वाराणसी में आज ट्रैफिक डायवर्जन, इन रास्तों पर भूलकर भी न जाएं, हो जाएंगे परेशान
माघी पूर्णिमा और संत रविदास जयंती पर वाराणसी शहर में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शनिवार को रूट डायवर्जन जारी किया है। साथ ही अपील की है कि बहुत जरूरी हो, तभी वाहन लेकर घर से निकलें। पुलिस अधीक्षक यातायात एसके सिंह ने बताया कि डायवर्जन रविवार दोपहर बाद हटाया जाएगा।
चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, जौनपुर, भदोही, मिर्जापुर से आने वाले भारी व्यवसायिक माल वाहक वाहन पर्व समाप्ति तक शहर में प्रवेश नहीं करेंगे। उन्हें वैकल्पिक मार्गों से बाहर निकाला जाएगा। मैदागिन चौराहा से चौक होते हुए आने वाले वाहनों को मैदागिन से कबीरचौरा या दारानगर की ओर मोड़ दिया जाएगा।
लक्सा की तरफ से किसी भी वाहन को रमापुरा चौराहा-गोदौलिया चौराहा की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें लक्सा थाने से औरंगाबाद की ओर निकाला जाएगा। रमापुरा चौराहे से गोदौलिया और गोदौलिया चौराहे से दशाश्वमेध घाट की ओर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। सोनारपुरा चौराहा से गोदौलिया जाने वाले वाहन भेलूपुर थाना की तरफ मोड़ दिए जाएंगे।
भेलूपुर थाना से रेवड़ी तालाब होकर रमापुरा चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों को कमच्छा की तरफ मोड़ दिया जाएगा। भदऊ चुंगी से भैंसासुर घाट व राजघाट की तरफ वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। गोलगड्डा तिराहा से किसी भी वाहन को विशेश्वरगंज तिराहा होते हुए भैंसासुर घाट, राजघाट की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। यह डायवर्जन रविवार सुबह चार बजे से दोपहर बाद तक लागू रहेगा।
संत रविदास शोभायात्रा के दौरान व्यवस्था
मैदागिन चौराहे से संत रविदास जन्मोत्सव की शोभायात्रा सुबह आठ बजे से शुरू होगी। इससे आधा घंटा पहले गोदौलिया से मैदागिन आने-जाने वाले सभी वाहन रमापुरा से लहुराबीर की तरफ मोड़ दिए जाएंगे। शोभायात्रा गोदौलिया पहुंचने पर मैदागिन से गोदौलिया की तरफ अनुमन्य वाहनों को ही जाने दिया जाएगा।
शोभायात्रा केअगले भाग के गोदौलिया पहुंचने से आधा घंटा पहले सोनारपुरा चौराहा से गोदौलिया की तरफ आने वाले वाहन थाना भेलूपुर की तरफ से निकाले जाएंगे। गोदौलिया से शिवाला की तरफ तब तक वाहन नहीं जाने दिए जाएंगे जब तक शोभायात्रा का पिछला भाग शिवाला को पार नहीं कर जाता है।