Varanasi News: बारिश के बाद अब तपिश और उमस ने बढ़ा दी बेचैनी, बाढ़ का अलर्ट; जानें कब होगी बरिश
Varanasi News: वाराणसी में बारिश के बाद अब तपिश और उमस ने लोगों की बेचैनी बढ़ा दी है। रविवार को धूप निकलने के साथ वातावरण में गर्मी महसूस हुई। हवा में नमी अधिक होने से उमस का असर रहा। बारिश के बाद तापमान में राहत की उम्मीद लगाए लोगों को फिर गर्मी ने परेशान किया। मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है।
विस्तार
UP Weather Alert: सावन के महीने में भी ज्येष्ठ जैसी तपिश का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। अगस्त महीने का पहला सप्ताह बीतने के बाद उमस ने लोगों की बेचैनी बढ़ा दी है। पिछले दो दिनों से इसी तरह के हालात हैं। अचानक मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिल रहा है।
शनिवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचकर 34.2 डिग्री सेल्सियस हो गया, जबकि न्यूनतम तापमान औसत से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक होकर 27.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, इस तरह का मौसम अगले तीन-चार दिन तक बने रहने की संभावना है। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि मानसून की सक्रियता एक बार फिर कमजोर हो गई है। अगले सप्ताह तक तापमान के 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं।
मौसम की खराबी के कारण 8 उड़ानें देरी से आईं और गईं, इनमें 6 दिल्ली और दो शारजाह की : मौसम की खराबी के कारण शनिवार को बाबतपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आठ उड़ानें देरी से आईं और प्रस्थान कीं। इनमें छह उड़ानें दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली की थीं और दो शारजाह-वाराणसी-शारजाह की। देरी से आगमन के कारण यात्रियों को 30 से 55 मिनट तक अपनी यात्रा के लिए इंतजार करना पड़ा।
बाबतपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस की शारजाह-वाराणसी-शारजाह की उड़ान 31 मिनट देरी से आई और प्रस्थान की। इसी तरह एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली की उड़ान 29 मिनट की देरी से आई और गई। वहीं, एयर इंडिया की चार उड़ानें दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली की 41 मिनट और 35 मिनट की देरी से आईं और गईं।