Varanasi News: हैचरी कारोबारी का फ्लैट खंगालने वाले तीन चोर गिरफ्तार, 150 सीसी कैमरा खंगालने पर मिली सफलता
हैचरी कारोबारी संजय श्रीवास्तव के सारनाथ स्थित अटलांटिक अपार्टमेंट के फ्लैट पर 24 जून की रात चोरो ने धावा बोला था। सारनाथ पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने डेढ़ सौ से अधिक सीसी कैमरों को खंगालने के बाद आरोपियों को दबोच लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हैचरी कारोबारी संजय श्रीवास्तव के सारनाथ स्थित अटलांटिक अपार्टमेंट में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय तीन आरोपियों को सारनाथ पुलिस और क्राइम ब्रांच ने रविवार को सिंहपुर पुलिया से गिरफ्तार किया। कब्जे से चोरी का पौने नौ लाख नकदी सहित माल भी बरामद किया।
पुलिस के अनुसार डेढ़ सौ सीसीटीवी खंगालने के बाद चोर गिरफ्त में आए। इसमें मास्टरमाइंड पूर्व में भी मुंबई में चोरी के आरोप में जेल जा चुका है। सारनाथ एसीपी ज्ञानेंद्र राय के अनुसार गिरफ्तार गाजीपुर के खानपुर थाना अंतर्गत बहेरी निवासी कमलेश राजभर, सूरज राजभर और राकेश राजभर ने रेकी के बाद चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
महज 45 मिनट के अंदर वारदात को दिया था अंजाम
सारनाथ पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने डेढ़ सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगालने के बाद आरोपियों को दबोचा। एसीपी ज्ञानेंद्र राय के अनुसार पुलिस की पूछताछ में आरोपी सूरज ने बताया कि वह 21 जून को योजनाबद्ध तरीके से अटलांटिक अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 305 में चोरी को आए थे लेकिन लोगों की मौजूदगी के बाद चले गए। दोबारा 24 जून को आए तो फ्लैट में ताला बंद था।
इसके बाद साथी राकेश और कमलेश के संग ताला तोड़कर अंदर घुसे और दस लाख नकद, 24 चांदी के सिक्के, गिन्नी समेट लिया। महज 45 मिनट के अंदर चोरी की घटना को अंजाम देकर बाइक से सभी फरार हो गए। सारनाथ थाना प्रभारी अर्जुन सिंह के अनुसार पूछताछ में सूरज ने बताया कि वह मुंबई के अपार्टमेंट में दर्जन भर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। इसके ऊपर दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
प्रेमिकाओं के महंगे शौक पूरा करने के लिए आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी का आठ लाख 70 हजार रुपये, 24 चांदी के सिक्के, गिन्नी और चोरी में उपयोग बाइक और उपकरण बरामद हुए। प्रयागराज के हंडिया निवासी संजय श्रीवास्तव की फर्म रामनगर में है।
वर्ष 2016 से संजय मवईयां स्थित अटलांटिक अपार्टमेंट के तीसरे फ्लोर स्थित फ्लैट में परिवार के साथ रहते हैं। लाइट नहीं होने पर संजय 24 जून को सपरिवार अपने ससुराल मलदहिया गए थे, उसी दौरान चोरों ने घटना को अंजाम दिया।