Varanasi News: छह करोड़ से बना ट्रैक, उद्घाटन से पहले ही उखड़ने लगी परत; लालपुर पहुंचे खेल सचिव सुहास एलवाई
लालपुर खेल स्टेडियम में निरीक्षण के दौरान खेल सचिव ने वाराणसी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से ट्रैक निर्माण में हुई अनियमितताओं को लेकर स्पष्टीकरण मांगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Stadiums in Bada Lalpur: उत्तर प्रदेश के खेल विभाग के सचिव सुहास एलवाई ने बुधवार को लालपुर स्थित खेल स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण स्टेडियम में हाल ही में निर्मित सिंथेटिक ट्रैक की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों के मद्देनजर किया गया।
लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से बने इस 400 मीटर के आठ लेन वाले सिंथेटिक ट्रैक की रबर की परतें खेल विभाग को औपचारिक रूप से सौंपे जाने से पहले ही उखड़ने लगी है। खेल सचिव ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
खेल सचिव खेल विभाग के अन्य अधिकारियों और वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के प्रतिनिधियों के साथ बुधवार की शाम स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने सिंथेटिक ट्रैक का बारीकी से मुआयना किया और ट्रैक की खराब गुणवत्ता को देखकर अपनी नाराजगी व्यक्त की। ट्रैक पर जगह-जगह से रबर की परतें उखड़ी हुई थीं।
उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी ट्रैक की गुणवत्ता इतनी खराब है कि वह उपयोग के लायक भी नहीं है। उन्होंने इस मामले की जांच के आदेश दिए और वीडीए को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है।
लालपुर सिंथेटिक ट्रैक परियोजना की शुरुआत वर्ष 2016 में हुई थी और यह वर्ष 2022 में बनकर तैयार हुआ। इस ट्रैक के निर्माण के लिए जर्मनी से उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री मंगाई गई थी। इसके बावजूद, ट्रैक की वर्तमान स्थिति हैरान करने वाली है।
खेल सचिव ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को भी मौके पर तलब किया और उन्हें जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि जांच में उनकी गलती पाई जाती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खेल अधिकारी विमला सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इनकी भी सुनें: लालपुर स्टेडियम में बनाए गए सिंथेटिक ट्रैक में कुछ गड़बड़ी मिली है। उसकी जांच कराई जाएगी। - हिमांशु नागपाल, मुख्य विकास अधिकारी