वाराणसी: बनारस बिनाले में नागरीप्रचारिणी सभा की चार प्रदर्शनियां बनीं आकर्षण का केंद्र
बनारस बिनाले के अवसर पर नागरीप्रचारिणी सभा में साहित्य, इतिहास और समकालीन कला पर आधारित चार प्रदर्शनियां लगाई गई हैं। इनमें आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी की संपादकीय विरासत, नागरीप्रचारिणी सभा का इतिहास, दुर्लभ चित्र और अभिलेख तथा चित्रकार मनीष पुष्कले की काशी पर आधारित तीन विशाल कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं।
विस्तार
बहुविध कलाओं के उत्सव बनारस बिनाले के अवसर पर नागरीप्रचारिणी सभा में साहित्य, इतिहास और समकालीन कला पर आधारित चार प्रदर्शनियां लगाई गई हैं। व्योमेश शुक्ल के आकल्पन में आयोजित इन प्रदर्शनियों के माध्यम से हिंदी साहित्य की विरासत, ऐतिहासिक अभिलेखों और काशी की कलात्मक अभिव्यक्ति को प्रस्तुत किया गया है। इनमें आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी के संपादकीय योगदान से लेकर चित्रकार मनीष पुष्कले की काशी पर केंद्रित कलाकृतियां आकर्षण का केंद्र हैं।
द्विवेदी के संपादकीय योगदान पर पहली प्रदर्शनी
षडंग प्रदर्शनी कक्ष में आयोजित पहली प्रदर्शनी का शीर्षक 'संशोधक, संवर्द्धक, संपादक' है। यह आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी के संपादकीय कृतित्व पर केंद्रित है। प्रदर्शनी में प्रेमचंद, जयशंकर प्रसाद, निराला, मैथिलीशरण गुप्त, बंग महिला राजेंद्र बाला घोष, हीरा डोम, चंद्रधर शर्मा गुलेरी और माधवराव सप्रे जैसे साहित्यकारों की पांडुलिपियां, तस्वीरें और टिप्पणियां प्रदर्शित की गई हैं। इसमें बताया गया है कि द्विवेदी ने लेखकों की पांडुलिपियों में संशोधन और संपादन के माध्यम से हिंदी भाषा, व्याकरण और साहित्य को नई दिशा दी।
नागरीप्रचारिणी सभा के 125 साल से अधिक के इतिहास की झलक
दूसरी प्रदर्शनी 'सभा प्रसंग' नेपथ्य शीर्षक दीर्घा में लगाई गई है। इसमें नागरीप्रचारिणी सभा के 125 साल से अधिक के इतिहास और उससे जुड़े प्रमुख व्यक्तित्वों के प्रसंगों को प्रदर्शित किया गया है। महामना मदन मोहन मालवीय और आचार्य रामचंद्र शुक्ल के जीवन से जुड़े प्रसंगों के साथ सभा के शिलान्यास से संबंधित वस्तुएं, घड़ियां, स्याही-दवात और घंटी जैसी चीजें भी रखी गई हैं।
इस प्रदर्शनी में हिंदी शब्दसागर, मनोरंजन पुस्तकमाला और सभा की पहली कार्यवाही की जिल्द विशेष आकर्षण हैं। वर्ष 1893 में बाबू श्यामसुंदर दास, रामनारायण मिश्र और शिवकुमार सिंह सहित उत्साही युवाओं ने हिंदी भाषा और नागरी लिपि के विकास के उद्देश्य से संस्था की स्थापना की थी। प्रदर्शनी में संस्थापकों और शुरुआती सदस्यों के हस्ताक्षर तथा संस्था को दिए गए उनके छोटे-छोटे आर्थिक योगदान का विवरण भी दिखाया गया है।
द्विवेदी अभिनंदन ग्रंथ के दुर्लभ चित्र प्रदर्शित
तीसरी प्रदर्शनी 'चित्रोक्ति' प्रतिपदा शीर्षक कक्ष में आयोजित है। यह वर्ष 1933 में प्रकाशित द्विवेदी अभिनंदन ग्रंथ के चित्रों और संबंधित अभिलेखों पर केंद्रित है। इसका संपादन श्यामसुंदर दास और रायकृष्णदास ने संयुक्त रूप से किया था। इसमें अवनींद्रनाथ टैगोर, नंदलाल बोस, उस्ताद रामप्रसाद, सुधीररंजन खास्तगीर, शारदाचरण उकील, शैलेंद्र नाथ डे और रामगोपाल विजयवर्गीय जैसे प्रसिद्ध चित्रकारों की कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं।
प्रदर्शनी में महाकवि कालिदास के मेघदूत और आचार्य केशवप्रसाद मिश्र के हिंदी पद्यानुवाद की झलक भी देखने को मिलती है। इसके माध्यम से रायकृष्णदास, भारत कला भवन और नागरीप्रचारिणी सभा के आपसी संबंधों को भी प्रस्तुत किया गया है।
मनीष पुष्कले की तीन कलाकृतियों में दिखेगी काशी
चौथी प्रदर्शनी 'तिनका-तिनका' दूज शीर्षक दीर्घा में आयोजित है। इसमें समकालीन भारतीय चित्रकार मनीष पुष्कले की काशी पर केंद्रित तीन विशाल कलाकृतियां मणिकर्णिका, मंगलनाथ और यज्ञ प्रदर्शित की गई हैं। इनकी प्रेरणा कबीर के दोहे से ली गई है। कलाकार ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से काशी को जीवन और मृत्यु, सृजन और विघटन के बीच निरंतर संवाद करने वाले शहर के रूप में प्रस्तुत किया है।
पिछले पांच वर्षों से मनीष पुष्कले उन लुप्तप्राय भाषाओं के दृश्यात्मक स्वरूप पर काम कर रहे हैं, जिनकी कोई लिखित लिपि नहीं रही। उनके चित्रों में ऐसी भाषाओं की कल्पना को दृश्य रूप दिया गया है, जिनके केवल बिखरे हुए अंश शेष रह गए हैं। इस प्रस्तुति की आकल्पक सिद्धि शैलेंद्र हैं।
