67वां रेल सप्ताह पुरस्कार: वाराणसी सिटी को मिला सबसे स्वच्छ स्टेशन का खिताब, सबसे व्यवस्थित स्टेशन में बलिया को दूसरा स्थान
पूर्वोत्तर रेलवे के 67वें रेल सप्ताह पुरस्कार समारोह में वाराणसी सिटी (बी श्रेणी) को सबसे साफ-सुथरा स्टेशन का खिताब मिला। वाराणसी मंडल के खाते में सात कार्यकुशलता ट्रॉफी आई है
विस्तार
पूर्वोत्तर रेलवे के 67वें रेल सप्ताह पुरस्कार समारोह में वाराणसी सिटी (बी श्रेणी) को सबसे साफ-सुथरा स्टेशन का खिताब मिला। वाराणसी मंडल के खाते में सात कार्यकुशलता ट्रॉफी आई है। डीआरएम सहित 22 रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अनुपम शर्मा ने मंगलवार को गोरखपुर में आयोजित पुरस्कार समारोह में नगद, प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
पूर्वोत्तर रेलवे पर संरक्षा, सुरक्षा, समय पालन, दुर्घटना बचाने, रेल राजस्व वृद्धि सहित रेल परिचालन के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाले 22 रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को महाप्रबंधक पुरस्कार से नवाजा गया।
पीआरओ अशोक कुमार के अनुसार, अंतर मंडलीय परिचालन कार्यकुशलता शील्ड, अंतर मंडलीय लोको (परिचालन) कार्यकुशलता शील्ड, अंतरमंडलीय यांत्रिक (सवारी व मालडिब्बा) कार्यकुशलता शील्ड, अंतरमंडलीय इंजीनियरिंग कार्यकुशलता शील्ड, अंतरमंडलीय सुरक्षा कार्यकुशलता शील्ड, अंतर मंडलीय कार्मिक कार्यकुशलता शील्ड व अंतर मंडलीय कर्षण वितरण शील्ड मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी रामाश्रय पांडेय और शाखा अधिकारियों को प्रदान किया गया।
इन्हें मिला व्यक्तिगत पुरस्कार
डीओएम रतनदीप गुप्ता, राम नागेंद्र सिंह, शैलेश कुमार सिंह, गौरव गुप्ता, अंकित श्रीवास्तव, सर्वेश चंद्र दूबे, अरविंद कुमार पांडेय, कल्पना तिवारी, थादेयुस डुंगडुंग, राम किशुन यादव, सोनू यादव, संदीप सिंह इसमें शामिल हैं।
संदीप सिंह, ट्रैक मेंटेनर, वाराणसी मंडल
5 फरवरी 2022 को वाराणसी सिटी-सारनाथ के बीच डाउन लाइन की पेट्रोलिंग के दौरान रात 12:37 बजे रेल पटरी की वेल्डिंग में फ्रैक्चर देखा। ट्रैक पर चौरीचौरा एक्सप्रेस आ रही थी, संदीप ने लाल सिग्नल दिखाकर ट्रेन को रुकवा दिया। सूचना देकर संबंधित रेल कर्मियों को बुलाया। ट्रैक की गड़बड़ी को ठीक कराकर ट्रेन को आगे बढ़ाया गया। संदीप ने सूझबूझ से हादसे को टाल दिया।
सबसे व्यवस्थित स्टेशन में बलिया को दूसरा स्थान
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के बलिया स्टेशन को विशिष्ट श्रेणी में द्वितीय सबसे व्यवस्थित स्टेशन का पुरस्कार मिला है। जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले बलिया स्टेशन के तीन कर्मियों को महाप्रबंधक पुरस्कार से नवाजा गया है। यह पुरस्कार गोरखपुर में आयोजित 67वें रेल सप्ताह पुरस्कार वितरण समारोह में महाप्रबंधक अनुपम शर्मा ने दिया।
अधिकारियों और कर्मचारियों को नगद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र और पदक देकर सम्मानित किया गया। बलिया स्टेशन को विशिष्ट श्रेणी में द्वितीय सबसे व्यवस्थित स्टेशन का प्रमाणपत्र और 15000 नगद पुरस्कार दिया गया। तीनों मंडल में दूसरा स्थान बलिया का है।
डीआरएम रामाश्रय पांडेय ने बताया कि बलिया के कार्यपालक इंजीनियर व निर्माण विवेक नंदन, सीनियर सेक्शन इंजीनियर व निर्माण विपिन कुमार और दीनानाथ शर्मा को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, 15159/15160 छपरा-दुर्ग एक्सप्रेस को सर्वाधिक व्यवस्थित और साफ-सुथरा रेक शील्ड पुरस्कार के तौर पर 25000 रुपये दिए गए।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के पीआरओ अशोक कुमार के अनुसार छपरा की लाइन क्लीयर पोेर्टर संगीता कुमारी, गाजीपुर सिटी के ट्रैक मेंटेनर जय प्रकाश नारायण, सीनियर सेक्शन इंजीनियर निर्माण शंभू शरण सिंह और छपरा के कांटावाला निरंजन कुमार को पुरस्कृत किया गया।