फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Top Breaking Trending Big Latest And Viral News Of Today In Varanasi

एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरें: बिजली के पैनल में ब्लास्ट, एक घायल, छत से गिरे युवक की मौत; अन्य खबरें

Thu, 13 Jun 2024 08:37 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 13 Jun 2024 08:37 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में गुरुवार को छोटी-बड़ी कई खबरें रहीं। पहली खबर भिखारीपुर उपकेंद्र की है जहां इनकमिंग पैनल ब्लास्ट होने से एक कर्मचारी घायल हो गया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। दूसरी खबर अकबरपुर गांव की है जहां छत से गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सुबह उसकी लाश देख परिजनों में कोहराम मच गया। आइए पढ़ते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Top Breaking Trending Big Latest And Viral News Of Today In Varanasi
मार्शल आर्ट्स सीखते बच्चे। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

देखरेख के अभाव में पूर्वांचल डिस्कॉम मुख्यालय स्थित भिखारीपुर उपकेंद्र का इनकमिंग पैनल ब्लास्ट हो गया। इसकी चपेट में आने से मौके पर मौजूद एसएसओ रामनिशोच मिश्र घायल हो गए। बिजली कर्मियों ने उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

विज्ञापन


बिजली के उपकरणों के रखरखाव में लापरवाही विभागीय कर्मचारियों के जान की आफत बन गई है। पूर्वांचल डिस्कॉम मुख्यालय स्थित उपकेंद्र के ही बिजली उपकरणों की समय से देखरेख नहीं हो पा रही है। इस बात की तस्दीक भिखारीपुर उपकेंद्र के इनकमिंग पैनल में हुए ब्लास्ट कर रहा है। 
विज्ञापन


अखरी क्षेत्र की विशाल नगर कॉलोनी फेज-2 निवासी रामनिशोच मिश्र गुरुवार की सुबह डिस्कॉम मुख्यालय स्थित भिखारीपुर उपकेंद्र में दैनिक कामकाज कर रहे थे। इसी दौरान 11 बजे के करीब पावर ट्रांसफार्मर से आ रही 33 केवीए लाइन का पैनल अचानक ब्लास्ट हो गया। इससे निकले लोहे के टुकड़ों की चपेट में आने से मौके पर मौजूद एसएसओ के सीर और शरीर के अन्य हिस्से में चोट लगी। पैनल का दरवाजा उनके सिर से टकरा गया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


इससे उनके सिर में गहरा जख्म हो गया। तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे बिजली कर्मियों ने आनन-फानन में नजदीकी निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। परिजनों के मुताबिक उनके सिर पर चार टांके लगे हैं। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। देर शाम चिकित्सकों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी।

विश्वनाथ धाम से दर्शन कर जा रहे युवक की बाइक डिवाइडर से टकराई, मौत
वाराणसी तरना स्थित भेल कंपनी के समीप बृहस्पतिवार की सुबह तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में विश्वनाथ धाम से दर्शन कर घर जा रहे बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई और उसका एक साथी घायल हो गया। सूचना पाकर शिवपुर थाने की पुलिस ने युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

सिंधोरा थाना के महगांवपुरा का रहने वाला अंबरीष मिश्रा उर्फ अंबुज (29) अपने छह दोस्तों के साथ बुधवार की रात बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करने आया था। गुरुवार की सुबह दर्शन-पूजन करने के बाद सभी बाइक से अपने घर के लिए निकले। तरना ओवरब्रिज से नीचे उतरते समय भेल कंपनी के समीप अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई। 

हादसे में अंबरीष की मौके पर ही मौत हो गई। उसके दोस्त दिव्यम सिंह को पुलिस ने उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस की सूचना पर आए परिजनों ने बताया कि अंबरीष तीन भाई और दो बहनों में तीसरे नंबर का था। वह जौनपुर में पैथोलॉजी में काम करता था।

युवक की नहीं हुई पहचान, शुक्रवार को पुलिस कराएगी पोस्टमार्टम
चौबेपुर थाना के राजवारी (भंदहां कला) में नेशनल हाईवे से कुछ दूरी पर गोमती नदी के पास बबूल के जंगल में हत्या कर फेंके गए युवक के शव की पहचान बृहस्पतिवार रात तक भी नहीं हुई। शुक्रवार सुबह 72 घंटे पूरे हो जाने पर चौबेपुर थाने की पुलिस युवक का डीएनए सैंपल सुरक्षित रख कर पोस्टमार्टम कराएगी। इसके बाद पुलिस ही शव की अंत्येष्टि कराएगी।

चौबेपुर थाना क्षेत्र के राजवारी (भंदहां कला) गांव में वाराणसी-गाजीपुर हाईवे के पूर्व दिशा की ओर गोमती नदी के समीप बबूल के जंगल में मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने युवक का लहूलुहान शव देखा था। युवक नीले रंग की जींस पैंट, सफेद रंग का जूता व काले रंग का मोजा और सफेद रंग की बनियान पहने हुए था। 

उसके सिर, मुंह और आंख पर गहरी चोट के निशान थे। शव के समीप ही अंग्रेजी शराब की खाली शीशी, प्लास्टिक के चार ग्लास, चिप्स के खाली पैकेट और काले रंग के दो मास्क पड़े थे। युवक की उम्र लगभग 30 वर्ष है। 

पुलिस ने शव भिजवाया पोस्टमार्टम के लिए
वाराणसी के सजोई अकबरपुर गांव निवासी अजीत कुमार पटेल (35) की छत से नीचे गिरने से मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर जंसा थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। अजीत कुमार पटेल बुधवार रात गांव की एक बरात में गया था। वहां से देर रात घर आया और छत पर सोने चला गया। 

रात में लघुशंका करने के लिए वह उठा और नीचे उस स्थान पर गिरा जहां ईंटों का ढेर रखा था। गुरुवार सुबह परिवार के लोग नींद से जागे तो देखे कि अजीत नीचे औंधे मुंह जमीन पर गिरा पड़ा था और उसकी मौत हो चुकी थी। तीन पुत्रों के पिता अजीत की पत्नी सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों अनुसार अजीत बेहद ही मिलनसार किस्म का था।

डॉक्टर सहित दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज
भुवनेश्वर नगर कॉलोनी, अर्दली बाजार निवासी एक व्यक्ति ने पड़ोस में रहने वाले एक डॉक्टर और एक महिला के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। प्रदीप बदलानी ने पुलिस को बताया कि विगत चार माह से डॉ. आदित्य सिंह और गरिमा सिंह उन्हें परेशान कर रहे हैं। इसके साथ ही दोनें उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हैं। 

बताया कि गुरुवार की दोपहर गरिमा सिंह ने उनके बेटे के साथ मारपीट करते हुए चारपहिया वाहन का शीशा तोड़ दिया। घटना का सीसी फुटेज भी पीड़ित ने पुलिस को उपलब्ध कराया। फुटेज के आधार पर कैंट थाने की पुलिस दोनों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नामी कंपनी के नाम का 61 प्लाईवुड नकली मिला
वाराणसी के पांडेयपुर-हुकुलगंज मार्ग स्थित शांति कटरा में एक नामी कंपनी का नकली प्लाईवुड बेचा जा रहा था। लीगल एडवाइजर कृष्ण कुमार सिंह की टीम ने लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस के साथ छापा मारा। मौके से 61 पीस नकली प्लाईवुड बरामद कर दुकानदार को पुलिस ने हिरासत में लिया।

पूछताछ में दुकानदार खजुरी निवासी हौसिला विश्वकर्मा ने बताया कि बरामद प्लाईवुड उसने चितईपुर के एक दुकान से मंगवाई थी। प्लाईवुड के नकली होने की उसे जानकारी नहीं थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। 

बिजली चोरी करते पकड़ाए 16 के खिलाफ एफआईआर
बिजली चोरी रोकों अभियान के तहत बिजली निगम की विजिलेंस टीम ने गुरुवार की सुबह सात बजे रामनगर के मझरहट्टा और रामपुर क्षेत्र में छापा मारा। इस दौरान कटिया मार कर बिजली चोरी करते हुए 16 लोग पकड़े गए। एसडीओ रामनगर ने बताया कि सभी 16 व्यक्ति कटिया मार कर लंबे समय से बिजली की चोरी कर रहे थे। 

मामले में सभी के खिलाफ भेलूपुर स्थित बिजली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। बताया कि क्षेत्र में ओवरलोडिंग की वजह से बार-बार तार टूटने और ट्रांसफार्मर जलने की शिकायत मिल रही थी। लगातार मिल रही शिकायतों को ध्यान में रखकर अभियान चलाया गया। बताया कि बिजली निगम की ओर से ओवरलोडिंग का सामना कर रहे फीडर से संबंधित क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाया जाएगा।

20 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
चंदौली के मुगलसराय थाना के मन्नापुर गांव के निवासी और 20 हजार के इनामी बदमाश हफीजुर्रहमान उर्फ राहुल को चितईपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से सोने की एक चेन, 2700 रुपये और एक तमंचा व दो कारतूस बरामद किया गया है। चितईपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि 10 जून को महामनापुरी कॉलोनी निवासी योगेंद्र प्रताप सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया था कि उनकी सास की सोने की चेन एक बदमाश ने छीन ली।

सीसी कैमरों की फुटेज से बदमाश को चिह्नित किया गया। इसके बाद चितईपुर चौकी प्रभारी अजय दूबे और सुंदरपुर चौकी प्रभारी आदित्य सिंह की टीम के साथ दबिश देकर हफीजुर्रहमान को गिरफ्तार किया गया। उस पर वाराणसी और चंदौली में हत्या और लूट सहित अन्य आरोपों में 17 मुकदमे दर्ज हैं। 

तीन पीपा पुल 15 जून से होंगे बंद

गंगा, गोमती और वरुणा नदी पर बने पीपा के पुल को 15 जून से हटा दिया जाएगा। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह के अनुसार बारिश को ध्यान में रखकर इन तीनों नदियों पर बने पीपा पुल को हटाया जाएगा। बारिश समाप्त होने के चार महीने बाद पीपा पुल फिर से बनाया जाएगा। 

वरुणा नदी पर बघवानाला से ढेलवरिया तक बने पीपा पुल को हटाया जाएगा। गोमती नदी के जरिये बनारस को जौनपुर से जोड़ने के लिए बने नियार रजना से बरहपुर के पीपा पुल हटाएंगे। इसके अलावा चंदौली के टांडा बाजार से वाराणसी के कैथी को जोड़ने के लिए गंगा पर बने पीपा पुल को हटाया जाएगा। 

हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय शुक्रवार को रहेगा बंद
हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय शुक्रवार को बंद रहेगा। प्राचार्य प्रो. रजनीश कुंवर ने बताया कि केंद्र पर अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी द्वारा सीएनईटी-2024 की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस कारण विश्वविद्यालय बंद रहेगा।

पराग दूध के पैकेट के दाम में दो रुपये की बढ़ोतरी हुई
पराग का पैकेट वाला दूध दो रुपये महंगा हो गया है। हालांकि बाजार में दूध पैकेट का भाव बढ़ाने से पहले पराग ने गत एक मई से ही किसानों से खरीद के दाम में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी थी। पराग के एमडी राजेंद्र सैगल ने कहा कि ऑपरेशनल खर्च बढ़ने व किसानों के दाम बढ़ाने के कारण पराग के दूध के पैकेट के दाम में बढ़ोतरी की गई है। 

इस क्रम में पराग गोल्ड का जो पैकेट पहले 66 रुपये में एक लीटर मिल रहा था, अब वह 68 रुपये में मिलेगा। पराग ताजा 54 रुपये प्रति लीटर के बजाय अब 56 रुपये में मिलेगा। स्टैंडर्ड मिल्क 58 रुपये लीटर वाला 60 रुपये हो गया है। चाय स्पेशल दूध पहले 60 रुपये का मिल रहा था, अब इसके लिए उपभोक्ताओं को 62 रुपये देने पड़ेंगे।

काम, क्रोध, लोभ, मोह से भरा है अंदर का संसार: धामेश्वरी देवी

धामेश्वरी देवी ने कहा कि दो प्रकार का संसार होता है एक भीतर और दूसरा बाहर का संसार। कुछ ज्ञानी लोग कहते हैं कि संसार मिथ्या है और कुछ कहते हैं कि संसार सत्य है। यह दोनों बातें वेदों व शास्त्रों के अनुसार सही सिद्ध हो जाती हैं। वास्तव में हमारे मन में काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार आदि माया के विकार होते हैं।



दुर्गाकुण्ड स्थित श्री हनुमान प्रसाद पोद्दार अंध विद्यालय में चल रहे आध्यात्मिक प्रवचन में उन्होंने कहा कि कहा कि मनुष्य का मन सतोगुणी, रजोगुणी और तमोगुणी माया के अधीन रहता है। इसी कारण हमारे मन के विचार प्रतिक्षण बदलते रहते हैं और यही कारण है कि संसार में किसी से किसी के विचार नहीं मिलते हैं और आपसी मतभेद बने रहते हैं। इसलिए भीतर का संसार ज्यादा खतरनाक होता है क्योंकि जैसे मानसिक विचार होते हैं, वैसे ही व्यक्ति की प्रवृत्तियां हो जाती हैं।

धामेश्वरी देवी ने बताया कि कोई भी संसारी विचार मन में आते ही मन को वहां से हटाकर तुरंत भगवान में लगाना चाहिए। संसार से मन हटाना और भगवान में मन लगाना, निरंतर इसका अभ्यास करना होगा, तभी अनादिकाल से संसार में आसक्त मन भगवान में लगेगा और गुरु की कृपा सेभगवान के शरणागत हो जाएंगे। आरती के बाद समान हुआ।

काशी विद्यापीठ में 26 जून की परीक्षाएं टली
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 26 जून को होने वाली सभी परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है। परीक्षा नियंत्रक डाॅ. सुनीता पांडेय ने बताया कि इस दिन आईईआरटी (इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिंग एंड रूरल टेक्नोलॉजी) प्रयागराज की प्रवेश परीक्षा होनी है, जिस कारण परीक्षाओं को स्थगित किया गया हैै। नई तिथि जल्द ही घोषित कर दी जाएगी।

युवकों के मुकाबले ज्यादा युवतियां सीख रहीं मार्शल आर्ट

Top Breaking Trending Big Latest And Viral News Of Today In Varanasi
मार्शल आर्ट्स सीखते बच्चे। - फोटो : अमर उजाला

मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स की ओर से शिवदासपुर में ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ी मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग ले रहे हैं। इसमें युवकों के मुकाबले युवतियां अधिक संख्या में ट्रेनिंग ले रही हैं। पुरुष वर्ग में 18 14 और महिला वर्ग में 33 खिलाड़ी मार्शल आर्ट की कला सीख रही हैं।

संस्था के अध्यक्ष भिक्षु चंदिमा थेरो ने बताया कि बिना शस्त्र के आत्मरक्षा का सबसे बेहतर उपाय मार्शल आर्ट है। इसे बतौर खेल अपनाकर खिलाड़ी अपना भविष्य संवार सकता हैं। एकेडमी के महासचिव किसलय मानव ने बताया कि वर्तमान में 16 से अधिक केंद्रों पर 168 बालक व 163 बालिकाएं आत्मरक्षा का प्रशिक्षण ले रहे हैं। शिविर का समापन 30 जून को होगा। 

इससे पूर्व 23 जून को खिलाडियों के लिए परीक्षा का आयोजन होगा। वहीं, प्रशिक्षक ज्योति सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण लेकर लड़कियां प्रतिकूल परिस्थिति का डटकर सामना कर सकती हैं। वहीं, महिलाएं फिट रहने के लिए भी मार्शल आर्ट सीख रही हैं।

लोकतंत्र सेनानियों के खाते में जल्द पहुंचेगी धनराशि
चुनाव की आदर्श आचार संहिता के चलते जिले के 76 लोकतंत्र सेनानियों के खाते में धनराशि नहीं पहुंचने का मामला जिलाधिकारी एस राजलिंगम तक पहुंचा। उन्होंने तत्काल सभी के खाते में धनराशि पहुंचाने की हिदायत मातहतों को दी। उधर लोकतंत्र सेनानियों के अध्यक्ष सतनाम सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन की पहल स्वागत योग्य है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed