UP Chunav 2022: उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत बोले- सपा थानावादी और भाजपा बुलडोजरवादी, जनता की जरूरतों को बेहतर समझती है कांग्रेस
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि योगी आदित्यनाथ से मेरा आत्मिक लगाव है, मगर वे राजनीति के प्रपंच में फंसकर आध्यात्म व योगत्व को खो रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि नेहरू और गांधी परिवार का सीधा संबंध उत्तर प्रदेश की माटी से है। यूपी वाले कब तक उधार का तिलक लगाते रहेंगे। प्रदेश में वह लोग राजनीति कर रहे हैं जिनका यहां से कोई भी सीधा जुड़ाव नहीं है। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का सीधा संबंध यूपी से रहा है। वह यूपी की जनता की जरूरत और दुख दर्द को बेहतर समझते हैं।
शुक्रवार को मैदागिन स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जब-जब सत्ता में भाजपा आई है महंगाई लाई है। उन्होंने कहा कि सपा थानावादी है और भाजपा बुलडोजरवादी। रावत ने पुरानी पेंशन बहाली के कांग्रेस के वादे की याद दिलाई और किसानों, युवाओं के लिए घोषित विधान को भी शत प्रतिशत लागू कराने का आश्वासन दिया।
राजेशपति त्रिपाठी के तृणमूल कांग्रेस में जाने के सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि उन्होंने कमलापति त्रिपाठी के डीएनए के साथ न्याय नहीं किया है। युद्ध के मैदान में साथ छोड़कर जाने वालों को कोई याद नहीं रखता है। इसके बाद उन्होंने शहर दक्षिणी में डोर टू डोर जनसंपर्क किया।
भारतीयों को निकालने का प्रयास करे सरकार
यूक्रेन व रूस के बीच हो रहे युद्ध पर उन्होंने कहा कि भारतीयों को तत्काल निकालने के लिए भारत सरकार को प्रयास करना चाहिए। दोनों देशों के बीच हालात काफी दिनों से खराब चल रहे थे, लेकिन केंद्र सरकार ने क्या कदम उठाया यह बड़ा सवाल है।
योगी से आत्मिक स्नेह, मगर राजनीति में पसंद नहीं
अमर उजाला से विशेष बातचीत में रावत ने कहा कि योगी आदित्यनाथ से मेरा आत्मिक लगाव है, मगर वे राजनीति के प्रपंच में फंसकर आध्यात्म व योगत्व को खो रहे हैं। उन्होंने कहा, भगवा धारी योगी के सामने मैं दंडवत हूं, मगर जिस विचारधारा से वे जुड़े हैं उसका मैं घोर विरोधी हूं।
उत्तराखंड में गुरु गोरक्षनाथ की अखंड धूनी में उनके लिए जमीन की व्यवस्था का प्रस्ताव मैंने दिया है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, धर्म, ईश्वर, पौराणिक मान्यता को राजनीति में नहीं लाना चाहिए।
उत्तराखंड में हरीश केवल चुनावी आवश्यकता
उत्तराखंड में मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि मैं केवल चुनावी जरूरत था। चुनाव के बाद सरकार चलाने वाली सोच पर पार्टी निर्णय करेगी। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में कांग्रेस प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आ रही है।
कांग्रेस में बिखराव के सवाल पर उन्होंने कहा, पार्टी प्रतिबद्धता वाली पीढ़ी अब राजनीति में चूक रही है। नई पीढ़ी से सामंजस्य का मैकेनिजम पार्टी में खड़ा किया जा रहा है।