भदोही: मंदिर से शिवलिंग उखाड़ ले गए चोर, हाईटेंशन लाइन के खंभे से टकराई कार, पोल टूटकर कार पर गिरा
भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र में भदोही-सुरियावां मार्ग पर शनिवार देर रात एक कार खंभे से टकरा गई। इससे खंभा टूटकर गाड़ी पर गिर गया। गाड़ी 20 मीटर दूर क्षतिग्रस्त हालत में कौड़र सिंह द्वार पर रुक गई। ड्राईवर सही सलामत बताया जा रहा है। हालांकि घटना के बाद वह फरार हो गया।
सुरियावां-भदोही मार्ग पर रात 10 बजे एक कार को तेज स्पीड सुरियावां की ओर आ रही थी। चौथार बाजार में पश्चिम की ओर एक बिजली के 11000 वोल्ट लाइन के खंभे से कार टकरा गई। इससे खंभा टूटकर कार पर गिर गया।
इसके बाद गाड़ी खंभा लेकर वहां से 20 मीटर दूर कौडर गांव के सिंह द्वार पर जाकर रुकी। ड्राइवर अकेले था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी से निकलकर कुछ सामान लेकर वह मौके से फरार हो गया। लोग बता रहे थे कि ड्राइवर ने बताया था कि वह सुरियावां में किसी रिश्तेदार के घर जा रहा था। गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों ने रात में 112 पुलिस को सूचना दी थी।
मंदिर से शिवलिंग चोरी
वहीं, सुरियावां थाना क्षेत्र के बावन बीघा तालाब स्थित शिव मंदिर से शनिवार की रात शिवलिंग उखाड़कर गायब कर दिया। जानकारी मिलने के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। श्रद्धालुओं ने रोष प्रकट करना शुरू किया तो पुलिस ने आनन-फानन नया शिवलिंग लगवाकर मामला शांत कराया। शिवलिंग उखाड़ने वालों की तलाश की जा रही है।