जौनपुर में सड़क हादसों में बालिका समेत तीन की मौत, दो गंभीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जौनपुर जिले की शाहगंज तहसील क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर सोमवार को हुए हादसों में बालिका और वृद्ध समेत तीन की मौत हो गई। खुटहन में बाइक से गिरकर पुत्री की जान चली गई, जबकि पिता गंभीर रुप से घायल हो गया। वहीं खेतासराय में दो बाइक की भिड़ंत में एक बाइक सवार वृद्ध की मौत हो गई। बाइक चला रहा पुत्र घायल हो गया। शाहगंज में मिट्टी लदे ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से युवक ने दम तोड़ दिया। संबंधित पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पहली घटना खेतासराय की है। जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर बादशाही पेट्रोल पंप के पास दो बाइक में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इसमें एक बाइक पर सवार युनूसपुर निवासी गुफरान (60) अपने पुत्र फैसल (35) के साथ रिश्तेदारी से लौट रहे। पंप से पेट्रोल लेने के बाद जैसे ही बाइक सड़क पर आई, सामने से तेज रफ्तार में आ रहे दूसरी बाइक से टक्कर हो गई।
हादसे में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ले जाते समय रास्ते में गुफरान की मौत हो गई। दुर्घटना का कारण सड़क के किनारे बालू लाद कर खड़ा ट्रक बताया जा रहा है, जिसके कारण दूसरी ओर से आ रही बाइक नजर नहीं आ सकी। दूसरी घटना खुटहन ब्लॉक मुख्यालय के बगल ब्रह्म बाबा मंदिर के पास हुई।
सोमवार की सुबह ख्वाजापुर गांव निवासी सलीम अपनी पुत्री साबरिन (12 ) को बाइक से लेकर गौसपुर बाजार स्थित अपनी दुकान पर जा रहे थे। सामने से आ रही कार की टक्कर से बाइक सवार सलीम और उनकी पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों के सहयोग से उन्हें सीएचसी ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने साबरीन को मृत घोषित कर दिया।
सलीम की हालत की गंभीर हालत देख उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। उधर, शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव में सोमवार की सुबह निर्माणाधीन पेट्रोल पंप परिसर में मिट्टी डाली जा रही थी। वहां से गुजर रहा गांव का ही युवक रामशीष गुप्ता (25) पुत्र रामफेर ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लिया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने हंगामा भी किया। पुलिस ने उन्हें शांत कराते हुए शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ट्रेलर-ट्रक की टक्कर में चालक गंभीर
मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कोदहूं गांव के पास प्रयागराज-जौनपुर मार्ग पर सोमवार को तमिलनाडु से सरिया लादकर आजमगढ़ जा रहे ट्रेलर ने अनियंत्रित होकर आगे जा रहे ट्रक में टक्कर मार दी। इसमें ट्रेलर चालक गुलमुद्दीन जख्मी हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को ट्रेलर से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
पीएचसी पर प्रारंभिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, मड़ियाहूं में कादीपुर गांव के पास पुवाल लदी ट्रैक्टर सामने से आ रही तेज रफ्तार जेसीबी में भिड़ गई। टक्कर के बाद ट्रैक्टर ट्राली पलटने से उस पर सवार संदीप सिंह और विकास सिंह जख्मी हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जेसीबी को पुलिस कोतवाली ले गई।