वाराणसी: साल में एक दिन खुलता है सात मंजिला चित्रगुप्त मंदिर, भैया दूज पर उमड़ते हैं श्रद्धालु
वाराणसी के दारानगर स्थित सात मंजिला चित्रगुप्त मंदिर के कपाट साल में केवल भैया दूज पर खुलते हैं। वर्ष 1876 में इसका निर्माण शुरू हुआ था और 1903 में राय बलदेव बख्श राय ने इसकी स्थापना कराई थी।
विस्तार
1876 में शुरू हुआ था मंदिर का निर्माण
मंदिर प्रबंधक राय माहेश्वरी प्रसाद श्रीवास्तव के अनुसार, मंदिर का निर्माण वर्ष 1876 में शुरू हुआ था। राय बलदेव बख्श राय ने वर्ष 1903 में मंदिर की स्थापना कराई थी। उस समय वह डिप्टी कलेक्टर के पद पर कार्यरत थे। सात मंजिला यह मंदिर काशी की ऐतिहासिक स्थापत्य कला और धार्मिक विरासत का अनूठा उदाहरण है।
पहले तीन दिन खुलते थे मंदिर के कपाट
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, पहले दीपावली के अवसर पर मंदिर के कपाट तीन दिनों तक श्रद्धालुओं के लिए खोले जाते थे। समय के साथ इस परंपरा में बदलाव आया और अब साल में केवल भैया दूज के दिन ही श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर मिलता है। इस दिन बड़ी संख्या में लोग भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं।
चौथी पीढ़ी संभाल रही मंदिर की विरासत
मंदिर की देखरेख परिवार की चौथी पीढ़ी कर रही है। राय माहेश्वरी प्रसाद श्रीवास्तव और राय आनंदी प्रसाद श्रीवास्तव समेत परिवार के सदस्य मंदिर की परंपराओं और विरासत को सहेज रहे हैं। परिवार के अनुसार, वाराणसी में भगवान चित्रगुप्त का यह इकलौता मंदिर है। सात मंजिला संरचना और साल में एक दिन कपाट खुलने की परंपरा इसे विशेष बनाती है।