साझा की। पहले और दूसरे दिन मिले अच्छे प्रतिसाद के बाद तीसरे दिन को लेकर भी उत्साह है। 23 अगस्त को आभूषण उत्सव का आखिरी दिन है। चेतमणि जेम्स एंड ज्वेल्स के निदेशक गुंजन अग्रवाल ने ग्राहकों से आभूषणों और संग्रह के साथ खरीदारी अनुभव का आनंद लेने के लिए आमंत्रित किया।

सत्य, साहस, त्याग और स्वतंत्रता का दिया संदेश
बीएचयू के ओंकारनाथ ठाकुर ऑडिटोरियम में थियेटर सेल रंगशाला की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों ने म्यूजिकल नाटक सत्य हरिश्चंद्र का मंचन किया। संगीत एवं मंच कला संकाय और कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी, फ्रेस्नो की टीम की संयुक्त पहल मंचित नाटक में कलाकारों ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। कलाकारों ने ‘सत्य हरिश्चंद्र’ की कथा के माध्यम से सत्य, साहस, त्याग और स्वतंत्रता जैसे शाश्वत मूल्यों को सामने लाते हुए नौटंकी की परंपरा को पुनर्जीवित करने का प्रयास किया। इसमें सिर्फ हिंदी पट्टी बिहार और उत्तर प्रदेश के छात्र-छात्राओं ने ही नहीं भाग लिया बल्कि इसमें एक लघु भारत की झलक भी मिलती है। 

तकनीक और व्यापार के समन्वय से खुलेंगे रोजगार के नए द्वार
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) एवं टेक ब्रेन्स के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को ककरमत्ता स्थित एक होटल में एआई पावर्ड जॉब ओरिएंटेड ईआरपी एवं बिजनेस एनालिस्ट कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग, बिजनेस एनालिसिस और ऑटोमेशन के माध्यम से उद्योग की वर्तमान व भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना था। कार्यशाला के मुख्य अतिथि स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश भाटिया ने कहा कि आज के दौर में केवल डिग्री लेना पर्याप्त नहीं है। विशिष्ट अतिथि आईआईए मेंबरशिप ग्रोथ कमेटी अध्यक्ष एवं स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के महासचिव नीरज पारीख ने कहा कि उद्योगों को ऐसे युवाओं की आवश्यकता है जो तकनीक का व्यावहारिक उपयोग कर उत्पादकता बढ़ा सकें। 

या हुसैन अलविदा की गूंजी सदाएं
शहीदान-ए-कर्बला की याद में शनिवार को साठे का जुलूस उठाया गया। दालमंडी स्थित पुरानी अदालत से उठे दुलदुल और अमारी के जुलूस में अकीदतमंदों का हुजूम उमड़ा। अंजुमन-ए-हैदरी और अजादारों ने नौहा-मातम कर इमाम हुसैन को खिराज-ए-अकीदत पेश की। ‘या हुसैन अलविदा’ की सदाएं बुलंद हुईं। शिया घरों में मजलिसें हुईं और फातिहा पढ़ी गई। साठे के जुलूस के साथ ही दो माह आठ दिन का मातम खत्म हो गया। 

रुद्राक्ष में बनारस मेगा फेस्ट, की खरीदारी
मानव जागृत मिशन की ओर से शनिवार को सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में दो दिवसीय बनारस मेगा फेस्ट का शुभारंभ हुआ। रक्षाबंधन, हरियाली तीज और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शुरू हुए मेगा फेस्ट में पहले दिन खरीदारी करने वालों की भीड़ उमड़ी रही। बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। उन्होंने अपनी पसंद के कपड़े और घर की सजावटी सामग्री खरीदी। मेगा फेस्ट का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेविका डॉ. अनुपमा राय और सोनी जी ने किया। 

चालिया महोत्सव पर निकाली शोभायात्रा
चालिया महोत्सव के 38वें दिन शनिवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सिगरा स्थित अशोक नगर झूलेलाल मंदिर में चल रहे भगवान झूलेलाल की महाआरती के निकली शोभायात्रा में सिंधी समाज की महिलाएं सिंधी नृत्य करते हुए चल रही थीं। अस्सीघाट पर बहराणा साहेब का विसर्जन किया। मंदिर में महाआरती के बाद महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में बहराणा साहेब उठाया। उन्होंने भगवान झूलेलाल के भजनों पर सिंधी ढोकला नृत्य पेश किया। शोभायात्रा अशोक नगर झूलेलाल मंदिर से शुरू होकर अस्सी घाट पहुंची। 

छात्राओं ने सैनिकों के लिए भेजीं 300 राखियां
रक्षाबंधन पर आइडियल वूमेन वेलफेयर सोसाइटी ने सीमा पर तैनात सैनिकों के लिए 300 राखियां भेजा है। संस्था की छात्राओं ने रंग-बिरंगी इन राखियों को तैयार किया है। शनिवार को संस्था ने जवाहर नगर कॉलोनी में स्थित प्रधानमंत्री के जनसंपर्क कार्यालय के प्रभारी शिवशरण पाठक को राखियां सौंपी। संस्था की अध्यक्ष बीना सिंह ने इसे देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों के लिए एक छोटा सम्मान बताया। छात्रा गुंजन सोनकर, आर्निका, बबली, सविता और साधना ने बताया कि इन राखियों में सिर्फ धागा नहीं हैं, बल्कि हम बहनों की दुआएं भी हैं। 

भजन दुपहरिया में लोकगीतों का किया समावेश
बौद्धायन सोसाइटी की ओर से श्रावणी भजन दुपहरिया में लोकगीतों धूम रही। शनिवार को डिजिटल माध्यम से रंगा रंग प्रस्तुतियां हुईं। देश-विदेश से 12 कलाकार मेलबर्न से अंजना मजुमदार और उर्मिला मिश्र ने गीत पेश किया। वाराणसी की संगीता श्रीवास्तव, आगरा की शैलबाला अग्रवाल, सुनीता सैनी गुड्डी, कल्पना शर्मा, काशी की संध्या श्रीवास्तव ने गीतों व भजनों से आनंदित किया। 

बड़े हनुमान जी का हुआ हरियाली शृंगार
सावन में शनिवार को भी मंदिरों में हरियाली शृंगार हुआ। श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़ा हनुमान घाट पर स्थित बड़े हनुमान जी का हरियाली शृंगार हुआ। अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत हरिगिरि महाराज, वरिष्ठ अध्यक्ष प्रेमगिरि महाराज, अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन भारती एवं वरिष्ठ अध्यक्ष उमाशंकर भारती महाराज के निर्देश में बड़े हनुमान जी का विधिवत शृंगार कर पूजन हुआ। वहीं, मैदागिन के भारतेंदु पार्क स्थित मनसापूरन हनुमान जी का हरियाली शृंगार हुआ। 

शोध कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस उपयोगी
बीएचयू के यूजीसी-मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग सेंटर की ओर से छह दिन तक चलने वाले शॉर्ट टर्म कोर्स शनिवार से शुरू हो गया। 27 अगस्त तक चलने वाले इस कोर्स के तहत उच्च शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर चर्चा होगी। उद्घाटन समारोह में कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने शिक्षण और शोध कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बहुत उपयोगी है। 

कुलपति ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को रिप्लेसमेंट के रूप में नहीं, बल्कि एक सहायक के रूप में देखा जाना चाहिए। पर्यावरण एवं धारणीय विकास संस्थान के निदेशक प्रो.अखिलेश सिंह रघुवंशी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को एक ऐसी तकनीक बताया जो काफी परिवर्तनकारी है। अतिथियों का स्वागत करते हुए बीएचयू मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक प्रो. आनंद वर्धन शर्मा ने बताया कि अब तक 1,248 प्रतिभागी प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं।

शोध छात्रा को मुंबई में मिला पुरस्कार
बीएचयू दृश्य कला संकाय के व्यावहारिक कला विभाग के शिक्षकों, छात्रों की टीम ने तीन पुरस्कार जीतकर विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया। मुंबई के वर्ली स्थित नेहरू आर्ट सेंटर में 11 से 16 अगस्त तक चले फ्रीडम सीजन 3 आर्ट एग्जिबिशन में सम्मानित किया गया। सहायक आचार्य सृष्टि प्रजापति को ड्राइंग के क्षेत्र में उनकी कलात्मक उत्कृष्टता के लिए ‘अवॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस इन ड्रॉइंग’ मिला। साथ ही शोध छात्रा मोनाली सिंह को फोटोग्राफिक आर्ट एवं विजुअल स्टोरीटेलिंग के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए ‘रघुबीर सिंह अवॉर्ड इन फोटोग्राफी’ अवॉर्ड मिला। 

संविवि के कुलपति ने अपना दूसरा कार्यकाल संभाला
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने शनिवार को दूसरे कार्यकाल का पदभार ग्रहण किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने और भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक वैश्विक परिप्रेक्ष्य में प्रतिष्ठित करने का संकल्प दिलाया। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय 235 वर्षों से देवभाषा संस्कृत और भारतीय ज्ञान परंपरा की अविरल धारा को आगे बढ़ा रहा है। यह केवल एक शिक्षण संस्था नहीं, बल्कि भारत की प्राच्य ज्ञान-संपदा का महत्वपूर्ण केन्द्र है। 

इसकी विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ संस्कृत एवं भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक अकादमिक आवश्यकताओं से जोड़ते हुए वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। इसके पहले उन्होंने 22 अगस्त 2023 को 37वें कुलपति के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। इस दौरान कुलसचिव राकेश कुमार, कुलानुशासक प्रो. जितेन्द्र कुमार, प्रो.सुधाकर मिश्र, संकाय प्रमुख प्रो. दिनेश कुमार गर्ग, डॉ. विजय कुमार शर्मा मौजूद रहे। 

मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान
अग्रसेन वेलफेयर सोसाइटी के ओर से शनिवार को श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को कॉपियां एवं स्टेशनरी दीं। प्रबंधक गरिमा टकसाली, पवन मित्तल व प्रधानाचार्या संगीता बनर्जी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में संरक्षक बल्लभदास अग्रवाल, अध्यक्ष सर्वेश अग्रवाल, अशोक अग्रवाल सर्राफ, सचिव अमर चंद अग्रवाल, संयोजक सीए विष्णु अग्रवाल रहे।

डिजिटल लर्निंग का महत्व बताया 
बीएचयू के शिक्षा संकाय में आयोजित कार्यक्रम में 8 विद्यालयों के प्राचार्यों/शिक्षकों ने डिजिटल लर्निंग के महत्व पर चर्चा की। इसमें सेंट्रल हिंदू ब्वायज स्कूल, रणवीर संस्कृत विद्यालय, सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल, इंटरनेशनल हिंदू स्कूल, संत अतुलानंद विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय मुगलसराय, एसएस पब्लिक स्कूल और नवोदय विद्यालय भदोही के प्राचार्य और शिक्षक शामिल हुए। संयोजन प्रो. आलोक गार्डिया, प्रो. मीनाक्षी सिंह,डॉ.अजय सिंह ने किया।

डॉ. वेदप्रकाश ने मेलबर्न में पढ़ा शोध पत्र
आईएमएस बीएचयू के फार्माकोलॉजी विभाग के डॉ. वेद प्रकाश ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में आयोजित 20वें वर्ल्ड कांग्रेस ऑफ बेसिक एंड क्लिनिकल फार्माकोलॉजी में शोध-पत्र पढ़ा। उन्होंने डिस्लिपिडेमिया से पीड़ित रोगियों के उपचार में विभिन्न लिपिड-लोअरिंग दवाओं की भूमिका, उनकी प्रभावशीलता और लिपिड प्रोफाइल के नियंत्रण पर चर्चा की। मेलबर्न में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में विश्वभर से फार्माकोलॉजी एवं क्लिनिकल फार्माकोलॉजी के विशेषज्ञ, शोधकर्ता शामिल हुए। 

प्रो. गीता का नाम भारत की बेटी पुस्तक में 
बीएचयू आणविक एवं मानव आनुवंशिकी विभाग की प्रो. गीता राय का नाम डॉ. मनीषा आचार्य द्वारा लिखित पुस्तक भारत की बेटी में शामिल किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित पुस्तक विमोचन समारोह में केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने विमोचन किया। यह पुस्तक उन महिलाओं की उपलब्धियों का उत्सव मनाती है जिन्होंने पारंपरिक शैक्षणिक एवं पेशेवर मार्गों से आगे बढ़कर अपने वैज्ञानिक ज्ञान, विचारों से बदलाव लाया। 

पीजी छात्रों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम
बीएचयू में वाणिज्य संकाय में पीजी के छात्रों के लिए आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कैंपस के शैक्षणिक माहौल, शोध, कॅरिअर विकास आदि के बारे में बताया गया। बतौर मुख्य अतिथि जयप्रकाश विश्वविद्यालय छपरा के पूर्व कुलपति प्रो. हरिकेश सिंह ने कहा कि समय प्रबंधन और आत्म विकास के महत्व को समझना होगा।विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रो. हरिकेश सिंह ने कहा कि छात्रों से मनोवृत्ति, कौशल और ज्ञान में सुधार करने और स्वीकार्यता, प्रतिबद्धता और सिद्धांत को अपनाने का आह्वान किया। मुख्य वक्ता  प्रो. रंजन कुमार सिंह ने विचार रखे। 

दीक्षा एप पर 845 से ज्यादा वर्चुअल लैब्स
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए डिजिटल पढ़ाई का नया विकल्प सामने आया है। अब छात्रों को दीक्षा एप प्लेटफॉर्म पर 845 से अधिक वर्चुअल लैब्स और डिजिटल लर्निंग रिसोर्स मिलेंगे। सीबीएसई की जिला समन्वयक नीलम सिंह ने बताया कि इस संबंध में वाराणसी के संबद्ध स्कूलों को निर्देश जारी कर दिए हैं। 

छात्राओं ने लगाई राखियों की प्रदर्शनी
बीएचयू के सामाजिक विज्ञान संकाय के समन्वित ग्रामीण विकास केंद्र में शनिवार को कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने भ्रमण कर यहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान छात्राओं की ओर से बनाई गई हस्तनिर्मित राखियों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कुलपति ने ऑनलाइन पेमेंट कर एक राखी भी खरीदी। कार्यक्रम के दौरान केंद्र की ओर से संचालित विभिन्न शैक्षणिक, प्रशिक्षण एवं ग्रामीण आजीविका संबंधी गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। कुलपति ने छात्राओं के कौशल को आय-सृजन एवं स्वरोजगार से जोड़ने का सुझाव दिया। 

19 पदों पर काउंसिलिंग और साक्षात्कार पूरा
वाराणसी। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में 19 शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों को भरने के लिए काउंसिलिंग और साक्षात्कार किया गया। शुक्रवार को विकास भवन सभागार में प्रक्रिया की गई। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने बताया कि गैर-शैक्षणिक श्रेणी में मुख्य रसोइया, सहायक रसोइया और चौकीदार के पद शामिल हैं। मुख्य रसोइये के एक पद के लिए आए आठ आवेदनों में से सात महिला अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया। कुल आठ गैर-शैक्षणिक पदों के लिए यह प्रक्रिया पूरी की गई। वहीं, शैक्षणिक श्रेणी में 11 पद रिक्त थे। इनमें सामाजिक विज्ञान के तीन, हिंदी-संस्कृत का एक, गणित के तीन और विज्ञान के तीन पद शामिल हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed