वाराणसी में 2 लोगों की माैत : ट्रैक्टर में भिड़ा बाइक सवार, दूसरे दिन थम गईं सांसें, ट्रेन से कटा युवक; कोहराम
Varanasi News : यह दोनों हादसे चोलापुर और सारनाथ थाना क्षेत्र में हुए हैं। सूचना पाकर पहुंच पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है। वहीं, युवकों की माैत हो जाने से परिजन भी बिलख पड़े। अन्य कार्रवाई की जा रही है।
विस्तार
चोलापुर थानांतर्गत के गोसाईपुर चौकी क्षेत्र के पलहीपट्टी चौराहे के समीप बीती रात ट्रैक्टर में बाइक सवार पीछे से भिड़ गया। घटना के दौरान बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी शनिवार प्रातः उपचार के दौरान मौत हो गई।
चोलापुर क्षेत्र के शिवरामपुर निवासी कौशल कुमार मौर्य शुक्रवार रात लगभग 10 बजे बाइक से गरथमा बाजार से अपने घर शिवरामपुर जा रहा था कि भोजूबीर-सिंधोरा मार्ग पर पलहीपट्टी चौराहे के समीप आगे चल रही ईंट लदी ट्रैक्टर में पीछे से टकरा गया। टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस व परिजनों ने उसे एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां शनिवार प्रातः उसकी मौत हो गई। नाराज परिजनों ने शव को लेकर गोसाईपुर चौकी पर पहुंच हंगामा करने लगे। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक चोलापुर राकेश कुमार पहुंचे तथा परिजनों को समझाकर मामला शांत करवाया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लिया गया है तथा तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ट्रेन से कटकर युवक की मौत
आशापुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप शनिवार को लगभग 28 वर्षीय एक युवक ट्रेन के चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौक पर ही मौत हो गई। शव की शिनाख्त न होने की वजह से पुलिस ने मोर्चरी में रखवा दिया। आशापुर चौकी प्रभारी अनिल सिंह चंदेल ने बताया युवक सारनाथ से वाराणसी सिटी की तरफ जा रही ट्रेन की चपेट में आ गया।
प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि युवक चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में कर रहा था। बताया कि युवक के शव का शिनाख्त नहीं हो पाई है। युवक लाल रंग का जैकेट, डार्क स्लेटी रंग का शर्ट व पैंट पहने हुए था। इसके साथ ही भूरे व सफेद रंग का चेकदार कंबल भी लिए हुए था। तलाशी में उसके पास से कोई आईडी प्रूफ नहीं मिला है।