यूपी बोर्ड: परीक्षा केंद्रों की सूची जारी, दो दिन में देनी होगी आपत्ति; पिछले साल 117 केंद्रों पर हुआ था एग्जा
यूपी बोर्ड की आगामी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है। सूची पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए दो दिन का समय दिया गया है। पिछले साल 117 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित हुई थी। आपत्तियों के निस्तारण के बाद नवंबर के पहले सप्ताह में परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 2027 की बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों की सूची सोमवार की देर शाम जारी कर दी गई। परिषद की वेबसाइट पर सूची अपलोड होते ही हर कोई केंद्र की जानकारी में लग गया। हालांकि, सर्वर की धीमी चाल की वजह से बहुत देर तक पोर्टल नहीं खुला। परिषद की ओर से जो सूची जारी की गई हैं, उस पर प्रधानाचार्यों से 28 अक्तूबर तक आपत्ति मांगी गई है।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 5 फरवरी से शुरू होकर 24 फरवरी तक चलेगी। इसके पहले जनवरी महीने में बोर्ड वाले परीक्षार्थियों के प्रैक्टिकल भी करा लिए जाएंगे। इस बीच 26 अक्तूबर को माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज से सचिव भगवती सिंह ने जिलेवार परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी।
नहीं स्वीकार कोई प्रत्यावेदन होगा
इसमें यह भी बताया है कि वेबसाइट पर अपलोड सूची में अगर किसी विद्यालय के प्रधानाचार्य, प्रबंधक, छात्र, अभिभावक आदि को कोई आपत्ति हो तो वह 28 अक्तूबर को परिषद के पोर्टल पर दी गई जानकारी के अनुसार जिला स्तर पर गठित केंद्र निर्धारण समिति के समक्ष साक्ष्य सहित आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं। इसके बाद कोई प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं होगा।
पिछली परीक्षा में जहां 120 केंद्र बनाए गए थे वहीं इस बार माना जा रहा है कि केंद्रों की संख्या भी लगभग इतनी ही रहेगी। यह भी कहा जा रहा है कि सत्यापन के बाद केंद्र की संख्या में कमी भी हो सकती है। पिछली बार भी विद्यालयों की ओर से नए केंद्र बनाने, आवंटित परीक्षार्थियों की संख्या अधिक होने, केंद्र की दूरी और मानकों के अनुरूप व्यवस्था नहीं होने जैसी आपत्तियां उठाई गई थीं।
अंतिम सूची जारी हुई तो प्रस्तावित सूची से 8 केंद्रों का नाम कम हुआ था। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र सिंह का कहना है कि सूची तो जारी हो गई हैं लेकिन आपत्तियों के निस्तारण के बाद ही फाइनल केंद्रों की सूची सामने आएगी। अगर किसी तरह की कोई आपत्ति आती हैं तो उससे परिषद को अवगत कराया जाएगा।