वाराणसी में मुख्य सचिव और डीजीपी : अक्षयपात्र किचन के निरीक्षण के दौरान बच्चों की हाजिर जवाबी से हुए खुश, 1100 रुपये का इनाम दिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात जुलाई को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी दौरे पर आएंगे। उनके दौरे से पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र और डीजीपी देवेंद्र सिंह चौहान रविवार सुबह वाराणसी पहुंचे।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र और डीजीपी देवेंद्र सिंह चौहान रविवार सुबह वाराणसी पहुंचे। अर्दली बाजार के एलटी कॉलेज परिसर स्थित अक्षय पात्र फाउंडेशन के केंद्रीयकृत किचन का निरीक्षण किया।
इस दौरान वहां मौजूद चोलापुर के प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती के कक्षा चार की छात्रा पलक ने संस्कृत में अपना परिचय देने के साथ मुख्य सचिव को संस्कृत भाषा में महिषासुर मर्दनी विषय पर आधारित कविता सुनाई। वहीं कंपोजिट विद्यालय अनंतपुर की कक्षा आठ की छात्रा तमन्ना से जब मुख्य सचिव ने सवाल पूछे तो उसने प्रश्नों का बेबाकी से जवाब दिया। एक अन्य छात्र ने धाराप्रवाह कई देशों की राजधानी का नाम बताया।
बच्चों की हाजिर जवाबी से खुश होकर मुख्य सचिव व डीजीपी ने बच्चों को 1100 रुपये इनाम में दिए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश सिंह ने कहा कि वाराणसी दौरे पर आ रहे प्रधानमंत्री अगर बेसिक शिक्षा परिषद के बच्चों संग संवाद करेंगे तो यह गर्व की बात होगी।
इससे पहले मुख्य सचिव और डीजीपी चौहान ने करखियांव औद्योगिक क्षेत्र में अमूल प्लांट का निर्माण कार्य देखा। मालूम हो कि पीएम मोदी सात जुलाई को वाराणसी आएंगे।
मुख्य सचिव ने गायों को खिलाया गुड़
मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा व पुलिस महानिदेशक देवेंद्र सिंह चौहान रविवार को शाहंशाहपुर स्थित राजकीय कृषि एवं पशुधन प्रक्षेत्र पहुंचे। गौ शाला और प्रक्षेत्र को देखा। गौशाला में संरक्षित की गई गंगातीरी गायों को अपने हाथों से गड़ भी खिलाया। उन्होंने देसी नस्ल की प्रजाति गंगातीरी गाय से संबंधित जानकारी भी प्रक्षेत्र अधीक्षक से ली।
कृषि प्रक्षेत्र में बोई जाने वाली फसलों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। इसके बाद वे पास में ही स्थित गोवर्धन प्लांट भी गए और वहां लगाये गये संयंत्र से बायो गैस उत्पादन की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वहां पौधरोपण भी किया।
इस दौरान कमिश्नर दीपक अग्रवाल जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, आईजी के सत्यनारायण, सीपी ए सतीश गणेश पुलिस अधीक्षक वाराणसी ग्रामीण सूर्यकांत त्रिपाठी अपर पुलिस अधीक्षक वाराणसी ग्रामीण नीरज कुमार पांडेय आदि रहे।