Varanasi News: कैबिनेट मंत्री एके शर्मा बोले- बारिश से पहले नालों की कर लें सफाई, बिजली आपूर्ति की न हो दिक्कत
Varanasi News: वाराणसी में कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा के साथ सड़कों पर चल रहे विकास कार्यों का हाल जाना। उन्होंने संबंधित अफसरों के साथ बैठक की। कहा कि बारिश का माैसम शुरू होने से पहले सारा काम पूर्ण कर लें।
विस्तार
Varanasi News: कैबिनेट मंत्री एके शर्मा शुक्रवार देर रात काशी पहुंचे। उन्होंने नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के साथ शहर की कुछ सड़कों और चल रहे कार्यों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम और बिजली निगम के अफसरों के साथ समीक्षा बैठक की।
मंत्री एके शर्मा ने कहा कि नगर से संबंधित सभी विकास कार्य, जैसे सड़क, नाली, दीवारों की पेंटिंग, पार्कों का रखरखाव, पार्कों का सुंदरीकरण, इंटरलॉकिंग तथा सड़क किनारे सौंदर्यीकरण के कार्य तत्काल प्रभाव से पूरे किए जाएं। बारिश से पहले नालों की सफाई सुनिश्चित कर ली जाए, ताकि जलभराव जैसी समस्याएं उत्पन्न न हों।
शहर में कहीं भी कूड़ा-कचरा जमा न होने पाए, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा पूरे बनारस की साफ-सफाई पूरी तत्परता के साथ कराई जाए। उन्होंने कहा कि इस बार सभी बनारसवासियों को मिलकर अच्छे कार्यों के दम पर वाराणसी को स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर स्थान दिलाने के लिए प्रयास करना होगा।
ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक कार्य तत्काल पूरे किए जाएं। गर्मी के मौसम में किसी प्रकार की विद्युत समस्या नहीं होनी चाहिए। शिकायतकर्ताओं की समस्याएं विद्युत उपकेंद्रों पर बैठकर सुनी जाएं और उनका तत्काल निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए। बैठक में राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, एमडी (पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम) शंभू कुमार मौजूद रहे।
लापरवाही मिली तो अफसरों पर होगी कड़ी कार्रवाई
नगर विकास मंत्री ने कहा कि केवल नालों से कचरा निकालना काफी नहीं है, बल्कि नालों से निकलने वाली सिल्ट (कीचड़ और मलबा) का समय से उठान भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि वह दोबारा बहकर नालों में न जाए और सड़कों पर गंदगी न फैले।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान यदि नाला सफाई या किसी अन्य कार्य में लापरवाही मिलती है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। किसी भी कमी को दूर करने के लिए विभाग आपस में तालमेल बिठाएं और छोटी-छोटी जनसमस्याओं को भी कतई नजरअंदाज न करें।
उन्होंने सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए तत्काल पैचवर्क शुरू करने के आदेश दिए। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि शहर के 18 वार्डों में सीवर नेटवर्क को दुरुस्त करने और शुद्ध पेयजल आपूर्ति बहाल करने का कार्य बहुत जल्द शुरू होने जा रहा है, जिसे आगामी दिसंबर माह तक हर हाल में पूरा करा लिया जाएगा।