{"_id":"67fde7d9c0dfbbcca4028b72","slug":"the-adopted-elder-father-did-a-thing-to-a-five-year-old-innocent-child-2025-04-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"Varanasi News: रिश्ते हुए शर्मसार; पांच साल की मासूम से मुंहबोले बड़े पापा ने की गंदी हरकत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Varanasi News: रिश्ते हुए शर्मसार; पांच साल की मासूम से मुंहबोले बड़े पापा ने की गंदी हरकत
Tue, 15 Apr 2025 10:30 AM IST
नितीश कुमार पांडेय
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
Published by: नितीश कुमार पांडेय
Updated Tue, 15 Apr 2025 10:30 AM IST
सार
हुकुलगंज इलाके में पांच साल की बच्ची के साथ उसके मुंहबोले बड़े पापा और उसके पिता के दोस्तों ने गंदी हरकत की। पीड़िता ने अपनी मां को जब बात बताई तब मां ने थाने पर तहरीर दी और पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विस्तार
मकबूल आलम रोड, हुकुलगंज इलाके की पांच साल की बच्ची के साथ उसके पिता के दोस्त और मुंहबोले बड़े पापा ने गंदी हरकत की। घटना के संबंध में बच्ची की मां ने सोमवार को पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर बीएलडब्ल्यू इलाके में रहने वाले एक स्कूल के माली विनोद लकड़ा के खिलाफ लालपुर पांडेयपुर थाने में दुष्कर्म व अपहरण सहित अन्य आरोपों और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
विज्ञापन
आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की दो टीम लगाई गई है।मासूम बच्ची की मां ने बताया कि गत 12 अप्रैल की दोपहर लगभग दो बजे उनकी बेटी घर के सामने खेल रही थी। उसी दौरान विनोद लकड़ा उनके घर आया। उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर वह घर के बगल में स्थित ईसाइयों के कब्रिस्तान में ले गया। कब्रिस्तान में विनोद लकड़ा ने उनकी बेटी को निर्वस्त्र कर दिया।
विज्ञापन
इसके बाद उसके साथ बदसलूकी करते हुए गंदी हरकत की। विनोद के जाने के बाद उनकी डरी-सहमी हुई बेटी घर आई और आपबीती सुनाई। इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बच्ची को मेडिकल मुआयने के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
विज्ञापन
लोकलाज के डर से दो दिन तक साधे रही चुप्पी
मासूम बच्ची का परिवार ओडिशा का मूल निवासी है। आरोपी विनोद झारखंड का मूल निवासी है। पीड़ित और आरोपी दोनों ही ईसाई समुदाय से हैं। मासूम के पिता और आरोपी विनोद की दोस्ती है। विनोद अकसर मासूम के घर आता-जाता रहता था।
मासूम की मां ने पुलिस को बताया कि लोकलाज के डर से वह दो दिन तक चुप रही। किसी तरह से उन्होंने सोमवार को हिम्मत जुटाई और 112 नंबर पर फोन कर अपनी बेटी के साथ हुई वारदात की सूचना दी। उधर, आरोपी विनोद लकड़ा के घर पर पुलिस ने दबिश दी तो पता लगा कि वह अपना मोबाइल फोन छोड़ कर भाग गया है। पुलिस विनोद के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
बच्ची की हालत ठीक है और वह स्वस्थ है। डॉक्टरों के पैनल से मेडिकल मुआयना कराया गया है। अपराध की गंभीरता को देखते हुए सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें दबिश दे रही हैं। - विदुष सक्सेना, एसीपी कैंट।