वाराणसी में दो लोगों की मौतः पोखरी में डूबने से महिला की थम गईं सांसें, मजदूर की मौत पर हंगामा; पहुंची फोर्स
Varanasi News: महिला की मौत पोखरी में डूबने से हो गई थी। वहीं, मजदूर की मौत के बाद परिजन शव रखकर हंगामा करने लगे। सूचना पाकर दो थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। समझाकर परिजनों को शांत कराया गया। उसके बाद ही पुलिस शव को कब्जे में ले सकी।
विस्तार
वाराणसी के कंदवा में दो लोगों के मौत की सूचना मिली है। यहां पोखरी में डूबने से महिला की मौत हो गई। वहीं, परशुराम नगर स्थित एक कमरे में युवक लाश मिली है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
सोमवार की शाम को कंदवा पोखरे में एक महिला का पैर फिसल गया है, जिससे वह पानी में डूब गई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज बरेका सत्यम तिवारी ने लोगों के सहयोग से महिला को पानी से बाहर निकाल कर अचेतावस्था में बरेका चिकित्सालय ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
महिला के पति रामबृक्ष ने बताया कि मेरी पत्नी ममता (28) पोखरा के पास किसी काम से गई थी। इसी दौरान यह हादसा हो गया। दंपती कंदवा थाना मंडुआडीह के निवासी हैं। मृतका को मोर्चरी हाउस बरेका में रखा गया है।
काम करने गए मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
घर से काम पर गए मजदूर की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर परिजनों ने काफी देर तक हंगामा किया। पुलिस के समझाने पर परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए।
सोमवार को सुबह साढ़े नौ बजे बच्छाव निवासी संदीप कुमार गोंड (32) घर से परशुराम नगर कॉलोनी (कन्दवा) मजदूरी करने गया। वहां जाने के कुछ देर बाद ही उसकी तबीयत खराब हो गई। खनाव का रहने वाला ठेकेदार जग्गा उसे ऑटो में लेकर कई अस्पतालों में इलाज कराने के लिए ले गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
अंत में ठेकेदार जग्गा ने उसके शव को बच्छाव स्थित घर ले जाकर छोड़ दिया। संदीप के मौत की सूचना पाकर चाचा विजय कुमार ने अन्य लोगों के साथ शव को लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों ने गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाकर ठेकेदार और साथ में काम कर रहे मजदूरों के बुलाने की मांग पर अड़ गए।
मृतक की पत्नी नीलम दहाड़े मारकर रो रही थी। मृतक चार भाई-बहनों में दूसरे नम्बर पर था। उसके शिवानी, लवली, अंकिता व अमित बच्चे हैं। सूचना पाकर रोहनिया व मंडुवाडीह पुलिस के साथ एसीपी रोहनिया मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझा कर कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।