वाराणसी: आभूषण की दो दुकानों के चोरों ने तोड़े शटर, सोने-चांदी के जेवर समेत कैश लेकर फरार
वाराणसी के सारनाथ थाना में चोर आभूषण की दो दुकानों के शटर चाड़कर आभूषण और कैश चुरा ले गए। शुक्रवार तड़के हुई इस घटना से हर कोई दहशत में है। चोरी की इन घटनाओं से क्षेत्र में पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस क्षेत्र में गश्त पर नहीं आती है और न ही चोरी की रोकथाम के लिए कोई विशेष सक्रियता दिखाती है।
जानकारी के अनुसार, दुकानदार अशोक सेठ को आज सुबह पड़ोसी से पता चला कि दुकान में चोरी हो गई है। श्रीनगर बाजार स्थित दुकान की स्थिति देख अशोक सेठ सन्न रह गए। चोर तिजोरी का ताला तोड़कर ढाई किलो चांदी के आभूषण, 20 ग्राम सोने की नथुनी और लौंग, लगभग एक लाख रुपये कीमत के आभूषण सहित ढाई हजार रुपये नगद पार कर गए। पीड़ित कारोबारी ने इसकी लिखित शिकायत सारनाथ थाना पुलिस को दी है।
वहीं, चंद कदम दूर एनक्लेव कॉलोनी मोड़ पर गोपाल वर्मा की आभूषण की दुकान में भी चोरों ने शटर को बल्ली से चाड़कर चोरी की। जिसमें से 30 हजार कीमत के सोने व चांदी के आभूषण और 20 हजार नकद चुरा ले गए। दुकानदार गोपाल वर्मा ने चोरी की घटना की लिखित तहरीर स्थानीय थाने में दी।
इससे पहले भी हुई चोरी
एक किलोमीटर के क्षेत्र में यह चोरी की चौथी घटना है। 28 दिसंबर की सुबह सिंहपुर निवासी संजय सेठ के मकान में चोर पीछे के रास्ते से घुसकर चार लैपटॉप चुरा ले गए। 4 जनवरी को भी सिंहपुर गांव में ही संगीता देवी के यहां चोरों ने खूब शिद्दत से ताला तोड़ अंदर घुसकर चोरी की। संगीता देवी ने बताया कि बक्से का ताला तोड़कर सोने की एक अंगूठी, एक चांदी का छल्ला, पांच जोड़ी पायल लगभग एक लाख कीमत के आभूषण की चोरी की शिकायत स्थानीय थाने में दी।