फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Bail pleas of four accused in Manish murder case rejected ration dealer arrested in scam

Varanasi News Today: मनीष हत्याकांड में चार आरोपियों की जमानत याचिका खारिज, घोटाले में कोटेदार गिरफ्तार; खबरें

Wed, 10 Jun 2026 03:47 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Wed, 10 Jun 2026 03:47 PM IST
सार

Varanasi News: मनीष कुमार सिंह हत्याकांड में अभियोजन पक्ष ने इसे जातिगत विद्वेष और पुरानी रंजिश का परिणाम बताया। अदालत में अभियुक्तों ने खुद को झूठा फंसाए जाने का तर्क दिया। उन्होंने कहा कि घटना का कोई स्वतंत्र गवाह नहीं है।

विज्ञापन
Varanasi News Today Bail pleas of four accused in Manish murder case rejected ration dealer arrested in scam
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

प्रभारी जिला एवं सत्र न्यायाधीश संध्या श्रीवास्तव की अदालत ने उद्यमी व भरथरा निवासी मनीष कुमार सिंह के चार हत्यारोपियों नागेंद्र राजभर, गोविंद राजभर, आशीष राजभर और मनीष राजभर की जमानत याचिका मंगलवार को खारिज कर दी। मनीष की 26 अप्रैल 2026 की रात लगभग दस बजे घमहापुर में पीटकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मुख्य आरोपी आशीष राजभर सहित 12 आरोपियों के खिलाफ फूलपुर थाने की पुलिस ने छह जून को ही गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। 

विज्ञापन


अभियोजन के मुताबिक, वादी अरुण कुमार सिंह के भतीजे मनीष कुमार सिंह 26 अप्रैल को अपनी पत्तल बनाने की फैक्टरी बंद कर घर लौट रहे थे। इस दौरान उनकी कार की चपेट में आकर एक महिला घायल हो गई। इससे नाराज आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया। इससे मनीष कुमार सिंह को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई। 
विज्ञापन


अभियोजन पक्ष ने इसे जातिगत विद्वेष और पुरानी रंजिश का परिणाम बताया। अदालत में अभियुक्तों ने खुद को झूठा फंसाए जाने का तर्क दिया। उन्होंने कहा कि घटना का कोई स्वतंत्र गवाह नहीं है। जिला शासकीय अधिवक्ता और वादी के अधिवक्ताओं ने जमानत याचिकाओं का विरोध किया।
विज्ञापन
विज्ञापन


16.50 लाख के खाद्यान्न घोटाले में आरोपी कोटेदार गिरफ्तार
आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) ने 16.50 लाख के खाद्यान्न घोटाले के आरोपी कोटेदार सुरेंद्र प्रताप सिंह को जौनपुर के केराकत से मंगलवार को गिरफ्तार किया। आरोपी केराकत थाना क्षेत्र के हुरहुरी गांव का निवासी है। ईओडब्ल्यू वाराणसी के पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि जौनपुर में 2004 से 2005 के बीच घोटाला हुआ था। यह केंद्र और राज्य सरकार की संपूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना से जुड़े मजदूरों को काम के बदले खाद्यान्न (चावल) वितरित किया जाना था। नाली निर्माण, संपर्क मार्ग और मिट्टी भराई जैसे कार्य प्रस्तावित थे। अधिकारियों ने वित्तीय अनियमितताएं कीं। 2020 में ईओडब्ल्यू वाराणसी में मामला दर्ज किया गया था। यह घोटाला जौनपुर के केराकत विकास खंड के विभिन्न गांवों में हुआ। क्षेत्र पंचायत अंश से जनहित के कार्य कराए जाने थे। मजदूरों को उनके काम के बदले चावल मिलना था। बीडीओ और कार्य प्रभारी जैसे जिम्मेदार लोगों ने गड़बड़ी की। फर्जी दस्तावेज के आधार पर सरकारी धन का गबन किया गया।  

गैस एजेंसी में 45 लाख रुपये के गबन का आरोप, प्रबंधक पर प्राथमिकी दर्ज
चोलापुर थाना क्षेत्र के कोहासी गांव में नीलकंठ भारत गैस एजेंसी में 45 लाख रुपये के कथित गबन और धोखाधड़ी के मामले में एजेंसी संचालिका रेनू राय की तहरीर पर पुलिस ने एजेंसी के प्रबंधन कार्य से जुड़े मनीष सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। रेनू राय का आरोप है कि एजेंसी के संचालन और वित्तीय कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे मनीष सिंह ने ग्राहकों और एजेंसी की धनराशि निजी बैंक खाते में स्थानांतरित कर 45 लाख रुपये का गबन किया। इसके अलावा 450 गैस सिलिंडरों की हेराफेरी करने का भी आरोप लगाया गया है। रेनू राय का आरोप है कि मनीष ने एजेंसी से जुड़े मोबाइल सिम, लैपटॉप, लेखा-जोखा रजिस्टर, मोहर, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य अभिलेख भी अपने कब्जे में रखा है। कई बार हिसाब-किताब और एजेंसी का सामान वापस मांगे जाने पर वह टालमटोल करता रहा। विरोध करने पर जान-माल की क्षति पहुंचाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। पीड़िता के अनुसार मामले का खुलासा तब हुआ जब एरिया मैनेजर की ओर से उपलब्ध कराए गए अभिलेखों और एजेंसी पर लगाए गए जुर्माने का मिलान किया गया। जांच के दौरान वित्तीय अनियमितताओं और स्टॉक में गड़बड़ी की जानकारी सामने आई। इसके बाद आरोपी से स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।  

दुर्गाकुंड में अस्पताल के बाहर प्रदर्शन, इलाज में लापरवाही का आरोप
पैनेसिया अस्पताल कबीरनगर के बाहर एक मरीज के परिजनों ने मंगलवार को प्रदर्शन कर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। शाम करीब 7 बजे अस्पताल पहुंचे मरीज के बेटे शुभम सिंह ने बताया कि अस्पताल में 4 मार्च 2024 में माता को भर्ती कराया। इसके बाद 6 मार्च 2024 को डॉक्टर ने ऑपरेशन किया। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। 24 मई को फिर अस्पताल ले गए जहां डॉ. आशुतोष मिश्रा को दिखाया गया। जांच के बाद उन्होंने किडनी में स्टोन की बात कही। जब पूर्व में हुए ऑपरेशन के दौरान इस तरह की जानकारी न देने की बात कही गई तो डॉक्टर ने दुर्व्यवहार किया। शुभम ने बताया कि मामले में 30 मई को सीएमओ से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया।  

छह माह बाद स्कॉर्पियो चोरी का मुकदमा दर्ज
चोलापुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई स्कॉर्पियो के मामले में पुलिस ने छह महीने बाद प्राथमिकी दर्ज की। लखरांव नवापुरा निवासी शशिकांत वर्मा की स्कॉर्पियो बीते 18 दिसंबर की रात घर के बाहर से चोरी हो गई थी। पीड़ित ने डायल-112 पर सूचना देने के साथ चंदापुर चौकी और चोलापुर थाने में तहरीर भी दी थी। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की। वाहन का पता न चलने पर शशिकांत ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

स्टेयरिंग फेल होने से मालवाहक डिवाइडर से टकराया, चालक घायल
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के बाटा मोड़ के पास मंगलवार को दवा लदा मालवाहक टेंपो स्टेयरिंग फेल होने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में चालक जंगबहादुर (31) निवासी चौबेपुर घायल हो गया। जंगबहादुर कैंट क्षेत्र से दवा लादकर लहरतारा में गोदाम जा रहा था। बाटा मोड़ के पास अचानक टेंपो का स्टेयरिंग फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टेंपो सीधे डिवाइडर से जा टकराया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए मंडलीय चिकित्सालय भेजवाया। थाना प्रभारी अजयराज वर्मा ने बताया कि वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई गई।  
 
पुलिस की मौजूदगी में महिला से मारपीट का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज नई बस्ती निवासी सुनीता जायसवाल ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में उसे राहुल, रोहित और अज्ञात ने पीटा। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुनीता जायसवाल के अनुसार, पूर्व के एक मामूली विवाद को लेकर मंगलवार सुबह छह बजे राहुल ने पुलिस को मौके पर बुलाया था। आरोप है कि पुलिस के सामने ही राहुल, रोहित, देवा जायसवाल उनके देवर के साथ मारपीट करने लगे। जब वह बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके बाल पकड़कर सड़क पर घसीटा और पीटा। गालीगलौज कर बेटे को जान से मारने की धमकी दी। घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

पशु तस्करी का आरोपी गिरफ्तार
पशु तस्करी के आरोपी सुनील कुमार उर्फ गोविंद को लंका पुलिस ने मंगलवार को विश्वसुंदरी पुल के पास से गिरफ्तार किया। वह चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के भरछा गंगेहरा गांव का निवासी है। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। 

पॉक्सो का आरोपी गिरफ्तार
पॉक्सो के मामले में वांछित सतीश राजभर को लंका पुलिस ने मंगलवार को डाफी चौराहा के पास से गिरफ्तार किया। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी भगवानपुर का निवासी है। जांच की जा रही है।  

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed