Varanasi Encounter: महंगी कार से हाईवे पर ट्रक चालकों को लूटते थे बदमाश, मुठभेड़ में तीन गिरफ्तार
Varanasi News: वाराणसी पुलिस ने तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार की सुबह हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगी है। बदमाश रात में ट्रक चालकों को अपना शिकार बनाते थे।
विस्तार
Encounter in Varanasi: हाईवे पर ट्रक चालकों से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने बुधवार को भोर में बड़ागांव थाना क्षेत्र के कोईराजपुर अंडरपास के पास से मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। पुलिस की गोली से घायल दो बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आरोपियों के कब्जे से होंडा सिटी कार, 315 बोर के दो तमंचे और लूट का मोबाइल बरामद हुआ। प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना क्षेत्र के कसेरूआ निवासी मोहम्मद गुफरान, रानीगंज के मेहदौंरी निवासी दीपक सिंह के पैर में गोली लगी। तीसरे आरोपी की पहचान प्रतापगढ़ के लीलापुर थाना क्षेत्र के चमरूद्दीन शुक्लान निवासी तौकीर के रूप में हुई है।
गुफरान पर प्रयागराज, आजमगढ़, बुलंदशहर, अमेठी और अन्य जनपदों में 20 और दीपक पर 6 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी होंडा सिटी कार से लूटपाट करते थे। डीसीपी गोमती आकाश पटेल ने बताया कि जंसा थाना क्षेत्र में ट्रक चालक से लूट के मामले की जांच की जा रही थी।
बड़ागांव थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह को सूचना मिली कि सफेद रंग की कार तेज रफ्तार से हरहुआ की ओर बढ़ रही है, जिसमें संदिग्ध सवार हैं। कोइराजपुर अंडरपास के पास चेकिंग शुरू की गई। कार सवार पुलिस को देखकर भाग निकले और सर्विस लेन से होते हुए रिंग रोड की ओर बढ़े। उनकी कार सड़क के किनारे बालू में फंसने पर तीन बदमाश उतरे, दो ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में गुफरान के दाहिने पैर और दीपक के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि तौकीर को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि गिरोह रात में हाईवे पर ट्रक चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करता था।
कहा कि बाहर की गाड़ियों को लूटना आसान होता है, क्योंकि चालक अकसर शिकायत दर्ज नहीं कराते। जंसा क्षेत्र में ट्रक चालक से नकदी व मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम दिया था।