दो मालगाड़ियों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर, दो लोको पायलट समेत तीन की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मध्य प्रदेश के बैढ़न स्थित गनियारी रेलवे ट्रैक पर रविवार सुबह में पौने पांच बजे दो मालगाड़ी की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में लोको पायलट राशिद अहमद(58) पुत्र शमशेर खां, सह लोको पायलट मनदीप कुमार(30) पुत्र रामकेवल, प्वाइंट मैन राम लक्ष्मण वैश्य(33) पुत्र रामगोपाल मालगाड़ी के इंजन में फंस गए।
हादसे में खाली मालगाड़ी के 12 बोगी व लोड गाड़ी की इंजन सहित छह बोगी क्षतिग्रस्त हो गई और पटरी से उतर गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे एनटीपीसी के अफसरों ने करीब पांच घंटे बाद रेस्क्यू शुरू किया। करीब दो घंटे रेस्क्यू के बाद तीनों रेल कर्मियों का शव बाहर निकाला जा सका।
इस घटना से एनटीपीसी रिहंद को करोड़ों की क्षति होने का अनुमान किया जा रहा है। खाली मालगाड़ी एनटीपीसी रिहंद से कोयला लेने अमलोरी मध्य प्रदेश जा रही थी वहीं दूसरी मालगाड़ी अमलोरी से कोयला लेकर एनटीपीसी रिहंद जा रही थी।
मध्य प्रदेश के बैढ़न थाना क्षेत्र के गनियारी के पास तीन नंबर स्टेशन से आगे एक ही लाइन से जा रही मालगाड़ियों (ट्रेनों) को न्यू क्रॉस ओवर प्वाइंट पर लाइन चेंज करना था, जिसमें कोयले से भरी मालगाड़ी को उस प्वाइंट पर रुकना था और खाली मालगाड़ी को आगे बढ़ने के लिए रास्ता देना था। जब खाली मालगाड़ी इंजन सहित 30 बोगी निकल गई, तब तक सामने से आ रही कोयला से भरी गाड़ी प्वाइंट पर नहीं रुकी और खाली जा रही ट्रेन से टकरा गई।
इससे खाली ट्रेन की 12 बोगी व लोड गाड़ी के इंजन सहित छह बोगी क्षतिग्रस्त हो गईं। क्षतिग्रस्त लोड इंजन में लोको पायलट राशिद अहमद, सह लोको पायलट मनदीप कुमार, प्वाइंट मेन राम लक्ष्मण वैश्य फंस गए। आनन-फानन में एनटीपीसी यूपीएल के अधिकारियों ने मौके पर डेरा डाल राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों का शव निकाला गया। उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।