UP Nikay Chunav: वाराणसी में आज नामांकन का आखिरी दिन, सपा और भाजपा प्रत्याशी दाखिल करेंगे पर्चा
वाराणसी में अब तक मेयर के चार और पार्षद के कुल 172 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं। आज अंतिम दिन होने के कारण नामांकन कराने की होड़ रहेगी। चार मई को मतदान और 13 मई को मतगणना कराई जाएगी।
विस्तार
राज्य निर्वाचन आयोग से तय कार्यक्रम के मुताबिक, 18 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 20 को नाम वापसी व 21 को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। चार मई को मतदान और 13 मई को मतगणना कराई जाएगी।
मेयर के चार और पार्षद के 172 प्रत्याशियों ने कराए नामांकन
वाराणसी में अब तक मेयर के चार और पार्षद के कुल 172 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं। सुबह 11 से 3 बजे तक नामांकन प्रक्रिया चली। दशाश्वमेध, आदमपुर, वरुणापार, भेलूपुर, कोतवाली जोन में नामांकन फार्म लेने और नोड्यूज के लिए भीड़ रही। पांचों जोन कार्यालय में पार्षद पद के लिए 146 नामांकन हुए हैं। मेयर पद पर अब तक कुल चार नामांकन, पार्षद पद पर कुल 172 नामांकन हुए हैं। गंगापुर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद पर एक भी नामांकन नहीं हुए, जबकि सदस्य पद पर एक नामांकन हुआ है।
ये भी पढ़ें: बनारस में BJP ने तीन मुस्लिम प्रत्याशियों को दिया मौका, निवर्तमान 27 पार्षदों का टिकट काटा
अतीक व अशरफ की हत्या के बाद नामांकन स्थलों पर बढ़ी सख्ती
अतीक व उसके भाई अशरफ की हत्या के बाद नामांकन स्थलों पर चौकसी बढ़ा दी गई है। नामांकन स्थलों की ओर जाने वाले मार्गों पर पुलिस का सख्त पहरा है। पत्रकारों को नामांकन स्थल तक जाने से रोका जा रहा है। उनके फोटोयुक्त पहचान पत्र देखे गए। रविवार को एडीएम प्रशासन कोर्ट में मेयर पद के लिए सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन कराए गए।
इस दौरान प्रत्याशी, प्रस्तावक और अभिकर्ता के अलावा अधिवक्ता को जाने की इजाजत दी गई। भेलूपुर, आदमपुर, कोतवाली, दशाश्वमेध, वरुणापार जोनल कार्यालय, राजातालाब तहसील परिसर में भी नामांकन स्थल तक जाने वालों को रोका गया। पुलिस कर्मियों के मुताबिक, बगैर किसी पहचान पत्र नामांकन स्थल तक नहीं जाने दिया जाएगा। अधिकृत लोगों को ही नामांकन कक्ष तक जाने की अनुमति है।
ये भी पढ़ें: वाराणसी में अशोक तिवारी को BJP ने बनाया मेयर पद का प्रत्याशी, जानिए इनके बारे में