UPPSC PCS Prelims: पूर्वांचल के नौ जिलों में 205 केंद्रों पर परीक्षा, 45 मिनट पहले बंद हो जाएगी एंट्री
UPPSC PCS Prelims: वाराणसी, मऊ, आजमगढ़ समेत पूर्वांचल के नौ जिले में 205 केंद्रों पर पीसीएस प्री परीक्षा शुरू हुई। दो पालियों में कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: लोक सेवा आयोग की ओर से पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा रविवार को जिले के 49 केंद्रों पर दो पालियों में होगी। इसमें कुल 22752 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। परीक्षा कराने के लिए 1896 कक्ष निरीक्षकों के साथ सभी केंद्राें पर एक स्टैटिक और एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। एडीएम सिटी आलोक वर्मा ने बताया कि लोक सेवा आयोग के निर्देशानुसार 50 फीसदी बाहरी व 50 फीसदी आंतरिक कक्ष निरीक्षक परीक्षा कराएंगे।
उन्होंने बताया कि पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक और दूसरी पाली अपराह्न 2.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक होगी। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। देरी होने पर उन्हें परीक्षा में नहीं बैठने दिया जाएगा। एडीएम सिटी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर स्थानीय पुलिस व पीएसी की टीम होगी जो सभी अभ्यर्थियों की जांच करेगी। केंद्र पर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्राॅनिक उपकरण जाना मना है। केंद्र पर अभ्यर्थियों के सामान जैसे मोबाइल, बैग जमा करने के लिए भी व्यवस्था कराई गई है।
मऊ में एआई से लैस सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में यूपी पीसीएस प्री की होगी परीक्षा
मऊ जिले में आज से होने जा रहे यूपी पीसीएस प्री परीक्षा की चल रही तैयारी शनिवार को पूरी हो गई। जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होगी। परीक्षा इस बार एआई से लैस वॉयस रिकॉर्डरयुक्त सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। परीक्षा में 10296 अभ्यर्थी शामिल होंगे।पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से सुबह 11.30 बजे तक होगी। दूसरी पाली दोपहर बाद 2.30 बजे से 4.30 बजे तक होगी। परीक्षा पर नजर रखने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती की गई है।
इसके अलावा छह सेक्टर मजिस्ट्रेटों को रिजर्व में रखा गया है। माध्यमिक शिक्षा विभाग और बेसिक शिक्षा विभाग से 1075 कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है। परीक्षा में इस बार एआई तकनीक का प्रयोग किया जाएगा। परीक्षा में 10296 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर बायोमैट्रिक और आई स्कैनिंग के बाद भी प्रवेश मिलेगा। परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले अभ्यर्थियों को पहुंचना अनिवार्य किया गया है। इसके बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें; अच्छी पहल: गंदगी रोकने के लिए सीढ़ियों की दीवार पर लगाई मां सरस्वती की तस्वीर, गुटखा थूकने वालों को दी चेतावनी
आजमगढ़ में 27 केंद्रों पर 12000 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
आजमगढ़ जनपद में 27 केंद्रों पर रविवार को राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस प्रारंभिक) और सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (एसीएफ/आरएफओ प्रारंभिक) की परीक्षा होगी। एसपी सिटी मधुवन सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से हर केंद्र पर एक दरोगा और चार पुलिस कर्मियों की तैनाती गई है। परीक्षा से डेढ़ घंटे पहले परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। 45 मिनट पहले केंद्रों के गेट बंद हो जाएंगे।
आयोग की ओर से हर केंद्र पर जांच के लिए एजेंसी को जिम्मेदारी दी गई है। 27 केंद्रों पर 12000 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक होगी। दूसरी पाली की परीक्षा 2.30 बजे शुरू होगी। 4.30 बजे संपन्न होगी। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन एवं तलाशी के बाद ही अभ्यर्थियों को कक्ष में भेजा जाएगा। महिला और पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए महिला व पुरुष कांस्टेबलों की तैनाती की गई है।
इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे के साथ ही एआई कैमरे से भी परीक्षार्थियों की निगरानी की जाएगी। बताया कि जनपद को तीन सर्किलों में बांटकर सीओ और थानाध्यक्ष को भी लगाया गया है। इस प्रकार पूरी परीक्षा के लिए 14 इंस्पेक्टर, 61 उपनिरीक्षक, 356 मुख्य आरक्षी और 57 महिला आरक्षी की ड्यूटी लगाई गई है। एडीएम प्रशासन राहुल विश्वकर्मा ने बताया कि परीक्षा की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभ्यर्थियों की जांच दो लेयर में होगी। एजेंसी के बाद पुलिस कर्मी भी अभ्यर्थियों की जांच करेंगे। इसके अलावा गेट से लेकर कमरे तक एआई कैमरे लगाए गए हैं।
भदोही में आठ केंद्रों पर पीसीएस-प्री परीक्षा में शामिल होंगे 3552 अभ्यर्थी
भदोही जिले में प्रवर अधीनस्थ सेवा और सहायक वन संरक्षक, क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा परीक्षा की तैयारियां शनिवार शाम तक पूरी कर ली गईं हैं। परीक्षा केंद्रों पर सिटिंग प्लान को अंतिम रूप दिया गया। जीआईसी, केएनपीजी कॉलेज समेत अन्य केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों को कर्तव्य बोध कराया गया। आठ केंद्रों पर होने वाली परीक्षा में कुल 3552 अभ्यर्थी शामिल होंगे। बायोमेट्रिक जांच के साथ एआई तकनीकी का भी इस्तेमाल किया जाएगा। केंद्र के बाहर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहेगा।
जिले में 12 अक्तूबर को होने वाली परीक्षा के लिए आठ केंद्र बनाए हैं। इनके लिए दो केंद्र व्यवस्थापक हैं। इसमें एक सहायक केंद्र व्यवस्थापक बनाए गए हैं। इसके अलावा केंद्र की निगरानी और परीक्षा निष्पक्ष हो सके। इसके लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट नामित हो गए हैं। उन्हें परीक्षा के संबंध में जानकारी दी गई है। शनिवार शाम तक केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा, पेयजल, शौचालय के साथ अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। परीक्षा का समय पहली पाली में 9ः30 बजे से 11ः30 बजे तक और दूसरी पाली में 2ः30 बजे से 4ः30 बजे तक होगा। आयोग की ओर से प्रतिबंधित सामग्री कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के अंदर लेकर न जाए, इसके लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा चालू रहेगा और उसी से कंट्राेल रूम के जरिये मॉनीटरिंग की जाएगी। अगर कहीं गड़बड़ी होती है तो तत्काल पकड़ लिया जाएगा। प्रश्नपत्र कोषागार के डबल लॉक से निर्धारित समय से सभी परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
45 मिनट पहले बंद हो जाएगी एंट्री
जिले में रविवार को होने वाली पीसीएस-प्री परीक्षा दो पालियों में होगी। दोनों पालियों में परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पूर्व ही प्रवेश को रोक दिया जाएगा। पहली पाली में परीक्षा साढ़े नौ बजे से शुरू होगी। 8:45 बजे के बाद केंद्र के अंदर अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। आठ बजे से ही जांच के बाद केंद्र परिसर में प्रवेश मिलना शुरू हो जाएगा। इसी तरह दूसरी पाली में पौने एक बजे से ही प्रवेश रोक दिया जाएगा।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
पीसीएस-प्री परीक्षा के लिए जिले में आठ केंद्र बनाए गए हैं। इनमें काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर में दो ब्लॉक, विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज ज्ञानपुर, काशीराज इंटर कॉलेज औराई, एमए समद इंटर कॉलेज भदोही, श्री इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज भदोही और ज्ञानदेवी बालिका इंटर कॉलेज भदोही शामिल हैं।
चंदौली में 12 केंद्रों पर 5208 अभ्यर्थी आज देंगे प्रारंभिक परीक्षा
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2025 के लिए चंदौली जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली है। रविवार को जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 5208 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की प्रशासन ने सख्त सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की है। इसके लिए 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 12 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और उपकेंद्र व्यवस्थापक नियुक्त किए गए हैं। ये अधिकारी परीक्षा के दौरान केंद्रों का निरीक्षण करेंगे और किसी भी गड़बड़ी या अनुशासनहीनता पर तत्काल कार्रवाई करेंगे।
जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने परीक्षा से पहले सभी केंद्र व्यवस्थापकों और पर्यवेक्षकों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षार्थियों को केवल प्रवेश पत्र और पारदर्शी बॉल पेन के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। सुरक्षा के लिए परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी और महिला पुलिस कर्मी मौजूद रहेंगे। साथ ही परीक्षा केंद्रों के बाहर भी यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षा के सफल संचालन के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां से सभी केंद्रों की निगरानी की जाएगी। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले में पीसीएस परीक्षा पूर्ण पारदर्शिता और शांति के माहौल में संपन्न हो, जिससे अभ्यर्थी बिना किसी बाधा के अपनी परीक्षा दे सकें।
बायोमीट्रिक व आइरिस स्कैनिंग के बाद मिलेगा परीक्षा कक्ष में प्रवेश
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा में बायोमीट्रिक व आइरिस स्कैनिंग के बाद ही परीक्षार्थियों को एक बार कोड जारी किया जाएगा। यह बार कोड परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र में चस्पा किया जाएगा। जिससे यह साफ होगा कि परीक्षार्थी का बायोमीट्रिक व आइरिस स्कैनिंग हो चुकी है। इसके बाद कक्ष निरीक्षक प्रवेश पत्र में बार कोड के स्टीकर को देखकर परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति देंगे।
पीसीएस (प्रा.) परीक्षा तथा सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रा.) परीक्षा रविवार को जिले में 25 केंद्रों पर दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 09.30 बजे से दिन में 11.30 बजे तक व दूसरी पाली दिन में 2.30 बजे से दिन में 04.30 बजे तक आयोजित होगी। कुल 10872 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि परीक्षा की निगरानी के लिए जिले को चार सुपर जोन व आठ जोन में बांटा गया है। इनमें प्रत्येक सुपर जोन और जोन में एक-एक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा 25 केंद्र व्यवस्थापक एवं 25 सह केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं।
डीएम ने बताया कि दो सत्रों में होने वाली परीक्षा में उप्र लोक सेवा आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन करने तथा परीक्षा को निर्धारित प्रक्रिया अनुसार सकुशल, नकल विहीन व सुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने का निर्देश दिए गए है। डीएम ने कहा कि सभी सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण/निरीक्षण करते रहेगे। साथ ही सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपनी देखरेख में सुरक्षा व्यवस्था के साथ प्रश्नपत्र/ओएमआर शीट के गोपनीय बंडल को निर्धारित समय पर ट्रेजरी के डबल लाॅक से प्राप्त करते हुए परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध कराएंगे तथा संबंधित केंद्र व्यवस्थापक गोपनीय बंडलों को प्राप्त कर वीडीयोग्राफी कराते हुए कक्ष निरीक्षकों को उपलब्ध कराएगे।
पूरी प्रक्रिया के दौरान परीक्षा की संवेदनशीलता को बरकरार रखते हुए समस्त कार्यवाही सुनिश्चित कराएंगे। इसमें किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। परीक्षा की सुचिता भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई कर एफआईआर दर्ज कराया जाएगा।
जिले में बनाए गए 34 केंद्रों पर रविवार को पीसीएस प्री परीक्षा होगी। परीक्षा में 16 हजार 032 अभ्यर्थी शामिल होंगे। निगरानी के लिए प्रशासन की तरफ से सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। डीएम डाॅ. दिनेश चंद्र ने बताया कि परीक्षा में 16 हजार 032 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तथा अपराह्न 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए 34 सेक्टर तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व राम अक्षयवर चौहान को नोडल तथा एसडीएम न्यायिक मछलीशहर शिव प्रताप को सह नोडल अधिकारी बनाया गया है। परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक सामान के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को केंद्र में परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटा 30 मिनट पहले प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा प्रारंभ होने से 45 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। एसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
मिर्जापुर के 17 केंद्रों पर पीसीएस प्री परीक्षा आज
मिर्जापुर जिले के 17 केंद्रों पर 12 अक्टूबर को दो पालियों में यूपीपीसीएस प्री की परीक्षा आयोजित की गई है। नकलविहीन, सकुशल व शान्तिपूर्ण ढंग से परीक्षा के लिए 17 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त रिजर्व सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट रखे जाएंगे। परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में होगी।
निर्देश दिया गया है कि कोई भी अधिकारी किसी भी दशा में अपना मोबाइल स्विच आफ नहीं रखेंगे। समस्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने शनिवार को परीक्षा के एक दिन पूर्व आवंटित परीक्षा केन्द्र की तैयारी का भौतिक सत्यापन किया। परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों के लिए कहा गया कि परीक्षा प्रारम्भ होने के निर्धारित समय से 45 पूर्व ही केन्द्र में प्रवेश पूर्णतया प्रतिबन्धित रहेगा। अतएव प्रथम पाली के परीक्षार्थियों को सुबह आठ बजे से परीक्षा केन्द्र के अन्दर प्रवेश प्रारम्भ कराया जाएगा तथा 8ः45 के बाद किसी भी दशा में परीक्षा केन्द्र के अन्दर परीक्षार्थी अथवा कोई भी अध्यापक को प्रवेश नहीं होने दिया जाएगा। जिले के 17 केंद्रों पर 6917 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक मायाराम ने बताया कि सभी तैयारियां कर ली गई हैं।
सोनभद्र में 4128 अभ्यर्थी देंगे एसीएस और आरएफओ की परीक्षा
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित सहायक वन संरक्षक (एसीएस) और क्षेत्रीय वन अधिकारी (आरएफओ) की परीक्षा रविवार को जिले में 10 केंद्रों पर होगी। सकुशल परीक्षा कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है। प्रत्येक केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक के अलावा एक-एक स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। डेढ़ घंटे पहले ही केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए है। परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले ही प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।
कुल 4128 अभ्यर्थियों की परीक्षा के लिए पांच राजकीय और पांच एडेड विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है। दो केंद्र राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चुर्क में हैं। इसके अलावा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पं. दीनदयाल उपाध्याय मॉडल इंटर कॉलेज मुड़िलाडीह और रामगढ़ केंद्र हैं। इन्हें ए श्रेणी में रखा गया है। वहीं बी श्रेणी में राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, शहजादा साहब इंटर कॉलेज रामगढ़, चंद्रगुप्त मौर्य इंटर कॉलेज और गुरुद्वारा इंटर कॉलेज चोपन को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
तीन केंद्रों पर 380 परीक्षार्थी हैं, जबकि अन्य सात केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या 384 रखी गई है। डीआईओएस जयराम सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित सहायक कर्मचारी और आंतरिक निरीक्षक तैनात होंगे। परीक्षा के लिए 400 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई है। उनसे यह प्रमाण पत्र भी लिया गया है कि जिस केंद्र पर उनकी ड्यूटी है, वहां उनके परिवार या कोई रिश्तेदार परीक्षार्थी नहीं है। डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रत्येक पाली में डेढ़ घंटे पहले ही अभ्यर्थियों को केंद्र पर उपस्थित होना होगा। बायोमेट्रिक मिलान, आइरिश स्कैन और गहन तलाशी के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।