आजमगढ़ और मऊ में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए दो युवकों की मौत, एक घायल
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और मऊ जिले में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। साथ ही एक युवक घायल हो गया। वहीं, मऊ में भी एक युवक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया।
आजमगढ़ जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के खालिसपुर गांव निवासी कलामुद्दीन पुत्र अब्दुल कयूम की कंबाइन मशीन है। रामपुर जिले के अंबरपुर निवासी चालक जॉनी सुबह 10 बजे धान की कटाई के लिए कंबाइन लेकर जा रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन लाइन की चपेट में कंबाइन मशीन आ गई।
चालक जॉनी की मौके पर मौत हो गई। फायरमैन अख्तर अली बुरी तरह से झुलस गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही जीयनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
धान काटकर लौट रहे युवक की मौत
मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के बरडीहा गांव निवासी लालू चौहान(24) पुत्र प्रभुनाथ चौहान मंगलवार की सुबह करंट लगने से मौत हो गई। मृतक लगभग 11 बजे गांव के बगल से जा रहे सिक्स लेन रोड के पास मौजूद अपने खेत पर धान की कटाई करने गया था। वहां से वापस लौटने के दौरान उसके सिर पर धान का बोझ था। इस दौरान युवक ऊपर से गुजरे हाईटेंशन लाइन के चपेट में आ गया। जिससे लालू की मौके पर ही मौत हो गई।