आजमगढ़ से लापता दो किशोरियां लखनऊ में बरामद, पुलिस ने कहा- 'मैडम सर' से मिलने गईं थीं
आजमगढ़ जिले के एक गांव से लापता दो किशोरियां लखनऊ से बरामद की गई हैं। किशोरियां ने अपहरण का आरोप लगाया है जबकि पुलिस इसस इनकार कर रही है। किशोरियों का बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विस्तार
आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र की दो किशोरियां लखनऊ से बरामद की गई हैं। किशोरियों का कहना है कि उनका अपहरण किया गया था जबकि पुलिस का कहना है कि दोनों खुद बस से लखनऊ गई थीं। किशोरियों का बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें अपहरण का आरोप लगाया गया है।
चौकी प्रभारी मुबारकपुर कमल नयन दूबे ने कहा कि दोनों किशोरियां टीवी सीरियल मैडम सर देखती थीं और मैडम सर से मिलने के लिए लखनऊ गई थीं। आटो से मोहम्मदाबाद, मोहम्मदाबाद से आजमगढ़ और फिर आजमगढ़ से बस से लखनऊ पहुंची।
वहां गोमतीनगर पुलिस ने इन्हें बरामद किया। सोशल मीडिया पर जो बयान चल रहा है, वह गलत है और परिजनों के डर से दिया गया है। मुबारकपुर कस्बे की दो किशोरियां सोमवार को किसी काम के लिए घर से निकली थीं और देर शाम तक नहीं लौटीं। दोनों के परिजन उनकी तलाश में जुट गए।
देर रात एक बजे किशोरियाें के परिजनों के पास लखनऊ के गोमतीनगर थाने से फोन आया कि दोनों लखनऊ में हैं। इसके बाद परिजन रात में ही लखनऊ रवाना हो गए और मंगलवार को दोनों को लेकर मुबारकपुर पहुंचे। घर पहुंचने पर किशोरियों ने बयान दिया कि उन दोनों का अपहरण चार पहिया वाहन सवार छह लोगों ने अलीनगर ईदगाह के पास से किया था और लेकर लखनऊ गए थे।
लखनऊ में एक स्थान पर पांच लोग कहीं किसी काम से गए तो वे भाग गई और पास स्थित एक पार्क में छिप गईं। रात में पुलिस पार्क में आई और पूछताछ में दोनों ने पुलिस को सारी बात बता दी। इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें लेकर गोमतीनगर थाने पहुंचे, जहां से परिजनों को रात एक बजे सूचना दी गई। परिजनों का कहना है कि किशोरियों ने अपहरण की बात कही है। पुलिस झूठा बयान दे रही है।