Varanasi News Today: हरहुआ रिंग रोड पर दो कार की टक्कर, पांच घायल, हादसों में तीन की मौत; वाराणसी में खबरें
Varanasi News: वाराणसी के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए हादसों के दाैरान तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। वहीं, बड़ागांव थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हाे गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल भेजा। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर बीती रात दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टाटा पंच कार 50 फीट तक पलटती चली गई। यह कार खिलाड़ियों के लिए बने रैंप में फंसकर रुक गई। कार आगे बढ़ जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सभी घायलों का इलाज बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में जारी है। कोई तहरीर नहीं मिली है।
विश्वसुंदरी पुल से युवक ने गंगा में लगाई छलांग
विश्वसुंदरी पुल से युवक ने गंगा में छलांग लगा दी। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीमों ने युवक की तलाश शुरू कर दी है। रामनगर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि पुल पर एक लावारिस बाइक मिली थी। परिवार में कुछ कहासुनी हुई थी। इसी कारण युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
शौच के लिए उठे व्यक्ति की छत से गिरकर मौत
रोहनिया थाना क्षेत्र के केशरीपुर में विनय कुमार (52) की छत से गिरकर मौत हो गई। वह अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था। परिजनों ने बताया कि विनय शराब का आदी था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। विनय मूल रूप से सिकंदरपुर, बलिया का निवासी था। वह पिछले दस साल से केशरीपुर में मजदूरी कर रहा था।
बीती रात खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य सो गए थे। सुबह विनय की पत्नी मनुजा देवी की नींद खुली तो वह बिस्तर पर नहीं मिला। उन्होंने सोचा कि वह कहीं बाहर गया होगा। कुछ देर बाद मनुजा देवी ने छत से बगल के प्लॉट की ओर देखा। वहां विनय गिरा पड़ा था और उसकी मौत हो चुकी थी। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। मामले की जांच की जा रही है।
निजी अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक गर्भवती की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। शनिवार को महिला के पति और रिश्तेदारों ने डायल 112 पर शिकायत दर्ज कराई।
भदोही के महाराजगंज पचेरवा गांव की निवासी ज्योति शर्मा (27) गर्भवती थीं। वह मिर्जापुर के बरैनी गांव में मायके आई थीं। तबीयत बिगड़ने पर मायके पक्ष के लोगों ने उन्हें कछवा रोड के निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया था। इलाज के तीसरे दिन महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। निजी अस्पताल ने उन्हें वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। परिजन एंबुलेंस से ज्योति को वाराणसी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद ज्योति को मृत घोषित कर दिया। परिजन महिला के शव को घर वापस ले गए और दाह संस्कार कर दिया।
गर्भवती महिला की मौत के बाद पति पिंटू शर्मा रिश्तेदारों और परिजनों के साथ कछवा रोड में निजी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस टीम ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
नाबालिग से दुष्कर्म और पॉक्सो के आरोपी शहबाज उर्फ बल्लू को लोहता पुलिस ने शनिवार को केराकतपुर के पास से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी धमरिया का निवासी है। पीड़ित ने अपने 17 वर्षीय नाबालिग भाई के साथ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी।
जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। जानलेवा हमले के आरोपी कपिल देव को भेलूपुर पुलिस ने शुक्रवार रात रानीपुर मोतीझील के पास से गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से गया, बिहार का निवासी है। वह वर्तमान में लखराव महमूरगंज में रह रहा था। बुजुर्ग पर हमला करने के मामले में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है।
स्कूल के सामने छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार
सुधाकर महिला स्कूल के सामने लड़कियों और महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी और छेड़खानी के आरोपी आकाश को लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि एंटी-रोमियो टीम ने आकाश कुमार को पकड़ा।आरोपी नई बस्ती पांडेयपुर का निवासी है।
रंगदारी मांगने के आरोप में पिता और बेटों पर प्राथमिकी
लंका थाना क्षेत्र के संकट मोचन मार्ग पर सरस्वती टावर निवासी डॉक्टर सुधाकर तिवारी की शिकायत पर पुलिस ने पिता समेत दो बेटों के खिलाफ रंगदारी मांगने, गालीगलौज और धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। डॉक्टर सुधाकर तिवारी का आरोप है कि कैवल्यधाम कॉलोनी, दुर्गाकुंड निवासी अवधनाथ पाठक और उनके बेटे मनीष पाठक व अवनीश उनकी गैरमौजूदगी में घर पहुंचे। आरोपियों ने पत्नी के साथ गालीगलौज की और दरवाजा खुलवाने का प्रयास कर पैसों की मांग की। आरोप है कि तीनों लगातार मोबाइल चैट और फोन से पैसे मांगते थे। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
बाइक में आग लगाने वाले आरोपी पर प्राथमिकी
चितईपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर में घर के बाहर खड़ी बाइक में आग लगाने के आरोप में पुलिस ने प्रदीप कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सुंदरपुर निवासी आनंद कुमार के अनुसार, उनकी बाइक दो जुलाई की रात घर के बाहर खड़ी थी। आरोप है कि पड़ोसी प्रदीप कुमार ने रंजिश में बाइक में आग लगा दी। बाइक जलने के दौरान पड़ोसियों के शोर मचाने पर आनंद घर से बाहर निकले और आग बुझाई। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि जांच की जा रही है।
चोरी की संपत्ति खरीदने वाले कबाड़ी समेत दो गिरफ्तार
रेलवे की संपत्ति चोरी कर कबाड़ में खपाने वाले गिरोह के खिलाफ आरपीएफ ने कार्रवाई कर चोर और रिसीवर को गिरफ्तार किया है। आरपीएफ बनारस और सीआईबी, आरपीएफ की संयुक्त टीम ने चौकाघाट पानी की टंकी के पास एक कबाड़ की दुकान पर छापा मारकर दोनों आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों में शाहरुख पुत्र गयासुद्दीन, निवासी आजमगढ़, शामिल है। उस पर रेलवे की चोरी की संपत्ति बेचने का आरोप है। वहीं, कबाड़ कारोबारी सुनील कुमार गुप्ता, निवासी नक्खीघाट, सारनाथ को चोरी की रेलवे संपत्ति खरीदने के आरोप में रिसीवर के रूप में गिरफ्तार किया गया। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि दोनों को जेल भेजा गया।
जमीन विवाद में मारपीट, चार लोगों पर प्राथमिकी
सिंधौरा के भदेवली गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में विजय कुमार की पिटाई कर उन्हें घायल कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। भदेवली निवासी विजय कुमार ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम करीब आठ बजे राजकुमार, उसके पुत्र अंकित, सिंधु देवी और एक अज्ञात व्यक्ति ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। इस हमले में विजय कुमार के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी
मनोज कुमार सिंह ने सोशल मीडिया पर के अपमानजनक और भ्रामक टिप्पणी कर सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई। साईं धाम कॉलोनी, लक्ष्मणपुर निवासी मनोज कुमार सिंह ने शिकायत में आरोप लगाया कि गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) किरण सोसाइटी के चालक बृजमोहन श्रीवास्तव, निवासी बड़ागांव माधोपुर, रोहनिया ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। आरोप है कि पोस्ट में उन्हें दिव्यांगों को लूटने वाला बताया। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
शादी का भरोसा देकर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार
शादी का भरोसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोपी किशन कुमार को मंडुवाडीह पुलिस ने बरेका के पास से गिरफ्तार किया। लहरतारा निवासी महिला की तहरीर पर 24 जुलाई को किशन कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। थाना प्रभारी अजयराज वर्मा ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
कारोबारी से रंगदारी, मारपीट मामले में प्राथमिकी दर्ज
कारोबारी से रंगदारी, मारपीट और लाखों की चोरी के मामले में अदालत के आदेश पर शनिवार को सारनाथ पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह घटना पुराना पुल पुलकोहना के एक दुकान और गोदाम से संबंधित है। कारोबारी कन्हैया लाल जायसवाल ने बताया कि आरोपियों ने गोदाम की दीवार तोड़कर 40,000 की लोहे की खिड़कियां चुरा लीं। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि चार नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दरोगा बनकर महिला को धमकी, पति पर प्राथमिकी
फर्जी दरोगा बनकर अपनी पत्नी और ससुराल वालों को धमकी देने के मामले में पति के खिलाफ मंडुवाडीह थाने में शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। जैतपुरा निवासी सृष्टि शर्मा ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी डीएलडब्ल्यू कॉलोनी निवासी राजीव शर्मा से हुई थी। विवाह के बाद से ही पति राजीव शर्मा, ससुर काशीनाथ ठक्कर और सास रेखा खुश नहीं थे। पति शराब पीकर मारपीट करता था। वह गालीगलौज भी करता था। पति 10 लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करता था। तंग आकर न्यायालय में दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का केस दर्ज कराया था। मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस नंबरों की भी जांच कर रही है जिनसे फर्जी कॉल की गई थी।
सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के विरोध में प्राथमिकी
अमीनी गांव में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के दौरान विरोध करने पर पुलिस ने लेखपाल महेश की तहरीर पर हेमंत समेत कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि बंजर और भीटा की भूमि पर अवैध गुमटी रखकर अतिक्रमण किया गया था। कार्रवाई के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में हेमंत को नामजद किया गया है। 6 लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। दूसरी ओर, कमला देवी के परिवार का दावा है कि गुमटी उनकी निजी भूमि पर थी। विरोध करने पर महिलाओं से मारपीट का आरोप लगाया है। हिमाचल पटेल ने भी निष्पक्ष जांच की मांग की है।
साइबर ठगों ने बैंक खाते से उड़ाए 7.65 लाख रुपये
साइबर अपराधियों ने अमित कुमार के बैंक ऑफ बड़ौदा गोदौलिया के खाते से किस्तों में 7 लाख 65 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के खलिशपुरा निवासी अमित कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि उनके खाते से 28 मई 2026 से 4 जून 2026 के बीच कई बार पैसे निकाले गए। साइबर अपराधियों ने अलग-अलग यूपीआई लेनदेन से वारदात की। खाते में 7,66,213 रुपये थे, जिनमें से 7,65,000 रुपये निकाल लिए गए। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
मकान बेचने के नाम पर 10 लाख लेकर धोखाधड़ी
मकान और जमीन बेचने के नाम पर 10 लाख लेकर धोखाधड़ी के आरोप में भेलूपुर थाने में पंजाब के पटियाला निवासी संजीव कुमार जिंदल और हरदेव कुमार के खिलाफ एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज हुई। अस्सी निवासी इंदू भूषण पांडेय का आरोप है कि अयोध्या में जमीन खरीदने के दौरान उनकी आरोपियों से मुलाकात हुई थी। आरोपियों ने बासदेवधार माझा, मीरा ढाबा हवेली अवध, अयोध्या में 1361 वर्गफीट जमीन पर बने होटल को एक करोड़ 25 लाख रुपये में बेचने का सौदा किया।
आरोपियों ने चेक से 10 लाख रुपये लेकर रजिस्टर्ड लिखापढ़ी कराई और शेष बैनामा के समय देने की बात कही। इंदू के मुताबिक मरम्मत में एक लाख खर्च किए। मरम्मत के बाद आरोपियों ने जमीन अपने नाम कराने की बात कहकर टालमटोल शुरू कर दी। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।
म्यूल खाते से लेनदेन, महिला समेत दो पर प्राथमिकी दर्ज
म्यूल खाते में अवैध लेनदेन को लेकर सारनाथ थाने में शनिवार को महिला समेत दो के खिलाफ साइबर क्राइम मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। नोडल साइबर थाना सारनाथ के उप-निरीक्षक राहुल कुमार यादव की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों में पूजा और धोखाधड़ी के मुख्य साजिशकर्ता अंबिका शामिल हैं। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि जेआईएमएस पोर्टल पर खाते से संबंधित दो शिकायतें पहले से पंजीकृत थीं।
विवेचक पर कार्रवाई के आदेश, डीजीपी को भेजी प्रति
सिगरा थाना क्षेत्र में 2018 में विवाहिता की मौत के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश आलोक कुमार की अदालत ने आरोपी पति अशोक मौर्य को साक्ष्यों के अभाव में संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। अदालत ने माना कि अभियोजन पक्ष आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप साबित करने में असफल रहा। वहीं, विवेचना में गंभीर लापरवाही बरतने पर तत्कालीन विवेचक उपनिरीक्षक गिरधारी यादव के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
डीजीपी को फैसले की प्रति भेजने को कहा। मामला सिगरा थाने में 2018 में दर्ज हुआ था। मां निर्मला देवी की तहरीर पर पुलिस ने शुरुआत में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि चंचल मौर्य की शादी 18 साल पहले अशोक मौर्य से हुई थी। आरोप था कि अशोक ने अपनी पहली शादी की बात छिपाई थी और वह चंचल के साथ मारपीट व प्रताड़ना करता था। 12 अगस्त 2018 को संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से चंचल की मौत हो गई थी।
विवेचना के बाद पुलिस ने हत्या की धारा हटाकर आत्महत्या के लिए उकसाने में आरोपपत्र दाखिल किया था। अदालत ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य चिकित्सीय और फॉरेंसिक साक्ष्यों का अवलोकन किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार चंचल की मौत अत्यधिक जलने से उत्पन्न सदमे के कारण हुई थी। अभियोजन की ओर से पेश किए गए कई महत्वपूर्ण तथ्यों को आरोपी के समक्ष उसकी सफाई के लिए रखा ही नहीं गया।
आक्रोशित श्रमिकों को मंडुवाडीह पुलिस ने हटाया
विभिन्न मांगों का लेकर चांदपुर औद्योगिक आस्थान के श्रमिक शनिवार की शाम आक्रोशित हो गए। चांदपुर औद्योगिक आस्थान में 25 श्रमिकों के सड़क जाम करने की सूचना पर मंडुवाडीह पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने श्रमिकों को समझा बुझाकर शांत कराया। इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि मड़ौली चौकी इंचार्ज ने श्रमिकों को समझाया। जिलाधिकारी कार्यालय में अपनी बात रखने के लिए समझाया गया। हिदायत दी गई कि सड़क जाम करने पर कानूनी कार्रवाई होगी। इस बीच श्रमिकों ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन देने का मन बनाया।
जंसा थाने में हिस्ट्रीशीटरों की परेड
जंसा थाने में शुक्रवार को हिस्ट्रीशीटरों की परेड हुई। थाने में पंजीकृत सभी हिस्ट्रीशीटरों को कानून का पालन करने की शपथ दिलाई गई। पुलिस ने उनके वर्तमान निवास, व्यवसाय और गतिविधियों का सत्यापन भी किया। जंसा थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह ने हिस्ट्रीशीटरों को भविष्य में किसी भी आपराधिक या असामाजिक गतिविधि से दूर रहने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी सत्यजीत ने बताया कि अपराधों पर नियंत्रण के लिए हिस्ट्रीशीटरों की नियमित निगरानी जारी रहेगी।
कैथी टोल प्लाजा पर बंदरों ने दो दिन में 12 को काटा
वाराणसी-गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कैथी टोल प्लाजा पर बंदरों का आतंक बढ़ गया है। शुक्रवार और शनिवार के बीच बंदरों ने टोल कर्मचारियों समेत करीब 12 लोगों को काटकर जख्मी कर दिया। टोल कर्मचारी आशीष पांडेय (28), राघवेंद्र यादव (27), सत्य प्रकाश सिसौदिया (26) और संजीव गुप्ता (27) घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए सैदपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें एंटी-रेबीज का इंजेक्शन लगाया। टोल कर्मचारियों के अनुसार, बंदर दिनभर टोल परिसर में डेरा जमाए रहते हैं। प्रबंधक प्रवीण कौशिक ने बताया कि वन विभाग से तत्काल बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की मांग की है।
घरेलू विवाद में पत्नी को लोहे की रॉड से पीटा
शिवपुर थाना क्षेत्र के सरसवां गांव में शनिवार सुबह घरेलू विवाद के दौरान मनोज पटेल ने पत्नी को कमरे में बंद कर लोहे की रॉड से पीट दिया। गंभीर चोट लगने से महिला बेहोश हो गई। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़िता के देवर अरविंद पटेल के अनुसार, घटना शनिवार सुबह सात बजे की है। आरोप है कि मनोज पटेल ने पत्नी सोनी पटेल को घर के अंदर बंद कर लोहे की रॉड से पीटना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर बच्चों ने परिजनों को जानकारी दी। उस समय परिवार के लोग खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। देवर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है।
एटीएम में पट्टी लगाकर उड़ा रहे थे रुपये
भेलूपुर थाना क्षेत्र में एक गिरोह एटीएम मशीन के शटर पर पट्टी लगाकर ग्राहकों के पैसे चोरी कर रहा है। हिटाची कंपनी के चैनल एग्जीक्यूटिव सत्येन्द्र शर्मा ने शनिवार को भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।
प्रेम विवाह के बाद पति ने की दूसरी शादी
प्रेम विवाह के बाद पति की दूसरी शादी के मामले में पीड़िता गुलफशा ने पति फैजान और ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न व जान से मारने की धमकी के मामले में शनिवार को भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। गुलफशा ने पुलिस को बताया कि 20 जून 2026 को बजरडीहा निवासी फैजान के साथ प्रेम विवाह हुआ था। शादी के बाद दोनों एक होटल में रह रहे थे। चार दिन बाद 24 जून को पीड़िता की मौसी ने दोनों को दिल्ली बुलाया। वहां फैजान के पिता कमाल और भाई रिजवान भी थे। बातचीत के दौरान ससुराल पक्ष ने विदा करने से इन्कार कर दिया। भेलूपुर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
रामनगर के जोनल अधिकारी को नोटिस सुपरवाइजर का कटा 10 दिन का वेतन
रामनगर जोन जगह-जगह गंदगी और नालों पर पक्का अतिक्रमण से नाराज नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रामनगर के जोनल अधिकारी को नोटिस जारी करने, जेई को प्रतिकूल प्रविष्टि देने और सफाई सुपरवाइजर का 10 दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त को भीषण अव्यवस्था, क्षतिग्रस्त नालियां और सफाई व्यवस्था में भारी लापरवाही मिली।
कार्य में शिथिलता बरतने पर उन्होंने रामनगर के जोनल अधिकारी से जवाब-तलब करते हुए ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया। साथ ही संबंधित अवर अभियंता (सिविल) को प्रतिकूल प्रविष्टि देने और सफाई सुपरवाइजर का 10 दिनों का वेतन काटने का निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने रामनगर जोन में साफ-सफाई, पेयजल, मार्ग निर्माण, सीवर ओवरफ्लो, अतिक्रमण तथा नाला-नाली सफाई व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि स्थानीय दुकानदारों और भवन स्वामियों ने नालों पर पक्का अतिक्रमण कर रखा है। इससे न केवल नालों की सफाई प्रभावित हो रही है, बल्कि जल निकासी भी गंभीर रूप से बाधित हो रही है।
अतिक्रमण के खिलाफ अभियान न चलाने और क्षेत्र की क्षतिग्रस्त नालियों व नालों की मरम्मत नहीं कराने पर नगर आयुक्त ने सख्त नाराजगी जताते हुए जोनल अधिकारी को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। इसके अलावा क्षतिग्रस्त नालियों के कारण जगह-जगह जलभराव होने और कार्य में रुचि न लेने पर संबंधित अवर अभियंता (सिविल) की शिथिल कार्यप्रणाली के लिए प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए।
अकासा एयर की मुंबई की उड़ानें एक अगस्त से टर्मिनल-2 से होंगी
अकासा एयर के वाराणसी-मुंबई रूट के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। एक अगस्त से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर अकासा एयर की सभी उड़ानें टर्मिनल-2 से संचालित होंगी। इस बदलाव के बाद यात्रियों को टर्मिनल बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।
यह नई व्यवस्था विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए फायदेमंद होगी, जो वाराणसी से मुंबई होते हुए अबूधाबी समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों की यात्रा करते हैं। पहले ऐसे यात्रियों को आगे की उड़ान पकड़ने के लिए टर्मिनल बदलना पड़ता था। अब उनका समय बचेगा और उन्हें बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। अकासा एयर की उड़ानें पहले भी मुंबई में टर्मिनल-2 पर ही उतरती थीं, लेकिन आगे की यात्रा के लिए कुछ यात्रियों को दूसरे टर्मिनल पर जाना पड़ता था। नई व्यवस्था से यह परेशानी समाप्त हो जाएगी।
अकासा एयर के यूपी सेल्स हेड राहुल सिंह ने बताया कि एयरलाइन का यह निर्णय यात्रियों के यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विशेषकर अंतरराष्ट्रीय यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका सबसे अधिक लाभ मिलेगा। अब वे एक ही टर्मिनल से अपनी आगे की यात्रा जारी रख सकेंगे। इससे उनका समय बचेगा और यात्रा अधिक सुगम होगी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से मुंबई के रास्ते अबूधाबी समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक पहुंचना भी पहले की तुलना में अधिक आसान होगा।
कामायनी एक्सप्रेस का इंजन फेल, एक घंटे स्टेशन पर खड़ी रही
बलिया से चलकर लोकमान्य तिलक टर्मिनस जाने वाली 11072 कामायनी एक्सप्रेस का इंजन शनिवार शाम को फेल हो गया। इस वजह से ट्रेन को करीब एक घंटे तक वाराणसी स्टेशन पर रोकना पड़ा। पहले कर्मचारियों ने इंजन को ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन को शाम करीब पांच बजे रवाना किया गया।
कामायनी एक्सप्रेस प्रतिदिन प्लेटफॉर्म नंबर एक से शाम चार बजे रवाना होती है। शनिवार को जैसे ही ट्रेन को रवाना होने का सिग्नल मिला और लोको पायलट ने ट्रेन आगे बढ़ानी शुरू की, तभी इंजन फेल हो गया। लोको पायलट ने तत्काल इसकी सूचना कंट्रोल रूम और संबंधित अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने खराब इंजन को अलग किया।
यूपी के सत्ता परिवर्तन में अपना दल कमेरावादी की होगी अहम भूमिका : डाॅ. पल्लवी पटेल
अपना दल कमेरावादी, विधानसभा इकाई पिंडरा के कार्यकर्ताओं की बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन शनिवार को सावित्री लॉन पिंडरा में हुईं। इसमें पार्टी की शीर्ष नेता और सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि यूपी के सत्ता परिवर्तन में अपना दल कमेरावादी की अहम भूमिका होगी।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के मद्देनजर वन बूथ टेन यूथ के तर्ज पर मजबूत संगठन का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित किया जाएगा। कहा कि जनता के जायज सवालों पर आंदोलन करते हुए सूबे की सियासत का बदलाव किया जाएगा और एक जनपक्षधर सरकार बनाया जाएगा।
अपना दल कमेरावादी उत्तर प्रदेश में सड़क पर विपक्ष की सबसे मजबूत आवाज बनकर उभर रही है, सामाजिक न्याय, किसान, युवा और महिला के प्रश्नों पर पुरजोर तरीके से लड़ रही है। अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष रजनीश पटेल ने की। संचालन श्रीप्रकाश ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधेश्याम सिंह, रामलाल पटेल, राजेश पटेल, गगन प्रकाश यादव, पंकज सेठ, राजकुमार पटेल, उमेश चंद्र मौर्य, संजय पटेल मौजूद रहे।
शिक्षक अभिभावक संघ की बैठक में नामांकन पर दिया गया जोर
पीएम राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में शनिवार को शिक्षक अभिभावक संघ की बैठक हुई। इसमें छात्रों के नामांकन वृद्धि, नियमित उपस्थिति और अनुशासन पर मुख्य रूप से चर्चा की गई। बैठक में कक्षा 9 और 11 के पंजीकरण फॉर्म, मासिक प्रगति व बोर्ड परीक्षा शुल्क की अंतिम तिथि बताई गई। ऑनलाइन उपस्थिति और विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम पर भी बात हुई। अभिभावकों को गणित, विज्ञान, कॅरिअर और स्वच्छता जैसे विभिन्न क्लबों के गठन से अवगत कराया गया।
पंख पोर्टल पर पंजीकरण, कॅरिअर मार्गदर्शन और तमन्ना टेस्ट की जानकारी साझा की गई। विद्यालय की वार्षिक पत्रिका अल्पना का भी उल्लेख किया गया। अभिभावकों ने अटल टिंकरिंग, स्टेम लैब, पुस्तकालय और विज्ञान प्रयोगशालाओं का भ्रमण किया। पर्यावरण और भू-जल संरक्षण के महत्व पर जोर दिया गया। प्रधानाचार्य निशा यादव ने सभी अभिभावकों और आगंतुकों का धन्यवाद किया।
चैटबॉट पर 5वें दिन आईं 12 शिकायतें
गंगा किनारे 25 वार्डों के लिए नगर निगम ने व्हाट्सएप हेल्पलाइन चैटबॉट (8601872601) नंबर जारी किया है। इस पर आने वाली शिकायतों का समाधान चार घंटे में किया जा रहा है। इस सुविधा के पांचवें दिन शनिवार को 12 शिकायतों का समाधान कराया गया। अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि सर्वाधिक पांच शिकायतें आलोक विभाग से संबंधित थीं। इनमें स्ट्रीट लाइटों के समय पर चालू व बंद न होने, गोलादीनानाथ (वार्ड 84) में स्ट्रीट लाइट के पोल में करंट उतरने की समस्या दूर कराई।
इसके अलावा मध्यमेश्वर, दशाश्वमेध और मदनपुरा क्षेत्रों में भी स्ट्रीट लाइट की समस्याएं दूर कराई। जलकल विभाग को पेयजल पाइपलाइन लीकेज व सीवर ओवरफ्लो की नगवां, दशाश्वमेध और कालभैरव वार्ड से तीन शिकायतें प्राप्त हुईं। दशाश्वमेध और कृतिवासेश्वर (वार्ड 81) की जलभराव की तीन शिकायत, उद्यान विभाग ने मध्यमेश्वर क्षेत्र में हॉर्टिकल्चर वेस्ट को हटाया।
भगवान के पास भक्त बनकर आओ
दिगंबर जैन समाज काशी की ओर से सिद्ध चक्र महामंडल विधान के पांचवें दिन शनिवार को 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ की जन्म स्थली भेलूपुर जैन मंदिर में मुनि धर्म सागर महाराज के सानिध्य में विविध अनुष्ठान हुए। कहा कि भगवान के पास भिखारी बनकर नहीं, बल्कि भक्त बनकर आना चाहिए। भगवान के पास निस्वार्थ भाव, आचरण, भक्ति और श्रद्धा से स्वयं भगवान बनो। मुनि भाव सागर महाराज ने काशी में जैन तीर्थंकरों की महिमा का बखान किया।
पीजी डिप्लोमा प्रोग्राम से मनोरोग विषय की दूर होगी असमानता
आईएमएस बीएचयू के मनोचिकित्सा विभाग की ओर से इंडियन साइकियाट्रिक सोसाइटी (आईपीएस) सेंट्रल जोन के दो दिवसीय पोस्टग्रेजुएट डेवलपमेंट प्रोग्राम (पीजीडीपी) में मनोरोग विषय से जुड़े बिंदुओं पर विशेषज्ञों ने चर्चा की। बतौर मुख्य अतिथि आईपीएस के अध्यक्ष निर्वाचित डॉ. ओपी सिंह ने कहा कि पीजी डिप्लोमा प्रोग्राम से मनोरोग विषय में पीजी शिक्षा से जुड़ी असमानता दूर होगी। इस ओर चिकित्सकों को ध्यान देना होगा। केएन उडुप्पा सभागार में हुए कार्यक्रम में डॉ. ओपी सिंह ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण विषयों में एकरूपता लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बीएचयू कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि न्यूरोमॉड्यूलेशन पर आधारित उन्नत शैक्षणिक सत्रों के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण युवा मनोचिकित्सकों के कौशल को और अधिक परिष्कृत करेगा। स्वागत चिकित्सा संकाय प्रमुख प्रो. संजय गुप्ता ने किया। इस दौरान बीएचयू अस्पताल के एमएस प्रो. पुनीत, इंडियन साइकियाट्रिक सोसाइटी के डॉ. सौरभ टंडन, मनोचिकित्सा विभाग के अध्यक्ष प्रो. अच्युत के पांडेय, प्रो.अजीत सिंह मौजूद रहे।
जलकुंभी हटाने का चला अभियान
नगर निगम की टीम ने शनिवार को अस्सी घाट पर सफाई अभियान चलाकर जलकुंभी हटाने का काम किया। अभियान के दौरान घाट के किनारे जमा जलकुंभी को बाहर निकालकर किनारे लगाया गया ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को असुविधा न हो। अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि गंगा और वरुणा नदी में तेजी से जलकुंभी को साफ कराने के लिए जल्द ही ट्रैशबोट मशीन उतारने की योजना बनाई गई हैै। जलस्तर में बढ़ोतरी के साथ ही नदियों के पानी में भारी मात्रा में जलकुंभी बहकर आ गई है।
अन्नपूर्णा गुरुकुल में रोपे गए पौधे
भूदेवश्री चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से शनिवार को शिवपुर स्थित अन्नपूर्णा गुरुकुल में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा की पूर्व कोषाध्यक्ष रचना अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. मृदुला सिंह मौजूद रहीं। ट्रस्ट के सदस्यों ने पीपल, आम, बरगद, नीम समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं भूदेवश्री चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष देवश्री ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की धरोहर ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य का आधार भी हैं। इस अवसर पर श्रीकांत पांडेय, अर्चना पांडे, मीनू ग्रोवर, विकास शुक्ला, राहुल गुप्ता, नमिता भट्टाचार्या, अमरावती, अभिनव पटेल आदि माैजूद रहे।
हनुमानजी की पूजा कर किया सुंदरकांड का पाठ
क्षेत्रीय नागरिक सेवक समिति के सदस्यों ने शनिवार को नरिया स्थित श्री दुखहरण हनुमान मंदिर में सुंदरकांड का पाठ किया। इस दौरान विश्व शांति, जनकल्याण और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजन-अर्चन से हुआ। सुंदरकांड पाठ के दौरान मंदिर परिसर श्रीराम और हनुमानजी के जयघोष तथा भजनों से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव के साथ सुंदरकांड का श्रवण किया। पूजन-अर्चन के बाद सैकड़ों श्रद्धालुओं को खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। पूजन में समिति के अध्यक्ष अशोक पटेल, सचिव वरुण सिंह, उपाध्यक्ष अधिवक्ता हरिशंकर मिश्र ‘मंचल’, संरक्षक राजीव सिंह पटेल, उमाकांत उपाध्याय, गोविंद पाल, सुमित केशरी आदि शामिल रहे।
शंकराचार्य गोरक्षा यात्रा कर पहुंचे काशी, अनुयायियों ने उतारी आरती
ज्योतिषपीठाधीश्वर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती 81 दिवसीय गविष्ठी धर्मयुद्ध यात्रा पूरी कर शनिवार को काशी पहुंचे। भक्तों और संतों ने पुष्पवर्षा तथा जयघोष के साथ उनका स्वागत किया। शंकराचार्य पालकी में सवार होकर हरिश्चंद्र घाट मार्ग से श्रीविद्यामठ पहुंचे। मठ के प्रभारी ब्रह्मचारी परमात्मानंद ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनकी आरती कर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने उनका आशीर्वाद ग्रहण किया। इसके बाद प्रसाद वितरित किया गया।
मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि शंकराचार्य 27 जुलाई तक काशी में प्रवास करेंगे। इस दौरान उनके सान्निध्य में विभिन्न आध्यात्मिक और मांगलिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। 27 जुलाई की शाम संत और श्रद्धालु शंकराचार्य की चरण पादुका का पूजन करेंगे। इसके बाद 28 जुलाई को वह दो माह के चातुर्मास्य व्रत के लिए छत्तीसगढ़ के बेमेतरा स्थित सपाद लक्षेश्वर धाम जाएंगे। उन्होंने बताया कि गविष्ठी धर्मयुद्ध यात्रा की शुरुआत गोरखपुर से हुई थी। यात्रा के दौरान प्रदेश की 403 विधानसभा क्षेत्रों में गोयात्रा निकालकर लोगों को गोरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, गोमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की अपील की गई।
उद्योग व्यापार समिति के पदाधिकारियों का किया अभिनंदन
लोहा व्यापार मंडल समिति ने महानगर उद्योग व्यापार समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर अशोक जायसवाल, राहुल मेहता, रजनीश कनौजिया और रामभजन अग्रहरि को सम्मानित किया गया। अशोक जायसवाल को अध्यक्ष, राहुल मेहता को कोषाध्यक्ष, रजनीश कनौजिया को महामंत्री और रामभजन अग्रहरि को मंत्री नियुक्त किया गया है। लोहा व्यापार मंडल समिति के पदाधिकारियों ने अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। महानगर उद्योग व्यापार समिति के मीडिया प्रमुख सुरेश तुलस्यान और दशाश्वमेध व्यापार मंडल समिति के महामंत्री दीपक वासवानी का भी अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामभजन अग्रहरि ने की। इस अवसर पर संरक्षक मो. इलियास, चंद्र भूषण सिंह, लालजी अग्रहरि आदि रहे। और उपाध्यक्ष भारती जायसवाल उपस्थित रहीं।
सिंधी महिला ने बिखेरी लोकनृत्य की छटा
बागबान सिंधी महिला संस्था की ओर से शनिवार को कैंटोनमेंट स्थित एक होटल में सावन और तीजोत्सव पर गीत-संगीत की धूम रही। संस्था की महिलाओं ने लोक नृत्यों और गीतों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इष्टदेव झूलेलाल की आरती से शुरुआत हुई। संस्था की सचिव कीर्ति बिजलानी और कोषाध्यक्ष नीलम वासवानी, पूजा बदलनी, हर्षा केसवानी, वर्षा लालवानी और सुनीता पंजवानी, मधु मोटवानी, पूनम किशनानी, श्वेता चांगारानी, पूजा लखमानी और वर्षा गीत, नृत्य की मोहक प्रस्तुति दी। संचालन मेहर चावला और दिशा तुलस्यान ने किया। मौके पर मधु विशनानी, मुस्कान रुपानी, मिस्टी वाधवानी, पायल राजवानी, मधु दोडवानी, पूर्णिमा खत्री मौजूद रहीं।
काशी में तैयार होंगे हस्तशिल्प कला के कुशल प्रशिक्षक
हस्तशिल्प परंपरा को संरक्षित करने और मास्टर शिल्पकारों को आधुनिक दौर की जरूरतों के अनुरूप सशक्त बनाने के उद्देश्य से बड़ा लालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल में शनिवार को ‘प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन और प्रायोजन भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) कार्यालय की ओर से किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों को आधुनिक कौशल, नेतृत्व क्षमता और उन्नत तकनीकी ज्ञान से लैस करना है, ताकि वे भविष्य में कुशल प्रशिक्षक की भूमिका निभा सकें। आयोजन के दौरान वस्त्र मंत्रालय और हस्तशिल्प विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनमें वस्त्र मंत्रालय के लखनऊ क्षेत्रीय कार्यालय के क्षेत्रीय निदेशक वीरेंद्र कुमार, वरिष्ठ सहायक निदेशक अब्दुल्लाह आदि माैजूद रहे। दीनदयाल हस्तकला संकुल के सहायक निदेशक प्रद्युम्न पांडेय शामिल रहे।
लोक गायिका रंजना समेत 17 को काशी नवरत्न अलंकरण
गुरु कृपा फाउंडेशन की ओर से शनिवार को प्रह्लाद घाट स्थित बाल विश्वविद्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विशिष्ट विभूतियों को काशी नवरत्न अलंकरण से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में लोक गायिका रंजना राय, शिखा श्रीवास्तव, रविंद्र नाथ मिश्र, कैलाश प्रकाश मौर्य, रवि शंकर शर्मा, उषा रानी, अमित सराफ, नरसिंह दास चांदीवाला, रीना सिंह, सुनैना केसरी, निकिता चौरसिया, विजेता सचदेवा, शिवानी श्रीवास्तव, प्रवीण कुमार, ध्वनि जायसवाल, पं. अभिषेक द्विवेदी और मेघा प्लास शामिल रहे। मुख्य अतिथि वीडीए के मानद सदस्य अंबरीश सिंह भोला तथा विशिष्ट अतिथि संगत चेतन मठ के महंत संत बलविंदर सिंह, डॉ. अशोक राय और डॉ. एके. कौशिक ने सम्मानित हस्तियों को अलंकरण प्रदान किया।
देश को नेपाल, बांग्लादेश नहीं बनने देंगे : बालकदेवाचार्य
पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु बालकदेवाचार्य महाराज ने नीट पेपर लीक मामले में छात्रों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ गलत हुआ है और उन्हें न्याय मिलना चाहिए। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के संबंध में उन्होंने कहा कि यह छात्रों का आंदोलन है और इसमें केवल छात्रों की ही भागीदारी होनी चाहिए। उनका आरोप था कि कांग्रेस, सपा सहित अन्य राजनीतिक दल इसमें शामिल होकर राजनीति कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव भी खुद छात्र बन गए हैं। उन्होंने कहा कि आंदोलन में जिस तरह की अराजकता दिखाई दे रही है, वह छात्रों का काम नहीं हो सकता। इसमें अराजक तत्वों की भूमिका है, जो देश को तोड़ने और नेपाल व बांग्लादेश जैसी स्थिति पैदा करना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होगा। संत समाज देश में ऐसी स्थिति नहीं आने देगा। जरूरत पड़ने पर संत समाज आगे आकर इसका सामना करेगा।
विद्यापीठ में आज से दीक्षांत परिधान मिलेगा
काशी विद्यापीठ के दीक्षांत समारोह के लिए शनिवार से परिधान मिलने शुरू हो गए हैं। इसके लिए 700 रुपये शुल्क जमा करने के बाद परिधान और डिग्री विद्यार्थियों को दी गई। पहली बार 200 रुपये डिग्री के लिए दीक्षांत से पहले ही जमा कराया जा रहा है। समारोह खत्म होने पर 400 रुपये वापस कर दिए जाएंगे। शनिवार को 200 से अधिक विद्यार्थियों ने फीस जमा कर दीक्षांत का परिधान लिया। परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया कि समारोह में विश्वविद्यालय कैंपस और कॉलेजों में स्वर्ण पदक पाने वाले मेधावियों की सूची वेबसाइट पर जारी कर दी है।
आठ यूजी कोर्स में 30 से काउंसिलिंग
विद्यापीठ में बीए, बीकॉम, बीसीए सहित आठ स्नातक पाठ्यक्रमों में अब 30 जुलाई से काउंसिलिंग शुरू होगी। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि डिप्लोमा, एडवांस डिप्लोमा और पीजी डिप्लोमा पाठयक्रम में 1 से 8 अगस्त तक प्रक्रिया चलेगी। स्नातक स्तर पर 30 जुलाई को बीए, बीम्यूज की पेड सीट, 31 को बीएफए पेड सीट, बीएससी (बायो) की तीसरी काउंसिलिंग होगी।
आचार्य परशुराम की जयंती पर संगोष्ठी
बीएचयू हिंदी विभाग में शनिवार को साहित्यकार आचार्य परशुराम चतुर्वेदी की जयंती पर हुई संगोष्ठी में वक्ताओं ने उनके साहित्यिक योगदान की चर्चा की। बतौर मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि आचार्य परशुराम की साहित्यिक विरासत ही भारतीय ज्ञान परंपरा की अमूल्य निधि है। हिंदी विभाग के आचार्य रामचंद्र शुक्ल सभागार में कुलपति ने कहा कि परशुराम चतुर्वेदी को सही अर्थों में समझना है तो उनके जीवन में साधना के वास्तविक अर्थ को समझना होगा। स्वागत प्रो. वशिष्ठ अनूप द्विवेदी, संचालन प्रो. नीरज खरे, प्रो. प्रभाकर सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ें विद्यार्थी
काशी विद्यापीठ में शनिवार को दीक्षारंभ -2026 (इंडक्शन प्रोग्राम) में नवप्रवेशित स्नातक विद्यार्थियों को विवि की स्थापना के उद्देश्यों, उपलब्धियों की जानकारी दी गईं। संवाद में कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने उत्कृष्ट शिक्षा, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ते रहने का आह्वान किया। डीन अकादमिक एवं प्रवेश समन्वयक प्रो. बंशीधर पाण्डेय ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया। डॉ. राहुल गुप्ता और डॉ. आयुष कुमार ने विवि की विभिन्न शैक्षणिक एवं छात्रोपयोगी सुविधाओं पर आधारित एक प्रस्तुति दी। कुलसचिव डाॅ. सुनीता पांडेय, वाणिज्य और प्रबंधशास्त्र संकायाध्यक्ष प्रो. सुधीर कुमार शुक्ला के साथ ही प्रो. राजेश कुमार मिश्र, प्रो. नलिनी श्याम कामिल, प्रो. अमिता सिंह मौजूद रहे।
प्राचीन इतिहास विभाग का छात्र इटली में करेगा शोध
बीएचयू के प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के छात्र सृजन सिंह का इटली स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ बोलोनिया में पीएचडी के लिए चयन हुआ है। सृजन यहां भारत के प्लाइस्टोसीन कालीन जीवाश्मों का जैव-अण्विक अध्ययन विषय पर शोध करेंगे। सृजन इस समय विभाग के सहायक आचार्य डॉ. जोस टॉम राफेल के निर्देशन में शोध के लिए तैयारी कर रहे हैं। उनके चयन पर विभागाध्यक्ष प्रो. महेश प्रसाद अहिरवार ने खुशी जताई।
छात्रों को मिलेगा कौशल विकास का प्रशिक्षण
जगतपुर महाविद्यालय और आईकिंग सॉल्यूशन के बीच शनिवार को शैक्षणिक समझौता हुआ। इसके तहत छात्रों को कौशल विकास के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा। दोनों संस्थानों से अधिकारियों ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान दिनकर प्रताप सिंह, प्राचार्य प्रो. अनिल प्रताप सिंह, डॉ. मोनिका सक्सेना के साथ ही डॉ. सुभाष सिंह, डॉ. दिलीप सिंह, डॉ. ज्योति, डॉ. अमिता मौजूद रहे।
28 जुलाई को रोजगार मेला
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, वाराणसी, उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत एक दिवसीय निशुल्क रोजगार मेला 28 जुलाई को कार्यालय परिसर, चौकाघाट में लगेगा। इसमें कुल छह कंपनियां शामिल होंगी लेंगी। इनमें हिटाची कैश मैंनेजमेंट सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड ए.टी.एम. ऑपरेशन मैनेजर के पद पर चयन करेगी। शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट या स्नातक होनी चाहिए। इन पदों के लिए शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट और आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। युवा सुबह 11:30 बजे अपना बायोडाटा लेकर कार्यालय में उपस्थित हो सकते हैं।