वाराणसी में खुदकुशी: आर्थिक तंगी से परेशान युवक ने उठाया आत्मघाती कदम, टूरिस्ट गाइड ने फंदे पर लटककर दी जान
फॉरेंसिक टीम ने शव कब्जे में लेकर छानबीन की। लोगों ने बताया कि अवसाद व आर्थिक तंगी में आकर युवक ने यह कदम उठाया था।
विस्तार
वाराणसी में हुकूलगंज के नेमत मंजिल बिल्डिंग में टूरिस्ट गाइड शरजील वसीम(45) ने मंगलवार रात फंदे पर लटक जान दे दी। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम व लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। आसपास के लोगों के अनुसार अवसाद व आर्थिक तंगी से तंग आकर ही वसीम ने यह कदम उठाया।
हुकुलगंज स्थित वरुणानगरम कॉलोनी के नेमत मंजिल अपार्टमेंट में शरजील वसीम रहता था। वसीम का दस वर्षीय बेटा कबीर जो इस समय अपने नानी के यहां फैजाबाद गया है। शाम को कई बार पिता को फोन किया लेकिन फोन नहीं उठा। बेटे ने ट्रेवल एजेंसी को फोन करके यह जानकारी दी।
इसके बाद ट्रेवल संचालक और अन्य लोग वसीम के फ्लैट पर पहुंचे। कमरा खोला गया तो पंखे से दुपट्टे के सहारे कमरे में फंदे पर लटकता हुआ मिला। एजेंसी मालिक के अनुसार वसीम को 8000 प्लस इंसेंटिव दिया जाता था। जिससे वह अपना और अपने परिवार का जीवन यापन करता था।
पहली और दूसरी पत्नी के छोड़ जाने के बाद से डिप्रेशन में रह रहा था। पुलिस के अनुसार डिप्रेशन और आर्थिक तंगी से परेशान होकर शरजील वसीम ने यह कदम उठाया। मौके पर फॉरेंसिक टीम द्वारा जांच की गई। एसीपी सारनाथ ज्ञान प्रकाश राय ने विविध कार्रवाई करते हुए शव को पंडित दीनदयाल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।