Sports: 10 मीटर एयर पिस्टल में सुमेधा ने जीता स्वर्ण पदक, कुराश में 5 ने स्वर्ण; एक ने रजत व दो ने जीते कांस्य
Sports News: वाराणसी में राष्ट्रीय निशानेबाजी में सुमेधा ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं कुराश में पांच खिलाड़ियों ने स्वर्ण, एक ने रजत और दो ने कांस्य जीते। इसके अलावा कई अन्य खेल की खबरें चर्चा में रहीं।
विस्तार
राष्ट्रीय पैरा निशानेबाजी ओपन चैंपियनशिप महाराष्ट्र के पुणे में खेली जा रही है। इसमें जिले की सुमेधा पाठक ने 10 मीटर पिस्टल की स्पर्धा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता है। इस जीत के साथ सुमेधा के पदकों की संख्या 18 हो गई है। यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह प्रदेश की पहली पैरा महिला खिलाड़ी बन गई हैं।
सुमेधा पाठक ने इस जीत का श्रेय बाबा काशी विश्वनाथ और माता-पिता और कोच को दिया है। सुमेधा वर्ल्ड पैरा निशानेबाजी की 10 मीटर पिस्टल की टीम स्पर्धा में वर्ल्ड रिकॉर्ड बना चुकी हैं।
2013 में मल्टी ड्रग ट्यूबरक्लॉसिस बीमारी की चपेट में आने के बाद शरीर के निचले हिस्से ने काम करना बंद कर दिया। उन्होंने 11वीं कक्षा से निशानेबाजी के 10 मीटर पिस्टल वर्ग में अभ्यास शुरू किया।
सहारनपुर में खेली गई थी प्रतियोगिता
प्रादेशिक सब जूनियर कुराश प्रतियोगिता 16 और 17 अगस्त को सहारनपुर में खेली गई। इसमें वाराणसी के आठ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें से पांच खिलाड़ियों ने स्वर्ण, एक ने रजत और दो ने कांस्य पदक जीता।
कोच अजीत पाल ने बताया कि बालिका वर्ग के 44 किलो में दीक्षा पाल. 55 किलो में राजनंदनी राय, बालक वर्ग के 45 किलो में किशन राय, 50 किलो में आयुष अनमोल, 60 किलो में शुभम वर्मा ने स्वर्ण पदक जीता। 30 किलो भारवर्ग में कौशल राय ने रजत जबकि गौतम राय और आदर्श यादव ने कांस्य पदक जीता।
12 साल के शौर्य का क्रिकेट हॉस्टल में चयन
अमरा खैरा (चितईपुर) निवासी 12 साल के शौर्य सिंह का चयन चंडीगढ़ क्रिकेट छात्रावास में हुआ है। अपने शानदार ऑलराउंड खेल से उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा और यह उपलब्धि हासिल की। शौर्य दो साल से रोज तीन से चार घंटे बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान पर अभ्यास करते हैं। कोच अरुण कुमार ने बताया कि शौर्य ने नियमित अभ्यास से यह सफलता हासिल की है। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सहायक निदेशक डॉ. वैभव राय ने शौर्य की बल्लेबाजी और फील्डिंग की कमियों को सुधारने में मदद की। शौर्य ने इसका श्रेय अपने माता-पिता व गुरुजनों को दिया।
कराटे : 227 ने दी परीक्षा, 212 खिलाड़ी रहे सफल
मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स की ओर से रविवार को लहरतारा के कृष्ण मोहिनी विद्या मंदिर स्कूल में कराटे बेल्ट परीक्षा हुई। इसमें जिले के 227 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनमें से 212 खिलाड़ियों ने परीक्षा पास की। परीक्षा संस्था के अध्यक्ष भिक्षु चंदिमा थेरो और महासचिव किसलय मानव की देखरेख में हुई।परीक्षा में विभिन्न बेल्ट स्तरों के लिए खिलाड़ियों का परीक्षण किया गया। इसमें येलो बेल्ट में 72, ऑरेंज बेल्ट में 73, ग्रीन बेल्ट में 24, ब्लू बेल्ट में 9, पर्पल बेल्ट में 13, ब्राउन बेल्ट में 18 तथा प्री-ब्लैक बेल्ट में 3 खिलाड़ी उत्तीर्ण हुए।
परीक्षक मंडल में कुंजन मौर्या, महेश गुप्ता, ज्योति सिंह, माया पटेल और मार्शल आर्ट्स के अनुभवी खिलाड़ी शामिल रहे। सफल खिलाड़ियों को कृष्ण मोहिनी विद्या मंदिर की प्रधानाचार्या सुधा उपाध्याय और मानव एकेडमी के पदाधिकारियों, श्वेत प्रकाश यादव, विश्वनाथ मौर्या, डॉ. बृजेश भारती, सतीश कुमार और नागेंद्र प्रताप सिंह ने बेल्ट और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विनय मिश्रा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
भारोत्तोलन के लिए खिलाड़ियों ने शुरू किया अभ्यास
शतरंज में युवराज और दिशा ने मारी बाजी
काशी चेस एकेडमी की ओर से तीसरा अंडर-17 नॉन-रेटेड शतरंज टूर्नामेंट रविवार को ककरमत्ता फ्लाईओवर के नीचे कॉम्पलैक्स में खेला गया। इसके ओपेन वर्ग में श्रेयांश अग्रवाल, अंडर-13 में युवराज जायसवाल, अंडर-10 में सिजान पांडेय, बालिका वर्ग में दिशा राय छह चक्रों की बाजी जीत विजेता बने। उक्त जानकारी आयोजन सचिव आदित्य वर्मा ने दी।
तीन किमी वॉक रेस में अंकिता दूसरे स्थान पर
सीआईएससीई जोनल एथलेटिक्स मीट सेंट जॉन्स स्कूल बरेका में खेली जा रही है। प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर 19 के तीन किमी वॉक रेस में कानपुर की पावनी अवस्थी ने पहला, वाराणसी की अंकिता यादव ने दूसरा और मेरठ की सगुन चिकारा ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं तीन किमी वॉक रेस में अंडर-17 आयुवर्ग में गाजियाबाद की जाह्नवी शर्मा ने स्वर्ण पदक जीता। वाराणसी की रश्मि यादव ने रजत और गाजियाबाद की रिया चौहान ने कांस्य पदक जीता। सीनियर और जूनियर वर्ग की 14, सब जूनियर की 10 स्पर्धाओं में अलग-अलग क्लस्टर के तीन सौ खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। सेंट जॉन्स स्कूल बरेका के खेल प्रभारी आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि जोनल प्रतियोगिता 17 से 19 अगस्त तक खेली जाएगी। प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन सोमवार को मुख्य अतिथि स्कूल के प्रधानाचार्य सुसाई राज, और गुरू शांताराज संयुक्त रूप से करेंगे।
साइकिल रैली निकालकर दिया फिट रहने का संदेश
फिट इंडिया वीक के तहत रविवार सुबह भारतीय खेल प्राधिकारण (साई) सेंटर बीएचयू की ओर से जागरूकता संदेश साइकिल यात्रा निकाली गई। यूपी कॉलेज से निकली यात्रा में 100वीं बटालियन के एनसीसी कैडेट शामिल हुए। तीन किमी लंबी यात्रा यूपी कॉलेज के मुख्यद्वार से शुरू होकर पुलिस लाइन चौराहा, कचहरी, वीडीए होते हुए वापस यूपी कॉलेज में समाप्त हुई। रैली को 100वीं बटालियन एनसीसी के जेसीओ सूबेदार मेजर और यूपी कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश सिंह ने मुख्य द्वार से झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें करीब 70 खिलाड़ी और कैडेट शामिल हुए। साई सेंटर वाराणसी प्रभारी जेएस द्विवेदी ने बताया कि साइकिल रैली स्वस्थ जीवन शैली को अपनाने के लिए निकाली गई।